बेटे की मौत के आठ दिन बाद मां की जान गई
चौबेपुर के शाहपुर गांव के पास हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल विवाहिता की उपचार के दौरान आठ दिन बाद शुक्रवार को अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पाकर चौबेपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शाहपुर गांव निवासी अच्छे लाल की पत्नी रानी देवी (35) गत एक मई को अपने 12 वर्षीय पुत्र शिवम को पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौबेपुर भेजने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। उसी दौरान एक तेज रफ्तार कार मां-बेटे को टक्कर मार कर एक गड्ढे में पलट गई थी। ग्रामीणों ने मां-बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया था।
गंभीर रूप से घायल रानी देवी को हरीवल्लभपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह रानी देवी की मौत हो गई। हादसे में कार चालक चंदौली के चहनियां का निवासी अभिनव, उसकी पत्नी मीना सिंह और पुत्र प्रखर भी घायल हुआ था।
मालवीय पुल से युवक ने गंगा में छलांग लगाई
राजघाट स्थित मालवीय पुल से शुक्रवार को एक युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। पुल के नीचे मछली पकड़ने के लिए मौजूद मल्लाहों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंची आदमपुर थाने की पुलिस युवक को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले गई।
पुलिस ने बताया कि 29 वर्षीय युवक शैलपुत्री मंदिर (जैतपुरा) का रहने वाला है। युवक पारिवारिक कलह से परेशान होकर मालवीय पुल पर आत्महत्या करने गया था। पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया।
वाहन चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार, 4 बाइक बरामद
लंका पुलिस ने लौटुवीर अंडरपास के पास वाहन चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की 4 बाइक बरामद की गई। प्रभारी निरीक्षक लंका शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि वाहन चोरी के आरोप में अंकित मौर्या पर गैंगस्टर सहित 9 मुकदमा लंका दर्ज है। जबकि आनंद सिंह उर्फ शनि पर चोरी के चार मुकदमें लंका थाना में दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बाइक चुराकर फर्जी कागजात बनाकर लोगों को बेच देते थे।
फर्जी कागजात तैयार कर जमीन हड़पने के मामले में पांच पर केस
फर्जी कागजात तैयार कर जमीन हड़पने के मामले में कैंट थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया है। कैंट क्षेत्र के सर्वेश कुमार सिंह ने तहरीर में बताया कि उनके पिता की मृत्यु 07 जनवरी 2020 को हो चुकी है। अपर्णा सिंह, जियालाल मौर्य व अन्य तीन ने उनके नाम पर फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी कागजात का इस्तेमाल कर जमीन का बैनामा करा लिया। थाना प्रभारी राज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया है। जांच की जा रही है।
रामनगर में वीडीए ने ध्वस्त कराई अवैध प्लाटिंग
वीडीए की ओर से शुक्रवार को रामनगर में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने रसूलागंज में 6 बीघा के क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। जिसे नोटिस की कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। अवर अभियंता अशोक कुमार यादव की देखरेख में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
मालवीय पुल से युवक ने लगाई गंगा में छलांग
आदमपुर थाना अन्तर्गत मालवीय पुल से शुक्रवार को एक युवक ने छलांग लगा दी। पुल के नीचे मछली पकड़ रहे मल्लाहों की नजर जब युवक पर पड़ी तो तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले गई। युवक ने अपना नाम शैलपुत्री मंदिर (जैतपुरा) निवासी दीपक चौहान उर्फ बाबू (29) बताया। बाबू पारिवारिक कलह से परेशान होकर राजघाट पुल पर आत्महत्या करने पहुंचा था। पुलिस ने उसे समझा कर घर वालों को सौंप दिया।
पड़ोसी ने की मारपीट, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाने में धनंजयपुर निवासी सौरभ विश्वकर्मा ने अपने पड़ोसी मनीष उपाध्याय के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। सौरभ ने पुलिस को बताया कि गत 8 मई की सुबह बच्चों की लड़ाई को लेकर मनीष उपाध्याय ने उन्हें लात-घूसों से मारा और गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
युवक और उसके दोस्त पर हमला, दी धमकी
तिलक समारोह से लौट रहे एक युवक और उसके साथी पर गांव के ही कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। पीड़ित पुरा रघुनाथपुर निवासी सौरभ दूबे ने बड़ागांव थाने में तहरीर दी। बताया कि गत 7 मई की रात वह दीपक दूबे के साथ अनेई से लौट रहे थे।
रामनगर निवासी शनि पांडेय की दुकान पर गुटखा और कोल्ड ड्रिंक लेने के बाद भुगतान किया गया। उसी दौरान शनि पांडेय ने उससे बीयर की मांग की। इनकार करने पर शनि ने अपने साथियों जनार्दन पांडेय, कल्लू पांडेय, प्रह्लाद उर्फ रोहित पांडेय के साथ पिटाई की। बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
चला अभियान, 53 बकायेदारों की काटी गई बिजली
बिजली निगम ने टीम बनाकर 578 उपभोक्ताओं को चेक किया। चेकिंग अभियान में 78 संयोजनों के अधिक लोड पाए गए। जिनका मौके पर ही 113 किलोवाट भार वृद्धि कराई गई। वहीं 12 को घरेलू से वाणिज्यिक में बदला गया।
आठ नए वाणिज्यिक कनेक्शन दिए गए। 249 बकायेदारों के द्वारा मौके पर 12.76 लाख की धनराशि जमा कराई गई। 8 मीटर परिसर से बाहर कर स्मार्ट मीटर लगाए गए। 53 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। अधीक्षण अभियंता प्रमोद गोगानिया ने बताया कि बिजली निगम के अभियान में 8 जगह चोरी मिली। 53 बकायेदारों की बिजली काटी गई।
कैंट रेलवे स्टेशन।
- फोटो : अमर उजाला
कैंट स्टेशन पर समोसे रखने वाले हॉटकेस में मिली गंदगी, नोटिस जारी
कैंट रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को अपर रेल मंडल प्रबंधक (एडीआरएम) लालजी चौधरी और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन प्लेटफार्म संख्या एक पर समोसे रखने वाले हॉटकेस में गंदगी मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि खानपान की वस्तुओं की गुणवत्ता और स्वच्छता जरूरी है।
अधिकारियों ने टिकट बुकिंग काउंटरों, यात्री हॉल नंबर 4 और सर्कुलेटिंग एरिया में यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रीमियम लाउंज में चिप्स और कोल्ड ड्रिंक आदि के कार्टन अव्यवस्थित तरीके से रखे मिले। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने हिदायत दी।
दो पिकअप से छह संरक्षित मवेशी बरामद, दो गिरफ्तार
