Varanasi News in Hindi: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी के बाद अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दिए जाने से वाराणसी सहित पूर्वांचल के 200 से अधिक श्रद्धालु विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं। उन्हें अलग-अलग शिविरों में ठहराया गया है। इनमें वाराणसी के करीब 100 श्रद्धालु शामिल हैं।
अमरनाथ तीर्थयात्रियों को अगले आदेश तक बालटाल बेस कैंप और आसपास के लंगरों में ही रुकने के निर्देश दिए गए हैं। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह 'बंटी' ने बताया कि यात्रा रोके जाने के बाद जगह-जगह श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है। चंदनबाड़ी, बालटाल, नूनवान सहित विभिन्न पड़ावों पर बने शिविरों में ठहरे श्रद्धालुओं को फिलहाल आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बनारस के विश्वेश्वरगंज, चेतगंज, सिगरा, रथयात्रा, भेलूपुर और रोहनिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालु यात्रा पर गए हैं। यादव समाज के 18 लोग भी एक साथ यात्रा पर पहुंचे हैं।
युवक ने फंदा लगाकर दी जान
पांडेयपुर स्थित नई बस्ती में रविवार रात धनंजय पाल (32) ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, रात करीब आठ बजे बृजेश पाल ने सूचना दी कि उनके भाई धनंजय पाल (32) ने घर के कमरे में सिलिंग पंखे में लगे हुक के सहारे फंदे से लटकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि धनंजय साड़ी कारोबार से जुड़ा था। रविवार शाम काम से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी मां विशुन देवी ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा। उसे वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
काशी दर्शन को आए श्रद्धालु की मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के व्यास बाग स्थित एक निजी अस्पताल में काशी दर्शन के लिए आए दक्षिण भारतीय श्रद्धालु सुब्रह्मण्यम की हार्ट अटैक से मौत हो गई। दक्षिण भारत से कई श्रद्धालु बस से काशी दर्शन के लिए वाराणसी आ रहे थे। हरहुआ स्थित वाराणसी-बाबतपुर फोरलेन पर यात्रा के दौरान सुब्रह्मण्यम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथियों ने तत्काल अस्पताल की तलाश करते हुए शाम करीब 4:30 बजे उन्हें व्यास बाग स्थित प्राइमैक्स हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इलाज कर रहे डॉ. तपन ने बताया कि श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हुई है। परिजन शव को एंबुलेंस से ले गए। अस्पताल प्रशासन और मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बालियां ले उड़े
फूलपुर थाना क्षेत्र के पटेल बस्ती में रविवार शाम झाड़-फूंक के बहाने आए बाइक सवार तीन ठगों ने पुष्पा पटेल को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके कानों की सोने की बालियां लेकर भाग निकले। पुलिस को दी तहरीर में प्रदीप कुमार पटेल ने बताया कि उनकी पत्नी पुष्पा पटेल रविवार शाम करीब पांच बजे घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक से तीन युवक पहुंचे। उनमें से एक साधु के वेश में था। उसने झाड़-फूंक करने और समस्या दूर करने की बात कहकर बातचीत शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह अचेत हो गई। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
बच्चों के विवाद में हमला, महिला की स्कूटी तोड़ी
शिवपुर थाना क्षेत्र में बच्चों के आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ममता दूबे का आरोप है कि रंजिश में सनी राजभर अपने साथ राजकुमार, आदित्य, लालबाबू यादव, विकास कुमार, दिलीप कुमार, अभय कुशवाहा घर पर चढ़ आए, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी, स्कूटी में तोड़फोड़ की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मीरापुर बसही स्थित गंगोत्री विहार कॉलोनी निवासी ममता दूबे की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
साली पर नवजात को ले जाने का आरोप
लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र के सोयेपुर निवासी विपिन कुमार पांडेय की तहरीर पर कोर्ट के आदेश पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने साली के पर नवजात पुत्र को जबरन ले जाने तथा नकदी, जेवरात के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विपिन कुमार पांडेय ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 2012 में दीपिका पांडेय से शादी हुई थी। वह हरहुआ में एक निजी विद्यालय में संचालन प्रमुख है और पत्नी बालिका इंटर कॉलेज में भूगोल की प्रवक्ता थीं। 1 फरवरी 2025 को पुत्र का जन्म हुआ। इलाज के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई। उनकी साली नवजात पुत्र को उनकी सहमति के बिना अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
युवक पर हमला, 5 नामजद समेत अन्य पर प्राथमिकी
पांडेयपुर चौराहे पर चंद्र प्रकाश उपाध्याय के साथ मारपीट के मामले में लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। खजुरी निवासी अरुण कुमार उपाध्याय ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र चंद्र प्रकाश उपाध्याय पर धर्मवीर प्रजापति, नमन राय, गोलू गुप्ता, शनि यादव और चंद्र प्रकाश तिवारी सहित अन्य लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
