अजगरा के ग्राम चौपाल में किसानों का हंगामा
चोलापुर के ग्राम पंचायत अजगरा में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर किसानों में नाराजगी है। सोमवार को ग्राम चौपाल में चकबंदी अधिकारियों को किसानों का विरोध झेलना पड़ा। इस दौरान किसानों ने हंगामा करते हुए बंदोबस्त अधिकारी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। हंगामे के चलते ग्राम चौपाल नहीं लग पाया।
बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी उपसंचालक चकबंदी के अधिकारी राजस्व टीम के साथ अजगरा गांव में ग्राम चौपाल लगाने पहुंचे। इस दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि चकबंदी की प्रक्रिया सही नहीं कराई गई है। जमीन का सीमांकन सही नहीं हुआ। फर्जी तरीके से नापी कराकर काश्तकारों की जमीन आवंटित की गई है। ग्राम पंचायत के नाम पर जमीन नहीं छोड़ी गई।
बंजर भूमि का बंटाधार किया गया है। जिसको लेकर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच हंगामे के दौरान नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इस दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की चकबंदी राजनैतिक लोगों और अधिकारियों की मिली भगत से मनमानी तरीके से किया गया है।
चबूतरे पर सोया था, बगल में खड़ा ई-रिक्शा चोरी
गंगा नगर कॉलोनी, राजघाट निवासी मोहम्मद शरीफ का ई-रिक्शा रविवार की रात चोर चुरा ले गए। इस संबंध में भुक्तभोगी ने आदमपुर थाने की पुलिस से शिकायत की है। मोहम्मद शरीफ ने बताया कि वह गंगा नगर कॉलोनी स्थित प्राथमिक पाठशाला के पास ई-रिक्शा खड़ा कर चबूतरे पर सोया था।
चाबी उसकी जेब में ही थी। इसके बावजूद उसका रिक्शा चोर चुरा ले गए। उधर, स्थानीय लोगों का कहना था कि मोहम्मद शरीफ शराब पीकर ई-रिक्शा पर सोया हुआ था। चोर उसे ई-रिक्शा से उतार कर सड़क पर लेटा दिए। इसके बाद ई-रिक्शा लेकर चले गए।
गोरखपुर की विजिलेंस टीम ने बलिया में की छानबीन
सीनियर डीईएन-टू सत्यम सिंह पटेल की गिरफ्तारी के बाद जांच में जुटी गोरखपुर की विजिलेंस टीम ने सोमवार को बलिया रेलवे ट्रैक मरम्मत से संबंधित कागजातों की छानबीन की। टीम के बलिया के आईओडब्ल्यू, पीडब्ल्यूआई समेत अन्य पर्यवेक्षकों और बाबूओं के कार्यालय और अभिलेख भी खंगाले। विजिलेंस की इस कार्रवाई से सभी सेक्शन में हलचल तेज रही। उधर, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लहरतारा में सात से आठ व्यक्तियों के सादेवेश में घूमते हुए पाए जाने पर रेल कर्मियों में सीबीआई की धमक जैसी सूचना से चहल कदमी ज्यादा रही।
बंद मकान से हजारों के सामान की चोरी
वाराणसी के नुवांव क्षेत्र की कबीर नगर कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये मूल्य के सामान चुरा ले गए। रश्मि नगर, लंका के रहने वाले डॉ. कुमार प्रशांत मिश्र ने बताया कि रविवार की सुबह वह मकान पर पहुंचे तो ताला टूटा और सामान बिखरा देख कर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने 112 नंबर पर चोरी की सूचना दी। मौके पर आए सिपाहियों ने चितईपुर थाने पर सूचना देने को कहा। वह चितईपुर थाने को सूचना दिए।
सोमवार की सुबह चितईपुर थानाध्यक्ष से उन्होंने बात की तो उन्होंने घटनास्थल दूसरे थाना क्षेत्र का बताया। इसके बाद उन्होंने लंका थाने को सूचना दी। थानाध्यक्ष लंका शिवाकांत मिश्र ने मौके पर चौकी प्रभारी रमना को भेजकर जांच का निर्देश दिया। प्रशांत मिश्र ने बताया कि घर में रखा गैस चूल्हा, बाथरूम में लगे नलों की टोटी और केबल के तार चोर चुरा ले गए हैं।
वरुणा के ग्रीन बेल्ट के सात अवैध निर्माण वीडीए ने किए सील
वरुणा नदी के ग्रीन बेल्ट में लगातार तीसरे दिन भी सील की कार्रवाई की गई। वीडीए सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा की देखरेख में प्रवर्तन टीम ने वरूणा नदी के 50 मीटर ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में आवासीय, अनावासीय भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान सात अवैध निर्माण सील किए।
सिकरौल वार्डके पहलु का पुरा के विद्या देवी के भूतल, शिवपुर के बड़ा गाँव, फुलवारियां में अज्ञात के भूतल व बाउंड्रीवाल के अवैध निर्माण, शिवपुर, बड़ा गांव, फुलवारियां के शिवशंकर राय के बाउंड्रीवाल के अवैध निर्माण को सील किया गया। इसी प्रकार वार्ड शिवपुर, मौजा-बड़ा गाँव, फुलवारियां के अखिलेश कुमार के अवैध निर्माण को सील किया गया।
आदमपुर, कोनिया के अज्ञात की ओर से भूतल पर दीवाल एवं कॉलम के अवैध निर्माण, आदमपुर, कोनिया के हर्ष सोनकर के भूतल पर दीवाल एवं कालम के अवैध निर्माण, कोनिया के मनोज चौहान के भूतल पर दीवाल एवं कालम के अवैध निर्माण को सील किया गया।
पिंडरा तहसील को 16वीं बार मिला प्रथम स्थान
पिंडरा तहसील ने एक बार फिर प्रदेश में आईजीआरएस में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ये 16वीं बार है तब तहसील ने प्रदेश में नंबर वन स्थान हासिल किया है। तहसीन को आईजीआरएस पोर्टल पर सितंबर में शत प्रतिशत शिकायती पत्रों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से करने पर प्रथम स्थान मिला।
एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण के क्रम में शिकायतकर्ता से फोन से पूछताछ करने के बाद ही उसे पोर्टल पर डाला जाता है। प्रदेश में प्रथम स्थान मिलना निसंदेह और बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
अवैध निर्माण करने वालों पर लगा 80 हजार रुपये का अर्थदंड
अवैध निर्माण करने वालों पर 80 हजार रुपये का अर्थदंड लगा है। वीडीए सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा के अनुसार वीडीए की ओर से भेलूपुर वार्ड में अवैध निर्माण के खिलाफ की गई कानूनी कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण निर्णय आया है।
उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा के तहत वीडीए ने अदालत में शशि दीक्षित, तारा देवी के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था। अदालत ने दोनों अभियुक्तों पर 40-40 हजार का अर्थदंड लगाया है। अर्थदंड की अदायगी न होने पर 10 दिन के कारावास का प्रावधान है।
मातृ-शिशु कल्याण उपकेंद्र में चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मातृ-शिशु कल्याण उपकेंद्र भगतुआ में लगे सीसीटीवी कैमरे व हार्डडिस्क रविवार की रात में चोरी हो गई। हेल्थ सेंटर से हजारों रुपये के सामान के साथ दो सीसीटीवी कैमरे भी चुरा ले गए। स्वास्थ्य उपकेंद्र पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) रोहिताश कुमार ने इस घटना की सूचना चौबेपुर थाने में दी है। चौबेपुर एसएचओ ने बताया कि जानकारी होने पर मौके पर गया था कैमरा टूटा हुआ मिला जांच की जा रही है।
संवासिनी प्रकरण में गवाह के न आने के कारण नहीं हुई सुनवाई
ढाई दशक पुराने संवासिनी प्रकरण में कांग्रेस के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में धरना-प्रदर्शन और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में सोमवार को गवाह के न आने के कारण अदालत में सुनवाई टल गई। वहीं, एक अन्य आरोपी कांग्रेस प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सूचीबद्ध न होने से सुनवाई टल गई। विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने मामले में अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने 22 अक्तूबर की तारीख नियत कर दी।
