टीओईएफएल परीक्षा में 2026 से होंगे बड़े बदलाव
विदेशी भाषा के तौर पर अंग्रेजी की परीक्षा (टीओईएफएल) 2026 से एक व्यक्तिगत परीक्षण बन जाएगी। यह छात्र के प्रदर्शन के आधार पर वास्तविक समय में समायोजित होगी और इसमें एआई की मदद से सत्यापन की सुविधा भी दी जाएगी। टीओईएफएल और जीआरई जैसी परीक्षाएं आयोजित करने वाली शैक्षिक परीक्षण सेवा (ईटीएस) ने यह एलान किया है। इसका मुख्यालय अमेरिका के प्रिंसटन में है।
ईटीएस टीओईएफएल परीक्षा में कई बदलाव और संवर्द्धन करेगी। इनमें से कुछ 30 मई, 2025 से और शेष 2026 से लागू किए जाएंगे। दो चरणों में लागू बदलाव में दूसरे चरण में 2026 से अनुकूलन परीक्षण लागू होंगे। मसलन, टीओईएफएल आईबीटी पढ़ने और सुनने वाले अनुभागों के लिए एक बहु-चरणीय अनुकूली डिजाइन लागू होगा।
इसका मतलब सवाल छात्र के उत्तरों के आधार पर बदलते रहेंगे। पुराने विषयों की जगह आधुनिक और समावेशी टॉपिक होंगे। परीक्षा का पैटर्न इस तरह से होगा कि वह असली शैक्षणिक माहौल जैसे कि ग्रुप डिस्कशन और प्रोजेक्ट वर्क को दिखाएगा। ईटीएस में ग्लोबल मोबिलिटी सॉल्यूशंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित शर्मा ने कहा, परीक्षण में ऐसी सामग्री का उपयोग किया जाएगा जो सांस्कृतिक पूर्वाग्रह को कम करने के लिए समीक्षा की गई हो।