News Update Today in Hindi : जमीन पर कब्जा और 15 लाख की रंगदारी मांगने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। अनुसंधान बिल्डर्स एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्ताधर्ता कमलेश पांडेय ने बताया कि वह शिवपुर में वर्ष 2010 के दौरान कल्लू की जमीन की रजिस्ट्री कराई थी।
कल्लू की मौत के बाद उसके परिजनों ने जमीन पर कब्जा जमाया लिया और खाली करने से इनकार कर रहे हैं। 15 लाख रुपये रंगदारी और हत्या की धमकी दे रहे हैं। पुलिस आयुक्त के आदेश पर आरोपी जीतलाल व दिलीप सोनकर, केशरा देवी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
भेलूपुर में वीडीए ने अवैध निर्माण किया सील
वीडीए की ओर से बुधवार को अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार, भेलूपुर वार्ड में रवींद्रपुरी के सामने अनूप पोद्दार की ओर से बगैर नक्शा पास कराए अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे जोनल अधिकारी संजीव कुमार ने सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया।
प्रतिबंधित पक्षियों के साथ तस्कर गिरफ्तार
वन विभाग की टीम ने बुधवार को प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी करने वाले तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 37 लालमुनिया, दो लाल तोता, दो देसी तोता बरामद किया गया।
वन संरक्षक व क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रवि कुमार सिंह ने बताया सूचना मिली थी कि ब्रह्मा गंगा घाट के पास प्रतिबंधित प्रजातियों के पक्षियों का अवैध व्यापार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर ब्रह्मा गंगा घाट से चंदौली जिले के सिकंदरपुर के रहने वाले रवि आलम को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों को भी बरामद किया गया।
घाटों पर होगा 4 किमी का मेगा स्केच वॉक
बीएचयू 21 और 22 फरवरी को मेगा स्केच वॉक का आयोजना कराएगा। दशाश्वमेध से अस्सी घाट तक 4 किलाेमीटर में 100 से ज्यादा प्रतिभागी लाइव पेंटिंग उकेरेंगे। अस्सी घाट पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। सभी स्केच का डिस्प्ले अस्सी घाट पर होगा। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक घाट पर जो भी एंबियांस दिखेगा, उसी की स्केच उकेरनी है। इस स्केच वर्क में प्रतिभागी पेंसिल, चारकोल, ब्रश, इंक और एक स्केचबुक ही रख सकते हैं। इवेंट के दूसरे दिन बीएचयू के पूर्व छात्र और अमेरिकन गेम यूनिवर्सिटी के प्रो. दिलीप चौबे प्रतिभागियों की मास्टर क्लास लेंगे।
कैंट स्टेशन के पार्सल में 30 साल पुराने दोपहिया वाहन नीलाम
कैंट रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में 30 साल से पड़े 24 दोपहिया वाहन बुधवार को नीलाम हो गए। 1996 से 2020 तक दोपहिया वाहनों की नीलामी में 24 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अधिकतम बोली जैनुद्दीन खान ने 21,240 की लगाई। नीलामी से 94,990 की आय हुई। इसमें वाणिज्य निरीक्षक धनंजय कुमार, निशांत कुमार, मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक अरुण कुमार गुप्ता मौजूद रहे।
बीएचयू में दिव्यांग खेल प्रतियोगिताएं सात से
वाराणसी। बीएचयू में दिव्यांग खेल प्रतियोगिता सात से आठ मार्च को बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में होगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बुधवार को बीएचयू खेल परिषद की ओर से बैठक हुई।
बीएचयू खेल परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के 250 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अबतक 212 खिलाड़ियों ने पंजीकरण करा लिया है। खेल प्रतियोगिता के दौरान ब्लांड चेस, आर्थोचेस, बैडमिंटन, 100 मीटर की दौड़, कैरम, क्रिकेट, शॉटपुट, ट्राईसाइकिल रेस, रंगोली सहित कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
एमएलसी को मातृ शोक
चोलापुर के गोला गांव के मूल निवासी मिर्जापुर के एमएलसी विनीत सिंह की मां का निधन मंगलवार देर रात लखनऊ में पीजीआई अस्पताल में हो गया। एमएलसी की मां मीरा देवी (95) को श्वास संबंधित बीमारी थी। वे अपने पीछे पांच पुत्र व चार पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया।
कोटवा के लोगों ने डीएम से की पुलिस की शिकायत
लोहता के कोटवा गांव में पिछले हफ्ते भैया लाल पटेल की हत्या के बाद धरना प्रदर्शन के मामले में ग्रामीणों पर केस दर्ज किया गया है। इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की और पत्रक सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप था कि थाना प्रभारी निरीक्षक, कोटवां चौकी इंचार्ज विशाल सिंह ने भैया लाल के शव को लावारिस घोषित कर बगैर पंचनामा के पोस्टमार्टम हाउस भेजा। घटना में नामजद लोगों में कुछ को बिना पूछताछ के छोड़ दिया गया। हम लोगों ने न्याय के लिए ऑटो स्टैंड पर धरना दिया तो पुलिस ने केस दर्ज कर दिया।
रेलवे कार्यालय अधीक्षक का मोबाइल छीनकर भागे बाइक सवार
चौबेपुर क्षेत्र के शाहपुर गांव के पास बुधवार शाम अभय नाथ चौबे का मोबाइल छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। थाना क्षेत्र के गिरधरपुर निवासी अभय कैंट रेलवे स्टेशन पर कार्यालय अधीक्षक हैं। वह शाम 6 बजे कैंट स्टेशन से बाइक से घर लौट रहे थे।
बंद मकान को चोरों ने खंगाला
सारनाथ क्षेत्र के छाही गांव में बंद मकान को चोरों ने खंगाल दिया। आभूषण समेत अन्य सामान चोर समेट ले गए। छाही गांव के लीलावती देवी के अनुसार, वह 18 फरवरी को बुआ के घर सिंधौरा में वैवाहिक कार्यक्रम में गई थी। बुधवार सुबह चोरी का पता चला।
किशोरी को अगवा करने के मामले में केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को अगवा करने के मामले में केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सारंग तालाब की किशोरी को अख्तर अली बहला फुसला कर दो दिन पूर्व भगा ले गया। पीड़ित मां की तहरीर पर अख्तर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
काशी के विद्वानों ने सांसद दयानिधि की निंदा, संसद सदस्यता खत्म करने की मांग
श्रीकाशी विद्वत परिषद ने डीएमके के सांसद दयानिधि मारन के लोकसभा में संस्कृत भाषा में अनुवाद के विरोध को लेकर उठाए प्रश्न का कठोर विरोध जताया है। परिषद के अध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी की अध्यक्षता में अस्सी में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संस्कृत भाषा के प्रति दयानिधि मारन के द्वारा इस तरह का विरोध भारतीयों के कष्टदायक है।
संस्कृत को सिर्फ भाषा के रूप में देखना उसकी व्यापकता को संकुचित करने जैसा होगा। जबकि हमारे सभी वेद, पुराण व उपनिषद सभी ग्रंथ संस्कृत भाषा में ही है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के द्वारा संस्कृत भाषा के महत्व को लेकर जो बयान दिया गया, वह सराहनीय है।
परिषद ने दयानिधि मारन के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। साथ राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री सेऐसे सांसदों की संसद सदस्यता खत्म करने की मांग की। परिषद के महसचिव प्रो.रामनारायण द्विवेदी ने कहा कि संस्कृत भाषा तथा पारंपरिक शास्त्रों का संरक्षण, संवर्धन तथा उन्नयन से ही भारत विश्वगुरु के पद पर प्रतिष्ठित हो सकता है।
देश में समतामूलक समाज का निर्माण संस्कृत भाषा से ही संभव है। बैठक में प्रो. गोपबंधु मिश्र, प्रो. रामकिशोर त्रिपाठी, प्रो. विनय कुमार पांडेय, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय, प्रो. सदाशिव द्विवेदी, प्रो. विवेक पांडेय आदि शामिल रहे।
एडवोकेट एक्ट में संशोधन पर आपत्ति करने के लिए कमेटी गठित
अधिवक्ता एक्ट 1961 संशोधन बिल पर आपत्ति के लिए बनारस बार एसोसिएशन की ओर से पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी सरकार के बिल संशोधन पर आपत्ति प्रस्तुत करेगी। बुधवार को बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में अधिवक्ताओं की बैठक हुई।
इसमें अधिवक्ता एक्ट 1961 संशोधन बिल पर विस्तृत चर्चा की गई, जिस पर अधिवक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी ने आपत्ति के संबंध में पांच सदस्यों की एक कमेटी गठित की।
वरिष्ठ अधिवक्ता दीनानाथ सिंह, शिवानंद पांडेय, अवधेश कुशवाह्या, सुरेश श्रीवास्तव वा मुमताज अहमद को इसमें शामिल किया गया। बैठक में शिवानंद पांडेय, अनिल कुमार पाठक, विनोद शुक्ला, पूर्णेन्दु नारायण शुक्ला, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, शैलेंद्र कुमार सिंह आदि रहे। संचालन महामंत्री शशांक कुमार श्रीवास्तव ने किया।
लोहता पुलिस के खिलाफ कोटवां के लोगों ने डीएम को दिया ज्ञापन
लोहता के कोटवां गांव के पचास लोग बुधवार को जिलाधिकारी एस राजलिंगम से मिलकर ज्ञापन दिया। अश्विनी सिंह के नेतृत्व में आरोप लगाया कि बीते 11 फरवरी को भैया लाल पटेल 50 वर्ष की हत्याकर शव को एक सरसों के खेत में रखकर जला दिया गया था। थाना प्रभारी और कोटवां चौकी इंचार्ज शव को लावारिस घोषित कर बगैर पंचनामा के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए। इस घटना में नामजद लोगों में कुछ लोगों को बिना पूछताछ के क्लीन चिट दे दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में पहचान के बाद हम लोग न्याय मिलने के लिए आटो स्टैंड पर धरना दिए तो पुलिस उल्टे निरीह लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसकी जांच पड़ताल किसी सरकारी एजेंसी कराया जाए। ज्ञापन देने वालों रामआसरे पटेल, रामफल, नीतीश पटेल, पूजा पटेल, छोटेलाल आदि शामिल रहे।
मेला ड्यूटी के दौरान दरोगा को आया हार्ट अटैक, भर्ती
वाराणसी कमिश्नरेट से महाकुंभ मेले में आए दरोगा मदनजी यादव को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आ गया। अस्पताल ले जाने पर उनके हृदय की तीन नसों में ब्लॉकेज की बात सामने आई है। गुरुवार को उनकी बाईपास सर्जरी होनी है। वर्तमान में एमजी मार्ग थाने में तैनात एसआई की मूल तैनाती वाराणसी कमिश्नरेट के वरुणा जाेन के शिवपुर थाने में है।
वह मेला ड्यूटी के लिए दो महीने से महाकुंभ में हैं। नौ फरवरी को एमजी मार्ग बैरियर प्वाइंट पर ड्यूटी के दौरान ही सीने में तेज दर्द होने पर उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बेटे ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी बाईपास सर्जरी होनी है।
औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा तापमान, गर्मी का अहसास
पिछले तीन-चार दिन से दिन में तेज धूप और हवा न चलने से गर्मी का अहसास होने लगा है। अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। इधर बुधवार को भी सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप भी अन्य दिनों से थोड़ी तेज रही। शाम के बाद भी हवा नहीं चली।
इसका असर यह रहा कि रात में भी लोगों ने गर्मी महसूस की। बुधवार को अधिकतम तापमान औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक होकर 29.5 रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 14.3 पहुंच गया जो कि औसत से 1.7 अधिक रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिन बाद मौसम के बदलने के आसार हैं। इस वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
बॉन्ड जारी करने के लिए सेबी को भेज रहे दस्तावेज
नगर निगम बॉन्ड मार्च तक जारी होने की उम्मीद है। इसके लिए सेबी में दस्तावेज भेजे जा रहे हैं। इसी आधार पर बॉन्ड को स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट करने की अनुमति मिलेगी। लेखा से जुड़े अधिकारियों के अनुसार बीते तीन साल की बैलेंस शीट के अलावा कई कागज सेबी को भेज जा रहे हैं। सेबी की ओर से नियमों की कसौटी पर परखा जाता है। इसके बाद ही बाजार से पैसा उठाने की अनुमति दी जाएगी।
मार्च से शुरू होने वाले बॉन्ड के लिए नगर निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। पहले चरण में 50 करोड़ के बॉन्ड जारी किए जाएंगे। दो योजनाओं के लिए 25-25 करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी होगा। सिगरा स्टेडियम के पास भूमिगत पार्किंग, व्यावसायिक बाजार व होटल का निर्माण कार्य कराया जाएगा। लहुराबीर से कबीरचौरा रोड पर बने पशु चिकित्सालय में ढाई एकड़ में व्यावसायिक भवन बनाया जाएगा।
हाइवे पर डबल डेकर बनाकर चल रहे वाहनों की जांच
महाकुंभ के दौरान मालवाहक वाहनों को डबल डेकर बस की तर्ज पर चलाने वाले वाहनों की जांच शुरू हो गई है। बुधवार को लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने डाफी टोल प्लाजा पर जांच अभियान चलाया गया। वाहन चालकों को हिदायत दी कि डबल डेकर बनाकर वाहनों का संचालन न करें। क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाकर बंगाल, झारखंड, बिहार रूट पर आवाजाही हो रही है। जांच में टोल मैनेजर मनीष कुमार, केडी मौर्या आदि रहे।
तीर्थ यात्री की पिटाई करने वालों पर केस दर्ज
केदार घाट पर तीर्थ यात्री की पिटाई के मामले में आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के समटानगर कांदिवली ईस्ट गोकुल हेवेन ठाकुर कॉम्प्लेक्स निवासी रवींद्र सिंह ने बताया कि वह मंगलवार शाम अपनी मां मंजू राज गुरु और भाई यशपाल के साथ केदार घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इस बीच बाइक सवार दो युवकों ने धक्का मार दिया। विरोध किया तो दोनों ने पिटाई कर दी। पुलिस के अनुसार, बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
महिला के साथ मारपीट और छेड़खानी करने वालों पर केस
महिला से मारपीट और छेड़खानी के मामले में छह के खिलाफ लंका थाने में केस दर्ज किया गया। रमना गांव की रहने वाली नेहा पटेल ने पुलिस को बताया कि वह घर की साफ-सफाई कर रही थी। इस दौरान राम नरेश, जितेंद्र, विजय, विकास पटेल व चिरंजीव पहुंचे और गालीगलौज करते हुए मारपीट की। बीचबचाव में ससुर प्रेमशंकर की भी पिटाई की।
एडमिन और वार्डेन का कार्यकाल तीन साल बढ़ा
बीएचयू के मैनेजमेंट हॉस्टल में एडमिन वार्डेन और वार्डेन का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के असिस्टेंट प्रोफेसर प्रो. राजकरन प्रभाकर अगले तीन साल के लिए एडमिन वार्डेन और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुण देशमुख भी 31 दिसंबर 2027 तक वार्डेन पद पर बने रहेंगे। बीएचयू के कुलपति कार्यालय प्रशासन शिक्षण द्वारा जारी नोटिस में इसकी सूचना दी गई है।
छत्रपति शिवाजी महाराज को किया नमन, कराए वीरगाथा का दर्शन
छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती उत्साह और उल्लस के साथ मनाई गई। जगह-जगह आयोजन हुए और लोगों ने उनकी वीरगाथा का वर्णन किया। बीएचयू में विविध आयोजन हुए।
बीएचयू के छत्रपति शिवाजी महाराज जिमखाना में मराठी समुदाय के लोगों ने शिवाजी महाराज की संगमरमर से बनी प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। डॉ. संदीप भूयेकर ने कहा कि छत्रपति शिवाजी के काशी से गहरा संबंध था।
डॉ. आशीष लटारे ने शिवाजी के प्रेरणादायी विचारों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. पांडुरंग ने कहा कि हमारे देश में आज भी उनके विचार प्रासंगिक है। छात्र एवं छात्रा में ऋतुजा तायड़े, अविनाश, अभिनंदन , प्रदीप शेवरान ने विचार रखे। संचालन अतुल गवारे तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रजासत्ताक कानिटकर ने किया।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान के छात्र भी शामिल हुए। बीएचयू के मराठी विभाग में भी छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई गई। श्री काशी महाराष्ट्र सेवा समिति की ओर से चौखंभा के नीलकंठ स्मृति भवन में शिवाजी के जयंती उत्सव उल्लास से मनाया गया। संतोष सोलापुरकर, माधव जनार्दन रटाटे, गजानन जोशी, अनंत राम बक्षी, षडानन पाठक कारखेड़कर, यश नाइक, प्रभाकर देवघर, मकरंद महस्कर, विजय भारदे आदि ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
आक्रोशित किसानों ने शास्त्रीघाट पर किया प्रदर्शन
छत्रपति शिवाजी जयंती समारोह के आयोजन को लेकर मिली अनुमति निरस्त होने पर किसानों ने बुधवार को शास्त्रीघाट पर प्रदर्शन कर संविधान रक्षा मार्च निकाला।
छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर मराठा सेवा संघ, स्वामी सहजानंद किसान महासभा और सरदार सेना की ओर से आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती समारोह की वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर अनुमति देकर निरस्त कर दिया गया। जिससे आक्रोशित किसानों, सामाजिक संगठनों और अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्वामी सहजानंद किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव विनय शंकर राय ने कहा कि छत्रपति शिवाजी जयंती समारोह की अनुमति देकर निरस्त करना राष्ट्र का अपमान है।
विश्वनाथ धाम में 15 प्रधान विग्रहों का आज से शुरू होगा रुद्राभिषेक
श्री काशी विश्वनाथ धाम में बुधवार को श्रीगणेश पूजन के साथ महाशिवरात्रि की तैयारी शुरू हो गई। पिछले साल की तरह इस बार भी महाशिवरात्रि के पूर्व धाम में स्थित 15 प्रधान विग्रहों का रुद्राभिषेक बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगा। मंदिर के सीईओ श्री विश्व भूषण ने बताया कि इन प्रधान विग्रहों का पूजा-पाठ, अनुष्ठान होगा। क्रमवार शास्त्रोक्त विधि से रुद्राभिषेक मंदिर न्यास की ओर से होगा। न्यास के सीईओ प्रतिनिधित्व करेंगे।
अखंड संकीर्तन से हुई शृंगार की पूर्णाहुति
बीएचयू परिसर स्थित करमनवीर बाबा का दो दिवसीय शृंगार महोत्सव बुधवार को अखंड संकीर्तन की पूर्णाहुति व हवन पूजन से हुआ। बाबा सहित मंदिर में स्थापित अन्य विग्रहों का शृंगार कर विधिवत पूजन अर्चन हुआ। भक्तों ने दर्शन किया। पंचकुंडी यज्ञ हुआ। भंडारे में पांच हजार से अधिक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्कूल वैन के धक्के से बुजुर्ग घायल
राजातालाब क्षेत्र के काशीपुर चौराहे पर बुधवार को स्कूल वैन ने बुजुर्ग को धक्का मार दिया। घायल बुजुर्ग को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। रमाशंकर विश्वकर्मा (60) को सिर में चोट लगी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक है। पुत्र मनोज विश्वकर्मा ने थाने में स्कूल वैन चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया।
रैली निकाल कर घटते भूजल के प्रति किया जागरूक
जिले में घटते भूजल को देख बुधवार को सेवापुरी में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना डब्ल्यूडीसी 2.0 के तहत जागरूकता यात्रा का समापन हुआ। लोगों को वर्षा का जल संरक्षित करने और पौधरोपण के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की निगरानी में जिले के आराजीलाइन और सेवापुरी विकास खंड में वाॅटरशेड जागरूकता यात्रा निकाली गई।
प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण से अधिक से अधिक वर्षा जल का संरक्षण किया जाना है। ताकि पेय जल की उपलब्धता बनी रहे। माध्यमिक विद्यालय ठठरा के छात्रों ने पूरे क्षेत्र में रैली निकालकर जागरूक किया। ग्राम पंचायत ठठरा में तालाब का लोकार्पण, पौधरोपण ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद के नेतृत्व में किया गया।
पोस्टर, बैनर व चार्ट के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
राजकीय हाईस्कूल खरगूपुर में बुधवार को पंख कॅरिअर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने पोस्टर, बैनर व चार्ट के माध्यम से अपने हुनर का प्रदर्शन किया। विद्यालय की गाइड कृष्णा जायसवाल और नोडल शिक्षिका प्रीति जायसवाल सहित अन्य शिक्षकों ने कार्यक्रम संचालन किया। इस मौके विद्यालय की प्रधानाचार्य अनुपमा वर्मा, प्रभात चौरसिया आदि मौजूद रहे।
ग्रामीण युवकों ने रोजगार के मुद्दे पर सपा एमएलसी का किया समर्थनसंवाद न्यूज एजेंसी
राजातालाब के ग्रामीण क्षेत्र के युवकों ने रोजगार के मुद्दे पर सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा का समर्थन किया। बुधवार को विधान परिषद में सवाल उठाने पर राजातालाब में बैठक हुई। सपा नेता दिनेश सिंह यादव ने कहा कि युवकों को रोजगार मिलना प्राथमिकता में होनी चाहिए। लेकिन इस पर ध्यान देने के कारण बेरोजगार युवकों की संख्या बढ़ रही है।
तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब के पूर्व अध्यक्ष सर्वजीत भारद्वाज ने कहा कि योग्य और पढ़े लिखे युवकों को नौकरी देने की प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए। बैठक में गुड्डू यादव, रमेश कुमार, संतोष यादव, शिव शंकर सिंह, राजाराम आदि शामिल रहे।
जिला अस्पताल में कैंसर की स्क्रीनिंग, महिलाओं की जांच भी होगी
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं में विस्तार की तैयारी है। यहां कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ ही महिलाओं की जांच के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एआरटी सेंटर में भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। जिला अस्पताल में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के लिए स्क्रीनिंग की व्यवस्था न होने की वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सीएमएस डाॅ. बृजेश कुमार ने बताया कि कैंसर सेंटर बनाए जाने के लिए जगह का चयन कर लिया गया है। यहां कैंसर की शुरुआती जानकारी मिल सके, इसके लिए वीआईए टेस्ट शुरू कराया जाएगा। जल्द ही जरूरी मशीनें भी मंगवाई जाएंगी। महिलाओं की जांच व स्क्रीनिंग के लिए अलग व्यवस्था होगी।
पर्यावरण संरक्षण के लिए पटना से निकाली साइकिल यात्रा
पर्यावरण को बचाने व लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पटना से साइकिल से निकले एलआईसी कर्मचारी बुधवार को वाराणासी पहुंचे। लोहामंडी शाखा में जिला शाखा के प्रबंधक हरीश कुमार ने स्वागत किया। एलआईसी के पटना डिवीजन में कार्यरत दीपक कुमार 15 फरवरी को वैशाली (बिहार) से साइकिल से निकले हैं। उनका स्वागत किया। 13 मार्च को जम्मू पहुंचकर यात्रा का समापन करेंगे। दीपक कुमार ने बताया कि मेरी नौकरी अभी 11 वर्ष बची है। इन 11 वर्षों में लोगों के सहयोग से 11 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है।
छात्राओं ने जाना योग का महत्व, किए आसन
आर्य महिला पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं को योग का महत्व बताया गया। संत रविदास घाट पर चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन छात्राओं को अलग-अलग योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लक्ष्य गीत से हुई। योग शिक्षिका गीता ने योग के अलग-अलग आसन कर उसके लाभ बताए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पा त्रिपाठी ने बताया कि शिविर के दौरान जागरूकता कार्यक्रम के साथ प्रतियोगिताएं भी होंगी।
महाकुंभ के लिए बनारस, सिटी होकर आज चलेंगी 25 स्पेशल ट्रेनें
प्रयागराज, झूंसी और बनारस, सिटी होकर गोरखपुर, छपरा तक 25 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें बृहस्पतिवार को संचालित होंगी। बनारस-झूंसी मेला स्पेशल बनारस स्टेशन से सुबह 8 बजे, बनारस-प्रयागराज रामबाग मेला दोपहर 12.30 बजे, बनारस-कन्याकुमारी मेला शाम 6 बजे, बनारस-राजकोट मेला 7.30 बजे, बनारस-प्रयागराज रामबाग मेला स्पेशल बनारस से रात 8.30 बजे चलाई जाएगी। बुधवार की शाम 4 बजे तक पूर्वोत्तर रेलवे से 16 मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई गई।
खड़े ट्रक में पीछे से घुसा बाइक सवार, घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डोमैला गांव के पास बुधवार रात खड़े ट्रक में पीछे से बाइक सवार टकराकर घायल हो गया। आननफानन उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। रोहनिया थाना क्षेत्र के जक्खिनी गांव के रहने वाले राधेश्याम बिंद (50) बाबतपुर जाने वाले मार्ग पर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान वह सड़क पर खड़े ट्रक में अचानक टकरा गए।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर किशोरी से शारीरिक शोषण के आरोपी को पुलिस ने बुधवार को हथिवार चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप पटेल निवासी जई का पुरा, जयरामपुर चौबेपुर के रूप में हुई है।
108 कलशों के जल से किया भगवान पार्श्वनाथ का अभिषेक
जैन धर्म के सातवें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस पर जैन मंदिरों में विविध अनुष्ठान हुए। उनकी जन्म स्थली भदैनी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र प्रभुदास जैन घाट पर प्रभु का 108 कलशों के जल से अभिषेक हुआ। इसके साथ ही महाकुंभ में निर्विघ्न स्नान के लिए शांतिधारा और कल्याणक पूजा हुई। मोक्ष कल्याण दिवस विदेशों के जैन मंदिरों में भी मनाया गया।
मोक्ष कल्याणक महोत्सव के तहत दिगंबर मंदिर में सुबह से ही सविधि पूजन शुरू हो गया। भगवान पार्श्वनाथ का जलाभिषेक हुआ। पंच कल्याणक, नव देवता और देव शास्त्र गुरु पूजा हुई। 24 तीर्थंकरों का भी पूजन हुआ। भगवान सुपार्श्वनाथ के जन्मभूमि जैन घाट पर विराजमान भगवान पार्श्वनाथ के चरणों का पूजन कर अभिषेक और आरती हुई।
इस दौरान मंत्रोच्चार के साथ शांतिधारा पूजाकर विभिन्न दुर्घटनाओं में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति की कामना की गई। पूजन में ऑनलाइन भी श्रद्धालु जुड़े रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। अनुयायियों ने भगवान पार्श्वनाथ के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियों से विभोर किया। पूजन में डॉ. वीरचंद्र अग्रवाल, डॉ. अमित जैन, सम्यक जैन, स्वस्तिक जैन, आयुष जैन, अतिशय जैन, सुभाष जैन, अरिहंत जैन, अमन जैन, शशि जैन आदि शामिल हुए।
असर : बीएचयू अस्पताल में बंद हो गई स्क्रीन, नहीं मिल रही सुविधाओं की जानकारी
बीएचयू अस्पताल परिसर में मरीजों को सुविधाओं की जानकारी देने के लिए लगाई गई एलईडी स्क्रीन बुधवार को बंद कर दी गई। स्क्रीन पर दो दिन से गंगा आरती, नौकायन, विद्यालय में खेलकूद का वीडियो दिखाया गया। अमर उजाला में खबर छपने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में तो आया, लेकिन इसका मरीजों को कोई लाभ नहीं हुआ। इस पर सुविधाओं का वीडियो चलाने की जगह इसे बंद करवा दिया गया।
अस्पताल परिसर में प्रवेश करने वाले मुख्य द्वार और इमरजेंसी से ठीक पहले बड़ी-बड़ी करीब दस फीट की एलईडी स्क्रीन लगवाई गई है। इस पर मरीजों को जांच, इलाज, दवाइयां, लैब, ओपीडी की जानकारी का वीडियो चलाया जाना था, ताकि दूरदराज से आने वाले मरीजों को भटकना न पड़े।
स्क्रीन पर वीडियो किसने और क्यों चलवाई, इसकी पूछताछ शुरू हो गई है। आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार का कहना है कि दोनों स्क्रीन पर अब केवल मरीजों से जुड़ी जानकारी वाला वीडियो ही चलाया जाएगा।
सीट पर बैठने के लिए परिचालक से हुआ था विवाद
इलेक्ट्रिक बस संख्या 103 में बुधवार सुबह परिचालक के साथ कैश लूट की घटना को लेकर पुलिस परेशान रही। छानबीन में सामने आया कि सीट पर बैठने को लेकर मनबढ़ युवकों ने परिचालक का बैग छीनने का प्रयास किया था। हालांकि सह यात्रियों के समझाने बुझाने पर मामला शांत हो गया।
मिर्जामुराद से ई-बस 103 इस समय कैंट रूट पर संचालित है। वापसी में बस की सीट पर बैठने को लेकर मनबढ़ युवकों का कंडक्टर श्रवण कुमार से विवाद हो गया। आरोप रहा कि बैग लूटने का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि इस तरह की कोई सूचना नहीं दी गई है। कुछ युवकों से सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हुई थी। मौके पर उपस्थित यात्रियों ने विवाद को समाप्त करा दिया था।
यूपी कॉलेज के 53 विद्यार्थियों को रोवर्स-रेंजर्स और कैंपिंग की ट्रेनिंग
यूपी कॉलेज के 53 छात्र-छात्राओं को रोवर्स रेंजर्स और कैंपिंग की ट्रेनिंग दी गई। बुधवार को प्रगतिशील प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन इनको दीक्षा शपथ भी दिलाई गई। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाणपत्र दिया गया।
सभी ने एक साथ गायत्री मंत्र का जाप कर सर्व धर्म प्रार्थना के द्वारा पूरे विश्व के कल्याण की कामना की। जिला संगठन आयुक्त विष्णु विश्वकर्मा और सीनियर प्रशिक्षिका शकीला खातून, रेंजर लीडर प्रो. अंजू सिंह ने कैंपिंग में ट्रेंड छात्र और छात्राओं को दीक्षा की शपथ दिलाई।
सेंट्रल जेल रोड के पास शिवाजी की प्रतिमा लगाने की मांग
शिवसैनिकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती बुधवार को मनाई। जिला अध्यक्ष अजय सिंह और मंडल प्रभारी अजय चौबे ने शहर के विभिन्न स्थानों पर हवन-पूजन और माल्यार्पण किया। शिवसेना के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ओमप्रकाश मिश्रा ने सभी से शिवाजी महाराज की जयंती घर-घर में उत्सव के रूप में मनाने की अपील की।
प्रदेश सरकार से वाराणसी के सेंट्रल जेल के पास बन रहे तिराहे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा लगाने और तिराहे का नाम शिवाजी महाराज करने की मांग की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संगठन मंत्री गौरव शुक्ला, सतीश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
दो ट्रेलर की टक्कर के बाद केबिन में फंसा चालक, पुलिस ने कराया भर्ती
लोहता थाना क्षेत्र के रज्जीपुर गांव के सामने बुधवार दोपहर दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। हादसे में घायल दोनों ट्रेलर चालकों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। सोनभद्र से गिट्टी लादकर एक ट्रेलर राजातालाब की तरफ से हरहुआ जा रहा था।
उसके आगे एक और ट्रेलर चल रहा था। अचानक आगे चल रहे ट्रेलर का टायर फट गया और पीछे से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया। केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन में फंसे ड्राइवर शिवम (26) निवासी अमरा कुसही चंदौली और सोनू (30) को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
महाशिवरात्रि : सुबह आठ बजे निकलेगी शोभायात्रा, दर्शन कर 10 बजे लौटेगी
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम बुधवार को कांची कोमकोटि मठ पहुंचे। यहां उन्होंने जूना अखाड़े के महंत स्वामी प्रेम गिरि महाराज से मिलकर महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर विमर्श किया। महंत प्रेम गिरी ने बताया कि शोभायात्रा सुबह आठ बजे से मठ से निकलेगी।
काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन कर 10 बजे तक लौट आएगी। डीएम ने एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा को हनुमान घाट पर नाव की व्यवस्था, अस्थायी मोबाइल टॉयलेट और टेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैजनत्था मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे साफ सफाई, टेंट की व्यवस्था और दलों के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने को कहा। यातायात व्यवस्था के लिए डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय को निर्देशित किया। प्रेम गिरी महाराज ने जिलाधिकारी और एडीएम सिटी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
मनोचिकित्सक डॉ. मनोज को पूर्व कप्तान ने किया सम्मानित
बीएचयू अस्पताल के एआरटी सेंटर में वरिष्ठ परामर्शदाता और मनोचिकित्सक डॉ.मनोज कुमार तिवारी को दिव्यांगजनों के खेलों को बढ़ावा देने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने सम्मानित किया।
संपूर्णानंद स्पोर्ट्स काॅम्पलेक्स में चल रहे दिव्यांग क्रिकेट लीग में शामिल होने आए पूर्व कप्तान ने डॉ. मनोज के प्रयास की सराहना की। डॉ. मनोज दो दशक से दिव्यांगजनों के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह भारतीय पुनर्वास परिषद, नई दिल्ली से पंजीकृत पुनर्वास मनोवैज्ञानिक भी हैं। उन्होंने ने 11 पुस्तकों का लेखन किया है। डॉ. उत्तम ओझा, डॉ. संजय चौरसिया, प्रिंस कुमार मिश्रा, मनीष पांडेय ने बधाई दी।
केमिकल इंजीनियरिंग स्कूल के कोआर्डिनेटर बने डॉ. चंद्रा
आईआईटी बीएचयू में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रांजल चंद्रा को स्कूल ऑफ बायो केमिकल इंजीनियरिंग का कोआर्डिनेटर बनाया गया है। उनकी नियुक्ति अगले तीन साल के लिए हुई है। इनसे पहले प्रो. विकास कुमार दुबे के पास ये जिम्मेदारी थी। डॉ. चंद्रा ने डीएनए बायो सेंसर्स, बायो फिजिक्स सेंसर, नैनो बायो इंजीनियरिंग, हेल्थ केयर टेक्नोलॉजी और मटेरियल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काम किया है। 12 रिसर्च स्कॉलर्स को पीएचडी करा चुके हैं।
त्रिलोचन घाट पर महादेव मंदिर की सफाई और पूजा
नमामि गंगे विचार मंच की ओर से बुधवार को त्रिलोचन घाट पर देवाधिदेव महादेव मंदिर की सफाई की गई। मंदिर प्रांगण को धोए जाने के बाद गंगाजल से सभी देव विग्रहों को स्नान कराया। इसके बाद पूजा की। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने बताया कि 26 फरवरी यानी महाशिवरात्रि तक गंगा घाटों के शिवालयों में ये सफाई अभियान चलेगा।