फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...दो लोगों की मौत, इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो किया पोस्ट; पढ़ें खबरें

Fri, 05 Sep 2025 08:38 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न हादसों के दाैरान दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर ऑनलाइन साड़ी बेचने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: जंसा थाना क्षेत्र के सारंगपुर के सामने गुरुवार 3.30 बजे एक अज्ञात करीब 65 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के समीप लाठी पड़ी मिली और उसके शरीर पर चेकदार गमछा एवं सफेद लुंगी पहने हुआ था। जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आस पास के लोगों से शव का शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है। पता कराया जा रहा है।

विज्ञापन


सड़क हादसे में समाज कल्याण विभाग के बाबू की मौत
लहरतारा में कैंट फ्लाईओवर पर गुरुवार को सड़क हादसे में समाज कल्याण विभाग के बाबू आशीष (25) की मौत हो गई। शिवदासपुर निवासी आशीष बाइक से कहीं जा रहे थे। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही लहरतारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल सिंह मौके पर पहुंचे। घायल को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। आशीष वाराणसी में ही तैनात थे। इनके निधन पर अधिकारियों ने शोक जताया है।

नाबालिग से दुष्कर्म में फरार आरोपी गिरफ्तार
कैंट थाना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि ऋषभ टकटकपुर का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। पुलिस कई दिनों से इसकी तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी पांडेयपुर के 33/11 केवी उपकेंद्र की गली में है। टीम के साथ मौके से उसे दबोच लिया गया।

बंगलुरु से लखनऊ जा रहा विमान डायवर्ट हो वाराणसी पहुंचा
गुरुवार को बंगलुरु से लखनऊ जा रहा विमान मौसम खराबी के कारण डायवर्ट हो वाराणसी पहुंचा। इंडिगो का विमान 6ई 6353 बंगलुरु से अपने निर्धारित समय सुबह करीब 5 बजे उड़ान भरकर 7:30 बजे लखनऊ हवाई क्षेत्र में पहुंचा और एटीसी से लैंडिंग की अनुमति मांगी। लेकिन मौसम खराब होने के कारण दृश्यता कम थी इसलिए लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और विमान लगभग आधे घंटे तक हवा में चक्कर काटता रहा। मौसम ठीक न होने और फ्यूल कम होने के कारण विमान को वाराणसी डायवर्ट किया गया। विमान सुबह 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुआ और फ्यूल लेने के बाद पुनः लखनऊ के लिए उड़ान भरा।

इंस्टाग्राम पर ठगी, अश्लील वीडियो किया पोस्ट, एक गिरफ्तार
दुकान के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर ऑनलाइन साड़ी बेचने के मामले में भेलुपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को वाराणसी पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने बताया कि कई फर्मों के लोग उसकी फोटो लगाकर साड़ियों की कम कीमत लिख स्कैनर देकर ग्राहकों से भुगतान ले रहे, लेकिन उन्हें साड़ी नहीं बेच रहे। साड़ी न मिलने पर ग्राहक उसे काल करके अपशब्दों का प्रयोग करते हैं। कहा कि रेवती रमन मिश्रा ने अश्लील वीडियो भी पोस्ट किया।इससे उनको सामाजिक और व्यापारिक तौर पर क्षति हो रही है।

स्क्रीन रिकॉर्डर से वीडियो बनाकर करता था वायरल
लोगो की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनकी फोटो को प्रोफाइल डीपी और बैकग्राउंड डीपी पर लगाया जाता था। महिला द्वारा डाले गए वीडियो को स्क्रीन रिकॉर्डर से रिकार्ड करके एडिट किया जाता था। फिर उसे वायरल कर दिया जाता था। अवैध धन अर्जित कर फेसबुक अकाउंट को प्रोफेशनल डैशबोर्ड में रखता था जिससे ज्यादा से ज्यादा व्यू मिल सके।

अभाविप ने लाठीचार्ज के विरोध में किया प्रदर्शन
बाराबंकी के रामस्वरूप विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में बृहस्पतिवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। 

इसके साथ ही परिषद के काशी प्रांत के वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर और अमेठी जिले में विरोध प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। अभाविप काशी प्रांत के मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज निंदनीय है। लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