अदालत को सुरजेवाला के अधिवक्ता ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में मामला सूचीबद्ध होने के कारण पहले से ही सुरजेवाला के विरुद्ध सभी कार्यवाही पर स्थगन आदेश पारित है। इस मामले में सुरजेवाला के खिलाफ स्थानीय अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसके खिलाफ सुप्रीमकोर्ट में याचिका लंबित है।
सुरजेवाला की तरफ से आरोप से डिस्चार्ज किए जाने का अनुरोध स्थानीय अदालत में किया गया है। इसके लिए केस डायरी और अन्य अभियोजन प्रपत्र की मांग की गई है। अदालत में सुरजेवाला के हाजिर नहीं होने पर अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप नहीं बन पा रहा है।
जानलेवा हमले के आरोपी पूर्व पार्षद समेत दो की जमानत अर्जी खारिज
जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के पास मीर घाट में सपा नेता विजय यादव उर्फ विज्जू के घर पर जानलेवा हमले के दो आरोपियों मिश्र पोखरा, लक्सा निवासी पूर्व पार्षद अंकित यादव और श्याम बाजार, कोतवाली के गोपाल यादव उर्फ साहनी की जमानत अर्जी सुनवाई के बाद खारिज कर दी। घटना में संलिप्त छह अन्य आरोपियों की जमानत अर्जी पूर्व में इसी कोर्ट से खारिज हो चुकी है।
घटना में नामजद मुख्य आरोपी पूर्व पार्षद अंकित यादव भाग गया था। फरारी के दौरान ही उसने अपने अधिवक्ता के माध्यम से अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी, जो खारिज हो गई थी। वाराणसी पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट को जानकारी मिली कि वह झारखंड में रह रहा है तो दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। जानलेवा हमले की घटना गत 30 जून की दोपहर की है।
पुलिस चौकी के पास दो दुकानों में चोरी, एक में प्रयास
सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर चौराहे से 50 कदम की दूरी पर कपड़े की दुकान और सहज सेवा केंद्र को चोरों ने निशाना बनाया। वहीं, एक अन्य दुकान में भी चोरी का प्रयास किया। कपड़े की दुकान में चौथी बार चोरी हुई है। पीड़ितों ने सोमवार को थाने पर तहरीर दी।
मवइया सारनाथ निवासी विनोद गुप्ता के अनुसार उनकी कपड़े की दुकान है। चोरों ने 10 हजार नकदी और 40 हजार का कपड़ा चोरों ने समेट लिया। दुकान में चौथी बार चोरी की घटना है। इसके पूर्व चोरों ने पिछली होली से दो दिन पहले चोरी किया था। कहा कि हर बार पुलिस तहरीर तो ले लेती है, लेकिन न मुकदमा दर्ज करती है और न ही चोरों को ही पकड़ पाती है।
पीड़ित सहज जन सेवा केंद्र संचालक भाजपा मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि दुकान से सात हजार नगद व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी हुए। सीसीटीवी कैमरे को तोड़ डाला। पड़ोस में कॉस्मेटिक की दुकान में चोरी का प्रयास किया।
हाइवे पर कार अनियंत्रित होकर पलटी, दो घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर स्थित नेशनल हाईवे पर सोमवार की दोपहर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो दर्शनार्थी घायल हो गए। गोरखपुर निवासी सौरभ दुबे (28) व साथी रमेश पांडेय (26) अपने चार साथियों के साथ विंध्याचल से दर्शन कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
युवक के खिलाफ युवती ने दर्ज कराया केस
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर में रहने वाली युवती ने एक युवक पर मारपीट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार कछवा के रहने वाले विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि वह युवती का फोटो वायरल करने की धमकी देता है। 2020 से 2022 तक युवती के साथ रिलेशनशिप में था।
मकान बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी में मुकदमा दर्ज
मकान बिक्री के नाम पर पैसा लेकर मुकरने और धोखाधड़ी मामले में पीड़िता ने पांच के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता शालिन देवी के अनुसार चंदौली के जमखोर निवासी संजय दुबे, मदरवा छित्तूपुर की रहने वाली पूनम पांडेय, उनकी बेटी प्रिया, पति विनोद निवासी बिहार रोहतास ने धोखाधड़ी करते हुए पैसा हड़प लिया।
हैंड बैग लेकर महिला फरार
रोहनिया के भदवर स्थित ब्यूटी पार्लर में सोमवार को एक महिला बातचीत में उलझाकर हैंड बैग लेकर फरार हो गई। बैग में 10 हजार नकद और जरूरी कागजात रहे। नरोत्तमपुर जक्खिनी निवासी और ब्यूटी पार्लर संचालिका उर्मिला के अनुसार गोंडा नवादा कौड़िया की रहने वाली बबीता मिलने आई थी। बैग पार्लर के एक कमरे में रखकर बातचीत कर रही थी। इस बीच एक महिला पार्लर में रेट पूछने आई और बैग लेकर फरार हो गई। पुलिस ने सीसी कैमरे खंगाले।
युवक की पिटाई करने के छह आरोपियों पर केस दर्ज
युवक और उसके दोस्त की पिटाई मामले में छह नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवरतपुर बजरडीहा के रहने वाले प्रयाग कुमार चौहान के अनुसार उनका बेटा अभिषेक चौहान और उसका दोस्त शिवम दवा लेने बाजार गए थे। इस बीच रास्ते में रोककर विनय सेठ, विकास सेठ, विशाल सेठ, दीपक यादव, और राजन सेठ अज्ञात ने लाठी डंडे से मारा पीटा।
बकरी चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ासिंधोरा। थाने क्षेत्र के दिनदासपुर गांव सें बकरा चोरी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया। कब्जे से चोरी के सामान बरामद हुए। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि दिनदासपुर से बकरा चोरी मामले में बाल अपचारी को पकड़ा गया। वहीं, गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्कर्ष गुप्ता निवासी बसन्तपुर के रूप में हुई है। बकरी औ स्कूल में चोरी की घटनाओं को स्वीकारा।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बधावा गाने वाले की मौत
सेवापुरी के सामने रिंग रोड फेज-2 पर डीह गंजारी गांव में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मोपेड सवार बधावा गाने वाले की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची जंसा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हरसोस गांव निवासी रोशन अली (50) सोमवार की दोपहर अपनी मोपेड पर सवार होकर कहीं बधावा गाने जा रहा था। वह निर्माणाधीन स्टेडियम के पास पहुंचा ही था कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोशन अली के दो पुत्र और पांच पुत्रियां हैं।
वह शुभ कार्यों में बधावा गाने और बजाने का काम करता था। खाली समय में औरतों के शृंगार का सामान घूमकर बेचता था। घटना की जानकारी पाकर रोशन की पत्नी गुलशन का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पहले ही रोशन ने अपनी एक पुत्री का विवाह किया था।
संविदा बिजली कर्मी ने ट्रेन के सामने कूद कर जान दी
जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव में रविवार की रात संविदा बिजली कर्मी ने ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आत्महत्या की कोई ठोस वजह परिजन नहीं बता सके।
रोहनिया थाना क्षेत्र के गंगापुर का रहने वाला रविकांत यादव (26) का शव सोमवार की सुबह सजोई गांव में रिंग रोड अंडरपास के पास रेलवे लाइन के किनारे मिला। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी साइकिल भी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस आई।
परिजनों ने घटना के संबंध में कुछ भी कहने से साफ मना कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि रविकांत का विवाह 28 नवंबर को होने वाला था। रविकांत चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। रविकांत की मां उर्मिला देवी घटना के बाद रोते हुए बार-बार बेहोश हो जा रही थी।
मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव ने यति नरसिंहानंद के खिलाफ तहरीर दी
गाजियाबाद के डासना स्थित शिवशक्ति धाम के महंत यति नरसिंहानंद और उनके शिष्य अनिल के खिलाफ सोमवार को कोतवाली थाने में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने तहरीर दी। एसएम यासीन ने कहा कि यति नरसिंहानंद ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी देश और दुनिया के मुस्लिमों की धार्मिक भावना को आहत किया है।
उनके द्वारा जानबूझकर बार-बार ऐसा विवादित बयान दिया जाता है जिससे समाज का अमन-चैन प्रभावित हो। इसलिए पुलिस यति नरसिंहानंद और अनिल के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करे। ताकि, समाज में उसका एक अच्छा संदेश जाए और धर्म को लेकर विवादित बयान देने वाले लोग कानून के दायरे में रहें।
ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट के दो आरोपी गिरफ्तार
कैंट स्टेशन से ऑटो में सवारी बैठा कर उनके साथ लूटपाट करने के आरोप में सिगरा थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाने के हाजीपुर गांव के बृजभान और अग्रसन गांव के बबीकांत के रूप में हुई है। दोनों के पास से वारदात में प्रयुक्त ऑटो और लूट के आठ हजार रुपये बरामद किए गए।
कोटवां निवासी हाजी मोहम्मद इकराम ने सोमवार को सिगरा थाने की पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि गत तीन अक्तूबर को उन्होंने कैंट स्टेशन से बेनिया के लिए ऑटो बुक किया। ऑटो चालक और उसके एक साथी ने मलदहिया चौराहे पर उन्हें पकड़कर उनकी जेब से 10 से 12 हजार रुपये जबरन छीन लिया। इसके बाद उन्हें धकेल कर भाग गए। उन्होंने ऑटो का पीछा किया लेकिन दोनों आरोपियों को पकड़ नहीं सके।
इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायतकर्ता ने ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था। सिटी कमांड सेंटर के सीसी कैमरों की मदद से ऑटो को चिह्नित कर दोनों आरोपियों को एसएसआई विवेक कुमार त्रिपाठी और रोडवेज चौकी प्रभारी रविकांत मलिक के साथ मालगोदाम रोड से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह लोग अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए बाहर से आए हुए बुजुर्ग व्यक्तियों को अपने ऑटो पर बैठाते हैं। इसके बाद सुनसान जगह दिखाई देते ही उनका पैसा छीन कर उन्हें ऑटो से धकेल कर भाग जाते हैं।
दो दिन से लापता बुजुर्ग का शव कुएं से बरामद
दो दिन से लापता बुजुर्ग का शव सोमवार को पास के एक कुएं से पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शंकुलधारा पोखरे अखाड़ा के बगल स्थित कुएं से मठल्लू सोनकर 71 वर्ष का शव बरामद हुआ। पुत्र कैलाश ने दो दिन पूर्व ही गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी
रोहनिया के सगहट में चोरों ने बंद मकान को खंगाल दिया। सोमवार को पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। सगहट निवासी जुगड़ी देवी तबीयत खराब होने के कारण अपनी बेटी के घर औराव झंझौर में परिवार के साथ रह रही हैं।नाती अंकित घर पहुंचा तो ताला टूटा देख पुलिस को सूचना दी। 10 हजार नकदी और आभूषण की चोरी हुई है।
जांच में पीएम आवास के सात लाभार्थी मिले अपात्र
जांच में पीएम आवास के सात लाभार्थी मिले अपात्रलोहता। जिलाधिकारी एस राजलिंगम के निर्देश पर सोमवार को काशीविद्यापीठ विकास खंड के हरिहरपुर गांव में सीडीपीओ रमेश यादव ने चालू वित्तीय 2024-25 के लिए चिन्हित प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के 50 लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन किया। गांव के राजभर बस्ती, पटेल बस्ती, गोंड बस्ती समेत अन्य बस्तियों में सत्यापन के दौरान सात अपात्र पाए गए।
सीडीपीओ ने बताया कि पक्का मकान समेत अन्य निर्धारित मानक में नहीं आने के चलते सात अपात्र पाए गये हैं जिसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। इस दौरान ग्राम सचिव प्रियंका कुमारी, पंचायत सहायक समर पटेल आदि थे।
आगामी त्योहारों पर बेहतर सुविधाओं के लिए निगम ने बनाई कार्ययोजना
आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम ने शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की कार्ययोजना बनाई है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के अनुसार नवरात्रि पर नौ देवी और गौरी मंदिरों, प्रतिमाओं के विसर्जन कुंड, विजयादशमी, दशहरा, नाटी इमली का भरत मिलाप, रामनगर की रामलीला के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
इन क्षेत्रों में साफ सफाई, सड़कों और चौकों की मरम्मत, फागिंग, सैनिटाइजेशन, एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। कार्यक्रम से पहले और कार्यक्रम के बाद दो बार विशेष सफाई कराई जाएगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
करखियांव एग्रो पार्क में इंटीग्रेटेड पैक हाउस शुरू
करखियांव एग्रो पार्क में इंटीग्रेटेड पैक हाउस का संचालन सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने शुरू कराया। सीडीओ ने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों और उत्पादकों को काफी सहूलियत होगी। इंजीनियर अमित सिंह, शार्दुल विक्रम चौधरी और पंकज सिंह के सहयोग से पैक हाउस का संचालन शुरू हुआ है।
ये उद्धाटन के बाद से एक साल से बंद था। कृषक उपज निर्यातक महासंघ के अमित सिंह ने बताया कि क्षेत्र के किसानों की उपज कर रखरखाव ठीक से हो सकेगा। इसके अलावा किसानों के उत्पाद आसानी से निर्यात किया जा सकेगा। इस अवसर पर नाबार्ड के डीडीएम अनुज, एपीडा से आनंद झा, रामकुमार राय, विजय सिंह, विवेक सिंह, रिशु, कन्हैया सिंह आदि मौजूद रहे।
हजयात्रा की पहली किस्त आज से होगी जमा
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सोमवार को हजयात्रा के लिए लॉटरी (कुरा) निकाला। पहली किस्त एक लाख 30,300 रुपये आठ से 21 अक्तूबर तक जमा होगी। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि पहली किस्त भारतीय स्टेट बैंक और यूनियन बैंक में जमा होगी। इसके अलावा जायरीन हज सुविधा एप पर ऑनलाइन वेबसाइट https//.hajcommittee.gov.in पर क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई से भी जमा कर सकते हैं।
इसके बाद जमा राशि की रसीद, हज आवेदन फॉर्म, मेडिकल स्क्रीनिंग एंड फिटनेस सर्टिफिकेट, स्वहस्ताक्षरित पासपोर्ट की फोटो कॉपी की प्रति राज्य हज समिति को डाक या कार्यालय में 23 अक्तूबर तक जमा करना होगा। उन्होंने बताया कि लॉटर में उत्तर प्रदेश के फॉर्म भरने वाले सभी 15457 ज़ायरीन का चयन हो गया। इस बार भी कोटे से कम आवेदन होने से लॉटरी में सभी को हजयात्रा के लिए रख लिया गया है।
इस बार अस्सी घाट होगा गंगा महोत्सव, कैलाश खेर और शिवमणि की होगी प्रस्तुति
देव दीपावली के मद्देनजर राजघाट पर होने वाला गंगा महोत्सव इस बार अस्सी घाट पर होगा। पर्यटन विभाग की ओर से इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। गंगा महोत्सव में इस बार सिंगर कैलाश खेर और ड्रमर शिवमणि की खास प्रस्तुति होगी।
उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत ने बताया कि गंगा महोत्सव का मुख्य आयोजन अस्सी घाट पर होगा। इसमें शामिल होने वाले कलाकारों की सूची जल्द फाइनल कर ली जाएगी। इस बार देव दीपावली पर 12 लाख दीये जलाए जाएंगे। शहर के प्रमुख चौराहों के अलावा सार्वजनिक भवनों को झालर से सजाने की तैयारी की गई है। देव दीपावली के एक दिन पहले दीये और बाती बांट दिए जाएंगे।
कराटे में 31 स्वर्ण के साथ वाराणसी दूसरे स्थान पर
आलोक तिवारी की स्मृति में 9वीं उत्तर प्रदेश स्टेट ओपन कराटे प्रतियोगिता के पहले दिन 32 स्वर्ण के साथ गाजीपुर ने बढ़त बनाई। 31 स्वर्ण के साथ वाराणसी दूसरे स्थान पर रही। मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की प्रतियोगिता में 31 स्कूलों के 437 खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई।
वाराणसी की टीम ने 31 स्वर्ण, 19 रजत और 35 कांस्य के साथ दूसरा, 11 स्वर्ण के साथ मिर्जापुर तीसरा और भदोही की टीम 6 स्वर्ण के साथ चौथे स्थान पर रही। उद्घाटन महापौर अशोक तिवारी ने किया। इस मौके पर संस्था के महासचिव किसलय मानव, महेश गुप्ता, पंकज चतुर्वेदी, श्वेत प्रकाश यादव, विश्वनाथ मौर्या, किरन सिंह, ज्योति सिंह मौजूद रहीं।
मुक्केबाजी में शिएट स्कूल की तीन खिलाड़ियों ने जीता पदक
सीबीएसई क्लस्टर मुक्केबाजी प्रतियोगिता में शिएट पब्लिक स्कूल के तीन खिलाड़ियों ने पदक जीता है। एक से पांच अक्तूबर तक प्रतियोगिता में कृष्ण कुमार यादव और आदित्य गुप्ता ने स्वर्ण जबकि परमेश्वरानंद ने कांस्य पदक जीता है। जीत के साथ खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। शिएट पब्लिक स्कूल 8 से 11 अक्तूबर तक सीबीएसई वॉलीबॉल क्लस्टर की मेजबानी करेगा। इसमें 2500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। लोकसभा सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
डीआरएम ने हॉकी और फुटबॉल खिलाड़ियों का किया सम्मान
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने पुणे में हुई चौथे अंतर विभागीय सीनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया है। वाणिज्य विभाग के हॉकी खिलाड़ी अतुलदीप ने भारतीय रेल के सदस्य के रूप में खेलते हुए रजत जीता है। उधर, 79वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे प्रतियोगिता में विद्युत विभाग में कार्यरत फुटबॉल खिलाड़ी मो. कमालुद्दीन खान ने पूर्वोत्तर रेलवे की कप्तानी कर कांस्य जीता।
मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को बधाई दी। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) राजेश कुमार सिंह, बलेंद्र पाल, सतीश नारायण सिंह, अशोक कुमार मौजूद रहे।
बरेका में रेलवे ट्रैक और कार्यालयों की हुई सफाई
बरेका में सफाई अभियान के तहत पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने सोमवार कोे रेलवे ट्रैक और कार्यालयों में साफ-सफाई की। बरेका में उप मुख्य इंजीनियर साकेत और संरक्षा अधिकारी एसबी पटेल के नेतृत्व में कारखाने के अंदर रेलवे ट्रैक की सफाई की गई। इसके साथ ही योजना एवं प्रगति विभाग के कार्यालय में पुराने रिकार्ड्स, अनुपयोगी सामान और फर्नीचर को हटाते हुए एक स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
तहमीम बनीं पूर्वांचल की स्ट्रांग महिला और किशन स्ट्रांग मैन
पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता में पूर्वांचल की स्ट्रांग महिला का खिताब सुल्तानपुर की तहमीम जहरा ने 262 किलो उठाकर जीता। स्ट्रांग मैन ऑफ पूर्वांचल का खिताब वाराणसी के किशन तिवारी ने जीता। किशन ने 575 किलो वजन उठाया। बेंच प्रेस में स्ट्रांग मैन ऑफ वाराणसी का खिताब वाराणसी के संजय वाल्मीकि ने जीता।
संजय ने 167.5 किलो में दम दिखाया। प्रतियोगिता में वाराणसी, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, प्रयागराज, मउ, गाजीपुर, गोरखपुर, सुल्तानपुर, जौनपुर, बलिया के 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उद्घाटन महापौर अशोक तिवारी ने किया। इस मौके पर चंचल सान्याल, मुकद्दर अंसारी, विनोद, एजाज खान मौजूद रहे।
वाराणसी होकर गुजरेंगी पांच जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें
जम्मू, मुंबई, चंडीगढ़ और दिल्ली से वाराणसी के बीच पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। 24 अक्तूबर से यह ट्रेनें शुरू होंगी, जो नवंबर तक चलेंगी। 04623/04624 वाराणसी-कटड़ा स्पेशल छह अक्तूबर से 19 नवंबर तक, 04079/04080 बनारस-दिल्ली स्पेशल ट्रेन 24 अक्तूबर से 17 नवंबर तक, 04529/04530 वाराणसी-भटिंडा स्पेशल ट्रेन 25 अक्तूबर से 16 नवंबर तक, 04211/04212 वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन 26 अक्तूबर से 17 नवंबर तक और 01053/01054 बनारस-एलटीटी स्पेशल 30 अक्तूबर से 7 नवंबर तक संचालित होंगी।
राज्यस्तरीय कराटे में खेलेंगे 450 खिलाड़ी
द सोतोकन स्पोर्ट्स कराते फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 16वां एसएसकेएफआई प्रादेशिक प्रतियोगिता 26 से 27 अक्तबूर को सारनाथ में होगी। इसमें प्रदेश के आठ जिलों के 450 खिलाड़ी खेलेंगे। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक सारनाथ में हुई। खिलाड़ियों के पंजीकरण, रूम अरेंजमेंट, टेक्निकल, रेफरी, पदक वितरण पर चर्चा हुई। प्रतियोगिता एशिया कराटे फेडरेशन के रेफरी की देखरेख में होगी। धन्यवाद दिनेश भारद्वाज ने दिया।
वाराणसी मंडल की सब-जूनियर बालक कबड्डी टीम को गोल्ड
सब जूनियर अंतर मंडलीय राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता स्पोर्ट्स स्टेडियम सहारनपुर में खेली गई। फाइनल में वाराणसी मंडल की बालक टीम ने अमेठी छात्रावास को 37-29 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। कोच शिखा सिंह ने बताया कि इससे पहले वाराणसी की टीम ने अयोध्या को 45-22 से, बस्ती मंडल को 43-29 से, विंध्याचल मंडल को 46-25 से हराया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह, यूपी कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव राजेश कुमार सिंह, जयशंकर पांडेय, दशरथ पाल और विनय सिंह ने बधाई दी है।
प्रदेश में बढ़ते अपराध और एनकाउंटर के खिलाफ कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
प्रदेश में बढ़ते अपराध और एनकाउंटर के खिलाफ कांग्रेस ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल आउटरिच विभाग के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जिलाध्यक्ष डॉ. नवरत्न सिंह के नेतृत्व में नौ सूत्रीय ज्ञापन दिया गया। इसमें प्रदेश में हो रहे अपराध, अवैध एनकाउंटर व शोषण के विरुद्ध जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ता जा रहा है। अवैध एनकाउंटर किए जा रहे हैं। कांग्रेस किसी हाल में इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान मोहम्मद आदिल, एडवोकेट राजकुमार, यशरत्नम, प्रदीप, राहुल उपस्थित रहे।
श्रद्धा-भक्ति, स्वच्छता और हरियाली ही प्रकृति मां की पूजा : रेशमा श्रीवास्तव
जनपद में चहुंओर श्रद्धा और भक्ति का पावन पर्व शारदीय नवरात्र धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस महापर्व पर वन एवं पर्यावरण समिति की सदस्य रेशमा श्रीवास्तव ने पांडेयपुर स्थित अपने आवास पर मां का पूजन किया। कहा कि देवी की आराधना के साथ हम सभी वातावरण को स्वच्छ रखें। साथ ही जहां सम्भव हो पौयरोपण अवश्य करें। यह हमारी प्रकृति और आदिशक्ति देवी के प्रति सच्ची श्रद्धा होगी।