चौबेपुर थाने की पुलिस ने बिहार ले जाए जा रहे छह संरक्षित मवेशियों को जाल्हूपुर और राजवारी हवाई पट्टी से दो पिकअप से बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जाल्हूपुर चौकी इंचार्ज ने शुक्रवार को एक पिकअप से तीन मवेशियों को बरामद किया।
पुलिस ने पिकअप सीज कर जौनपुर के जलालपुर थाने के बाजापुर निवासी ड्राइवर रोहित यादव को गिरफ्तार किया। इसके अलावा कैथी चौकी इंचार्ज राजवारी हवाई पट्टी से एक पिकअप से तीन संरक्षित मवेशियों को बरामद कर बर्थराकला, चौबेपुर के विकेश कुमार को गिरफ्तार किया।
एडवोकेट आर्मी बना रहे दीवानी कचहरी के अधिवक्ता
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव को देखते हुए दीवानी कचहरी के महिला और पुरुष अधिवक्ता एडवोकेट आर्मी तैयार कर रहे हैं। बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने शुक्रवार को बताया कि सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में एडवोकेट आर्मी के लिए पिछले दिनों घोषणा की गई थी।
इस क्रम में सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ता एडवोकेट आर्मी में शामिल होने के लिए लिखित सहमति दे रहे हैं। हम लोग पाकिस्तान को संदेश देना चाहते हैं कि हम भारतीय फौज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और जरूरत पड़ेगी तो उनकी मदद के लिए बॉर्डर पर जाने को तत्पर रहेंगे।
अधिवक्ता कमलेश यादव ने कहा कि हम देश की सेना को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष किसी भी रूप में मदद करने के विचार से ही रोमांचित हैं। अधिवक्ता जोजो सिंह, जयश्री पाठक और अनीता सिंह ने कहा कि हम लोग भी देश के लिए सेवा देने में पीछे नहीं रहेंगी।
लापरवाह सफाई कर्मचारियों का वेतन रोकने की चेतावनी
पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन को लेकर चिरईगांव ब्लाॅक सभागार में शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों की बैठक हुई। इसमें लापरवाही पर सफाई कर्मचारियों का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई।
एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि कूड़ा उठान की ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। सफाई कर्मचारियों को घर-घर जाकर प्लास्टिक पालिथीन एकत्र कर बर्थराकलां में निर्मित प्लास्टिक संग्रहण केंद्र पर पहुंचाना है। प्रत्येक सफाई कर्मचारी को प्रतिमाह 10 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा जमा करने का लक्ष्य दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गांवों में निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि कचरा संग्रह के लिए लगाईं गई बोरियां गायब हैं। ई रिक्शा व कूड़ा गाड़ी का कहीं भी प्रयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर लापरवाह सफाई कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है।
घर में आग लगी, गृहस्थी का सारा सामान जला
चोलापुर के बहलोलपुर (उदयपुर) गांव में शुक्रवार की शाम शॉट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग पर काबू पाए जाने तक घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। चोलापुर थाना क्षेत्र बहलोलपुर (उदयपुर) गांव की राजभर बस्ती में महंगू राजभर का दो कमरे का मकान है। शुक्रवार की शाम महंगू और उसकी पत्नी कहीं गए थे और उसकी बहू दूसरे कमरे में थी।
शाम करीब 6 बजे अचानक महंगू के कमरे से आग की लपटें और धुआं निकलता देख कर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। आग लगने की खबर मिलते ही बस्ती के लोग सबमर्सिबल पंप और अन्य माध्यमों से उस पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था।
Varanasi court
- फोटो : अमर उजाला
ज्ञानवापी: जिला जज ने सुनवाई की तिथि 24 मई नियत की
ज्ञानवापी स्थित मां शृंगार गौरी के नियमित दर्शन-पूजन की मांग को लेकर दाखिल मुकदमा समेत नौ लंबित मामलों में जिला जज जय प्रकाश तिवारी ने अगली सुनवाई के लिए 24 मई की तिथि मुकर्रर की है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान जिला जज ने ज्ञानवापी से संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों के संबंध में मौजूद अधिवक्ताओं से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पत्रावलियों का अवलोकन करने और अगली सुनवाई के लिए 24 मई की तिथि नियत कर दी।
10 लाख रुपये के गबन के मामले में आरोपी को जमानत मिली
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने धोखाधड़ी कर 10 लाख रुपये गबन करने के सिगरा थाने के एक मामले में आरोपी को जमानत दे दी। सिगरा चौराहा स्थित साईं इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर सागर तनवानी को 25-25 हजार रुपये की दो जमानते और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार आरोपी सागर तनवानी साईं इंटरप्राइजेज का प्रोपराइटर है। उसके ऊपर धोखाधड़ी कर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। आरोपी का बचाव करते हुए उसके अधिवक्ता ने दलील दी कि उसको गलत तरीके से फंसाया गया है।
धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज करने का आदेश
धोखाधड़ी और कूटरचना करते हुए दूसरे की जमीन को रजिस्ट्री कराने और उस पर कब्जा करने का प्रयास करने के मामले में अदालत ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) की अदालत ने यह आदेश वादिनी विमला देवी की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद दिया।
प्रकरण के अनुसार डालमिया कोठी, नगवा की विमला देवी ने अपने अधिवक्ता के जरिये अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि उन्होंने छित्तूपुर में स्थित 680 वर्गफीट जमीन आरती देवी से 23 जनवरी 2024 को रजिस्ट्री कराई थी।
इस बीच धोखाधड़ी और कूटरचना करते हुए रमना निवासी विजय यादव, संजय यादव, श्याम लाल और मीता देवी ने उक्त जमीन को पुनः उसके मूल मालिक से क्रय कर लिया। बाद में उसे गीता शर्मा को बैनामा कर दिए। जिसमें संजय शर्मा और रामप्रवेश राम गवाह थे। इस मामले में पुलिस से शिकायत करने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने अदालत की शरण ली।
पाकिस्तान का झंडा फूंका, मुर्दाबाद के लगाए नारे
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश जताते हुए शुक्रवार को अस्सी चौराहे पर पाकिस्तान का तिरंगा फूंका। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पाण्डेय ने कहा कि पाकिस्तान के अंत का आरंभ हो चुका है। वह अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया तो भारतीय सेना पाकिस्तान को सबक सिखाने में पूरी तरह से सक्षम है।