गंगा में मिला महिला का शव
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट में गुरुवार को गंगा में 30 साल की महिला का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि शव की पहचान नहीं हुई है। शव एक सप्ताह पुराना लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा। 

अचार के 32 डिब्बों में छिपाकर पटना जा रही 283 बोतल शराब मिली
शहर से बिहार जा रही 283 बोतल अंग्रेजी शराब कैंट जंक्शन से पकड़ी गई। अचार के 32 टिन के डिब्बे अखबार से कवर कर इसे पैक किया गया था। पैक्ड बोतल के बीच फोम लगाए गए थे कि लड़ने से आवाज बाहर न आए और न ही फूटे। मगर स्कैनर ने सारी पोल खोल दी। 

बताया जा रहा है कि शराब को बिहार चुनाव में खपाने की तैयारी थी। कैंट रेलवे स्टेशन के आरपीएफ प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि मौके से एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बृहस्पतिवार को पार्सल कार्यालय में नियमित जांच के दौरान पटना के लिए भेजे जा रहे 32 टिन अचार के डिब्बे दिखे। जब इन्हें लगेज स्कैनर मशीन से जांचा गया तो उसमें शराब की बोतल दिखी।

नौकरी दिलवाने के नाम पर 8 लाख हड़पे, दो आरोपी गए जेल
सेवापुरी थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव निवासी शिवकुमार सिंह ने कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि अनुज कुमार सिंह निवासी बखरियां, लोहता और शरद कुमार तिवारी मडियाहू, जौनपुर ने ठगी की थी। भाई हर्षित सिंह को बलभद्र इंटर कॉलेज पाली सुभाषपुर जौनपुर में बाबू की नौकरी दिलवाने की बात कहकर 8 लाख हड़प लिए। फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था।

नियुक्ति पत्र लेकर कॉलेज पहुंचने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। कपसेठी थाने में दोनों आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी सधुवन राम ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। दोनों को जेल भेज दिया गया है। 

सेवानिवृत्त पूर्व जिला जज की हुई गवाही
2001 में जनपद में अपने कार्यकाल में दर्ज कराए गए एक मुकदमे में गवाही देने गुरुवार को अवकाश प्राप्त न्यायमूर्ति व पूर्व जिला जज वाराणसी शैलेंद्र सक्सेना वाराणसी कोर्ट पहुंचे। उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वाराणसी के न्यायालय में विचाराधीन उक्त मुकदमे में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया। 

स्मार्टफोन की कालाबाजारी करने वाले आरोपी को मिली जमानत
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत युवाओं को बांटे जाने वाले स्मार्ट फोन की कालाबाजारी में आरोपित को कोर्ट से राहत मिल गई है। अपर सत्र न्यायाधीश (पंचम) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने चांदपुर, मंडुआवीह निवासी विशेष श्रीवास्तव को एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।

सास ने बहू पर ढाई करोड़ के गहने चोरी करने का लगाया आरोप
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र निवासी वृद्धा बासमती देवी ने छोटी बहू मुस्कान पर गहनों और नकदी की चोरी का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि बहू ढाई करोड़ के गहने और 80 लाख रुपये लेकर पहले प्रतापगढ़ और बाद में मुंबई चली गई। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़िता ने बताया कि पति की मृत्यु हो चुकी है। छोटे बेटे दिनेश की बेटी मिलिमा और नातिन स्वास्तिका की शादी के लिए गहने बनवाकर रखे थे, उन्हें बहू चोरी कर ले गई है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी मुस्कान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट पर महिला यात्री के बैग से दो कारतूस के खोखे बरामद
मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंची महिला यात्री के बैग से दो कारतूस के खोखे बरामद किए गए। जांच टीम ने उसकी यात्रा रद्द कर फूलपुर पुलिस को सौंप दिया। अब थाने में उससे पूछताछ चल रही है।

मिर्जापुर निवासी महिला प्रांजल सिंह गुरुवार को जेट विमान से मुंबई जाने के लिए अपने भाई के साथ एयरपोर्ट पहुंची थी। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने जांच के दौरान महिला के बैग में 0.32 बोर का कारतूस के दो खोखे बरामद किए।

