किशोरी को अगवा करने का आरोपी 25 हजार इनामी गिरफ्तार
किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा करने के आरोपी तीन साल से फरार 25 हजार इनामी जमशेद शाह को कैंट पुलिस ने नेवादा से गिरफ्तार किया। इस दौरान अपहृता को पुलिस ने बरामद किया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि 18 नवंबर 2022 को किशोरी को अगवा, दुष्कर्म, पॉक्सो समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज हुआ। आरोप था कि किशोरी को फूलपुर के नेवादा निवासी जमशेद ने अगवा कर लिया है। अपहृता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी को टीम गठित हुई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन ने जमशेद पर 25000 रुपये का इनाम घोषित किया।
धोखाधड़ी के मामले में महिला समेत तीन दोषमुक्त
विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार की अदालत ने धोखे से जमीन हड़पने और धमकी मामले में महिला समेत तीन को दोषमुक्त कर दिया। रोहनिया के अमरा खैरा चक निवासी मीना सोनकर, विजेंद्र कुमार सोनकर व चुप्पेपुर, शिवपुर निवासी सुनील सोनकर को आरोप सिद्ध न होने पर संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार वादिनी मीरा देवी ने रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पति ने गांव के ही विजेंद्र सोनकर से 28 दिसंबर 2023 को दो लाख रुपये 5 प्रतिशत ब्याज पर 6 महीने के लिए उधर लिया। जिसके बाद विजेंद्र सोनकर, मीना देवी और सुनील कुमार ने आपस में मिलीभगत करते हुए उसकी करोड़ों की कीमती जमीन का उसके पति को शराब पिलाकर सट्टा करा लिया।
साथ ही 23 नवंबर 2023 को विजेंद्र सोनकर 10-12 लोगों के संग जमीन पर कब्जा करने लगा। इस पर जब वह वहां पहुंचकर विरोध करने लगी तो उन लोगों ने कहा कि तुम्हारे पति से दस लाख रुपए में जमीन का सट्टा कराए हैं।
किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी को जंसा पुलिस ने शुक्रवार को तीतखोरी गांव के पास रिंग रोड अंडरपास से गिरफ्तार किया। इस दौरान अपहृता भी मिली। जंसा थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कपरफोरवा निवासी प्रियांशु पटेल है। 19 जुलाई की रात पिता ने तीन युवकों के खिलाफ बेटी को अगवा करने का केस दर्ज कराया था।
सेंट्रल जेल में 50 पंखा का दान
सेंट्रल जेल में शुक्रवार को 50 पंखा समाजिक संगठन ने दिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने बताया कि संस्था के शेखर सिंह, स्टेफन, लोकश मीणां, रत्नम, शनि कुमार व आशीष कुमार ने बंदियों के लिए पंखा दिए।
जुआ के फड़ से चार आरोपी गिरफ्तार
सारनाथ पुलिस ने दीनापुर में जुआ के फड़ पर छापा मारकर शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ताश की गड्डी और फड़ से 1025 रुपये नकदी बरामद हुई। एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में पुलिस ने छापा मारा। थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों में दीनापुर के गुड्डू प्रसाद, अमित मौर्या, विपिन विश्वकर्मा और चिरईगांव का रहने वाला किशोर राजभर है।
दहेज हत्या में पति समेत सास-ससुर गिरफ्तार
भगवानपुर में विवाहिता प्रतिभा उर्फ गुंजन की दहेज हत्या मामले में शुक्रवार को लंका पुलिस ने पति समेत सास-ससुर को लौटूवीर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपियों में पति राहुल राय, ससुर योगेश राय और सास सीमा को गिरफ्तार किया गया। 24 जुलाई को गंगापुर रोहनिया के रहने वाले भाई प्रिंस ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर बहन की हत्या कर दी गई थी।
अतिक्रमणकारियों के खिलाफ करें कार्रवाई
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था व मुख्यालय शिवहरी मीणा ने शुक्रवार को मैदागिन, चौक-बुलानाला और दालमंडी मार्ग का पैदल गश्त कर व्यवस्थाएं परखीं। इस दौरान मातहतों को अतिक्रमण नहीं होने और व्यापारियों समेत अन्य दर्शनार्थियों से संवाद करने को निर्देशित किया।
दालमंडी की गलियों से होते हुए नई सड़क निकले अपर पुलिस आयुक्त ने अतिक्रमण बाबत लोगों को समझाया। थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि कोई अतिक्रमण करता दिखे तो तत्काल कार्यवाही करें। नई सड़क से होते हुए गिरजाघर चौराहा से गोदौलिया रूट का भी हाल जाना। एसीपी दशाश्वमेघ डॉ अतुल अंजान त्रिपाठी आदि रहे।
कैंट स्टेशन पर शॉर्ट सर्किट से पैनल रूम में लगी आग
कैंट रेलवे स्टेशन पर न्यू बिल्डिंग स्थित पैनल रूम में शुक्रवार दोपहर लगभग 12:45 बजे वाराणसी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इससे सोलर प्लांट के सप्लाई केबल का कुछ हिस्सा जल गया। रेलकर्मियों और आरपीएफ जवानों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार धुआं उठता देख एक यात्री ने टिकट निरीक्षक संजय सिंह को सूचना दी, जिसके बाद सीआईटी जनार्दन सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव, राजहंस सोनकर, डिप्टी एसएस सिविल सार्जन और बिजली विभाग के जेई सीएस तिवारी मौके पर पहुंचे। तत्काल विद्युत आपूर्ति रोकी गई और अग्निशामक उपकरणों से आग बुझाई गई। घटना की सूचना मिलते ही एडीआरएम बृजेश कुमार यादव और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता भी मौके पर पहुंचे।
बीएचयू में ऑनर्स विषय बदलने की मांग पर छात्रों का धरना
बीएचयू में ऑनर्स विषय बदलने को लेकर बीए दूसरे वर्ष के छात्रों ने शुक्रवार को धरना दिया। सामाजिक विज्ञान संकाय के गेट को बंद कर जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने अर्थशास्त्र ऑनर्स को राजनीति विज्ञान से बदलने के बाद आवंटित सीटों के आंकड़ों की मांग की।
बताया कि छह विद्यार्थियों ने ऑनर्स में बदलाव के लिए आवेदन दिया था, लेकिन संकाय सीटें न होने की बात कह रहा है। जानकारी दी जाए कि कुल कितने छात्रों को राजनीति विज्ञान ऑनर्स में प्रवेश दिया गया है। मौके पर पहुंची प्राक्टोरियल बोर्ड और छात्र सलाहकार के साथ बहसबाजी होती रही। मांग पर अड़े छात्रों ने कहा कि जब तक कि उन्हें लिस्ट नहीं मिल जाती तब तक धरना नहीं खत्म करेंगे।
मारपीट के मामले में पांच का शांतिभंग में चालान
बैंक की किश्त जमा कराने को लेकर मारपीट मामले में पांच के खिलाफ शांति भंग की आशंका में शुक्रवार को बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर गांव निवासी अनिल ने पुलिस को बताया कि हरहुआ स्थित एक बैंक की शाखा के कुछ लोग पत्नी को घर से जबरन ले गए। बैंक कार्यालय पहुंचा तो कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बबलू सिंह, विनय पांडेय, धनंजय शर्मा, संदीप विश्वकर्मा और अभिषेक दूबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में पांचों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच में महिला को जबरन ले जाने की बात संदिग्ध पाई गई है। मारपीट की पुष्टि हुई है, जिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
मारपीट और पत्थरबाजी में केस दर्ज
राजातालाब थाना क्षेत्र की बभनियांव गांव की साधना देवी ने मारपीट और पत्थरबाजी में केस दर्ज कराया। पीड़िता साधना ने पुलिस को बताया कि गांव के जयप्रकाश और राम प्रकाश ने उनके घर पर चढ़कर मारपीट की। मारपीट में 6 और अन्य लोग शामिल थे। थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बृहस्पतिवार की रात घटना हुई थी। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम ने कई इलाकों से हटवाए अतिक्रमण
नगर निगम प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को शहर के कई इलाकों से अतिक्रमण हटवाए। अशोक विहार काॅलोनी में सरकारी जमीन पर ईंट के पिलर पर तिरपाल फैलाया गया। यहां लोहे की जाली लगाकर अतिक्रमण किया गया था। इसे जेसीबी से तोड़ा गया। चितईपुर में सरकारी जमीन पर पिलर गाड़कर घेराबंदी की गई। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद भी हटाया गया। शंकुलाधारा पोखरा के पास सड़क किनारे पटरी पर गुमटी रखी थी। जिसे हटाकर 500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
कॉल आते ही युवती का मोबाइल हैंग, खाते से निकल गए 59 हजार
युवती का मोबाइल हैंग करके साइबर जालसाजों ने बैंक खाते से दो बार में 59 हजार रुपये निकाल लिए। शुक्रवार को पीड़िता ने लंका थाने में साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर निवासी गरिमा मिश्रा ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया और फोन उठाते ही फोन हैंग जैसा हो गया। फोन की स्क्रीन काली होकर बार-बार रिस्टार्ट होता गया। फिर बंद हाे गया। बाद में फोन ठीक हुआ तो बैंक खाते से दो बार में 59 हजार रुपये निकल गए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि कसे दर्ज किया गया है।
स्कूली बस की टक्कर से दीवार क्षतिग्रस्त
फूलपुर थाना क्षेत्र के देवापुर में शुक्रवार की सुबह स्कूली बस की टक्कर से दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि चालक नशे में धुत था। देवापुर निवासी पीड़ित धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि सुबह 8 बजे बाबतपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल की खाली बस ने दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
किशोरी से अश्लील हरकत, दादी ने दर्ज कराई शिकायत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की कक्षा 10 में पढ़ने वाली किशोरी के साथ गुरुवार की शाम युवक ने अश्लील हरकत की। किशोरी की दादी थाने में तहरीर दी। पीड़िता के अनुसार 15 वर्षीय किशोरी के साथ गलत हरकत की। किशोरी ने शोर मचाया तो आरोपी भाग निकला। किशोरी ने दादी को बताया कि स्कूल आते जाते समय छेड़खानी भी करता है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।
नगर निगम वाराणसी।
- फोटो : अमर उजाला
बार-बार गंदगी करने पर नगर निगम ने वसूला दो हजार का जुर्माना
नगर निगम ने बार-बार गंदगी करने पर दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। पूरे शहर में स्वच्छता बनाए रखने के बारे में जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता अभियान के तहत दुर्गाकुंड, मानसमंदिर, संकटमोचन क्षेत्र में क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक अश्वनी वर्मा एवं डाक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
इस दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानों के सामने गंदगी फैलाए थे। दुकानदारों से 2 हजार का जुर्माना वसूला गया। टीम की ओर से रथयात्रा चौराहे पर खुले में पेशाब न करने के लिए जागरूक किया गया। नगर आयुक्त ने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि वे सड़कों पर कूड़ा न फेकें। अपने दुकानों के आसपास साफ-सफाई रखते हुए नगर निगम का सहयोग करें।
कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग, 5 के खिलाफ मुकदमा
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को कावड़ यात्रा को देखते हुए अरपीएफ ने चेकिंग की। आरपीएफ के मुताबिक इस दौरान एक व्यक्ति के खिलाफ गंदगी फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके साथ ही नो पार्किंग जोन में ऑटो खड़ा करने के आरोप में चार ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अंतिम संस्कार में शामिल होने गए युवक की डूबने से मौत
सारनाथ के सरायमोहाना घाट पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने के गए प्रदुम्न राजभर (22) की डूबने से मौत हो गई। सरायमोहाना घाट पर ही उसका अंतिम संस्कार हुआ। थाना क्षेत्र के रूपनपुर नटुई निवासी प्रदुम्न राजभर सरायमोहाना घाट पर ककरहिया खजुरी निवासी मुन्ना राजभर के अंतिम संस्कार में गया था। दाह संस्कार के बाद सभी लोग नहाने लगे। इस बीच प्रदुम्न गंगा में डूब गया। प्रदुम्न सारनाथ स्थित चौराहे पर साड़ी की दुकान में सेल्समैन था। पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। सबसे छोटे भाई मोनू की पांच माह पूर्व ट्रेन से कट कर मौत हुई थी।