पुश्तैनी जमीन पर फर्जी बैनामा कराने का आरोप
पुश्तैनी जमीन के कथित फर्जी बैनामे और कब्जे के प्रयास के मामले में पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कैंट थाने में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी निवासी महेंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत में बताया कि पलहीपट्टी में उनकी पुश्तैनी भूमि है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
जमीन पर कब्जे के विरोध में युवक पर हमला
मिर्जामुराद के करधना गांव में जमीन पर कथित कब्जे का विरोध करने पर प्रशांत कुमार यादव के साथ मारपीट के मामले में चार नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। करधना निवासी प्रशांत कुमार यादव ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर श्यामलाल यादव, अवधेश कुमार, कमलेश कुमार यादव और मिथिलेश कुमार ने मारपीटा। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विश्वनाथ मंदिर में ड्यूटी पर तैनात दरोगा की बाइक चोरी
चौक थाना क्षेत्र में काशी विश्वनाथ मंदिर सुरक्षा में तैनात दरोगा रामराज तिवारी की बाइक दिनदहाड़े चोरी हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और बाइक की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।
कार बेचकर लाखों रुपये की ठगी का आरोप
जौनपुर निवासी एक युवक ने सेकेंड हैंड कार खरीद के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
विद्यालय के पास 24 घंटे शराब बिक्री का आरोप
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहदीगंज (मड़ई) गांव में संचालित देशी शराब के ठेके पर 24 घंटे अवैध रूप से शराब बेचने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित देशी शराब के ठेके के बाहर लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जाती है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने कहा कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि शराब विक्रेता सरकारी नियमों का उल्लंघन कर रहा है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खुले में प्रसव मामले की जांच शुरू
वाराणसी जिले में बड़ागांव ब्लॉक के सीएचसी बिरावकोट में खुले में प्रसव कराने के मामले की स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। सीएमओ ने एडिशनल सीएमओ डॉ. निकुंज वर्मा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी हैं। शनिवार को देर शाम डाॅ. निकुंज वर्मा सीएचसी पहुंचे। उन्होंने डयूटी पर तैनात पैरामेडिकल स्टाफ से जानकारी ली। उन्होंने सभी से लिखित जवाब भी मांगा है।
इसके अलावा सीएचसी स्तर से टीम को लेकर वह महिला से बातचीत करने पहुंचे लेकिन वहां उससे मुलाकात नहीं हो सकी। सीएमओ डाॅ. मुकेश कुमार ने बताया कि महिला की खुले में डिलीवरी किस परिस्थिति में कराई गई, इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई है, इस बारे में जांच रिपोर्ट का इंतजार है। डॉ. निकुंज वर्मा की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
इंस्टाग्राम पर सुसाइड वीडियो पोस्ट किया, पुलिस ने बचाया
वाराणसी। इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की मंशा जाहिर करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले महाराष्ट्र निवासी युवक की जान दशाश्वमेध पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच गई। पुलिस टीम ने महज 10 मिनट में गंगा नदी में खड़ी एक नाव से युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के नागपुर निवासी शुभम कृष्णाजी (32) ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर आत्महत्या करने की बात कही थी। थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि करीब 10 मिनट के भीतर गंगा नदी में खड़ी एक नाव से शुभम को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
लोजपा ने बढ़ाया मदद का हाथ
अमूल डेयरी की बोलेरो की टक्कर से पिंडरा बाजार में मृत हुए जयप्रकाश विश्वकर्मा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोकजन सोशलिस्ट पार्टी ने आर्थिक सहयोग किया। रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेंद्र विश्वकर्मा ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता चेक प्रदान किया।
कोर्ट की संख्या नहीं बढ़ी तो होगा आंदोलन : सीबीए
कोर्ट की कमी को पूरा करने के लिए जुलाई तक का समय सेंट्रल बार एसोसिएशन ने दिया था। सीबीए के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि अगर 10 दिन में इस विषय पर कोई आदेश या निष्कर्ष नहीं निकलता है तो अगस्त में आंदोलन होगा।
कोर्ट की संख्या बढ़ाने के लिए पूर्व में हाईकोर्ट और यूपी बार काउंसिल को पत्र देकर अवगत कराया जा चुका है। सीबीए ने जुलाई तक की मोहलत दी थी। अगर संख्या नहीं बढ़ाई जाती है तो बैठक कर योजना के तहत आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी। वर्तमान में 30 से ज्यादा कोर्ट की कमी वाराणसी कचहरी में है। अधिवक्ताओं का कहना है कि कम संख्या होने की वजह से सुनवाई और फरियादियों के मामलों में देरी होती है।