पहाड़ी नकाइन मार्ग पर सपाजनों का प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला
सड़क पर बने गड्ढे में सपा का प्रदर्शन, जमा पानी से नहाया
पहाड़ी से नकाईन जाने वाले मार्ग र बृहस्पतिवार को सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर हुए गड्ढे में बैठकर विरोध जताया। यहां भरे हुए पानी से स्नान किया और कमल का फूल रखकर प्रदर्शन किया। ककरमत्ता वार्ड नंबर 38 की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर जनता के साथ महानगर अध्यक्ष बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के अध्यक्ष अमन यादव ने जोरदार प्रदर्शन किया। गड्ढे में बीजेपी का झंडा भी लगाया। 

नेशनल इक्वल पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष (महिला सभा) वंदना सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द सड़क और जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर आयुक्त के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। अरुण यादव ने बताया कि यह सड़क काफी दिन से खराब है। इस मार्ग से हजारों लोगों का आवागमन होता है। 

सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढो में स्कूली बच्चे गिरते रहते हैं। कभी कभी गाड़िया फंस जाती हैं। जिसके चलते लंबा जाम लग जाता है। लोगो ने कहा कि कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। प्रदर्शन में अरुण यादव, संदीप यादव, अनुपम पांडे, नितिन प्रसाद और राजू यादव मौजूद रहे।

फास्ट फूड की दुकान से चोरी में पांच गिरफ्तार
मातलदेई में पिछले दिनों चोरी के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रोहनिया थाना क्षेत्र के मिल्कीचक निवासी सोविंद विश्वकर्मा, अरविंद विश्वकर्मा, राजातालाब थाना क्षेत्र के मातलदेई निवासी अजीत कुमार बिंद, चंदन बिंद, गौरा निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों ने एक फास्ट फूड की दुकान से तवा, कूकर, गैस चूल्हा, गैस सिलिंडर सहित अन्य सामान चोरी किए थे। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। राजातालाब थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि अभियुक्तों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। सभी पर कार्रवाई की जाएगी।

दुकान में तोड़फोड़, महिला से छेड़खानी का मुकदमा दर्ज
बड़ागांव बाजार में एक दुकान में रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने तोड़फोड़ की। आरोप है कि महिला और बेटे पुत्र के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला के साथ छेड़खानी की और 45 हजार रुपये दुकान से ले गए। आरोप है कि महिला की कान की बाली भी छीन ले गए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है।

चेन चोरी में घरेलू सहायिका पर मुकदमा
चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी में राजीव नगर में रहने वाले शिवेंद्र नारायण सिंह के घर से 31 अगस्त को पत्नी की सोने की चेन चोरी हो गई थी। शिवेंद्र नारायण सिंह ने घरेलू सहायिका निर्मला पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पत्नी ने घर में टेबल पर चेन रखी थी। इस बीच घरेलू सहायिका घर से लापता हो गई। चेन के बारे में पूछने पर गोलमोल जवाब दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। घरेलू सहायिका से पूछताछ की जाएगी।

बच्चों के विवाद में मारपीट, 10 पर केस
सारनाथ के दीनापुर में बुधवार रात बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट के मामले में पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मनदेवी विश्वकर्मा के मुताबिक शाम को खेल-खेल में बच्चों के विवाद को लेकर गांव के ही नील, रोहित, गोलू, विकास, प्रांजल, विशाल, मयंक, धीरज, शुभम, राजन ने शराब के नशे में मनदेवी के घर में घुसकर अपशब्द बोले और पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर 10 नामजद व 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 

