तेलुगु विभाग के प्रोफेसर ट्रॉमा सेंटर में अपना ईलाज करा रहे हैं। उनके लिए बीएचयू के प्रोफेसरों ने धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Varanasi News: बीएचयू में तेलुगु विभाग के प्रोफेसर सीएस रामाचंद्र हमले के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। हमले में उनके दोनों हाथ टूट गए हैं। सर्जरी कर दोनों हाथों में रॉड लगाया गया है। कुछ दिनों तक वह अपना हाथ नहीं उठा पाएंगे।
विज्ञापन
प्रो. रामाचंद्र ने बातचीत में कहा कि दो युवकों ने बिरला छात्रावास से पहले चौराहे के पास बीच सड़क अपनी बाइक खड़ी कर दी थी। उन्होंने दोनों को रास्ते से हटने को कहा तो उन पर रॉड से हमला कर दिया। इस सप्ताह वह अस्पताल में ही रहेंगे।
प्रोफेसर ने बताया कि रोज की तरह वह सोमवार को भी कला संकाय से नरिया होते हुए सुंदरपुर अपने घर बाइक से जा रहे थे। उसी जगह पर एक काले रंग की बाइक ने उन्हें ओवरटेक किया। फिर आगे जाकर सड़क पर बाइक खड़ी कर दी। कारण पूछने पर दोनों ने कुछ नहीं कहा। बाइक पर बैठे एक लड़के ने हाथ में रॉड ले रखा था।
विज्ञापन
दोबारा पूछने पर युवक ने हाथ पर रॉड से हमला कर दिया। मेरे कहने पर कि मैं शिक्षक हूं, मुझे क्यों मार रहे हो, कुछ गलत कहा हो तो माफ कर दो। इस पर भी वह नहीं रुके और दोबारा दाहिने हाथ पर मारा। समझ नहीं आ रहा जेब में पर्स होने के बाद भी उन्होंने लूटपाट नहीं की। बस हमला कर निकल गए। मेरा किसी से कोई विवाद भी नहीं है।
प्रो. रामाचंद्र ने कहा कि शिक्षक प्रदर्शन कर रहे हैं। कुलपति, कार्यपरिषद सदस्य मिलने आए थे। सबने न्याय का भरोसा दिलाया है। ट्रॉमा सेंटर में प्रोफेसर की पत्नी ने बताया कि हमला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि भविष्य में किसी के साथ ऐसा न हो।