सोशल मीडिया पर प्यार वाराणसी पहुंची किशोरी
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती प्यार में बदली तो नगर क्षेत्र की एक किशोरी घर छोड़कर वाराणसी के सारनाथ स्थित अपने प्रेमी के पास पहुंच गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश शुरू की। करीब एक सप्ताह बाद पुलिस ने किशोरी को सारनाथ से बरामद कर उसके प्रेमी के साथ बहराइच ले आई।
नगर क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी की कुछ सप्ताह पहले सोशल मीडिया के माध्यम से सारनाथ निवासी मुकेश प्रजापति से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। लगभग एक सप्ताह पहले किशोरी बिना किसी को बताए घर से निकलकर सारनाथ पहुंच गई। थाना प्रभारी दरगाह रामाज्ञा सिंह ने बताया कि रविवार शाम को बहराइच पहुंचने पर दोनों का मेडिकल टेस्ट कराया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
मड़ौली में आज पांच घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से अंडरग्राउंड केबल को चार्ज करने और उस पर लोड देने का कार्य 20 जुलाई को किया जाएगा। एसडीओ नीरज बिंद ने बताया कि 11 केवी मड़ौली फीडर के तहत सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक यह कार्य चलेगा। इस दौरान हरपालपुर, केशरीपुर, भुल्लनपुर चौराहा, चुरामनपुर पंचायत भवन सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
काशी होकर मिर्जापुर जाएंगे शिवपाल सिंह
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव सोमवार को काशी होते हुए मिर्जापुर जाएंगे। पार्टी के जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने बताया कि वह लखनऊ से सड़क मार्ग से चलकर दोपहर 12 बजे बाबतपुर चौराहा पहुंचेंगे। वहां जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह हरहुआ, वाजिदपुर रिंग रोड, रखौना, राजातालाब, मिर्जामुराद और औराई होते हुए मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात वह चुनार स्थित दुर्गा मंदिर के रास्ते स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के परमहंस आश्रम पहुंचकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
हेल्पलाइन पर करें रुपये मांगने की शिकायत
वाराणसी। नगर निगम में कोई रुपये मांगे तो हेल्पलाइन नंबर पर बता सकते हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को हेल्पलाइन नंबर 0542-2282834 जारी किया। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम से संबंधित किसी काम के लिए यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी रुपये मांगता है तो सीधे शिकायत दर्ज कराएं। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रहेगी। भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के खिलाफ खुलकर सामने आने की जरूरत है।
आज वाराणसी आएगी संत रविदास एक्सप्रेस
छेरहटा, अमृतसर से चलने वाली जिस संत रविदास एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, उसका नियमित संचालन 19 जुलाई से शुरू हो गया। ट्रेन नंबर 14624 रविवार दोपहर 2.05 बजे चलकर 22 घंटे सफर तय कर सोमवार दोपहर 12.15 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंचेगी। सप्ताह में तीन दिन इस ट्रेन के चलने से वाराणसी से लुधियाना, जालंधर, अमृतसर तक की यात्रा करने में राहत होगी।
काशी विद्यापीठ में बीकॉम और बीसीए सहित कई कोर्स में 21 से काउंसिलिंग
काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए चल रही काउंसिलिंग में बीसीए, बीकॉम सहित कई कोर्स में 21 जुलाई से काउंसिलिंग होगी। विवि की वेबसाइट पर काउंसिलिंग कराने वालों की सूची जारी कर दी गई हैं। काउंसिलिंग कराने के बाद अभ्यर्थियों को मौके पर ही फीस जमा करनी होगी। यहीं पर परिचय पत्र, लाइब्रेरी कार्ड भी जारी कर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय में अगले सप्ताह के शुरूआत में ही 28 जुलाई को दीक्षांत समारोह होना है। ऐसे में समय से काउंसिलिंग को पूरा करना बड़ी चुनौती बनी है। इसे देखते हुए ही विवि की ओर से स्नातक की काउंसिलिंग कराने का शेड्यूल जारी किया गया है। इसके तहत विवि में बीकॉम की काउंसिलिंग वाणिज्य संकाय में 21 जुलाई को होगी।
सेल्फ फाइनेंस कोर्स के तहत चलने वाले बीसीए कोर्स की काउंसिलिंग 21 जुलाई को शिक्षा संकाय में कराई जाएगी। बीए की दूसरी काउंसिलिंग 22 जुलाई को वाणिज्य संकाय में होगी। 5वर्षीय बीएएलएलबी कोर्स की काउंसिलिंग 22 जुलाई और बीबीए की काउंसिलिंग 23 जुलाई को शिक्षा संकाय में होगी।
गीत प्रतियोगिता से बताई भारत की विकासयात्रा
काशी विद्यापीठ में दीक्षोत्सव समारोह में देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता में मंच कला विभाग के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। एक से बढ़कर एक गीत के माध्यम से प्रतिभागियों ने भारत की विकासयात्रा की गाथा बताई। मंच कला विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता घोष ने विद्यार्थियों को विकसित भारत 2047 की आधारशिला के बारे में बताया। प्रतियोगिता में विभाग के 10 समूह ने प्रतिभाग किया। अभिषेक, रूबल, गौरव, आशुतोष व दिव्यांश (एमम्यूज तृतीय सेमेस्टर) की टीम ने पहला, सुहानी, ईशा, अनीता, अभिनव व प्रदुम्न (एमम्यूज तृतीय सेमेस्टर) ने दूसरा जबकि अर्चना, अंशिका, अनन्या, स्नेहलता व सूरज (बीम्यूज तृतीय सेमेस्टर) की टीम ने तीसरा स्थान मिला। हारमोनियम पर शिवम सिंह और तबला पर अनूप तिवारी ने संगत किया।
राज्य अध्यापक पुरस्कार समारोह 5 सितंबर को
उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार और राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों का सम्मान समारोह 5 सितंबर को सनातन धर्म इंटर कॉलेज वाराणसी में होगा। इससे प्रदेश के लगभग 400 शिक्षकों हिस्सा लेंगे। माध्यमिक शिक्षा चयन आयोग के सदस्य डॉ हरेन्द्र कुमार राय ने कहा कि प्रदेश के पुरस्कृत शिक्षकों का वाराणसी में सम्मान समारोह आयोजित किया जाना हमारे लिए गौरव की बात है। विशिष्ट अतिथि और मुख्य अतिथि के रूप में माध्यमिक और बेसिक के शिक्षा मंत्री और वित्त मंत्री को आमंत्रित करने पर भी विचार हुआ और आम सहमति भी बनी। बैठक में गाजीपुर के जिला अध्यक्ष मुन्नी लाल पांडेय, उपाध्यक्ष सूर्यदेव राय, जौनपुर के अखिलेश चंद्र मिश्र रहे।
संस्कृत स्कूलों में पाठ योजना अनिवार्य
मंडल के संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद लखनऊ के निर्देशों के तहत अब शिक्षकों के लिए पाठ योजना बनाना अनिवार्य होगा। मंडल के संस्कृत पाठशालाओं के उप निरीक्षक परमानंद दीक्षित ने बताया कि मंडल से 280 विद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली के सभी संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के लिए हैं। पाठ योजना के साथ शिक्षकों को शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) का निर्माण भी अनिवार्य रूप से करना होगा। उन्हें स्व-अधिगम सामग्री (एसएलएम) भी बनानी होगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शैक्षिक पंचांग जारी किया गया है।
दिल्ली में चल रहे अनशन के समर्थन में शास्त्रीघाट पर लोगों ने रखा उपवास
नीट पेपर लीक होने सहित कई समस्याओं के लिए दिल्ली में चल रहे सोनम वांगचुक सहित कई लोगों के अनशन के समर्थन में काशी में साझा संस्कृति मंच के कार्यकर्ताओं ने उपवास रखा। शास्त्रीघाट पर एक स्वर से सभी ने इसके लिए शिक्षामंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपकर शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग की। साझा संस्कृति मंच की ओर से समान शिक्षा व्यवस्था के साथ ही नीट पेपर लीक पर जवाबदेही को मुद्दा बनाकर आंदोलन किया जा रहा था। इस दौरान ज्योति गुप्ता, डॉ अनूप श्रमिक, एकता शेखर, अनुराग, फादर दयाकर मौजूद रहे।
200 बालिकाओं को किया जागरूक
भारत विकास परिषद की सृजन शाखा ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में द्वितीय एनीमिया जांच एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर लगा। इसमें करीब 200 छात्राओं को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया गया। लाल पैथोलॉजी की टीम ने छात्राओं की हीमोग्लोबिन जांच की। उन्हें संतुलित पोषण के बारे में बताया। उनको गुड़ और चना दिया। वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. गीता जायसवाल ने सर्वाइकल कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, समय पर जांच और बचाव के उपाय बताए। विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा यादव ने विचार रखे। शाखा सचिव डॉ. रमा सिंह ने स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
डॉ. प्रमोद लड़ेंगे शिक्षक एमएलसी का चुनाव
नई सड़क स्थित शिक्षक भवन में उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ वाराणसी शाखा की एक आवश्यक बैठक रविवार को हुई। बैठक में डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को वाराणसी खंड शिक्षक के निर्वाचन के लिए उप्र माध्यमिक शिक्षक सब की प्रदेशीय कार्यकारिणी की ओर से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया। बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श कर आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। अध्यक्षता भी वंश बहादुर सिंह ने और संचालन जिलामंत्री अखिलेश कुमार पांडेय ने की। बैठक में प्रमुख रूप से विजय प्रताप सिंह, विनोद शंकर पांडेय, डॉ. गोविंद नारायण सिंह, कल्पना विश्वकर्मा मौजूद रहे।
सुरक्षित मातृ स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत
पूर्वोत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय में रविवार को हुई कार्यशाला में सुरक्षित मातृत्व विषय पर विशेषज्ञों ने बात रखी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरजे चौधरी ने कहा कि सुरक्षित मातृ स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कार्यशाला में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरआर सिंह,डॉ एके सिंह, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. कल्पना दुबे,वरिष्ठ डॉ. मोनिका शुक्ला मौजूद रहे।
डाक चौपाल में खुले 345 नए बचत खाते