रेप की धमकी देने वाले तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के कमच्छा की लड़की ने शिवपुरवा सिगरा के रहने वाले आर्यन राठौड़, हर्षवर्धन राठौर और शुभम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर को वह अपने आवास के सामने ऑटो से उतरी। पहले से मौजूद आरोपी उसे देखते ही गालीगलौज करने लगे। विरोध किया तो रेप की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के सामने भी पीड़िता के साथ गालीगलौज की। पुलिस ने तीनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शराब पीने का विरोध करने पर मारपीट, तोड़फोड़
लंका थाना क्षेत्र के मदेरवा के ऋषभ तिवारी के घर के बाहर बुधवार रात 11.30 बजे कुछ लोग पहुंचे। ऋषभ का आरोप है कि वह लोग शराब पीने लगे तो उसने विरोध किया। इस पर सात लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की और घर का सामान भी तोड़ा। घरेलू सहायक राजकुमार को भी पीटा। ऋषभ की तहरीर पर पुलिस ने रामनगर निवासी राहुल साहनी, गणेश साहनी, किशन साहनी, भरत साहनी, धीरज, आशीष साहनी और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

दोस्त को छोड़ने जा रहे युवक के साथ मारपीट, केस
चितईपुर थाना क्षेत्र के नासिरपुर सुसुवाही में दोस्त को घर छोड़ने जा रहे रितुराज सिंह निवासी रतसिया कोठी देवरिया बनकट के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। पुलिस ने आरोपी गोलू उर्फ विष्णु, अंशू और विष्णु के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज समेत जान से मारने की धमकी के मामले में केस दर्ज कर लिया है।

आरोप है कि दो सितंबर को रितुराज दोपहर 12.30 अपनी दोस्त को छोड़ने घर जा रहा था। बाइक पर आरोपी आए और बिना वजह गालीगलौज कर मारपीट करने लगे। जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

मां-बेटी को पीटकर किया घायल, 5 पर मुकदमा
चौबेपुर के कुंडाव परनापुर गांव में पेड़ की टूटी डाल उठाने गई सीमा देवी व बेटी साक्षी गौतम को लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया गया। सीमा देवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही राजदेव,पत्तू, सुनीता, लक्ष्मीना, शिवपूजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

पत्थर उखाड़ने पर अपर नगर मजिस्ट्रेट के आदेश पर मुकदमा
चौबेपुर क्षेत्र के जाल्हूपुर गांव में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की उपस्थिति में लगाए गए पत्थर को उखाड़ कर फेंकने के आरोप में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। जाल्हूपुर गांव निवासी मुकेश प्रजापति ने बताया कि आराजी नं 1557 रकबा 0.1740 हेक्टेयर में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम के 21 अक्तूबर 2023 व दिसंबर 2024 के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम पुलिस की उपस्थिति में नाप कराकर पत्थर लगा दिया गया था। जिसे जाल्हूपुर गांव निवासी लवकुश यादव ने उखाड़ कर फेंक दिया। तीन सितंबर की रात चौबेपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जोनल अधिकारी और अवर अभियंता को कारण बताओ नोटिस
वीडीए के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बैठक हुई। जोन पांच ने सबसे कम धनराशि जमा कराने पर जोनल अधिकारी और अवर अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जोन पांच के फील्ड के समस्त अधिकारी व कर्मचारियों का सितंबर का वेतन रोकने का निर्देश दिया। 

बैठक में कहा कि सितंबर के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर हर जोन से कम से कम 10-10 बड़े मानचित्रों की स्वीकृति कराएं। अवैध प्लॉटिंग की शुरुआत में ही प्रभावी प्रवर्तन की कार्रवाई कराएं। ताकि अवैध विक्रय को रोका जा सके। निर्धारित लक्ष्य से कम धनराशि जमा होने पर सचिव ने नाराजगी जताई। 

आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण के लिए अवर अभियंता खुद शिकायतकर्ता से बात करें। जोनल अधिकारी और अवर अभियंता अधिक से अधिक मानचित्र स्वीकृत कर शमन शुल्क प्राधिकरण कोष में जमा कराएं। जोन-3 में 8, जोन-4 में 1, जोन-5 में 1 नक्शा स्वीकृत हैं। स्वीकृत मानचित्र की कुल संख्या 10 है। शमन शुल्क के रूप में 3,34,73850 रुपये प्राधिकरण कोष में जमा किए गए।