शायर सलीम शिवालवी ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत को छेड़कर गलती की है। इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर अजय कृष्ण त्रिपाठी, सुनील मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा, देवव्रत चौबे, अरुण सिंह, अरविंद योगी, श्याम भूषण सिंह, अनिल सिंह, रितेश राय, आलोक राय, इंदु शेखर, राजेश आजाद आदि रहे।
वाराणसी विकास प्राधिकरण
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर में वीडीए ने ध्वस्त कराई अवैध प्लाटिंग
वीडीए की ओर से शुक्रवार को रामनगर में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने रसूलागंज में 6 बीघा के क्षेत्रफल में अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। अवर अभियंता अशोक कुमार यादव की देखरेख में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
उधर, सारनाथ वार्ड में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। पुलकोहना दनियालपुर पुराना पुल के पास हिरदन उर्फ मैनेजर जायसवाल की ओर से 75 वर्गमीटर में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जोनल अधिकारी प्रकाश, अवर अभियंता विनोद कुमार की देखरेख में कार्रवाई की गई।
वाराणसी के डीएम सत्येंद्र कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
मैनपावर बढ़ाकर समय से पूरा कराएं काम
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। यहां के कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मैनपावर बढ़ाकर काम पूरा कराएं।
बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में निर्माणाधीन राष्ट्रीय वृद्धावस्था केंद्र (नेशनल सेंटर आफ़ एजिंग) के निरीक्षण में कार्यदायी संस्था एचएलएल इंफ्राटेक सर्विस लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर ने जिलाधिकारी को निर्माण संबंधी जानकारी दी। कार्यदायी संस्था ने नाली और सड़क निर्माण के लिए निवेदिता ब्लॉक-एक को हटाने तथा पार्किंग के लिए एक हजार वर्ग मीटर जमीन की मांग की। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण को निस्तारित कराने का भरोसा दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भवन में ऐसे कांच लगाया जाए जिससे प्राकृतिक प्रकाश अंदर आ सके और दिन में बिजली ना जलाना पड़े। विश्वविद्यालय परिसर में महिला छात्रावास के संबंध में उन्होंने कहा कि मैन पॉवर बढ़ाकर तय समय में निर्माण पूरा कराएं। जिलाधिकारी ने ट्रामा सेंटर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के निर्माण कार्य को भी देखा। कार्यदायी संस्था ने बताया कि भवन के स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अन्य काम कराए जा रहे हैं।
आज के परिदृश्य में महाराणा प्रताप की प्रासंगिकता कहीं अधिक
महाराणा प्रताप की 485वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जगतगंज स्थित होटल में राष्ट्रीय स्वावलंबन एवं स्वाभिमान में नागरिकों की भूमिका विषय पर संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी का शुभारंभ हल्दीघाटी की मिट्टी के पूजन, महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
काशी विद्यापीठ में पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र सिंह ने कहा कि आज के परिदृश्य में महाराणा प्रताप की प्रासंगिकता कहीं अधिक है। वे शौर्य के साथ सामाजिक समरसता के भी महानायक हैं। उन्होंने बंजारों के गीतों और जनश्रुतियों पर शोध का आह्वान किया, जिनसे महाराणा के कई महत्वपूर्ण आयाम सामने आएंगे।
बीएचयू के प्रो. गुरु प्रसाद सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रियों या भारत के ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के उन सभी राष्ट्रवादियों के महानायक हैं जो राष्ट्रीय स्वाभिमान एवं स्वावलंबन के लिए संघर्षशील हैं। अधूरे और गलत इतिहास पढ़ाए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को अपने स्वावलंबी व स्वाभिमानी इतिहास से परिचित होना आवश्यक है, ताकि वह समझ सके कि भारत कभी पूरा गुलाम रहा ही नहीं। वरिष्ठ समाजसेवी अजय सिंह बॉबी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और संचालन बीएचयू के पूर्व छात्र नेता हिमांशु सिंह ने किया।
सारनाथ-औड़िहार विशेष गाड़ी का संचालन शुरू
पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 05163/05164 औड़िहार-सारनाथ-औड़िहार विशेष गाड़ी के संचलन की घोषणा की है। यह सेवा 09 मई (शुक्रवार) से 31 जुलाई, 2025 तक प्रतिदिन संचालित होगी। 05163 औड़िहार से 12:35 बजे प्रस्थान कर 13:20 बजे सारनाथ पहुंचेगी।
वापसी में, 05164 सारनाथ से 13:50 बजे चलकर 14:35 बजे औड़िहार पहुंचेगी। यह विशेष गाड़ी 08 कोचों के साथ चलेगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस गाड़ी में आठ कोच लगाए गए हैं।
प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व निकली दिव्य कलश यात्रा
आरएसएस के सहयोग से सारनाथ के हीरामनपुर स्थित वृद्धाश्रम से शुक्रवार को कलश यात्रा निकली। सारंगनाथ मंदिर कुंड से जल भरने के बाद सिर पर कलश लिए महिलाएं ममता पटेल के नेतृत्व में पदयात्रा करते हुए पुन वृद्धाश्रम पहुंचीं।
यहां श्री चित्रगुप्त राधे कृष्ण मंदिर और पंचमुखी हनुमान शिवलिंग की मूर्तियों की स्थापना शनिवार को की जाएगी। इस मंदिर निर्माण और मूर्ति स्थापना का कार्य राहुल सिन्हा और अभिषेक मारूल की ओर से किया जा रहा है। इस आयोजन में सामूहिक रुद्राभिषेक समिति, श्री चित्रगुप्त महासमिति सहित कई सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़ कर योगदान दिया। इस अवसर पर मोहन लाल, हरिशंकर सिन्हा, टप्पू जयजीत कुशवाहा, आलोक गुप्ता, रमेश श्रीवास्तव, पूनम पांडेय, साधना, पूजा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
अरुण संरक्षक और अनूप बने अध्यक्ष
सीएमओ सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश परिवार कल्याण सांख्यिकी सेवा संघ का जिला स्तरीय द्विवार्षिक चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी डॉ. एसएस कनौजिया की देखरेख में चुनाव में अरुण कुमार श्रीवास्तव संरक्षक और अनूप कुमार उपाध्याय अध्यक्ष चुने गए। अनिल पांडेय उपाध्यक्ष, अनिल श्रीवास्तव महामंत्री, राम सिंह यादव संयुक्त मंत्री, नवीन कुमार संगठन मंत्री और आरजू कोषाध्यक्ष चुनी गईं। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
एकीकृत बिल देने के आदेश पर जताई नाराजगी
जलकल विभाग में शुक्रवार को जलकल कर्मचारी महासंघ की प्रादेशिक कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश की विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार किया। नगर विकास के प्रमुख सचिव की ओर से बीते पांच मई को जलकर, सीवरकर और गृहकर का एकीकृत बिल निर्गत करने के आदेश पर रोष प्रकट किया गया। बैठक में जलकल कर्मचारी महासंघ के प्रादेशिक अध्यक्ष विपिन वाजपेयी, महामंत्री संतराम, तुफानी राम तथा वाराणसी शाखा के अध्यक्ष सुनील कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।
मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
काशी अग्रवाल समाज की ओर से संचालित अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय इंटर कॉलेज चौखंबा में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट में टॉप करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक पंकज अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए जीवन में सफलता के लिए कठिन परिश्रम के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिश्रम ही पुरस्कार और सम्मान का एकमात्र मार्ग है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंद्र किशोर अग्रवाल, सहायक मंत्री दिनेश कुमार अग्रवाल, प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह, देवेंद्र नाथ गोस्वामी आदि उपस्थित रहें।
10792 लोगों के खाते में पहुंची सब्सिडी
पीएम सूर्य घर योजना के लिए जिले के नेडा कार्यालय में 57569 लोगों ने आवेदन किया है। इनमें से अब तक 11912 लोगों को ही लाभ मिला है। इनमें से 10792 लोगों के बैंक खाते में सब्सिडी पहुंची है। यूपी नेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी शशि कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग के ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वह इस अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ लें। पिछले कुछ दिनों में आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। संभावना है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। इसे लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं।
दस दिन में किराया जमा न करने पर कार्रवाई के लिए निगम स्वतंत्र
नगर निगम आयुक्त अक्षत वर्मा के अनुसार हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि बेनिया शापिंग काॅम्पलेक्स के दुकानदार दस दिनों में बकाया किराया जमा करें। निर्धारित अवधि में किराया जमा न करने पर कार्रवाई के लिए नगर निगम स्वतंत्र है। दरअसल तालाबंदी की कार्रवाई के खिलाफ दुकानदारों ने अदालत में गुहार लगाई थी। इन दुकानदारों को बढ़ा हुआ किराया जमा करने का मौका दिया गया था लेकिन इन्होंने जमा नहीं किया। जिसके बाद तालाबंदी की कार्रवाई की गई थी।
किसानों को समझाया फार्मर रजिस्ट्री का लाभ
चौबेपुर के राजवारी गांव में शुक्रवार को कैंप लगाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभ के बारे में बताया गया। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल के निर्देश पर लगे कैंप में 12 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री कराई। खंड तकनीकी प्रबंधक देवमणि त्रिपाठी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कराने के बाद सरकारी योजनाओं जैसे पीएम किसान सम्मान निधि, बीज सब्सिडी, खाद/ उर्वरक सब्सिडी, फसल बीमा आदि योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
किसानों को मिलने वाली सरकारी सहायता सीधे बैंक खाते में जाएगी। यदि फसल खराब होती है तो फसल बीमा की धनराशि जल्दी और कृषि ऋण में प्राथमिकता मिलती है। फार्मर रजिस्ट्री करा लेने से किसान की एक आधिकारिक पहचान बनती है। इस दौरान लेखपाल अरुण शर्मा, अंकित श्रीवास्तव, सीएससी संचालक अरुण पांडेय, हरिश्चंद्र सिंह, लालजी यादव आदि माैजूद रहे।
एनएसयूआई ने निकाली जय हिंद यात्रा
एनएसयूआई ने शुक्रवार को जय हिंद यात्रा निकाली। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय के नेतृत्व में यात्रा गुलाब बाग पार्क स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा से भारत माता मंदिर तक गई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर परिस्थिति में हम सभी कांग्रेसजन एवं एनएसयूआई के साथी अपने देश और सेना के साथ खड़े हैं। आज हमारी जांबाज सेना चट्टान की तरह खड़ी होकर युद्ध के मैदान में पाकिस्तान के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। कार्यक्रम में प्रिंस राय, विश्वनाथ कुंवर, कुंवर यादव, रोनिक सोनकर, जितिन पटेल, गौतम शर्मा आदि शामिल रहे।
डीडी पंचायत ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण
डीडी पंचायत एके सिंह शुक्रवार को विकास कार्यों का निरीक्षण करने ग्राम पंचायत कैथी पंहुचे। इस दौरान अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी को दिए। डीडी पंचायत ने कैथी में आंगनबाड़ी केंद्र देखा। इसके बाद पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया।
साथ ही पंचायत में बनवाए गए आवास शौचालय सहित आदि कार्यों के बारे में जानकारी ली। साफ सफाई खुली नाली को ढकने बरसात से पूर्व नाली के सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत में कराए गए कार्य को लेकर अभिलेखों को भी जांच की।
3.22 करोड़ से बनेगी सड़क और सीनियर केयर सेंटर
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत 3.22 करोड़ के कार्य का लोकार्पण-शिलान्यास किया। वार्ड संख्या 33 करौंदी में माता प्रसाद कटरा से ईसा जनरल स्टोर होते हुए महेंदर पटेल के मकान से ट्रांसफाॅर्मर तक आरसीसी रोड और जल निकासी कार्य का लोकार्पण किया।
इस कार्य की लागत 1.15 करोड़ है। वार्ड नं 56 मीरापुर बसही में 2.07 करोड़ की लागत से सीनियर केयर सेंटर का शिलान्यास किया। इस दौरान सुरेंद्र नारायण सिंह, अरविंद सिंह, श्याम भूषण शर्मा, सुरेश पटेल, कुसुम पटेल मौजूद रहे।
रवींद्र संगीत और दर्शन से किया प्रभावित
रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती शुक्रवार को मनाई गई। ईगल क्लब के बैनर तले 25 संस्थाओं की ओर से टैगोर पार्क भेलूपुर में आयोजित जयंती समारोह में लोगों ने उन्हें याद किया। विधायक सौरभ श्रीवास्तवने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर नमन किया।
इसके बाद डॉ. सुव्रत भट्टाचार्य, डॉ. झुमुर सेन गुप्ता और चंद्रशेखर मलिक ने रवींद्र साहित्य व दर्शन पर प्रकाश डाला। कहा कि वह बंगला के साथ हिंदी साहित्य में भी उनका प्रभाव था। इस दौरान बंगीय समाज महिलाओं और बच्चों ने रवींद्र संगीत और नृत्य से उनके जीवन दर्शन को प्रकट किया। अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष शांतनु भट्टाचार्या ने किया। संचालन सतरूपा चटर्जी एवं धन्यवाद ज्ञापन नीति गोस्वामी ने किया।
जनचौपाल में ग्रामीणों ने जल निकासी की समस्या बताई