चौबेपुर के धौरहरा स्थित शाखा डाकघर में लगी एक डाक चौपाल में 345 नए बचत खाते खोले गए। सहायक अधीक्षक व्यास मुनि पाठक और आरओ टीम के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। डाक चौपाल में सहायक अधीक्षक ने ग्रामीणों को डाकघर की विभिन्न अल्प बचत योजनाओं की जानकारी दी। शाखा डाकपाल अरुण प्रकाश पांडेय, सहायक अधीक्षक व्यास मुनि पाठक और बृजमोहन दीक्षित उपस्थित रहे।
पीडीए के लोगों को पार्टी से जोड़ें, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाएं : रीबू श्रीवास्तव
सपा की ओर से कैंट विधानसभा के सभी सेक्टर, बूथ, जोन,वार्ड अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शांति लॉन किरहिया पर हुई। इसमें कैंट विधानसभा प्रभारी रीबू श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट की जांच करने, नए मतदाताओं को चिह्नित कर नाम जुड़वाने, फर्जी वोटरों का नाम निरस्त कराने, पीडीए के लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा सरकार हमला बोला।
कहा कि एक तरफ आम जनता महंगाई, बेरोजगारी,भ्रष्टाचार से बुरी तरह त्रस्त हैं। सारे प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। अयोध्या (मंदिर) के अंदर जो लूट हुई है उसमें बड़े लोगों को बचाने, छोटे लोगों को फंसाने का जो खेल चल रहा पूरी दुनिया देख रही है।
स्नातक विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। इनके नीति एवं नीयत को जनता भांप चुकी है। आने वाले चुनाव में इनका सफ़ाया करने को आतुर है। समाजवादी पार्टी के महासचिव योगेंद्र यादव रहे। संचालन विनोद यादव और धन्यवाद ज्ञापन बाबू हाशमी ने किया। बैठक में हारुन अंसारी, गोविंद सिंह पटेल, ज़ाहिद नासिर, संगीता पटेल, अखिलेश यादव, इम्तियाज गामा रहे।
सूजाबाद समेत कई इलाकों में रहा पानी का संकट
बिजली नहीं होने से सूजाबाद, रामनगर, पड़ाव, भदऊं चुंगी आदि इलाकों पानी का संकट रहा। 12 बजे बिजली आई तब लोगों को पानी मिला। सुबह पानी न मिलने से लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा। बिजली की कमी का असर केवल पेयजल आपूर्ति पर ही नहीं, बल्कि अन्य दैनिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। कम वोल्टेज के कारण बोरवेल भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे पीने के पानी का संकट और गहरा गया है। जलकल के सचिव सुधीर वर्मा ने बताया कि बिजली आने के बाद बाद 12 बजे जलापूर्ति चालू हो गई थी।
150 निवासियों ने समस्याओं पर जताई नाराजगी
रविंद्रपुरी कल्याण समिति की वार्षिक साधारण सभा रविवार को एक रेस्टोरेंट में हुई। इसमें 150 से ज्यादा कॉलोनी वासियों ने भाग लिया और वर्षों से लंबित नागरिक समस्याओं तथा प्रशासनिक उदासीनता पर गहरा रोष जताया। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कॉलोनी की समस्याओं, नगर निगम की प्रस्तावित पार्किंग योजना और गेल द्वारा गैस कनेक्शन में देरी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विस्तृत ज्ञापन भेजा जाएगा।
समिति के संरक्षक उमाशंकर अग्रवाल ने बताया कि रविंद्रपुरी सीवर व्यवस्था की बदहाली, जलभराव, अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और बिगड़ती यातायात व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। समिति के अध्यक्ष अनुज डिडवानिया ने आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहे पर बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नल का मुद्दा उठाया। इस दौरान डॉ. रूबी साह, अजीत बजाज, अंकित गोयल, प्रकाश ढानेवाल मौजूद रहे।
राष्ट्रीयकरण दिवस में लिया मजबूती का संकल्प
यूपी बैंक एंप्लॉइज यूनियन वाराणसी इकाई ने रविवार को 57वां बैंक राष्ट्रीयकरण दिवस मनाया। कमच्छा स्थित यूनियन वेलफेयर ट्रस्ट भवन में हुए इस उत्सव में बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। यूनियन के अध्यक्ष आरबी चौबे ने सभी बैंक कर्मचारियों, अधिकारियों, पेंशनभोगियों और देशवासियों को बधाई दी। यूनियन के मंत्री संजय शर्मा ने 19 जुलाई 1969 को भारतीय बैंकिंग इतिहास का स्वर्णिम दिवस बताया। समारोह में आरबी चौबे और संजय शर्मा के अतिरिक्त सुनील सेठ, प्रमोद द्विवेदी, राघवेंद्र चतुर्वेदी, पीके घोष मौजूद रहे।
चुनाव की नींव होता है बूथ कार्यकर्ता : अशोक चौरसिया
भाजपा के महानगर कार्यालय में रविवार को बूथ सम्मेलन की तैयारियों पर बैठक हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रत्येक चुनाव की नींव बूथ कार्यकर्ता होता है। बूथ सम्मेलन के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी ऊर्जा के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने महानगर एवं जिले के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को कहा। जनसंपर्क अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों को अपने क्षेत्रों में प्रवास कर सम्मेलन की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया। सभी पदाधिकारियों ने बूथ सम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, जेपी दुबे, सुरेंद्र पटेल, प्रीति सिंह, मनोज सोनकर और पीयूष भट्टाचार्य समेत अन्य शामिल रहे। x
स्वयंसेवकों का हुआ सम्मान