30 युवाओं को दिया गया खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण
राजकीय फल संरक्षण केंद्र बीएचयू की ओर से गुरुवार को चिरईगांव ब्लाॅक के जाल्हूपुर गांव में दो दिवसीय मुख्यमंत्री ग्राम स्वरोजगार खाद्य प्रसंस्करण योजना प्रशिक्षण शुरू हुआ। 30 युवाओं को रोजगार व उद्योग लगाने का प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बेकरी, तेल, आटा, अचार-पापड़ आदि बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रधानाचार्य वीपी सिंह ने कहा कि युवाओं के साथ किसान भी इस योजना से प्रशिक्षित होकर स्वयं रोजगार स्थापित कर लाभ कमा सकते हैं। सहायक आयुक्त उद्योग संजय कुमार ने उद्योग लगाने के लिए मिलने वाले अनुदान के बारे में बताया। केंद्रप्रभारी रत्नेश चंद्र अग्रवाल व विक्की जायसवाल ने उन्हें प्रशिक्षण दिया।केंद्र के सुपरवाइजर अरुण सिंह, राजेश यादव मौजूद रहे।

श्री हरि के पांचवें अवतार और श्रीवामनपुराण की उतारी आरती
वामन द्वादशी के पावन पर्व पर गंगा व वरुणा नदी के संगम तट पर स्थित आदिकेशव घाट पर भगवान विष्णु के वामनावतार का भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। श्री हरि के पांचवें अवतार के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में श्री लाटभैरव भजन मंडल के सदस्यों ने सोहर और बधाई गीत गाकर भगवान को प्रसन्न किया। गुरुवार को संस्था की ओर से वामन भगवान का पंचोपचार पूजन किया गया। 

लोक कल्याण की कामना से भगवान के सम्मुख 12 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। परंपरागत रूप से दही, चूड़ा, केला, धूप, दीप, नैवेद्य आदि अर्पित किए गए। भक्तों ने श्री हरि के पांचवें वामन अवतार समेत पावन ग्रंथ श्रीवामनपुराण की विधिवत आरती उतारी। इस अवसर पर केवल कुशवाहा, विद्या शंकर त्रिपाठी, धर्मेंद्र शाह, मंजू देवी, रितेश कुशवाहा, जयप्रकाश राय, शिवम अग्रहरि, राजू सेठ, श्रद्धा कुशवाहा रहें। प्राचीन हनुमान मंदिर में भी शृंगार व भंडारे का आयोजन किया गया।

बीएचयू में विविध आरंभ नाम से लगी कला प्रदर्शनी
बीएचयू के दृश्य कला संकाय में विविध आरंभ नाम से कला प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। परिसर के आहिवासी कला वीथिका में चित्रकला विभाग और बोहेमियन की ओर से लगाए गए चित्रों को लोगों ने देखा। बांग्लादेश से फरियाज इमरान, निहारिका अवोना बरसात और मेधा पारोमिता और ऑस्ट्रिया से लिसा फॉक समेत 26 युवा कलाकार पहुंचे। संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने उद्घाटन किया। 

कहा कि फ्रीलांसर बनने से पहले युवा कलाकारों को उनके कौशल का परीक्षण कराया गया। ये अपने चित्रों के माध्यम से कला शैली की खोज कर रहे हैं। इसमें आए सभी 26 कलाकार इसी साल ललित कला में अपनी स्नातक की डिग्री पूरी करने जा रहे हैं। फरियाज इमरान, दिव्य प्रभा सिंह, प्रभा सिंह और शिवम सरोज ने प्रकृतिवादी चित्रों के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति को आकार दिया है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नए कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शन करने का एक मंच देना है। यह प्रदर्शनी 6 सितंबर तक रोज 11 बजे से शाम 4 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।

छात्राओं ने मिलेट्स से बनाया स्वादिष्ट व्यंजन
डॉ. घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन के गृहविज्ञान विभाग में श्रीअन्न (मिलेट्स) मेला एवं पोस्टर प्रदर्शनी में छात्राओं ने मिलेट्स से बने व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। मुख्य अतिथि श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के गृहविज्ञान विभाग की अध्यक्ष शिक्षक प्रो. अनीता सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने छात्राओं की प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। कहा कि भारत के सभी मोटे अनाज सुपरफूड माने जाते हैं। 