दाह संस्कार में शामिल लोगों ने पुलिस को बताया कि प्रद्युम्न के साथ ही ककरहिया निवासी निरहू राजभर भी डूब रहा था लेकिन मल्लाहों ने उसे बचा लिया। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी बताया कि परिजनों के आग्रह पर पंचनामा के बाद शव सौंप दिया गया है।
छोटे दुकानदारों का बरेका प्रशासन ने छह गुना बढ़ा दिया किराया
बरेका में छोटे दुकानदारों का किराया 6 गुना बढ़ाने को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। शुक्रवार को सेंट्रल मार्केट बरेका में व्यापारियों की बैठक हुई। सचिव योगिता तिवारी ने कहा कि बरेका प्रशासन ने अप्रत्याशित बढ़ोतरी के साथ दुकानदारों को बिल थमा दिया, जिससे लगभग 200 परिवार सड़क पर आने के कगार पर हैं। व्यापार मंडल बरेका के महामंत्री अखिलेश पाठक ने कहा कि इस मुद्दे पर रेल मंत्रालय व रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष तक शिकायत की गई है। बैठक में राजनारायण सिंह, रमेश सिंह, अतुल अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रितेश सिंह त्यागी आदि रहे।
अमर्यादित टिप्पणी और धमकी के मामले में केस
अमर्यादित टिप्पणी और धमकी के मामले में दो महिलाओं ने माधवेंद्र सिंह के खिलाफ कैंट थाने में शुक्रवार को केस दर्ज कराया है। कैंट थाना क्षेत्र के खजुरी निवासी पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि काॅलोनी के रहने वाले माधवेंद्र सिंह अमर्यादित टिप्पणी, धमकी और अभद्र व्यवहार करता है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करने के मामले में पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा
फर्जी जाति और जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करने के आरोप में शुक्रवार को पुलिस लाइन में तैनात सिपाही देव नारायण गोड़ के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के जाम गांव निवासी ब्रजनाथ राम ने शिकायत की थी कि उसके गांव का देव नारायण गोड़ अपनी वास्तविक जाति व जन्मतिथि को छुपाकर फर्जी दस्तावेज के माध्यम से 2018 से सिपाही की नौकरी कर रहा है। वह वाराणसी पुलिस लाइन में तैनात है। इस बारे में कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
मछुआरों के प्रशिक्षण के लिए विभागीय पोर्टल 14 अगस्त तक खुला
चालू वित्तीय वर्ष में मत्स्य विभाग की ओर से संचालित राज्य सेक्टर की मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, सघन मत्स्य पालन के लिए एरेशन सिस्टम की स्थापना की गई है। उप्र मत्स्य पालक कल्याण कोष के तहत मछली विक्रय के लिए मोपेड विथ आइस बॉक्स परियोजना अंतरराज्यीय भ्रमण, दक्षता विकास, प्रदर्शनी और सेमिनार के लिए मत्स्य पालकों/ मछुआरों का प्रशिक्षण/भ्रमण के लिए विभागीय पोर्टल http://Fisheries.up.gov.in 24 जुलाई से 14 अगस्त तक खोला गया है।
मत्स्य पालक विकास अभिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन करने होंगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 6388382042, 9616173542, 7379763878 या 101, प्रथम तल विकास भवन में संपर्क भी किया जा सकता है।
विधायक की जनसुनवाई में आईं चार शिकायतें
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शुक्रवार को महमूरगंज स्थित शिवाजी नगर जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान चार शिकायतें आईं। जिनका निस्तारण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए। भीटी रामनगर के दिनेश सिंह ने फर्जी मतदाताओं का नाम सूची से हटवाने के लिए पत्र दिया।
श्रीराम नगर कॉलोनी, रामनगर के लोगों ने सड़क पर कब्जे की शिकायत की। कैंट निवासी प्रवेश सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत की। सोनारपुरा निवासी ज्ञानेश्वर जायसवाल ने अपनी दुकान के ठीक सामने बिजली का खंभा लगाए जाने की शिकायत की।
आरओ और एआरओ की परीक्षा कल, 82 केंद्र पर 39,888 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की प्रारंभिक परीक्षा 27 जुलाई को होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 39,888 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों पर नियुक्ति मिलेगी। परीक्षा के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, जिसमें सीसीटीवी कैमरे और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
महिला सशक्तीकरण की प्रतीक थीं वीरांगना फूलन देवी
समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में शुक्रवार को पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उनके जीवन से जुड़ी घटनाओं पर चर्चा हुई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि वह महिला सशक्तीकरण की प्रतीक थीं। आजीवन उन्होंने अन्याय और अत्याचार का प्रतिकार किया था।
उन्होंने कहा कि फूलन देवी अत्याचार और शोषण के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने वाली सामाजिक न्याय की योद्धा थीं। उनका जन्म जालौन जिले के एक छोटे से गांव में मल्लाह जाति में हुआ था। जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू ने कहा कि फूलन देवी वर्चस्व वादी सोच को चुनौती देने वाली क्रांतिकारी नायिका थीं। समाजवादी पार्टी ने फूलन देवी को संसद में भेजकर सामाजिक न्याय किया था। कार्यक्रम में डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, हरीश मिश्रा, पूजा यादव, विष्णु शर्मा, उमेश प्रधान, दीपचंद गुप्ता मौजूद रहे।
सारनाथ में पीडीए सम्मेलन आज : सारनाथ के रोज गार्डेन (महाराजा सुहेलदेव प्रतिमा के पास) में प्रदेशव्यापी आरक्षण दिवस/संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय के राज के लिए पीडीए सम्मेलन का आयोजन किया गया है। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राम अचल राजभर होंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी स्टार परफॉर्मर से सम्मानित
वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय की अध्यक्षता में शुक्रवार को वाराणसी मंडल कार्यालय में सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की संरक्षा संगोष्ठी हुई। बैठक में मई और जून 2025 के दौरान सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ का प्रशस्ति पत्र दिया गया। रजत प्रिय ने संरक्षित कार्यप्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और साथी कर्मचारियों को भी संरक्षा के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों को अपने निरीक्षण के दौरान अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसिलिंग करने और संरक्षा नियमों में सुधारों की जानकारी देने को कहा। संगोष्ठी के अंत में वमसिदूइं-II यशवीर सिंह ने सभी इंचार्ज पर्यवेक्षकों को अपने-अपने डिपो में प्रतिमाह संरक्षा संगोष्ठियां आयोजित करने को कहा। कर्मचारियों से किसी भी प्रकार की शॉर्टकट न अपनाने का आह्वान किया।
274 बाल वैज्ञानिकों दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 26 जुलाई को राजकीय महिला इंटर कॉलेज मलदहिया में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी लगेगी। इसमें वाराणसी और गाजीपुर के कुल 274 बाल वैज्ञानिक वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन विभाग की स्पॉन्सर योजना के तहत होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शनी में स्पांसर योजना से लाभान्वित विद्यार्थियों को अपने मॉडल और उपकरण प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसमें वाराणसी जिले से 210 और गाजीपुर जिले से 66 चयनित बाल वैज्ञानिक हिस्सा लेंगे। छात्र-छात्राएं पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत, स्वास्थ्य, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक पर मॉडल प्रस्तुत करेंगे।
आरओ, एआरओ परीक्षा के लिए चलेगी विशेष ट्रेन
आरओ, एआरओ की परीक्षा के लिए रेलवे प्रशासन 27 जुलाई को विशेष ट्रेन चलाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 05187 बनारस-प्रयागराज रामबाग-कानपुर सेंट्रल के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05187 बनारस-कानपुर सेंट्रल बनारस से 18:00 बजे प्रस्थान कर हरदत्तपुर से 18:12 बजे, राजातालाब से 18:20 बजे, माधोसिंह से 18:40 बजे, ज्ञानपुर रोड से 19:00 बजे छुटकर 23:40 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। उत्तर मध्य रेलवे की तरफ से वापसी के लिए भी ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील है कि वे विशेष ट्रेन से ही यात्रा करें।
हल्की बारिश के बाद विकास भवन के सामने धंसी सड़क
बारिश के चलते शुक्रवार को विकास भवन के सामने सड़क धंस गई। सड़क के एक तरफ विकास भवन है तो दूसरी तरफ कमिश्नरी सभागार है। सड़क धंसने के बाद कुछ लोगों ने पेड़ की पत्तियों और डालियों को गड्ढे में डाला है ताकि कोई दुर्घटना न होने पाए। जानकारी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत का काम शुरू कराया है।
पिछले दिनों गिलट बाजार तिराहे पर सड़क धंसी थी। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि जिन मार्गों पर खोदाई की गई थी वहां सड़कें धंसी हैं। ज्यादातर सड़क के नीचे सीवर लाइन गुजरी है। जहां लीकेज के कारण धंसने की समस्या आ रही है। इस बारे में जलकल विभाग को जानकारी दी जा रही है।
31 जुलाई तक कर जमा करने में छूट
नगर निगम की ओर से गृहकर, जलकर, सीवरकर जमा करने पर दी जा रही छूट की अवधि 31 जुलाई को समाप्त हो रही है। छूट की अवधि के लिए मात्र 6 दिन बचे हैं। इस वर्ष अब तक 21563 भवन स्वामियों ने क्यूआर कोड या यूपीआई से 14.05 करोड़ ऑनलाइन गृहकर जमा किया है। सबसे अधिक दशाश्वमेध जोन ने 12.53 करोड़ रुपये और सबसे कम रामनगर जोन ने 9 लाख रुपये की वसूली की है। अब तक 45.85 करोड़ की धनराशि जमा हो गई है।
बनारस हिंदी विश्वविद्यालय।
- फोटो : X (@bhupro)
बीएचयू में दो दिन में थायरायड गांठ वाले 20 मरीजों की सर्जरी
आईएमएस बीएचयू के नाक, कान, गला (ईएनटी) विभाग की ओर से दो दिन तक चले वर्कशॉप में थायराॅइड में गांठ से परेशान 20 मरीजों की सर्जरी हुई। इस सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है। इस दौरान जहां प्रतिभागियों ने ऑपरेशन थियेटर में हो रही सर्जरी का प्रसारण देखा। ईएनटी विभाग में होने वाली वर्कशॉप के दौरान जिन मरीजों की सर्जरी हुई, उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई।
वर्कशॉप में देशभर से 30 से अधिक डॉक्टरों ने भाग लेकर थायरॉइड ऑपरेशन की आधुनिक तकनीकों को सीखा। प्रो. राजेश कुमार ने बताया कि सभी ऑपरेशन लोकल एनेस्थीसिया (सुन्न करके) कर किए गए। इससे मरीज को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। इस दौरान प्रो. विश्वभर सिंह,डॉ. एसके अग्रवाल, डॉ. शिवाएस, डॉ. रामराज मौजूद रहे।
पिशाच मोचन और पुष्कर तालाब कुंड का किया निरीक्षण
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को पिशाच मोचन और पुष्कर तालाब कुंड का निरीक्षण किया। मुख्य अभियंता आरके सिंह को तालाब के पास टूटी सीढि़यों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। तालाब में जलकुंभी को साफ कराने को कहा। इस क्षेत्र में नियमित सफाई कराने का निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिया। मुख्य अभियंता को पिशाचमोचन कुंड का सुंदरीकरण कराने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
नगर निगम उपकेंद्र से एक घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से शहरी इलाके में बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए कराए जाने वाले कार्य के लिए नगर निगम उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में आपूर्ति एक घंटे तक बाधित रहेगी। अधीक्षण अभियंता कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें सुबह 11 से 12 बजे तक औरंगाबाद, सिगरा स्टेडियम, शास्त्री नगर, गांधीनगर आसपास के इलाके में बिजली नहीं रहेगी।
पीएम आगमन की तैयारियों पर भाजपा ने की चर्चा
पीएम आगमन के पूर्व शुक्रवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पीएम की सभा के लिए तैयारी पर चर्चा की।क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया 27 एवं 28 जुलाई को जिला एवं महानगर के सभी मंडलों की एक साथ बैठक होगी। इसमें मंडल में निवास करने वाले बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे।
मोर्चा प्रकोष्ठ एवं विभाग की बैठक 30 एवं 31 जुलाई को होगी। 31 जुलाई को ही पार्षद, पूर्व पार्षद की बैठक महानगर में एवं ब्लॉक प्रमुख तथा जिला पंचायत सदस्य की बैठक जिले में होगी। पीएम आगमन पर 26 जुलाई से लेकर एक अगस्त तक जिले एवं महानगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। बैठक में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सुरेश सिंह, अनिल श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।
भूतपूर्व सैनिकों को नहीं मिला वेतन, सौंपा ज्ञापन
जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में तैनात 89 भूतपूर्व सैनिकों को फरवरी 2025 से अब तक वेतन नहीं मिला है। इसको लेकर शुक्रवार को पूर्व सैनिकों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। पूर्व सैनिकों ने कहा कि वर्तमान में पूर्व सैनिक कल्याण निगम के तहत विभिन्न सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे हैं, वेतन भुगतान में देरी से दिक्कत हो रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अपनी परेशानी बताने के बाद भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल वाराणसी जिले में 89 पूर्व सैनिकों का वेतन रोका गया है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में ऐसी कोई समस्या नहीं है।
यात्रियों को न हो कोई परेशानी, रखें सफाई : स्टेशन निदेशक
अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने शुक्रवार को स्टेशन का साप्ताहिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रथम प्रवेश द्वार, डीलक्स टॉयलेट, टिकट घर, रेल कोच रेस्टोरेंट, नया पैदल पुल, प्लेटफॉर्म 4/5 और प्लेटफॉर्म 10/11, तृतीय प्रवेश द्वार और पावर हाउस में सुविधाएं देखीं।
इस दौरान पाई गई कमियों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तथा यात्री सुविधा को और बेहतर बनाए जाने के आदेश दिए। अर्पित गुप्ता ने कहा कि स्टेशन पर किसी भी यात्री को कोई परेशानी न हो, इसे साफ सुथरा रखा जाए। इस दौरान मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय, सहायक मंडल अभियंता राजित राम, सहायक विद्युत अभियंता संकल्प उपाध्याय मौजूद रहे।
उषा को कॉलर पहनाकर सौंपा अध्यक्ष का पदभार
इनरव्हील क्लब ऑफ़ वाराणसी नॉर्थ का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को रोडवेज स्थित एक होटल में हुआ। इसमें नई टीम ने पदभार संभाला। निवर्तमान अध्यक्ष नीता सहगल ने नए अध्यक्ष उषा जगनानी और सचिव रेनू सिंह ने नए सचिव नीरजा जायसवाल को कॉलर पहनाकर पदभार सौंपा। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रिया नारायण ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। उन्होंने क्लब की तीन सदस्यों को डिस्ट्रिक्ट स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा कीं।
उषा जगनानी ने अपनी आगामी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान दो लड़कियों को सिलाई मशीन, गरीब लड़की की शादी के लिए दहेज सामग्री और 21 हजार रुपये नगद दिए गए। चार बच्चों की सालभर की स्कूल फीस, 40 महिलाओं को साड़ी दी गई। एक छात्र को स्कूल जाने के लिए साइकिल दी गई। स्वागत नीता सहगल तथा संचालन सुनीति शुक्ला ने किया। सोनम चतुर्वेदी मौजूद रहीं।
जिला जज ने कलेक्ट्रेट में किया रूद्राभिषेक
देवाधिदेव महादेव के प्रिय माह सावन में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित शिव मंदिर में जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश तिवारी ने अधिवक्ताओं के साथ रूद्राभिषेक कर लोक मंगल की कामना की। पं. सुधीर त्रिपाठी के आचार्यत्व में बेलपत्र, पुष्प कमल दुर्वा सहित विविध पूजन सामग्रियों से पूजन कर जल, दूध और गन्ने के रस से देवाधिदेव का रूद्राभिषेक करवाया। इस अवसर पर सेंट्रल बार के अध्यक्ष मंगलेश दूबे, बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी राजेश गुप्ता, शशांक श्रीवास्तव, सुरेंद्र नाथ पांडेय, मुरलीधर सिंह, नित्यानंद राय, गौतम कुमार झा उपस्थित रहे।
दो प्रोफेसरों को साउथ कैंपस भेजने की मांग
बीएचयू के छात्र शिवांश सिंह ने शिक्षा मंत्रालय और यूजीसी को पत्र लिखकर टूरिज्म विभाग के दो प्रोफेसरों को साउथ कैंपस में भेजने की मांग की। छात्र ने आरोप लगाया कि कि 2022 में विभाग के कोर्स को आगामी सत्र से साउथ कैंपस में ट्रांसफर किया गया था। साथ ही संबंधित विषय के दो प्रोफेसर का भी ट्रांसफर होना था, लेकिन इन्होंने मेन कैंपस नहीं छोड़ा। ऐसे में यूजीसी और शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया है कि कार्यवाहक कुलपति को पूर्व के आदेश के परिपालन कराने का स्पष्ट निर्देश दिया जाए।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच को वैचारिक आंदोलन के रूप में करेंगे स्थापित : डॉ. इंद्रेश
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश कुमार ने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच को केवल एक संगठनात्मक इकाई नहीं, बल्कि राष्ट्र के सामाजिक और सांस्कृतिक पुनर्निर्माण के लिए एक विचारधारा और आंदोलन बताया है। उन्होंने यह विचार नई दिल्ली के हरियाणा भवन में आयोजित मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की अखिल भारतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में व्यक्त किए।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय सह-संयोजक ताज मोहम्मद ने बताया कि डॉ. इंद्रेश ने अपने उद्बोधन में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि मंच जल्द ही अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ मनाएगा। इसकी शुरुआत सितंबर में दिल्ली में मुस्लिम स्वयंसेवक महासम्मेलन से होगी।
इस यात्रा में संगठन के जमीनी और समर्पित कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की भूमिका सौंपी जाएगी। मंच को वैचारिक नेतृत्व देने के लिए विद्वानों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, चिकित्सकों और पूर्व सैन्य अधिकारियों की एक समर्पित टीम बनाने का आह्वान किया। बैठक में मंच के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजाल, डॉ. शाहिद अख्तर मौजूद रहे।
आज 500 व्यापारी व उद्यमी जानेंगे व्यापार बढ़ाने के टिप्स
बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल (बीएनआई) वाराणसी शाखा के बैनर तले शनिवार को काशी में 500 व्यापारी व उद्यमी जुटेंगे। उनको अपने व्यापार को बढ़ाने और बनारस के साथ देश के विकास में मदद करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बीएनआई के वाराणसी शाखा के कार्यकारी निदेशक आयुष नरसरिया ने बताया कि शनिवार को नदेसर एक होटल में दोपहर 3 बजे से राइज अप कार्यक्रम का आयोजन होगा। मुख्य वक्ता प्रसिद्ध व्यापारिक सलाहकार आयुष बंसल होंगे। इसमें व्यापारियों और उद्यमियों को अपने व्यापार को देश-विदेश में फैलाने के टिप्स दिए जाएंगे। नेटवर्किंग और बिजनेस के साथ उनको लर्निंग की भी अवसर मिलेगी, जिससे वे अपने व्यापार को और जादा बड़ा कर सकते हैं।
वनवासी छात्रों में बांटी सहायता सामग्री
भारत विकास परिषद की वाराणसी शाखा ने शुक्रवार को सेवा कार्यों के तहत शिव पुर तरना स्थित बाबा विश्वनाथ वनवासी छात्रावास और पिशाच मोचन के मां शारदा अपाला कन्या छात्रावास में छात्रों को सहायता सामग्री बांटी। इस पहल के तहत खाद्य सामग्री, किताबें, कॉपियां और पंखे जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं।
छात्रावासों में सोनभद्र, चंदौली और मिर्जापुर के वनवासी क्षेत्रों के विद्यार्थी रहकर पढ़ाई करते हैं। इनकी पढ़ाई, खानपान और रहने का खर्च भारत विकास परिषद की शाखाओं की ओर से दिया जाता है। भारत विकास परिषद काशी प्रांत के संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य वनवासी और आदिवासी क्षेत्रों के शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षा प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने में मदद करना है।
बीएचयू वीसी की डीपी लगाकर व्हाट्सएप पर भेजा भ्रामक मैसेज
बीएचयू के कार्यवाहक कुलपति के नाम और डीपी लगाकर व्हाट्सएप पर भ्रामक मैसेज भेजे जाने का मामला सामने आया है। इसमें ठग की ओर से पूछा गया है कि हेलो, तुम क्या कर रहे हो, इस समय तुम कहां हो ? इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सूचना को फेक बताया है और कहा है कि ये धोखाधड़ी या ठगी की कोशिश हो सकती है। सलाह है कि ऐसे संदेशों के प्रति सतर्क रहें। ऐसे नंबरों, संदेशों को रिपोर्ट करें और ब्लॉक करें। यदि संबंधित व्यक्ति आपके परिचित हों तो उनसे सीधे संपर्क करें। किसी भी अनुरोध पर कोई भी भुगतान या पैसा ट्रांसफर न करें।
एक हजार मोदक से हुआ महागणपति अर्चन
श्रीविद्या साधना पीठ गणेश बाग नगवां में स्वामी करपात्री जी महाराज के 118 वें प्राकट्य दिवस पर त्रिदिवसीय आविर्भाव महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। पीठाध्यक्ष स्वामी प्रकाशानंद नाथ महाराज ने सर्वप्रथम एक हजार मोदक से गणेश जी के सहस्रनाम से महागणपति अर्चन किया। इसके उपरांत पीठ में स्थित श्रीराजराजेश्वरी श्रीललितामहात्रिपुर सुंदरी एवं श्रीयंत्र की नवावरण महापूजा संपन्न हुई। अनेक साधक-साधिकाओं के साथ श्रीललितासहस्रनाम से लक्षार्चन प्रारंभ हुआ।
कल निकलेगी त्रिशूल यात्रा, करेंगे मार्कंडेय महादेव का भी दर्शन
धर्म सम्राट स्वामी करपात्री महाराज के शिष्य ब्रम्हलीन दंडी स्वामी शिवानंद सरस्वती महाराज की ओर से संचालित काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति के बैनर तले सावन में त्रिशूल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के संचालक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि 27 जुलाई को सुबह सुबह आठ बजे से माधोपुर क्षेत्र के श्री शूलटकेश्वर महादेव, श्री रामेश्वर महादेव और कैथी के श्री मार्कण्डेय महादेव की यात्रा होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत डुमरांव बाग कॉलोनी अस्सी से होगी। जो श्री शूलटंकेश्वर महादेव, श्रीकर्दमेश्वर महादेव (कंदवा), माता भीमचंडी देवी (भीमचडी), भैरव तलाब (राजातालाव), देहली विनायक (भुईली गांव), रामेश्वर महादेव (रामेश्वर), स्वर्वेद मंदिर होकर श्रीमार्कण्डेय महादेव में दर्शन करेंगे। वापस आते समय श्रीसारंग नाथ महादेव (सारनाथ) के दर्शन पूजन करेंगे।
सावन मेले में महिलाओं ने त्योहारी वस्तुओं की खरीदारी
बहु-बेटी कुटुंब फाउंडेशन, रोटरी क्लब वाराणसी सार्थक एवं रोटरी क्लब वाराणसी ब्लड डोनर की ओर से शुक्रवार को मैदागिन स्थित जैन मंदिर में सावन मेला लगा। इसमें लगे 40 स्टाॅल पर बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। उन्होंने त्योहारों को देखते हुए शृंगार से लेकर पूजन सामग्री की खूब खरीदारी की।
डॉ. अनु अग्रवाल और मो. हनीफ खान ने दीप प्रज्ज्वलन कर मेले का शुभारंभ किया। मेले में राखी, सूट, कुर्ती, कृत्रिम ज्वेलरी, हैंडमेड सामग्री, शृंगार प्रसाधन की कंपनियों के उत्पाद भी लगाए गए थे। इसके अलावा घरों के सजावट के पर्दे, चादर और लकड़ी के आइटम शामिल रहे। इस दौरान महिलाओं के लिए मेहंदी सेवा निशुल्क रही।
कॉल आते ही मोबाइल हैंग, खाते से निकले 59 हजार
युवती का मोबाइल हैंग करके साइबर जालसाजों ने बैंक खाते से दो बार में 59 हजार रुपये निकाल लिए। शुक्रवार को पीड़िता ने लंका थाने में साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर निवासी गरिमा मिश्रा ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया और फोन उठाते ही फोन हैंग हो गया। फोन की स्क्रीन काली होकर बार-बार रिस्टार्ट होता गया। फिर बंद हाे गया। बाद में फोन ठीक हुआ तो बैंक खाते से दो बार में 59 हजार रुपये निकल गए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि कसे दर्ज किया गया है।
धोखाधड़ी के मामले में महिला समेत तीन लोग दोषमुक्त
विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार की अदालत ने धोखे से जमीन हड़पने और धमकी मामले में महिला समेत तीन को दोषमुक्त कर दिया। रोहनिया के अमरा खैरा चक निवासी मीना सोनकर, विजेंद्र कुमार सोनकर व चुप्पेपुर, शिवपुर निवासी सुनील सोनकर को आरोप सिद्ध न होने पर संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार वादिनी मीरा देवी ने रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पति ने गांव के ही विजेंद्र सोनकर से 28 दिसंबर 2023 को दो लाख रुपये 5 प्रतिशत ब्याज पर 6 महीने के लिए उधर लिया। जिसके बाद विजेंद्र सोनकर, मीना देवी और सुनील कुमार ने आपस में मिलीभगत करते हुए उसकी करोड़ों की कीमती जमीन का उसके पति को शराब पिलाकर सट्टा करा लिया।
समितियां करेंगी खाद का वितरण
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने खरीफ सीजन की फसल के लिए किसानों को खाद की उपलब्धता पर जोर दिया। कहा कि इफको के साथ निजी कंपनियों की खाद का 50 प्रतिशत वितरण समितियों के माध्यम से किया जाएगा। इससे किसानों को खाद मिलने में आसानी होगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि मंडल में पिछले वर्ष की तुलना में इस खरीफ में 20 जुलाई तक जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी और चंदौली में यूरिया की खपत में वृद्धि हुई है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मृदा परीक्षण के आधार पर ही खाद का उपयोग करने के लिए जागरूक करें। अनुदानित यूरिया की कालाबाजारी को रोकने के लिए जांच अभियान तेज करने के लिए कहा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी टेक्निकल ग्रेड यूरिया के स्थान पर अनुदानित यूरिया के उपयोग का मामला सामने आता है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करें। बैठक में सिंचाई व्यवस्था पर भी चर्चा की। नहर के टेल तक पानी पहुंचाने और खराब नलकूपों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें संचालित करने के निर्देश दिए।
टैक्स वसूली में नगर निगम प्रदेश में तीसरा
नगर विकास विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के आधार पर नगर निगम वाराणसी को वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम तिमाही में राजस्व वसूली में प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है। नगर निगम वाराणसी बारकोड से राजस्व वसूली करने वाला प्रदेश में पहला नगर निगम बना है।
पिछले वित्तीय वर्ष के तिमाही के सापेक्ष इस वित्तीय वर्ष में जून माह तक 73 प्रतिशत राजस्व वसूली की वृद्धि हुई है। इसी अवधि में पिछले वर्ष नगर निगम वाराणसी ने 22.70 करोड़ की राजस्व वसूली की थी, वहीं इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम ने 39.36 करोड़ की राजस्व वसूली की है। प्रदेश में पहले स्थान पर बरेली नगर निगम, दूसरे स्थान पर अलीगढ़ नगर निगम तथा तीसरे स्थान पर वाराणसी नगर निगम है। नगर निगम, वाराणसी की ओर से गृहकर, जलकर, सीवरकर का बिल एकीकृत करने एवं अपने दुकानों का कर जमा करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है।
66 विद्यार्थियों ने कराई बीएससी में काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में बीएससी में दाखिले के लिए चल रही काउंसिलिंग में पहले दिन 66 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 44 छात्र और 22 छात्राएं शामिल रहीं। काउंसिलिंग स्थल पर ही लाइब्रेरी कार्ड और प्रोविजनल परिचय पत्र भी दिया गया। शनिवार को भी काउंसिलिंग होगी। बीएससी (मैथ्स) के द्वितीय काउंसिलिंग के तहत प्रक्रिया शुरू करवाई गई। इसमें वाणिज्य संकाय में सुबह 9 बजे से ही अभ्यर्थी पहुंचने लगे थे। प्रवेश सेल के समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने बताया कि 66 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराकर ऑनलाइन शुल्क जमा किया।
बीएचयू में बीफार्मा, एमफार्मा के लिए आवेदन शुरू, 31 अगस्त को एंट्रेंस
बीएचयू में बैचलर ऑफ फार्मेसी (बीफार्मा) और मास्टर ऑफ फार्मेसी (एमफार्मा) में दाखिले के लिए आवेदन शुरू हो गया है। आयुर्वेद संकाय में स्पेशल कोर्स अध्ययन के तहत बीफार्मा में 37 सीट और एमफार्मा में 15 सीटों पर प्रवेश होगा। ये दोनों सेल्फ फाइनेंस कोर्स हैं। इनकी कक्षाएं बरकछा के राजीव गांधी परिसर में चलेंगी।
बीएचयू की वेबसाइट पर दोनों कोर्स में आवेदन की प्रक्रिया, लिंक और पूरी डिटेल जारी कर दी गई है। 14 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि है। 22 अगस्त को एडमिट कार्ड जारी होगा और 31 अगस्त को दोनों कोर्स की प्रवेश परीक्षाएं कराई जाएंगी। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक प्रवेश परीक्षा होगी। दो सितंबर को दोनों परीक्षाओं के प्रश्नों की उत्तर कुंजी जारी होगी और चार सितंबर तक आपत्ति का समय दिया गया है। 11 सितंबर को प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद काउंसिलिंग और कक्षाएं शुरू होने की तारीख आईएमएस बीएचयू की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