नागरिक सुरक्षा चौक प्रखंड के चेतगंज कार्यालय में सम्मान समारोह हुआ। इस दौरान पूर्व में ड्यूटी कर चुके स्वयंसेवकों का सम्मान हुआ। उनका उत्साहवर्धन करते हुए आगामी त्योहारों के लिए दिशा-निर्देश दिए। मुख्य अतिथि सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम कुमार सिंह को डिवीजनल वाॅर्डेन निधि देव अग्रवाल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। स्वयंसेवकों और अधिकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पोस्ट वार्डन निधि देव अग्रवाल, विमल कुमार त्रिपाठी, देव मनोज अग्रवाल, सत्येंद्र राय और भाल शास्त्री, स्टाफ ऑफिसर मृत्युंजय चक्रवर्ती, रघु देव अग्रवाल, आरिफ इकबाल, गुलशेर अहमद और महावीर प्रसाद वाजपेयी का सम्मान हुआ। शुभम ने कहा कि आने वाले त्योहारों पर जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा मिलकर कार्य करेगी। मौके पर चीफ वार्डन विनोद गुप्ता, अविनाश अग्रवाल, इरफान होडा, विवेक राय, डिवीजनल वार्डन ओम प्रकाश श्रीवास्तव मौजूद रहे।
छात्र नामांकन में सेवापुरी ब्लाॅक 98.81% के साथ शीर्ष पर रहा
बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूल चलो अभियान-2 के तहत जिले में नए सत्र 2026-27 के लिए नामांकन की प्रगति 96.30 प्रतिशत है। बेसिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में पिछले सत्र के 1,61,662 पंजीकृत छात्रों के मुकाबले इस बार अब तक 1,55,684 विद्यार्थियों का पंजीकरण हो चुका है। अभियान के तहत अभी भी 5,978 बच्चों के नामांकन शेष हैं। इसके लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
ब्लॉकवार रिपोर्ट में सेवापुरी सबसे आगे है जहां 17,206 के मुकाबले 17,001 बच्चों का पंजीकरण कर 98.81 फीसदी उपलब्धि दर्ज की गई है। इसके बाद बड़ागांव में 97.50 फीसदी, काशी विद्यापीठ में 96.82 फीसदी, चोलापुर में 96.67 फीसदी और नगर क्षेत्र में 96.61 फीसदी का स्थान है।
दूसरी ओर रामनगर सबसे पीछे है, जहां 2,424 के मुकाबले केवल महज 2,215 बच्चों का पंजीकरण हो पाया है और उपलब्धि 91.38 प्रतिशत रही। इसके अलावा चिरईगांव में 94.57 प्रतिशत, हरहुआ में 95.33 प्रतिशत और पिंडरा में 95.66 प्रतिशत में भी लक्ष्य के अनुरूप नामांकन अभी बाकी है। जिले में सर्वाधिक पंजीकरण अराजीलाइन ब्लॉक में हुआ है। यहां 22,940 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज हुआ है। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नामांकन बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 5,978 बच्चों का नामांकन होना है। जो इसी महीने पूरा हो जाएगा।
व्यापार समिति के अध्यक्ष बने अशोक जायसवाल
महानगर उद्योग व्यापार समिति की नई प्रबंध समिति (सत्र 2026-28) के लिए रविवार को चुनाव संपन्न हुआ। लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में पूरी कार्यसमिति का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इसमें अशोक जायसवाल अध्यक्ष और रजनीश कनौजिया महामंत्री चुने गए। नई समिति में राहुल मेहता को कोषाध्यक्ष और पंकज अग्रवाल को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। अनुज डिडवानिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। चुनाव प्रक्रिया घनश्याम जायसवाल और यूआर सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। मुख्य संरक्षक आर.के. चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव कराने की अनुमति प्रदान की। साथ ही 16 सदस्यीय कार्यसमिति का भी गठन किया गया। सात विशेष आमंत्रित सदस्यों और सात सदस्यीय कोर समिति की भी घोषणा की गई।
आराधना से समाज में आएगी समानता : डॉ. सुनील
स्वास्थ्य और अध्यात्म पर कार्य कर रहे बीएचयू आईएमएस के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि वर्तमान में कल्कि भगवान की आध्यात्मिक चेतना जागृत है और सांसारियों की चेतना का उद्धार कार्य चल रहा है। भगवान कल्कि की चेतना पिछले साल से ही जागृत है। बावजूद इसके सबकुछ उल्टा हो रहा है। लोग अपने कुलदेवता को छोड़ दे रहे हैं। अन्य धर्मों को अपना रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि हर युग की व्यवस्था अलग-अलग थी और वर्गवार देवताओं को लोग मानते थे। अब कल्कि काल की व्यवस्थाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में लोगों को कल्कि अवतार के देवता का सिर्फ पूजन और नमन करने मात्र से ही कल्याण होगा।
रोटरी क्लब शिवगंगा के अध्यक्ष बने विवेक वर्मा
रोटरी क्लब वाराणसी शिवगंगा का 23वां पदग्रहण समारोह रविवार को छावनी स्थित एक होटल में आयोजित हुई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीए विवेक वर्मा ने पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान अध्यक्ष अजय कुमार ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इसी प्रकार, नवनिर्वाचित सचिव अनूप नागर ने निवर्तमान सचिव ज्ञानेश सेठ से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पूर्व डीजी सतपाल गुलाटी, अनिल जाजोदिया, राजेश भार्गव समेत आदि उपस्थित रहे।
पिंडरा में विदाई और सम्मान समारोह हुआ
पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के बलदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़ागांव के प्रबंधक सुरेंद्र देव अग्रवाल की ओर से विदाई और सम्मान समारोह मना। इस दौरान पिंडरा विधानसभा के विकास में अपना अहम योगदान देने वाले निर्वतमान उपजिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा और निर्वतमान सहायक पुलिस आयुक्त प्रतीक कुमार को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने स्मृति चिह्न और पुष्प भेंट कर सम्मान किया। साथ ही ग्राम प्रधान, किसान, व्यवसायी, शिक्षक, समाजसेवी व ग्रामीणों सहित विधानसभा के सैकड़ो लोगों ने इनके जनहित में किए गए विकास कार्यो में योगदान की चर्चा की।
चार साध्वियों ने किया काशी प्रवेश, करेंगी चातुर्मास
16 कल्याणकों की पावन भूमि काशी में चार जैन साध्वियों का रविवार को उल्लासपूर्ण माहौल में प्रवेश हुआ। जैन श्वेतांबर तीर्थ, भेलूपुर में आयोजित चातुर्मास प्रवेश समारोह के तहत साध्वी कनकप्रभा, साध्वी संवरलोलित, साध्वी सुलोलित और साध्वी शोधलोलित सुबह शीशमहल कॉलोनी, कमच्छा से मंगल विहार मंदिर पहुंचीं।धमतरी, रायपुर, जबलपुर, अमीनाबाद और जयपुर सहित कई शहरों से होते हुए साध्वियां काशी पहुंची हैं। वे यहां चार माह तक चातुर्मास करेंगी। उनके आगमन से जैन समाज में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। मंदिर पहुंचने के बाद साध्वियों ने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद साध्वी कनकप्रभा का मंगल प्रवचन हुआ।
बाल प्रतिभाओं को तराशने का अभियान शुरू
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन और नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य देश के उन असाधारण बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है, जो अपनी अद्भुत प्रतिभा से समाज और राष्ट्र का नाम रोशन कर रहे हैं। यदि आपके बच्चे में प्रतिभा है और बच्चे ने विशेष उपलब्धि प्राप्त की है तो उसे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जा सकता है। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज मिश्रा ने बताया कि बाल प्रतिभाओं को सही पहचान और प्रोत्साहन मिले। इसी सोच के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों से आवेदन मांगे गए हैं।
काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और यहां का अपनापन हमेशा याद रहेगा : रेखा गुप्ता
दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को श्री श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन किए। मुख्यमंत्री कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और यहां के लोगों का अपनापन हमेशा याद रहेगा। बाबा विश्वनाथ की असीम कृपा समस्त देशवासियों और दिल्लीवासियों पर बनी रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना कि उनके मार्गदर्शन में देश और दिल्ली दोनों निरंतर प्रगति करते रहें। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कालभैरव मंदिर जाकर दर्शन किए थे।
चौक की एक दुकान पर चाय और टोस्ट का स्वाद भी लिया था। शाम को वह बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। दिल्ली की मुख्यमंत्री अपने जन्मदिन पर परिवार के साथ दो दिवसीय दौरे पर काशी आई थीं। विंध्याचल जाकर भी दर्शन किए थे।
शिवपुर में 45 यूनिट रक्तदान, आयुष मंत्री ने बढ़ाया हौसला
अभ्युदय सेवा समिति की ओर से रविवार को स्व. अनंत दुबे की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। गिलट बाजार, शिवपुर में आयोजित शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान 45 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
मुख्य अतिथि प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। इससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने अभ्युदय सेवा समिति की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर समाज में जागरूकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में गौरव राठी, दिलीप दुबे, अनूप दुबे, अमिताभ दुबे मौजूद रहे।
रोटरी क्लब ने किया 45 यूनिट रक्तदान
रोटरी क्लब वाराणसी डाउनटाउन की ओर से नाटी इमली में लगाए गए रक्तदान शिविर में पदाधिकारियों ने कैंसर मरीजों के लिए रक्तदान किया। इस दौरान होमी भाभा कैंसर अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम के देखरेख में 45 लोगों ने रक्तदान किया। टीम के सदस्यों ने सभी को रक्तदान की महत्ता बताई। इस दौरान स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर, नेत्र परीक्षण सहित मौसमी बीमारियों से परेशान लोगों ने जांच कराई।
फूलपुर व्यापार मंडल ने किया 29 यूनिट रक्तदान
फूलपुर व्यापार मंडल की ओर से रविवार को एक अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 29 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम ने आयोजन में सहयोग किया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ‘सपालू’ ने बताया कि मंडल हर वर्ष दो बार ऐसे शिविर आयोजित करता है। इस दौरान रंगनाथ दूबे, संगीता दूबे, मुन्ना चौरसिया मौजूद रहे।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में सौ पौधे लगाए
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच, पूर्वी क्षेत्र की ओर से रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण अभियान के तहत बजरडीहा स्थित नूर नगर और देव पोखरी के दो कब्रिस्तानों में कुल 100 पौधे लगाए गए। अभियान के तहत दोनों कब्रिस्तानों में 50-50 पौधे रोपे गए। वक्ताओं ने पौधरोपण को नेक कार्य बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए यह हम सभी का दायित्व है। यह अभियान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक डॉ. इंद्रेश कुमार के निर्देश पर देशभर में चलाया जा रहा है।
जरूरतमंदों के लिए सेवा कार्यक्रम की शुरुआत
महावीर सत्संग सभा की ओर से शिवदासपुर ब्लॉक रोड स्थित केंद्र पर रविवार को जरूरतमंदों के लिए सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री वितरित की गई और आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। सतयुग दर्शन ट्रस्ट, फरीदाबाद की प्रेरणा से संस्था देश-विदेश में निष्काम सेवा कार्य कर रही है। इसी क्रम में शिवदासपुर केंद्र पर जरूरतमंदों को कपड़े, राशन सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की गई। ट्रस्ट की ओर से मौसम के अनुसार जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री भी वितरित की जाती है।
पुस्तक 'दीप राग' का हुआ विमोचन
जागृति फाउंडेशन की ओर से रविवार को लेखिका ममता दीप के कविता संग्रह ‘दीप राग’ का विमोचन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पुस्तक समाज को प्रेम और सद्भाव का संदेश देती है। लोकभूषण सम्मान से सम्मानित साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश मिश्र, डॉ. अरुण कुमार द्विवेदी और नेपाल से आईं करुणा कुशवाहा ने पुस्तक का विमोचन किया। डॉ. जयप्रकाश मिश्र ने कहा कि ममता दीप ने ‘दीप राग’ में अपनी कविताओं के माध्यम से समाज को प्रेम और सौहार्द के साथ जीने का संदेश दिया है।
प्रो. अशोक अध्यक्ष, राकेश उपाध्यक्ष और डॉ. संजीव बने मंत्री
आईआईटी रुड़की के नाभिकीय वैज्ञानिक प्रो. अशोक जैन काशी के श्री गणेश वर्णी दिगंबर जैन संस्थान की कार्यकारिणी के अध्यक्ष बने। दिगंबर जैन समाज के राकेश कुमार जैन उपाध्यक्ष और बीएचयू के डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. संजीव सराफ मंत्री निर्वाचित हुए। नरिया जैन मंदिर परिसर में स्थित जैन विद्या के लिए काम करने वाले वर्णी दिगंबर जैन संस्थान में रविवार को एक बैठक सह परिचर्चा हुई। कानपुर से आए केशवदेव जैन ने गणेश वर्णी को महान शिक्षाविद् बताया। कहा कि उन्होंने एक रुपये के 64 पोस्टकार्ड से काशी में जैन धर्म के अध्ययन के लिए स्यादवाद महाविद्यालय की स्थापना की थी।
काशी विद्यापीठ दीक्षांत में 65 मेधावियों को मिलेगा स्वर्ण पदक
काशी विद्यापीठ में दीक्षांत समारोह में पदक पाने वालों की सूची विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को जारी की गई। इसमें स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक कोर्स में सर्वोच्च अंक पाने वाले टॉप-10 विद्यार्थियों की सूची में 65 नाम हैं। इसके अलावा खेल के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
विवि का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में मनाया जाएगा। इसको लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा की ओर से टॉप 10 मेधावियों की सूची जारी कर इस पर 18 जुलाई की दोपहर 12 बजे तक आपत्ति मांगी गई हैं। परीक्षा नियंत्रक ने इस सूची को संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, पाठ्यक्रम प्रभारी के साथ ही वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र जिले के कॉलेजों के प्राचार्यों को भी भेजा है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि अगर कोई आपत्ति हो तो उसको परीक्षा गोपनीय विभाग में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी आपत्ति दर्ज कराया जा सकता है।
एनडी छात्रावास के लिए 31 अगस्त तक आवेदन करें
नरेंद्र कुमार शास्त्री अनुसूचित जाति छात्रावास में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। इच्छुक छात्र 21 जुलाई से 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। व्यवस्थापक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि फॉर्म छात्रावास कार्यालय से सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। छात्रों को निर्धारित शुल्क जमा करके फॉर्म लेना होगा। प्रवेश फॉर्म प्राप्त करने के लिए छात्र को अपने अभिभावक के साथ आना अनिवार्य है।
विद्यापीठ में बीए में 208 विद्यार्थियों ने लिया दाखिला
काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 के लिए बीए में चल रही काउंसिलिंग के तीसरे दिन बुधवार को 208 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसके साथ ही अब तक तीन दिनों में इस कोर्स में प्रवेश लेने वालों की संख्या 580 हो गई। काउंसिलिंग स्थल पर ही सभी को परिचय पत्र, लाइब्रेरी कार्ड जारी किया गया है। बीए में काउंसिलिंग की प्रक्रिया 13 जुलाई से चल रही है। प्रवेश सेल के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि सभी विद्यार्थियों के ऑनलाइन शुल्क जमा करने के बाद परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड काउंसिलिंग स्थल पर ही जारी किया गया।