विशिष्ट अतिथि दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय सेवापुरी की प्राचार्य प्रो. सुधा पांडेय, महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह, प्रशासक संजीव सिंह ने छात्राओं के बनाए व्यंजनों का स्वाद लेकर उनके हुनर को सराहा। प्रदर्शनी में मुस्कान प्रथम, खुशी द्वितीय और शिखा तृतीय स्थान पर रहीं। स्वागत प्राचार्य डॉ. सुनील मिश्रा, संचालन काजल ने किया।

सीएचसी पिंडरा में डॉक्टरों ने सर्जरी कर निकाला ओवेरियन सिस्ट
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगापुर पिंडरा में डॉक्टरों ने प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला की सर्जरी कर ओवेरियन सिस्ट निकाला। साथ ही सिजेरियन से सुरक्षित प्रसव भी करवाया। पिंडरा के रामपुर नंदपुर निवासी 24 वर्षीय गर्भवती महिला को परिजन सीएचसी पिंडरा लेकर आए। यहां सीएचसी अधीक्षक डॉ. मोइजुद्दीन हाशमी के निर्देश पर डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि उसको ओवेरियन सिस्ट है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सारिका राय, निश्चेतक डॉ. गोपाल प्रसाद ने सिजेरियन ऑपरेशन के साथ ओवेरियन सिस्ट की सर्जरी की। इस ऑपरेशन में विनोद कुमार, प्रीति मौर्या और संजू वर्मा ने सहयोग किया।

शिक्षक सम्मान समारोह में सेवानिवृत शिक्षक हुए सम्मानित
शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आराजीलाइन ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी आयोजित की गई। शुभारंभ मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, विशिष्ट अतिथि सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉक्टर महेंद्र सिंह पटेल ने किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अरविंद कुमार सिंह, निर्मला देवी, उर्मिला देवी, जनक दुलारी, नवीन कुमार त्रिपाठी सहित पांच सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया। 

इस दौरान शिक्षा के लिए समर्पित बीस अध्यापकों को शिक्षक सम्मान प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन अरविंद सिंह और धन्यवाद ज्ञापन आनंद कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरानरामविलास पटेल, राजकुमार वर्मा, अखिलेश पटेल, राम सकल मास्टर, तूफानी यादव, चंद्र प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ में ऑनलाइन शिक्षा, रैकिंग के लिए नोडल अधिकारी नामित
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में ऑनलाइन शिक्षा, एक्रेडिटेशन एवं रैंकिंग आदि कार्यों के संपादन के लिए शिक्षकों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि शिक्षाशास्त्र विभाग के प्रो. रमाकांत सिंह को ऑनलाइन शिक्षा का नोडल अधिकारी, उन्नत भारत अभियान का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। 

अर्थशास्त्र विभाग की प्रो. हंसा जैन को एक्रेडिटेशन एवं रैंकिंग की निदेशक, मनोविज्ञान विभाग के डॉ. मुकेश कुमार पंथ को पीएम गति शक्ति एवं अबेकस का कोऑर्डिनेटर, समाजकार्य विभाग के प्रो. बंशीधर पांडेय को स्वयं पोर्टल का नोडल अधिकारी बनाया गया है। समाजशास्त्र विभाग के डॉ. राहुल गुप्ता को एसडीजी गोल संख्या - 09 और सहायक कुलसचिव अरिंदम श्रीवास्तव को जनहित गारंटी के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

बारावफात में डीजे पर दो साउंड से अधिक न हो
बारावफात को लेकर गुरुवार को फूलपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मिलजुल कर मनाएं। ऐसा कोई भी कार्य न करें, जिससे किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे। डीजे पर एक से दो साउंड से अधिक नहीं होने चाहिए, जो भी गाने बजे उसमें आपत्तिजनक भाषण, अश्लील गाने न हो, आपत्तिजनक झंडे का प्रयोग न करें। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बारावफात के दिन फूलपुर बाजार में भारी वाहन के प्रतिबंध लगाने की मांग की। इस दौरान सैफ खान, आयूब, सलीम, नौशाद, गुलाम सरवर, सलीम, मोहम्मद इरशाद मौजूद रहे।