उन्होंने कहा कि हम सभी वन एवं पर्यावरण के विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। पूजन में भाजपा नेता सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, विदिशा सिंह, अदिति श्रीवास्तव, अक्षिता, बृजबाला सेठ, अर्चना, भावना पांडे, निशा दीक्षित, दीक्षा, रेखा, शांति, अंजला, रिंकी, आंचल मौर्या, अदिति वर्मा आदि लोग उपस्थित थे।
ई-केवाईसी नहीं कराई तो मुफ्त सिलिंडर भूल जाएं
दिवाली से पहले 35 हजार उज्ज्वला लाभार्थियों ने अपना ई-केवाईसी नहीं कराया तो मुफ्त रसोई गैस सिलिंडर लेना भूल जाए। 31 अक्तूबर से पहले लाभार्थियों को अपना ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। गैस कंपनियों की ओर से एजेंसी संचालक भी डोर-टू-डोर लाभार्थियों का ई-केवाईसी करवा रहे हैं। वहीं, जिन लाभार्थियों ने अपने पते, मोबाइल नंबर बदल दिए, उन्हें ढूंढ़ने में एजेंसी संचालकों को खासी मुसीबतें झेलनी पड़ रही हैं।
दिवाली और होली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को एक-एक मुफ्त सिलिंडर देने की घोषणा शासन ने की है। इसमें सिलिंडर लेने वाले लाभार्थी के बैंक खाते में केंद्र सरकार 350 रुपये और प्रदेश सरकार 615 रुपये भेजेगी। यही पैसा देकर लाभार्थी रसोई सिलिंडर ले सकेंगी। जिले में 2.36 लाख उज्ज्वला लाभार्थी हैं। अब तक 35 हजार लाभार्थियों ने ई-केवाईसी नहीं कराई है।
इस कारण नेशनल पेमेंट कारपोरेशन आफ इंडिया (एनपीसीआई) की वेबसाइट पर लाभार्थी के बैंक खाते से जुड़ी सूचना नहीं दर्ज हो सकी है। एनपीसीआई के जरिये ही लाभार्थियों के बैंक खाते में सब्सिडी की राशि भेजी जाती है। वाराणसी एलपीजी वितरक संघ के अध्यक्ष कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिन लाभार्थियों ने अपने पते, मोबाइल नंबर बदल लिए हैं, उन्हें ढूंढ़ने में दिक्कत हो रही है। इन लाभार्थियों को 31 अक्तूबर पर ई-केवाईसी कराना है।
बीस अभ्यार्थियों को मिला रोजगार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से सोमवार को बड़ागांव ब्लॉक में रोजगार मेला लगा। एक कंपनी ने 20 अभ्यर्थियों को गार्ड की नौकरी दी। इन्हें 14 अक्तूबर से जौनपुर में एक महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इन्हें 13500 से 22000 तक सैलरी मिलेगी। वहीं, आराजीलाइन में 8 अक्तूबर, चिरईगांव में 9 अक्तूबर, चोलापुर में 10 अक्तूबर, विद्यापीठ में 16 अक्तूबर, हरहुआ में 17 अक्तूबर, सेवापुरी में 18 अक्तूबर, पिंडरा में 19 अक्तूबर को शिविर लगेगा। सुपरवाइजर और अधिकारी के लिए इंटर और बीए पास होना जरूरी है।
डांडिया की खनक पर थिरके युवा
नवरात्र पर बरनवाल सेवा समिति, बरनवाल महिला समिति और नवयुवक संघ की ओर से डांडिया महोत्सव का आयोजन सिगरा स्थित लाून में किया गया। यहां महिलाओं और युवतियों ने डांडिया नृत्य के साथ मां दुर्गा की आराधना की। युवाओं की टोलियां डांडिया की खनक पर जमकर थिरकीं। मां दुर्गा की पूजा के बाद युवतियों ने गणेश वंदना और दुर्गा स्तुति की।
महिला शाखा की अध्यक्ष सुषमा कौशिक ने कहा कि मां दुर्गा ने आसुरी शक्तियों का नाश कर धर्म की स्थापना की थी। बेटियां अपने को कमजोर या अबला न समझें और हर परिस्थिति का डटकर सामना करें। इस मौके पर नीतू बरनवाल, रंजना, अमृता, अंजू, विनोद बरनवाल, नवीन, राजेंद्र बरनवाल आदि रहे।
बुनकरों के मांग के अनुरूप मिलेगी बिजली: दानिश आजाद अंसारी
प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सोमवार को सर्किट हाउस में हथकरया एवं वस्त्रोद्योग विभाग परिक्षेत्र हथकरघा एवं पावरलूम बुनकरों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी पावरलूम फ्लैट रेट विद्युत योजना के तहत बुनकरों की मांगग के अनुरूप विद्युत देने की तैयारी चल रही है। शीघ्र ही उनको यह सुविधा दी जाएगी।
मंत्री ने जिले व मंडल स्तर पर योजनाओं के तहत दिए गए लाभ के बारे में जानकारी ली। सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अरुण कुमार कुरील ने ब्लाक स्तरीय क्लस्टर विकास योजना, बुनकरों के लिए कार्यशाला निर्माण, हथकरघा, जैकार्ड, लाइटिंग यूनिट एवं उपकरण आदि दिए जाने के बारे में विस्तार से बताया।
साथ ही रियायती ऋण/बुनकर मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग योजना, विद्युत सब्सिडी योजना, विद्युत कनेक्शन धारक पावरलूम योजना मुख्यमंत्री हैण्डलूम एवं पावरलूम विकास योजना, संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार आदि के बारे में मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया।
पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ
कैंट प्रधान डाक घर स्थित पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभांरभ हुआ। इस दौरान मेल और पार्सल दिवस पर ग्राहकों के साथ बैठक का भी आयोजन किया गया।
पीएमजी कर्नल विनोद कुमार ने बताया कि 7 से 11 अक्तूबर तक पूरे सप्ताह विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा। डाकघर निर्यात केंद्र की सुविधाओं के बारे में बताते हुए कर्नल विनोद ने कहा कि डाक विभाग नई तकनीकों का प्रयोग करते हुए डाकघर निर्यात केंद्रों से विदेशों में डाक, पार्सल आदि को भेजना आसान तथा पारदर्शी बना रहा है। इस अवसर पर सहायक निदेशक प्रथम भोला साह, सहायक निदेशक द्वितीय एमएम हुसैन, सहायक अधीक्षक पल्लवी मिश्रा, विवेक, आनंद प्रधान आदि लोग उपस्थित रहे।
गौरैया के संरक्षण की दी जानकारी
वन्य जीव प्राणी सप्ताह का सोमवार को सारनाथ में समापन हुआ। इस दौरान सारनाथ मिनी जू व डियर पार्क में वन प्रभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। वाद-विवाद प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और योग नृत्य के माध्यम से स्कूली बच्चों को वन्य जीवों और वृक्षों की सुरक्षा हेतु जागरुक किया गया। प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।
वन्य जीव प्रदर्शनी में मेरी प्यारी गौरैया सोसाइटी द्वारा गौरैया के घोसलों का निशुल्क वितरण किया गया। उनको बचाए जाने की तकनीकी भी बताई। वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह ने नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत जलज केंद्र सारनाथ चिड़िया घर का शिलान्यास किया।
ये सारनाथ चिड़िया घर का अपना स्वयं का केंद्र होगा। शिकारियों से जब्त किए प्रतिबंधित पक्षी जैसे लालमुनिया व तोते को छोड़ा गया। अति विशिष्ट अतिथि सीईओ कैंट सत्यम मोहन, प्रभागीय वनाधिकारी स्वाती और उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार मौजूद रहे।
बीएचयू के रेजिडेंट डॉ. अमित को मिला स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय ट्रॉमा बैठक ओटीटीस्कॉन 2024 में आर्थोपेडिक्स के क्षेत्र में बेहतर रिसर्च पेपर के लिए बीएचयू के आर्थाेपेडिक रेजिडेंट डॉ. अमृत को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। इनके अलावा डॉ. अंशुल को उत्कृष्ट शोध पेपर प्रेजेंटेशन के लिए रजत पदक मिला। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय हड्डी रोग विभाग के प्रो. अजीत सिंह और डॉ. संजय यादव को दिया है।
यूपी कॉलेज में छात्रों ने निकाला मार्च, प्रिसिंपल को दिया ज्ञापन, छात्रसंघ चुनाव की मांग
बीएचयू और यूपी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बीएचयू में छात्रों को सेंट्रल ऑफिस में नहीं घुसने दिया गया। इससे नाराज छात्र धरने पर बैठ गए। छात्रों और गार्डों के बीच बहसबाजी हुई। प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम की मौजूदगी में छात्रों ने नारेबाजी की। छात्र रजिस्ट्रार को ज्ञापन देने पहुंचे थे, सुरक्षागार्ड ने उन्हें बाहर ही रोक लिया।