900 से 1500 रुपये का फॉर्म, 50 से 75 हजार सालाना फीस, बीफार्मा में ऑनलाइन आवेदन के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 1200 रुपये और एमफॉर्मा में 1500 रुपये देने होंगे। बीफार्मा में एससी, एसटी को 900 रुपये और एमफार्मा में 1200 रुपये देने होंगे। बीफार्मा की फीस 50 हजार वार्षिक और एमफार्मा की 75 हजार सालाना होगी। हालांकि इसे हर सेमेस्टर में जमा करना होगा।
प्रेमचंद आधारित समारोह का वार्षिक कैलेंडर जारी
बीएचयू ने मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली लमही में सालभर होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी कर दिया है। 30 और 31 जुलाई को मुंशी प्रेमचंद शोध एवं अध्ययन केंद्र में दो दिवसीय समारोह होगा। बृहस्पतिवार को कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने कैलेंडर जारी करते हुए बताया कि 31 जुलाई को प्रेमचंद की जयंती है।
महान साहित्यकार प्रेमचंद की कर्म स्थली बनारस होना गौरव का विषय है। शोध केंद्र के संचालन का दायित्व बीएचयू के कला संकाय के पास है। आयोजन में विशेष व्याख्यान, नाट्य प्रस्तुति और महाविद्यालय और विद्यालय के छात्र-छात्राओं को प्रेमचंद साहित्य पर आधारित निबंध, क्विज और चित्रकला प्रतियोगितायों में हिस्सेदारी करनी होगी। प्रो. घिल्डियाल ने बताया कि प्रेमचंद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित आयोजन को सफल बनाने के लिए कला संकाय की ओर से एक आयोजन समिति गठित की गई है।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला
संस्कृत विवि : शास्त्री प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए 20 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए परिसर में संचालित शास्त्री प्रथम समेस्टर में प्रवेश के द्वितीय चरण के लिए तिथि बढ़ाई गई है। अभ्यर्थी 20 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन पेमेंट गेटवे की ओर से शुल्क जमा किया जाएगा। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रवेश आवेदनपत्र भरने के लिए आवश्यक निर्देश वेबसाइट पर है। जो छात्र छात्रावास में रहने के इच्छुक हैं, वे विकल्प लें। प्रवेश के लिए ऑनलाइन पद्धति से पेमेंट गेटवे से शुल्क जमा किया जाएगा। शास्त्री प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया को ऑनलाइन प्रवेश आवेदनपत्र भरने के बाद वरीयता क्रम से पूर्ण किया जाएगा।
शास्त्री प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की तिथि 26 जुलाई से 20 अगस्त तक बढ़ाई गई है। प्रो. मिश्र ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक छात्रों से अपेक्षा की जाती है कि निर्धारित तिथियों तक प्रवेश आवेदन पत्र पूरित कर लें। प्रवेश पंजीकरण के लिए शुल्क दो सौ रुपये है। काउंसिलिंग की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
यूजी पंजीकरण में आ रही दिक्कतों को दूर करेगा बीएचयू
बीएचयू में यूजी प्रवेश प्रक्रिया के तहत 85 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। आवेदन के लिए सिर्फ सात दिन का ही मौका है। बीएचयू की सेंट्रल एडमिशन कमेटी की ओर से अभ्यर्थियों के लिए आज से पूरे सात दिन तक गूगल मीट पर 2-2 घंटे का एक लाइव सेशन होगा।
बीएचयू के प्रोफेसर ने वॉक्सेन विवि की प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
हैदराबाद के वॉक्सेन यूनिवर्सिटी और इंग्लैंड के क्रिएटिव आर्ट्स विश्वविद्यालय की ओर से जेंडर और हाव-भाव पर आधारित फोटोग्राफी प्रतियोगिता में बीएचयू के चित्रकला विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. मनीष अरोड़ा ने शिरकत की। शुक्रवार को वॉक्सेन यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ आर्ट एवं डिजाइन विभाग में डॉ. अरोड़ा को सम्मानित किया गया।
आईआईटी में माता-पिता के साथ पहुंचे बीटेक के 1579 छात्र
आईआईटी बीएचयू में दीक्षारंभ के दूसरे दिन बीटेक और बीआर्क के 1579 विद्यार्थी अपने माता-पिता और पूरे परिवार के साथ उपस्थित हुए। शुक्रवार को स्वतंत्रता भवन में एक विशेष सत्र में एडमिशन लेने वालों को संस्थान की शैक्षणिक संरचना, सहायता तंत्र, छात्र सेवाओं और अपेक्षाओं से परिचित कराया गया। अतिथियों ने अनुशासन, नवाचार, शैक्षणिक उत्कृष्टता, संवेदनशीलता और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम 30 जुलाई तक जारी रहेगा। विभागों का दौरा, शैक्षणिक प्रक्रियाएं, कैंपस लाइफ, सेवाएं और स्टूडेंट्स एक्टिविटी से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे।
आरओ, एआरओ परीक्षा के लिए विशेष ट्रेन
आरओ, एआरओ की परीक्षा के लिए रेलवे प्रशासन 27 जुलाई को विशेष ट्रेन चलाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 05187 बनारस-प्रयागराज रामबाग-कानपुर सेंट्रल के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 05187 बनारस-कानपुर सेंट्रल बनारस से 18:00 बजे प्रस्थान कर हरदत्तपुर से 18:12 बजे, राजातालाब से 18:20 बजे, माधोसिंह से 18:40 बजे, ज्ञानपुर रोड से 19:00 बजे छुटकर 23:40 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। उत्तर मध्य रेलवे की तरफ से वापसी के लिए भी ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील है कि वे विशेष ट्रेन से ही यात्रा करें।
31 जुलाई तक कर जमा करने में छूट
नगर निगम की ओर से गृहकर, जलकर, सीवरकर जमा करने पर दी जा रही छूट की अवधि 31 जुलाई को समाप्त हो रही है। छूट की अवधि के लिए मात्र 6 दिन बचे हैं। इस वर्ष अब तक 21563 भवन स्वामियों ने क्यूआर कोड या यूपीआई से 14.05 करोड़ ऑनलाइन गृहकर जमा किया है। सबसे अधिक दशाश्वमेध जोन ने 12.53 करोड़ रुपये और सबसे कम रामनगर जोन ने 9 लाख रुपये की वसूली की है। अब तक 45.85 करोड़ की धनराशि जमा हो गई है।