अग्रसेन इंटर कॉलेज में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ
शिक्षक दिवस से एक दिन पूर्व मैदागिन स्थित श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में गुरुवार को स्मार्ट क्लास की शुरुआत हुई। इसका शुभारंभ समाजसेवी शशांक अग्रवाल और उनकी पत्नी जूही अग्रवाल ने फीता काटकर किया। यह कक्षा समाजसेवी स्व. सुमन अग्रवाल की स्मृति में अशोक अग्रवाल सर्राफ के सहयोग से बनाई गई है। 

छात्राओं ने नई पहल पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास से पढ़ाई सरल और रोचक बनेगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मदद मिलेगी। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष ऋषभ चंद्र जैन ने कहा कि डिजिटल शिक्षा से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण ज्ञान मिलेगा। प्रबंधक गरिमा टकसाली ने इसे छात्राओं के लिए नई दिशा बताया। संचालन गायत्री सिंह ने किया। पवन कुमार मित्तल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विवेक अग्रवाल, मोहन अग्रवाल, अतुल गोयल, भूपेंद्र अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

शिष्यों में चरित्र, संस्कार और अनुशासन का निर्माण करते हैं गुरु
शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं है व्यक्ति के अंदर चरित्र का निर्माण करना है। गुरु अपने शिष्यों में चरित्र, संस्का और अनुशासन का निर्माण करते हैं। ये बातें बीएचयू के प्रो. शंकर कुमार मिश्र ने बृहस्पतिवार को रानी पद्मावती तारा योगतंत्र आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

ज्योतिष विभाग के आचार्य डॉ. विजय कुमार पांडेय, डॉ. माधवेंद्र पांडेय और प्रेमचंद्र ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. कमलेश झा ने की। उन्होंने महाविद्यालय के शिक्षकों का सम्मान माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र प्रदान कर किया। आदर्श शिक्षक सम्मान समाजशास्त्र विषय के अध्यापक डॉ. विवेकानंद झा को मिला। संचालन डॉ. प्रमोद कुमार पाठक व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रभुनारायण उपाध्याय ने किया।

गांधी जयंती तक शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्ति दिलाने की तैयारी
शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्ति दिलाने के क्रम में अब रेलवे स्टेशन, मंदिर, मस्जिद, घाटों और भीड़ वाली जगहों पर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान भिखारियों को पकड़ने के साथ ही पोस्टर बैनर लगाकर भिक्षावृत्ति के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा।

अपना घर आश्रम के संचालक डॉ. के. निरंजन ने कैंट स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता से मुलाकात कर स्टेशन को भिखारी मुक्त बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर आश्रम के लोग अभियान चलाएंगे। प्रशासन की मंशा है कि गांधी जयंती तक शहर को भिखारी मुक्त बनाया जाए। अपना घर आश्रम की ओर से कैंट स्टेशन और रेलवे कॉलोनी से भिखारियों को आश्रम लेकर जाने पर भी सहमति बनी।

तीन मंडलों के 55 शिक्षकों ने सीखी शिक्षण की बारीकियां
कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन की तीन दिवसीय कार्यशाला गुरुवार समाप्त हुई। इसमें वाराणसी, गोरखपुर और बस्ती मंडल के कुल 55 शिक्षकों ने शिक्षण की बारिकियां सीखीं। अब ये शिक्षक अपने जिलों में कार्यशालाएं करके अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों में सामाजिक, भावनात्मक और नैतिक मूल्यों को बढ़ाना था। 

कार्यशाला में तीसरे दिन में राजकीय हाईस्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. शीला सिंह और काशी विद्यापीठ के प्रो. निरंजन सहाय ने भारतीय परंपरा में निहित मूल्य और संप्रेषण कौशल पर विस्तृत चर्चा की। अंत में प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाणपत्र दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य अखिलेश पांडेय ने की। इस दौरान प्रशिक्षण प्रभारी मनीष यादव, शिक्षिका निधि यादव और अरुण कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।

चिंतामणि गणेश का छप्पन भोग शृंगार
श्री चिंतामणि गणेश का दरबार छप्पन भोग से सजाया गया। मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीरामचरित मानस पाठ की पूर्णाहुति भाद्र शुक्ल एकादशी को सविधि हुई। गणेशजी का शृंगार शाम को प्रारंभ हुआ। सिंदूर लेपन के बाद उन्हें सुगंधित पुष्पों की मालाओं से सजाया गया। गोटेदार पगड़ी पहनाई गई।