आग बबूला छात्रों ने सेंट्रल ऑफिस का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। छात्र अभय सिंह और अनुराग शुक्ला ने कहा कि पीएचडी परीक्षा से आरईटी हटाना अनुचित है। इसके साथ ही छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग की। यूपी कॉलेज में 100 छात्रों ने जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मांगों का ज्ञापन लेकर भोजूबीर मार्केट में मार्च निकाला। छात्र नारेबाजी करते हुए प्रशासनिक भवन और प्रिंसिपल ऑफिस पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
रोजगार मेले का आयोजन 8 अक्तूबर को
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में 8 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से रोजगार मेले का आयोजन होगा। प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि आठ कंपनियों द्वारा 200 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी एक कंपनी को बुलाया जाएगा, जिसमें 20 का चयन होगा।
रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष की उम्र के हाई स्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, होटल मैनेजमेंट में उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अपना शैक्षणिक प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य है। अभ्यर्थी rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।
90 प्रतिभागियों ने बूगी वूगी में दिखाई नृत्य की प्रतिभा
खत्री हितकारिणी सभा की महिला व युवा शाखा की ओर से आयोजित विजयोत्सव कार्यक्रम में बूगी वूगी बॉलीवुड डांस प्रतियोगिता हुई। इसमें हर उम्र के लोगों ने अपनी नृत्य प्रतिभा दिखाई। छह वर्ष से 40 वर्ष तक के 90 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मुख्य अतिथि डॉ. अश्विनी टंडन ने सभी प्रतिभावानों को बधाई दी। कहा कि प्रतिमा सबमें होती है। जरूरत है उसे निखारने की।
अध्यक्ष दीपक बहल ने बताया कि इस प्रतियोगिता का फाइनल राउंड 12 अक्तूबर को सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज सुड़िया में होगा। संचालन गोपाल जी सेठ ने किया। इस मौके पर मनीष तलवार, हनीश कपूर, नीतू कपूर, वंदना मेहरोत्रा, चांदनी खन्ना, तृप्ति कपूर आदि रहीं।
बेहतर मानसिक स्वास्थ्य की विद्यार्थियों ने जानी बारीकियां
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता सप्ताह के तहत ओपन माइक, संवाद सत्र, ध्यान गतिविधि, कला व संगीत के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के बारे में बताया गया।
विद्यार्थी कल्याण प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार से आए विशिष्ट वक्ता डॉ. दास अंबिका भारती ने बताया कि पढ़ाई के साथ अन्य शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के तनाव कम होता है। स्टूडेंट काउंसलर और क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक काउंसलर ने भी तनाव प्रबंधन की जानकारी दी। सह-छात्र अधिष्ठाता (विद्यार्थी विकास) प्रो. निशात अफरोज ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कला उद्यमी बनकर ही सीख सकते हैं पैसे कमाने का हुनर
बीएचयू के विजुअल आर्ट्स विभाग में बीएफए के पहले सेमेस्टर के छात्रों का दीक्षारंभ हुआ। सोमवार को सेमिनार में रजत मोहन पाठक ने कहा कि कला को बाजार से जोड़ना होगा। हम लोग कला उद्यमी नहीं बन पाए तो कला को कभी सींच नहीं पाएंगे। कहा कि एक अच्छा आर्टिस्ट अपनी कला से प्रेम करता है। कला में अपनी भावनाओं और विचारों को उतारता है।
लेबनान से आए अतिथि प्रो. चाऊके फ्रेन ने कहा कि आर्ट को बिजनेस की ओर लेकर जाना होगा। इसी से कला और कला प्रेमियों दोनों का विकास होगा। कार्यक्रम में फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट की डीन डॉ. उत्तमा दीक्षित और स्टूडेंट एडवाइजर सुरेश के नायर मौजूद रहे।
सामान्य ज्ञान में सोनम अव्वल
सत्या फाउंडेशन की ओर से सोमवार को चौबेपुर के मुनारी फील्ड बाबा बालक दास परिसर में सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिता हुई। समाजसेवी अवनीश यादव सत्या ने सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कार किया। सोनम यादव प्रथम, आदर्श श्रीवास्तव द्वितीय, अदिति सोनकर तृतीय, विकेश कुमार चौथे स्थान पर रहे।
बीएचयू में मॉपअप राउंड के बाद दाखिले का दोबारा मौका, 9 अक्तूबर तक जमा होगी फीस
बीएचयू में मॉपअप राउंड के बाद स्नातक में प्रवेश के लिए कल तक फीस जमा होगी। पहले राउंड में चयनित अभ्यर्थियों को भी विश्वविद्यालय की ओर से सूचना दे दी गई है। मेन कैंपस, वसंता कॉलेज, डीएवी, महिला महाविद्यालय, आर्य महिला पीजी कॉलेज समेत सभी फैकल्टी के अलग-अलग कोर्स के कटऑफ जारी कर दिए गए हैं। 14 पन्नों में इसकी सूची समर्थ पोर्टल पर जारी कर दी गई है। पीडीएफ डाउनलोड कर अभ्यर्थी अंकों की जांच कर सकते हैं।
बीएचयू की ओर से बताया गया है कि 9 अक्तूबर की रात 11 बजकर 59 मिनट के बाद एडमिशन फीस जमा नहीं होगी। मॉपअप राउंड में चयन होने के बाद यदि किसी ने फीस जमा नहीं की तो फिर उस अभ्यर्थी को आवंटित सीट रद्द कर दी जाएगी। दूसरे किसी भी राउंड में उन अभ्यर्थियों को नहीं लिया जाएगा। बीएचयू की ओर से सूचना जारी कर बताया गया है कि बिना विलंब तत्काल फीस जमा करें। अंतिम समय में फीस जमा करने में देर होने पर अभ्यर्थियों को बेवजह तनाव होता है।
रेशम रत्न सम्मान के लिए 10 तक करें आवेदन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान से जिले के रेशम उत्पादकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्तूबर है। उप निदेशक रेशम नागेंद्र राय ने बताया कि रेशम उत्पादन और संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले उत्पादकों को पं. दीनदयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान मिलेगा। यह सम्मान आठ अलग-अलग श्रेणियों में दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन रेशम निदेशालय की वेबसाइट sericulture.up.gov.in और रेशम मित्र पोर्टल reshammitraup.in पर कर सकते हैं।
गाजियाबाद-वाराणसी त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन रद्द
रेलवे ने गाजियाबाद-वाराणसी के बीच आठ-आठ फेरों के लिए चलाई गई त्योहार विशेष ट्रेन को निरस्त कर दिया है। इस ट्रेन का संचालन 8 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को किया जाना था। रेलवे त्योहार के सीजन में बरेली होते हुए अप-डाउन 52 त्योहार विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर चुका है। इनमें 12 ट्रेनों को वाया चंदौसी-कैंट-रामगंगा के रास्ते चलाया जाएगा। शेष ट्रेनों को जंक्शन पर ठहराव दिया गया है।
05047 वाराणसी-गाजियाबाद त्योहार विशेष ट्रेन आठ अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और 05048 गाजियाबाद-वाराणसी त्योहार विशेष ट्रेन नौ अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलाई जानी थी। इस ट्रेन में टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई थी। संचालन शुरू होने से एक दिन पहले इस ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है।
मेरे दिल का इलाज मत कीजे, दर्द ही दर्द है दवाओं में...
प्रख्यात शायर दिल खैराबादी ने कहा कि तेरी सोच है जहां से, मैं वहां से सोचता हूं, मेरी इब्तेदा से आगे, तेरी इंतेहा नहीं है...। मुस्कुराता रहूं बलाओं में, याद करती है मां दुआओं में, मेरे दिल का इलाज मत कीजे, दर्द ही दर्द है दवाओं में...। सोमवार को बड़ी बाजार में सामाजिक संस्था सुल्तान क्लब की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में शायरी पेश कर रहे थे।
शायर अलीम खैराबादी ने सुनाया, मुखालफीन हवाओं के कान भरते हैं, हमें चिराग के बारे में सोचना होगा...। दोनों शायरों के वाराणसी आगमन पर क्लब की ओर से स्वागत समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर डॉ. एहतेशामुल हक ने कहा कि दिल खैराबादी हिंदुस्तान ही नहीं बल्कि देश के कोने-कोने में जाकर गीत, गजल और नात के जरिये लाखों लोगों को अपनी जादुई आवाज से महफिल में चार चांद लगाते हैं।
मऊ के खैराबाद के रहने वाले उस्ताद शायर अलीम खैराबादी अपनी गजलों से लोगों का दिल जीत लिया करते हैं। इस अवसर पर महबूब आलम, शमीम रियाज, हाफिज मुनीर, शकील अंसारी, इरफानुल हक थे।
लायंस क्लब ने बांटे पांच हजार कपड़े के थैले
लायंस क्लब काशी ने सिगरा स्थित सब्जी मंडी में सेवा सप्ताह के तहत पांच हजार कपड़े के थैले बांटे। साथ ही पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने की अपील की गई। अध्यक्ष असीम वर्मा ने कहा कि दुकानदारों से अपील की गई कि वो प्लास्टिक के थैलों का इस्तेमाल न करें। ग्राहकों को भी कपड़े के झोले में सामान लेने के लिए मुख्य अतिथि अनिल वर्मा रहे। इस मौके पर पंकज मौर्या, वीपी श्रीवास्तव, प्रमोद सिंह, संजय बरनवाल, नितिन अग्रवाल, पवन वर्मा, अरविंद कुमार मौजूद रहे।
सीएचसी सारनाथ में शुरू हुई फिजियोथेरेपी की ओपीडी
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारनाथ में फिजियोथेरेपी ओपीडी की शुरूआत हो गई है। यहां व्यायाम के साथ-साथ इलेक्ट्रोथेरेपी मशीन से बुजुर्ग मरीजों का उपचार किया जा रहा है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आयुक्त सभागार से इसका उद्घाटन किया था। ओपीडी की खासियत यह है कि यहां मरीजों को व्यायाम भी करवाया जा रहा है।
सोसाइटी ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ओरिएंटेड ऑपरेशनल लिंक्स संगठन की ओर से संचालित फिजियोथेरपी ओपीडी के बारे में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिमन्यु सिंह ने बताया कि 60 से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों का इलाज ओपीडी में होता है। मरीजों को घर से ले जाने के लिए एंबुलेंस की सेवाएं भी दी जा रही हैं।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. देवांशु राय ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर इलेक्ट्रोथेरेपी मशीन से गठिया, गर्दन दर्द, पीठ दर्द, साइटिका, कंधे का दर्द, तंत्रिका संपीड़न, जोड़ों की पुरानी समस्याओं का इलाज किया जाता है। मांसपेशियों के लिए अलग-अलग व्यायाम भी करवाए जाते हैं। हर दिन 20 से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है। अब तक 135 मरीजों की ओपीडी हो चुकी है। इसमें 74 को फिजियोथेरेपी का लाभ मिल चुका है।
संत मोरारी बापू ने मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार की संवेदना राशि भेजी
संत मोरारी बापू ने कछवां के समीप हादसे में 10 श्रमिकों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रत्येक परिवार को 15-15 हजार रुपये की संवेदना राशि भिजवाई है। उल्लेखनीय है कि मोरारी बापू देश में कहीं भी इस प्रकार की दुर्घटना होती है तो वह लोगों की हर संभव मदद करते हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को असह्य पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए महादेव से प्रार्थना की है।
सेवा तभी वरदान साबित होती है जब उसमें किंतु, परंतु ना हो
सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज ने कहा कि सेवा करते समय सेवा को भेदभाव की दृष्टि से नहीं देखना चाहिए। सेवा हमेशा निष्काम भाव से ही की जानी चाहिए। सेवा तभी वरदान साबित होती है जब उसमें कोई किंतु, परंतु नहीं होता। उसकी कोई समय सीमा नहीं होनी चाहिए। यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। वह सोमवार को हरियाणा के समालखा में होने वाले 77वें वार्षिक निरंकारी संत समागम को संबोधित कर रही थीं।
विशाल सत्संग को संबोधित करते हुए सतगुरु माता ने कहा कि सेवा सदैव सेवा भाव से युक्त होकर ही करनी चाहिए फिर चाहे हम शारीरिक रूप से अक्षम हों या असमर्थ। सेवा परवान होती है क्योंकि वह सेवा भावना से युक्त होती है। संत समागम में काशी से भी भक्तों की टोली पहुंची है।
जनपदीय योगासन प्रतियोगिता में योग करेंगे दस जोन के खिलाड़ी
बालक वर्ग की माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय योगासन प्रतियोगिता बंगाली टोला इंटर कॉलेज में होगी। प्रधानाचार्य बृजेश मणि पांडेय ने बताया कि जनपदीय प्रतियोगिता में दस जोन के खिलाड़ी खेलेंगे। प्रतियोगियों को यू-डायस कोर्ड और प्रमाणपत्र के साथ शामिल होना होगा।
कार्यकर्ताओं ने मनाया प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का जन्मदिन पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सिंधोरा स्थित दुर्गा माता मंदिर पर सोमवार को सायंकाल में मनाया। इस दौरान उनके तैल चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर केक काटा और उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान महेश मोदनवाल, राजेश साहू, सुभाष सेठ, श्यामबाबू सिंह, राजदेव राजभर आदि लोग उपस्थित रहे।
इंदौर में आईआईटी बीएचयू ने 14 मेडल जीते
आईआईटी बीएचयू ने आईआईटी इंदौर में हो रही 38वें इंटर आईआईटी एक्वेटिक्स मीट में 14 मेडल जीते। आईआईटी कानपुर के खेल महोत्सव उदघोष 2024 में आईआईटी बीएचयू की छात्रा भूमिका ने 50 मीटर फ्री स्टाइल तैराकी में ब्रॉन्ज मेडल, 50 और 100 मीटर बटरफ्लाई में सिल्वर जीता। आदित्य ने 1500 मीटर फ्री स्टाइल में ब्रॉन्ज और 100 मीटर बटरफ्लाई में सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। वर्धन पोपली को 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में चौथा स्थान मिला।