चिरईगांव ग्राम पंचायत अइली में शुक्रवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। बीडीओ वीरेंद्र नारायण द्विवेदी ने योजना के बाबत लोगों से फीडबैक लिया। गांव की उषा देवी, तारा देवी, पिंटू, शैलेश आदि ने बताया कि गांव में सीवर और नालियों की उचित व्यवस्था नहीं है। इससे रास्तों और घरों के आसपास गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बारिश शुरू होते ही यह समस्या और भी गंभीर रूप ले लेगी। इसपर बीडीओ ने बताया कि तालाब खुदाई का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उसी तालाब में सीवर जल निकासी की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने पीएम सीएम आवास के चयन में गड़बड़ी की शिकायत पर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आवास के सर्वे का काम अभी चल रहा है। जो पात्र होगा उसी का चयन किया जाएगा। जन चौपाल में महिला समूहों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने पर भी चर्चा हुई।
शंकराचार्य कराएंगे भारत की विजय के लिए अनुष्ठान
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती भारत की विजय के लिए धार्मिक अनुष्ठान शुरू कराएंगे। उन्होंने खुद को एक नागरिक की तरह सेना की सेवा करने के लिए तैयार बताया है। शंकराचार्य ने बयान जारी करते हुए कहा कि अगर देश को जरूरत पड़ी तो वह हर तरह से सेवा देने के लिए तैयार हैं।
शंकराचार्य ने देश के हालात को देखते हुए अपने आगामी दो महीने के धार्मिक कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह समय देश के साथ एकजुट होकर खड़े होने का है। देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है। कहा कि देश के सैनिकों का पराक्रम शत्रुओं का नाश करेगा।
उन्होंने देश की जनता से भी अपील की है कि इस समय एकजुट होकर अपनी सरकार और सेना का मनोबल बढ़ाने में सहयोग करें। भारत की विजय और शत्रुओं के नाश के लिए धार्मिक अनुष्ठान भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह के साथ-साथ भारतीय सेना के कार्यों की प्रशंसा की।
अरबी कॉलेज में सजी महफिल, ख्वातीन ने मनाया विलादत का जश्न
आठवें इमाम अली रजा की जयंती की पूर्व संध्या पर इनामिया अरबी कॉलेज में महफिल हुई। काली महल स्थित जेपी टावर में ख्वातीन ने इमाम की विलादत का जश्न मनाया और दुआख्वानी भी की।
शुक्रवार को इनामिया अरबी कॉलेज मुकीमगंज में मौलाना जफर हुसैनी की सदारत में महफिल हुई। दूसरे शहरों से आए शायरों ने भी इमाम की शान में कलाम पेश किए। दूसरी ओर जेपी टावर काली महल में नौशीन फातिमा के निवास पर डॉ. नुजहत फातिमा के संयोजन में महफिल हुई। ख्वातीनों ने कुरान की तिलावत की और ईमान की शान में कसीदेखानी की। सामूहिक रूप से नज्म पढ़ी गई।
महफिल के समापन पर दोनों जगह पर देश में सेहत, सलामती और आतंकवाद के खात्मे के लिए दुआ की गई। शिया मस्जिद काली महल में तकरीर करते हुए हाजी फरमान हैदर ने बताया कि महफिलों का यह सिलसिला शनिवार को भी जारी रहेगा। इस सिलसिले से अजाखाना इमदाद और फुरकान में महफिल होगी। शाम को अर्दली बाजार में महफिल सजेगी। दोषीपुरा में भी इमाम की जयंती मनाई जाएगी।
जाल्हुपुर में दो स्थानों पर लगा जल प्याऊ
चिरईगांव के जाल्हुपुर ग्राम पंचायत में ग्रामीणों और राहगीरों को गर्मी से राहत पहुंचाने के लिए शुक्रवार को दो स्थानों पर निशुल्क जल प्याऊ लगाया गया। यह कार्य ग्राम प्रधान सोनू गोंड और पंचायत सचिव कमलेश बहादुर गोंड के संयुक्त प्रयास से हुआ।
स्थानीय संत श्री कच्चा बाबा मंदिर परिसर और अंबा त्रिमुहानी के पास लगाए गए इन प्याऊ स्थलों से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, दर्शनार्थी, छात्र-छात्राएं और राहगीर शुद्ध और ठंडे पेयजल का लाभ उठा रहे हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि जनसेवा की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर जुगेश सिंह, प्रमोद आदि मौजूद रहे।
भारतीय सेना के साहसिक कदम की सराहना की
पूर्व सैनिक वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने शुक्रवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर बैठक की। इसमें पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट मौन रखा। रिटायर्ड सूबेदार मेजर राजबलि ने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से इस जघन्य कृत्य का करारा जवाब दिया है।
पाकिस्तान को 1971 में भी हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने भारतीय सेना के साहसिक कदम की सराहना करते हुए इसे हर भारतीय के आत्मसम्मान की जीत बताया। सभा का संचालन रिटायर्ड सूबेदार मेजर राम जनम सिंह ने किया। इस दौरान नायब सूबेदार अरुण कुमार सिंह, कैप्टन तेजबलि यादव, विजेंद्र तिवारी, प्रवीण कुमार पाल, विद्या सागर सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
तारकनाथ के सितार पर सजा राग अहीर भैरव
सुबह-ए-बनारस में वरिष्ठ कलाकार तारकनाथ मिश्रा का सितार वादन हुआ। वादन की शुरुआत राग अहीर भैरव में विलंबित तीनताल में निबद्ध रचना से हुई। इसके बाद द्रुत तीन ताल में निबद्ध रचना बजाकर आनंदित किया। समापन रामधुन की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुआ। आपके साथ तबला संगति श्रीकांत मिश्रा की रही। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।
भारतीय सेना के लिए अस्सी घाट पर रोजाना होगा हनुमान चालीसा का पाठ
वाराणसी। हनुमान सेना की ओर से भारतीय सेना के वीर सैनिकों के बल-शौर्य और दीर्घायु के लिए अस्सी घाट पर हनुमान चालीसा के पाठ की शुरुआत हुई। भारत-पाकिस्तान के बीच चलने वाले युद्ध तक रोजाना शाम को भारतीय सेना के समर्थन में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।
शुक्रवार को चालीसा पाठ से पूर्व हनुमान सेना की बैठक सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विवेक शंकर तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विवेक शंकर तिवारी ने कहा भारतीय सेना के वीर सैनिकों के बल-शौर्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना के साथ रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि भारतीय सेना के विजयी होने तक हनुमान पाठ चलेगा। बैठक में विजय कपूर, मार्कंडेय तिवारी, विकास महाराज, अनिल सिंह, अनिल तिवारी शामिल थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने निकाली तिरंगा यात्रा
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कंचनपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने तिरंगा यात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता नागेंद्र गांधी, कर्दमेश्वर मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश पटेल, पार्षद गुड्डू पटेल, गोपाल पटेल, रामसिंह यादव कल्लू, विजय बिंद गोबिंद दास गुप्ता, अनिल पांडेय आदि शामिल रहे।
विद्यालयों में 21 से ग्रीष्मकालीन शिविर
