Varanasi News: वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान मंगलवार को हुए हादसे में घायल बैग दुकानदार परवेज खान उर्फ चुन्नू (54) की देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चुन्नू को घटना के तुरंत बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे दालमंडी स्थित मरियम अस्पताल गली के नुक्कड़, जंजीरा शाह मस्जिद के पास सीके-67/21 नंबर मकान का ध्वस्तीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान भवन के ऊपरी हिस्से से एक पत्थर नीचे आ गिरा, जो वहां मौजूद बैग दुकानदार परवेज खान उर्फ चुन्नू के सिर पर लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।