टीम ने मार्च पास्ट में दूसरा स्थान हासिल किया। शिवेंद्र प्रताप ने शॉट पुट में आईआईटी बीएचयू को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। मोती लाल को हाई जंप में गोल्ड मिला। एथलेटिक्स टीम ने हाई जंप में सिल्वर और डिस्कस थ्रो में गोल्ड जीता। मिक्स्ड रिले टीम ने ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। क्रिकेट, हॉकी और पुरुष टेबल टेनिस में टीमों ने ब्रॉन्ज जीता। पुरुष वॉलीबॉल टीम ने सिल्वर जीता। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने छात्रों को बधाई दी।
होटल में ठहरी युवतियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़, कपड़े जलाने की धमकी
लक्सा थाना क्षेत्र की रंगवर्षा गली स्थित सूर्योदय होटल में कमरा लेकर ठहरी दो युवतियों के कमरे में घुस कर दो युवकों ने मारपीट की। दोनों युवकों ने युवतियों का कपड़ा जलाने की धमकी दी। इसके साथ ही दोनों ने उनका फोन तोड़ दिया। घटना के संबंध में लक्सा थाने में गाजीपुर के महुआबाग निवासी आदित्य नाथ त्रिपाठी और उसके दोस्त रौजा निवासी अतुल गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गाजीपुर के तुलसी सागर, ब्रह्मकुमारी आश्रम की रहने वाली युवती ने बताया कि वह गत पांच अक्तूबर की सुबह अपनी सहेली के साथ होटल में आई। छह अक्तूबर को आदित्य नाथ त्रिपाठी अपने दोस्त अतुल गुप्ता के साथ उसके कमरे के बाहर आया और कहा कि रूम सर्विस वाला हूं। दरवाजा खोल दीजिए। उसने दरवाजा नहीं खोला तो आदित्य ने इतनी जोर से लात मारी कि कुंडी टूट गई। इसके बाद उन दोनों ने हम दोनों के साथ मारपीट की और कपड़े जलाने की धमकी दी।
इसके बाद सात अक्तूबर को आदित्य ने फोन कर कहा कि हम माफी मांगने आ रहे हैं। कमरे में आते ही उसने उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद फिर मारपीट कर कमरे में तोड़फोड़ किया। शोर सुनकर होटल स्टाफ जब तक आते तब तक आरोपी भाग गए थे। युवती ने बताया कि अब उसकी सहेली को फोन कर आदित्य धमकी दे रहा है।
चोरी के आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
फूलपुर थाने क्षेत्र के रामपुर गांव में रविवार की रात चोरी के आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा और पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा। रामपुर गांव में रमेश पांडेय के घर में घुसे चोर का आहट सुनकर बेटी चंचल ने फोन पर पिता और आसपास के लोगों को सूचना दी। इस पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और पुलिस को सुपुर्द किया।
अनियंत्रित टेलर ने ट्रक में मारी टक्कर, चालक समेत दो घायल
जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव के सामने रिंग रोड फेज 2 पर अनियंत्रित ट्रेलर ने रविवार की रात डिवाइडर के पार कर ट्रक को टक्कर मारी। हादसे में ट्रेलर चालक और खलासी घायल हो गए।इस बीच काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
मनबढ़ ने पूर्व ग्राम प्रधान को पीटा, केस दर्ज
कपसेठी थाने क्षेत्र के भिटकुरी गांव में रविवार की देर शाम पूर्व ग्राम प्रधान की मनबढ़ ने पिटाई कर दी। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित पूर्व ग्राम प्रधान कुंवर प्रताप सिंह उर्फ बच्चा सिंह के अनुसार वर्तमान में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहे हैं।
मकान कब्जा को लेकर दो पक्षों में मारपीट
सारनाथ के अकथा पहाड़िया में मकान कब्जा को लेकर सोमवार की शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक लोगों को हिरासत में ले लिया। अकथा निवासी संतोष गुप्ता के अनुसार उनकी नान खटाई की दुकान है। इस पर कब्जा की नीयत से संतोष राय 20 से 25 युवकों के साथ घुस आया। विरोध पर मारपीट की। मकान पर स्टे है। उधर, अर्दली बाजार निवासी संतोष राय के अनुसार मकान की रजिस्ट्री करवाई है, जिस पर मेरा हक है।
व्यापार मण्डल ने सफाई कर्मियों का किया सम्मान
स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत अभियान के तहत सोमवार को व्यापार मंडल फूलपुर के तत्वाधान में चौरा माता मंदिर में सफाई कर्मियों का सम्मान किया गया। जितेंद्र जायसवाल सपालू, मल्लू विश्वकर्मा, सोनू सेठ, विक्की गोंड, ऋषभ समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
काशी सेवा शोध समिति का प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल से मिलकर लौटा
काशी सेवा शोध समिति ने रविवार को महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलकर संस्था द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। संस्था के सचिव डॉ. टीपी सिंह राज भवन की ओर से मिले निमंत्रण के बाद प्रतिनिधिमंडल के साथ राजभवन लखनऊ गए थे। उनके साथ शिक्षक, किसान और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले स्वयंसेवक भी प्रतिनिधि मंडल में शामिल रहे।
महामहिम ने समिति की और समिति के सदस्यों की सराहना की। भविष्य में इस भी इसी तरह के कार्यक्रम संचालित करते रहने की सलाह देते हुए संस्था को शुभकामनाएं दी। प्रतिनिधिमंडल में नीरज पांडेय, अवधेश पटेल, अश्वनी मिश्रा, दृष्टि मिश्रा, चंदन सिंह रहे।
बालविवाह की कुप्रथा से बचाई गई बेटियां हुई सम्मानित
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज- 5 के विशेष अभियान के तहत सोमवार को दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में बालविवाह की कुप्रथा से बचाई गई बेटियों को सम्मानित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम प्रकाश गुप्ता ने बालिकाओं के शिक्षा,स्वास्थ्य एवं उनकी सुरक्षा के लिए सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए सभी को इसके लिए जागरूक करते रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से बाल विवाह जैसे कुप्रथा को रोकने के लिए आगे आने का आह्वान। इस दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटियों को मोमेंटो, घड़ी देखकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर से केंद्र प्रभारी रश्मि दुबे, संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह, मनोसामाजिक परामर्शदाता खुशबू सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
कल क्वींस कॉलेज में 16 मुद्दों पर होगी प्रधानाचार्यों की बैठक
राजकीय क्वींस कॉलेज में कल सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की बैठक बुलाई गई है। सुबह 11 बजे से शिक्षा और समाज से जुड़ी कई योजनाओं के क्रियान्वयन पर संवाद होगा। बैठक में 16 प्रस्तावों पर मुहर लगाई जाएगी। बैठक में कक्षावार और वर्गवार छात्रों की संख्या, परिषद द्वारा संचालित परीक्षा में भुगतान की स्थिति, खेलकूद, काशी सांसद प्रतियोगिता, कन्या सुमंगला योजना पर बात होगी।