माध्यमिक विद्यालयों में 21 मई से 10 जून तक ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जाएगा। नई खोज, खेल-खेल में सीखने के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को खेलकूद, कला, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समग्र विकास किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जिले के सभी विद्यालयों को इसकी सूचना दे गई है। 21 मई को योग और खोखो, फुटबाल के साथ व्यायाम का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
23 गई को रंगोली और मिट्टी कला का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 24 मई को कॅरियर गाइडेंस सहित प्रतिदिन अलग अगल गतिविधिओं का आयोजन किया जाएगा। शिविर के आयोजन और निगरानी के लिए समिति का गठन किया गया है। जिसमें जिलाधिकारी अध्यक्ष, जिला विद्यालय निरीक्षक सचिव और सीडीओ, बीएसए, खेल अधिकारी, उद्यान अधिकारी और प्रधानाचार्यों को सदस्य बनाया गया है।
प्रदोष व्रत रखकर भगवान की षोडशोपचार पूजा
वैशाख शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने प्रदोष व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की। शिव मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। हस्त नक्षत्र में श्रद्धालुओं ने सुबह भोर में उठकर स्नान ध्यान कर अपने आराध्य देवी-देवता की पूजन-अर्चन के बाद प्रदोष व्रत का संकल्प लिया।
दिनभर निराहार व्रत रखकर शाम को प्रदोष काल में भगवान शिवजी की षोडशोपचार पूजा की। शिवजी का अभिषेक कर उन्हें वस्त्र, आभूषण, सुगंधित द्रव्य के साथ बेलपत्र, कनेर, धतूरा, मदार, ऋतुपुष्प, नैवेद्य आदि अर्पित कर धूप-दीप जलाकर पूजन किया। सुख-समृद्धि की कामना की।
बरेका रेल सुरक्षा बल ने निकाली जन जागरूकता रैली
बरेका में रेल सुरक्षा बल ने शुक्रवार को आपातकालीन परिस्थितियों में आम जनता को जागरूक करने के लिए जन जागरूकता रैली निकाली। रैली सूर्य सरोवर से कुंदन तिराहे तक निकाली गई। रैली में आरपीएफ जवानों ने पैदल मार्च करते हुए लोगों को युद्ध या आपदा जैसी परिस्थितियों में सतर्क रहने, सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का संदेश दिया। रैली में सहायक सुरक्षा आयुक्त जयप्रकाश मौर्य सहित कई अधिकारी व जवान मौजूद थे।
11वीं के 20243 अभ्यर्थी आज देंगे गणित की परीक्षा
काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संबद्ध सेंट्रल हिंदू बॉयज और गर्ल्स स्कूलों के कक्षा 9वीं व 11वीं में प्रवेश के लिए परीक्षाएं जारी हैं। 7 मई को 11वीं कला वर्ग की परीक्षा में 2398 अभ्यर्थी शामिल हुए। 8 मई को 11वीं वाणिज्य वर्ग की परीक्षा में 2127 अभ्यर्थी उपस्थित हुए।
नाै मई को 11वीं जीव विज्ञान वर्ग की प्रवेश परीक्षा में 9023 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। आगामी 10 मई को 11वीं गणित वर्ग के 20243 अभ्यर्थी और 11 मई को कक्षा 9 (22077 अभ्यर्थी) की परीक्षाएं कराई जाएंगी। परीक्षाएं विश्वविद्यालय परिसर के केंद्रों के अतिरिक्त शहर के अन्य विद्यालयों में भी कराई जा रही हैं।
पिंडरा तहसील में दूसरे दिन भी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे
तहसील पिंडरा में दूसरे दिन शुक्रवार को भी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। बार के अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल की अध्यक्षता में बैठक में निर्णय हुआ कि तहसील में जब तक भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हो जाता तब तक एसडीएम से लेकर सभी न्यायालयों का बहिष्कार जारी रहेगा।
महामंत्री सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि जब तक जिलाधिकारी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक हड़ताल जारी रखेंगे। बैठक में पूर्व बार अध्यक्ष शिवपूजन सिंह, मनोज शुक्ला, पवन सिंह, एके सिंह, जावेद खा, छोटेलाल, राजेश सिंह राजन, अश्वनी मिश्रा, कमला मिश्रा आदि शामिल रहे।
हर परिस्थिति में सरकार के साथ खड़े हैं उद्यमी
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से मलदहिया स्थित कार्यालय में बैठक हुई। उद्यमियों ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के शौर्य की सराहना करते हुए हर परिस्थिति में सरकार का साथ देने पर जोर दिया। अध्यक्षता कर रहे आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि युद्ध की इस परिस्थिति में सभी उद्यमी और व्यापारी तन, मन और धन से राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर है।
आतंकवाद के समूल नाश के लिए आवश्यकता पड़ने पर उद्यमी अपने कामगारों के साथ भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। बैठक में आईआईएम के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया, वाराणसी चैप्टर के अध्यक्ष मनीष कटारिया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य नीरज पारीक, डिविजनल चेयरमैन प्रशांत अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अनुज डिडवानिया, पंकज अग्रवाल, अजय जायसवाल, ज्ञानेश्वर, आलोक भंसाली, अंजनी कुमार सिंह आदि रहे।
बीएचयू सीनियर रेजिडेंट का रिजल्ट जारी
बीएचयू ने सीनियर रेजिडेंट का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इसमें तीन अभ्यर्थी डॉक्टरों का चयन हुआ है। डेंटल फैकल्टी से ओबीसी कटेगरी में डॉ. गौरव कुमार गुप्ता और एसटी कटेगरी में डॉ. नंदिनी कुमारी, वहीं ट्रॉमा सेंटर में जनरल कटेगरी से डॉ. व्योमिका बंसल का चयन हुआ है। चयनित सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को 23 मई को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आईएमएस-बीएचयू के डायरेक्टर ऑफिस में रिपोर्ट करना होगा।
आरएसएस ने 50 से अधिक सफाईकर्मियों का किया सम्मान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अक्षय कन्यादान महोत्सव में कार्यक्रम स्थल शंकुलधारा की सफाई करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया गया। वाल्मिकी सम्मान समारोह के महत शंकुलधारा पर खोजवां शाखा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आरएसएस के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. वीरेंद्र जायसवाल ने 50 से अधिक सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया।
यहां क्षेत्रीय पार्षद अशोक सेठ की उपस्थिति में साड़ी, वस्त्र और विवाह का पाहुर (मिष्ठान) देकर उनका अभिनंदन किया गया। इन सफाईकर्मियों ने कार्यक्रम शुरू होने के 15 दिन पहले और कार्यक्रम खत्म होने के बाद सात दिनों तक सफाई की थी।
ज्योतिष शिविर में आज से होगा मस्तक रेखा पढ़ने का प्रशिक्षण
ज्योतिष विद्या के सरल ज्ञान के लिए शास्त्रार्थ महाविद्यालय में ज्योतिष ज्ञान शिविर का निशुल्क आयोजन शनिवार से होगा। हस्त रेखा प्रशिक्षण के बाद भाल अर्थात मस्तक रेखा के माध्यम से फलादेश करने की विधि समझाई जाएगी। शिविर संचालक ज्योतिर्विद आचार्य संजय उपाध्याय ज्योतिष के सामान्य विधि के माध्यम से प्रशिक्षण देंगे। विद्यार्थी वर्ग से इतर अन्य कोई भी इसको सरलता से सीख सकते हैं।
संयोजक व संस्था के संस्था के प्राचार्य डाॅ. पवन कुमार शुक्ल ने बताया कि आयोजन के मध्य किसी एक दिन निशुल्क ज्योतिष ओपीडी भी लगाई जाएगी। इसमें कोई भी व्यक्ति अपने बारे में ज्योतिषीय फलादेश को प्राप्त कर सकेगा। चाहे वह स्वास्थ्य संबंधी हो या विवाह अथवा आर्थिक बाधा व नौकरी पेशा का विषय हो। सभी के बारे में फलादेश कर उचित समाधान प्रदान किया जाएगा। निशुल्क नामांकन के लिए महाविद्यालय के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
म्यूजिकल सैटंस ने दी युवा प्रतिभाओं को पहचान
काशी में पहली बार म्यूजिकल सैटंस की ओर से बूंदीपरकोटा घाट पर रैप साइफर का आयोजन हुआ। शहर के उभरते युवा रैपर्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के माध्यम से कुछ चुने हुए कलाकारों को नया मंच मिलेगा। इसके साथ ही काशी के हिप-हॉप सीन को नई उड़ान मिलेगी और कलाकारों को देशव्यापी पहचान मिल सकेगी।
गौरतलब है कि म्यूजिकल सैटंस को पहले भी हनी सिंह और बादशाह जैसे दिग्गज कलाकारों से सोशल मीडिया पर शाउटआउट मिल चुका है। इस कार्यक्रम में म्यूजिकल सैटन्स के संस्थापक विश्वजीत जयकर व उनकी टीम आराध्य, शुभम और प्रेम ने कलाकारों की प्रतिभा परखी।
काशी विश्वनाथ धाम में हुई मां अन्नपूर्णा की आराधना
श्री काशी विश्वनाथ धाम में तिथि के अनुसार मां अन्नपूर्णा की आराधना की गई। शुक्रवार का दिन देवियों की आराधना को समर्पित है इसी क्रम में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में विराजमान अन्न की अधिष्ठात्री मां अन्नपूर्णा की आराधना विधिवत हुई। मान्यता है कि शुक्रवार को विधिपूर्वक व्रत करने से व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है और उसके समस्त कष्ट दूर होने लगते हैं।
आरपीएफ के एएसआई ब्रह्मा नाथ शुक्ला सम्मानित
बरेका रेल सुरक्षा बल के सहायक उप निरीक्षक ब्रह्मा नाथ शुक्ला को शुक्रवार महानिदेशक ने सम्मानित किया। यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता के लिए रेल सुरक्षा बल प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान उन 201 चुनिंदा आरपीएफ/आरपीएसएफ अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया जा रहा है। उन्होंने सेवा कार्यों में असाधारण समर्पण, अनुशासन और बहादुरी का परिचय दिया है। बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने ब्रह्मा नाथ शुक्ला को शुभकामनाएं दीं।
विद्यापीठ में 24 को होगा दर्शनशास्त्र पीएचडी दाखिले का साक्षात्कार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दर्शनशास्त्र से पीएचडी दाखिले का साक्षात्कार 24 मई को होगा। इसी दिन दर्शनशास्त्र विभाग में शोध में प्रवेश के दूसरे चरण के लिए आरडीसी की बैठक होगी। इसमें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि बैठक सुबह 10 बजे से दर्शनशास्त्र विभाग में होगी। बैठक में योग्य अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल अभिलेखों और प्रमाणपत्रों के साथ साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है।
पांच सौ साल पुरानी नृसिंह लीला का मंचन 11 मई को
श्री चित्रकूट रामलीला समिति की ओर से नृसिंह लीला का मंचन 11 मई को बड़ा गणेश स्थित नरसिंह चबूतरा पर होगा। पांच साै साल प्राचीन यह लीला शाम को पांच बजे होगी। यह सूचना समिति के व्यवस्थापक पं. मुकुंद उपाध्याय ने दी।
खराब हैंडपंप दुरुस्त कराएं
भीषण गर्मी के मद्देनजर काशी विद्यापीठ ब्लाॅक प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को लेकर ग्राम सचिवों को निर्देश जारी किया है। एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि पेयजल के लिए ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंडपंपों को ठीक कराएं। रिबोर योग्य हैंडपंप को ग्रामनिधि से ठीक कराने का निर्देश ग्राम सचिवों को दिया गया है। इसके साथ ही सभी हैंडपंपों की रिपोर्ट भी ब्लाॅक कार्यालय पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
परिवहन चालक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने ली शपथ
परिवहन चालक कर्मचारी संघ का शुक्रवार को नगर निगम कर्मचारी संघ के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। बतौर मुख्य अतिथि मेयर अशोक तिवारी, विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
शपथ लेने वालों में भोलानाथ सोनकर अध्यक्ष, वीरेंद्र कुमार मौर्य कार्यवाहक अध्यक्ष, अजय कुमार मौर्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष, योगेंद्र कुमार तिवारी अफरोज अहमद मोनी उपाध्यक्ष,अभय कुमार चौबे महामंत्री, शुभम सिंह कार्यवाहक महामंत्री, राजेश सेठ कोषाध्यक्ष, अनिल पटेल संगठन मंत्री, ओमप्रकाश निषाद, मनोज पटेल, मनोज सेठ प्रचार मंत्री, दीनानाथ चौबे संयुक्त मंत्री शामिल रहे। इसकी अध्यक्षता आलोक कुमार गुप्ता, संचालन वीरेंद्र कुमार मौर्य ने किया। इस अवसर पर अवधेश नारायण चतुर्वेदी, मनोज कुमार, संजय श्रीवास्तव, प्रवीण वर्मा, डा नजमा परवीन, आलोक भट्टाचार्य आदि मौजूद रहे।
व्यापारी संगठनों ने की अपील, अफवाहों पर ध्यान न दें
वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल, नदेसर धौसाबाद व्यापार समिति, वाराणसी फर्नीचर एंड फर्निशिंग व्यापार मंडल, हिंदू बुनकर कल्याण समिति एवं वाराणसी बर्तन व्यावसायिक समिति ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर प्रशासन जानकारी दें।
कहा कि भारत-पाक के बीच युद्ध को लेकर सरकार का मनोबल बढ़ाएं। वीडियो कॉलिंग के जरिये व्पापारी नेता पंकज अग्रवाल, मनोज जायसवाल, अजय गुप्ता, सुजीत गुप्ता, सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर देश की शौर्यगाथा को दर्शाता है। वीर जवान पाक का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
700 शिक्षक, छात्रों और कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण
नागरिक सुरक्षा प्रखंड कोतवाली की ओर से शुक्रवार को बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल डोमरी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में हवाई हमले की पूर्व सूचना, प्राथमिक चिकित्सा, और आग से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसमें लगभग 700 छात्रों, शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण में गैस और पेट्रोल की आग को बुझाने की प्रायोगिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। स्टाफ ऑफिसर चंदन चौधरी के नेतृत्व में डिविजनल वार्डन कन्हैया लाल यादव ने विषयों को रोचक और सरल तरीके से प्रस्तुत किया।
ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख कर आपदा प्रबंधन की महत्ता को रेखांकित किया गया, जिसने बच्चों में जिज्ञासा और जागरूकता जगाई। कार्यक्रम की सफलता में पोस्ट वार्डन श्याम सुंदर सिंह, धर्मेंद्र गौतम, डिप्टी पोस्ट वार्डन कामेश्वर पाठक और स्वयंसेवकों अनुज अग्रवाल, नैंसी ओझा, विक्रम सिंह, जयशंकर का योगदान सराहनीय रहा।
यूपी बोर्ड के मेधावियों का हुआ सम्मान
श्री काशी अग्रवाल समाज की ओर से संचालित श्री अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय इंटर कॉलेज चौखंभा में शुक्रवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। चंद्र किशोर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में विद्यालय के प्रबंधक पंकज अग्रवाल ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम करना होगा। परिश्रम ही पुरस्कार और सम्मान प्राप्त करने का साधन है। स्वागत दिनेश कुमार अग्रवाल, धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह एवं संचालन देवेंद्रनाथ गोस्वामी ने किया।
खाद्य मंत्रालय के नामित सदस्य किया स्वागत
उपभोक्ता मामले के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सदस्य के रूप में विनय कुमार सिंह को नामित किया गया है। शुक्रवार को प्रथम काशी आगमन पर उनका स्वागत किया गया। डाफी स्थित अशोकपुरम कॉलोनी में आयोजित स्वागत समारोह में विनय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा उन पर विश्वास कर इस पद को दिया गया है। जिस पर उन्होंने खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
किसानों का माल सीधे सरकार या गोदाम में जाएगा और फसल का धन मिलेगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने भी किसानों की समस्याओं को दूर करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में अभय सिंह, क्षेत्रीय पार्षद रामसिंह कल्लू ,रवि प्रकाश सिंह,डिपु सिंह, पप्पू सिंह, राजेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
अस्सी पर भाजपा ने फूंका पाकिस्तान का झंडा
भाजपा की ओर से शुक्रवार को अस्सी चौराहे पर पाकिस्तान का झंडा फूंका गया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय ने कहा कि पाकिस्तान के अंत का आरंभ हो चुका है। यदि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया तो भारतीय सेना पाकिस्तान को सबक सिखाने में पूरी तरह से सक्षम है।
पहलगाम की घटना के पश्चात भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया लेकिन पाकिस्तानी सेना ने इसे अपने ऊपर हमला बताते हुए भारत के कई शहरों पर मिसाइल से हमला किया। जिसे समय रहते भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। मशहूर शायर सलीम शिवालवी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकी संगठनों का अड्डा बन चुका है।
इन आतंकियों को पाकिस्तानी सेना और पाकिस्तानी सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है। पुतला फूंकने वालों में अजय कृष्ण त्रिपाठी, सुनील मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा, देवव्रत चौबे, अरुण सिंह, अरविंद योगी, श्याम भूषण सिंह, अनिल सिंह, रितेश राय, आलोक राय, इंदु शेखर, राजेश आजाद, मनोज सिंह, शुभम आदि शामिल रहे।
300 छात्रों को कराई मॉक ड्रिल
नागरिक सुरक्षा भेलूपुर प्रखंड की ओर से शुक्रवार को बंगाली टोला इंटर कॉलेज में 300 छात्रों को मॉक ड्रिल कराई गई। डिविजनल वाॅर्डेन वीवी सुंदर शास्त्री के नेतृत्व में माॅक डि्रल हुई। पोस्ट वार्डन संदीप कुमार ने छात्रों को आपदा प्रबंधन की बारीकियों से रूबरू कराया। इस दौरान कॉलेज प्रधानाचार्य बृजेश मणि पांडेय, उप प्रधानाचार्य शैलेंद्र जायसवाल, विमल कुमार, लालमणि, सुशील कुमार मिश्रा, दिनेश कुमार तिवारी, पोस्ट वार्डन भूपेंद्र सिंह, मुन्नालाल यादव मौजूद रहे।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बने विनोद
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के संगठनात्मक चुनाव में विनोद कुमार सिंह को दोबारा अध्यक्ष चुना गया है। बनारस क्लब में आयोजित सदस्यों की साधारण सभा में यह निर्णय लिया गया। 100 से अधिक सदस्यों वाले संगठन में विनोद पिछले तीन वर्षों से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अपने पिछले कार्यकाल के दौरान उन्होंने डीलरों और तेल कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।
सीएमओ ने ओपीडी में मरीजों को देखा, पांच आयुष्मान कार्ड धारकों को कराया भर्ती
बुजुर्गों की सेहत का ख्याल रखने के लिए सरकारी अस्पताल में भी ये सुविधा मुहैया कराई जा रही है। मौजूदा समय में बुजुर्गों के उपचार की विशेष सुविधा आयुष्मान योजना बड़ा सहारा बन चुकी है। इस क्रम में शुक्रवार को सीएचसी चौकाघाट में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने ओपीडी में मरीजों को देखा और पांच बुजुर्गों को उनके आगे के इलाज के लिए भर्ती कराया।
सीएमओ ने बताया कि जिन पांच वृद्धों को भर्ती किया गया है, उनमें एक को स्पॉन्डलाइटिस, दूसरे को पार्किंसन, तीसरे को मधुमेह है। दो मरीजों भी मधुमेह से पीड़ित थे। उन्हें आयुष्मान योजना के तहत भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। सीएचसी चौकाघाट की अधीक्षक डॉ. फाल्गुनी गुप्ता ने बताया कि सभी मरीजों को भर्ती कर समुचित इलाज किया जा रहा है।
प्राकृत भाषा सिखाने के लिए पार्श्वनाथ विद्यापीठ में 21 दिन के कोर्स की शुरुआत
पार्श्वनाथ विद्यापीठ में शुक्रवार को ‘प्राकृत भाषा : शिक्षण और प्रशिक्षण’ विषय पर 21 दिन की राष्ट्रीय कार्यशाला (शॉर्ट टर्म कोर्स) की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी ने कहा कि संस्कृत साहित्य में प्राकृत को संस्कृत के बराबर दर्जा मिला है।
भरतमुनि ने भी अपने नाट्यशास्त्र में प्राकृत पर कहा है कि संस्कृत हर जगह समान होती है। उसमें देश काल के अनुसार बदलाव नहीं होता है। लेकिन, प्राकृत में परिवर्तन होता रहता है, इसलिए उसके कई भेद दिखते हैं। जैसे शौरसेनी, मगधी आदि।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कर रहे प्रो. जगत राम भट्टाचार्या ने कहा कि प्राचीन भाषाओं में संस्कृत, प्राकृत और पालि तीन भाषाएं प्रमुख मानी गई हैं। पालि के 90 फीसदी ग्रंथ बौद्ध दर्शन के हैं। लेकिन, प्राकृत में जैन ग्रंथों समेत कई लिट्रेचर हैं। देश भर से प्राकृत भाषा के प्रतिनिधि, विद्वान इस कार्यक्रम में हिस्सेदारी करने पहुंचे हैं। अगले 21 दिनों तक विद्वानों के व्याख्यान होंगे। सहनिदेशक डाॅ. ओम प्रकाश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। स्वागत विद्यापीठ के निदेशक प्रो. दीनानाथ शर्मा ने किया।