विविध प्रकार के मिष्ठान व पकवान का भोग लगाया गया। तत्पश्चात दिव्य आरती हुई। इस दौरान मंदिर प्रांगण घंट-घड़ियाल, आरती गायन और जयघोष से गूंजता रहा। दर्शन के लिए मंदिर प्रांगण से संकरी गली तक श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। समस्त शृंगार व अनुष्ठान महंत चल्ला सुब्बाराव शास्त्री के सान्निध्य में हुआ।

34 साल में पांचवीं बार दिन में होगी मां गंगा की आरती
चंद्रग्रहण की वजह से दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से होने वाली विश्व विख्यात मां गंगा की आरती के समय में बदलाव किया गया है। 34 साल में पांचवीं बार दिन में गंगा आरती होगी। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने बताया कि चंद्रग्रहण होने के कारण दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा होने वाली वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होकर ग्रहण के सूतक काल से पूर्व ही समाप्त हो जाएगी। इसके पूर्व 28 अक्टूबर 2023, 16 जुलाई 2019, 27 जुलाई 2018 और 7 अगस्त 2017 में मां गंगा की आरती ग्रहण के कारण दिन में हुई थी।

लिपिक आशीष के निधन पर सीडीओ ने दी श्रद्धांजलि
समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ सहायक लिपिक आशीष कुमार (29) के निधन पर बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में श्रद्धांजलि दी गई। सीडीओ हिमांशु नागपाल सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे ने बताया कि आशीष 10 साल पहले नियुक्त हुआ था। उसकी शादी नवंबर में होनी थी।

निशानेबाजी के राष्ट्रीय खिलाड़ी ने जेवलिन थ्रो डॉ हिमालय सिंह ने किया कमाल
खेल विभाग की ओर से प्रादेशिक सिविल सर्विसेज चयन ट्रायल गुरुवार को सिगरा के डाॅ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। निशानेबाजी के राष्ट्रीय खिलाड़ी डाॅ हिमालय सिंह ने जेवलिन में और एडीजे आगरा महेश वर्मा ने एथलेटिक्स दौड़ और बाधा दौड़ में राष्ट्रीय के लिए क्वालिफाई किया।

इसमें प्रदेश के अलग अलग मंडलों के में तैनात अधिकारियों ने हिस्सा लिया। चयन ट्रायल के दूसरे दिन एथलेटिक्स की स्पर्धा में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में एडीजे आगरा महेश वर्मा, एनएन मेडिकल कॉलेज आगारा के डॉ हिमालय सिंह, शहाबुद्दीन सिद्दकी, प्रेम प्रकाश, दीपा सिंह, रंजीत सिंह, दिवाकर दिवेदी आदि ने ट्रायल दिया।
विज्ञापन

योग प्रतियोगिता में आरुषि, देवेश, प्रियांशी और मिली अव्वल
श्री रामतारका आंध्रा आश्रम में गुरुवार को संयोग, चित्रकला, निबंध लेखन और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीएचयू के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पीआर गुप्ता, वीवी सुंदर शास्त्री ने किया। योग में आरुषि, देवेश, प्रियांशी और मिली कुमारी को प्रथम स्थान मिला। चित्रकला में तनुश्री बनर्जी, देवेश, कृतिका सिंह, देव बसक, नंदनी ने पहला स्थान हासिल किया। 

निबंध में संचिता, प्रिंस कुमार, गार्गी गुप्ता, अभिषेक सिंह यादव, मिली कुमारी प्रथम स्थान पर रहे। इसी तरह सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में श्रीवृष्टि मिश्रा, रुद्र प्रताप सिंह, राजनंदिनी पाल, आयुष पांडेय, उन्नति मौर्य, अक्षय भारद्वाज प्रथम रहे। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को ट्राॅफी और प्रमाणपत्र प्रदान किया। कार्यक्रम आयोजक योगाचार्य आशीष टंडन ने धन्यवाद दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें