जेब में रखे मोबाइल की बैटरी में आग लगी
चोलापुर स्थित डाक विभाग के कर्मचारी सुशील सिंह हादसे का शिकार हो गए। बृहस्पतिवार दोपहर को उनकी जेब में रखे मोबाइल की बैटरी गर्म होकर जल गई। इससे शरीर का कुछ हिस्सा मामूली रूप से झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुशील सिंह अपने नियमित कार्य में व्यस्त थे।
इसी दौरान अचानक उनकी पैंट की जेब से धुआं निकलने लगा। जब तक वे कुछ समझ पाते, मोबाइल फोन में आग लग चुकी थी। उन्होंने मोबाइल को जेब से निकालकर फेंका, लेकिन तब तक उनकी पैंट और हाथ आंशिक रूप से जल चुके थे। घटना के बाद कार्यालय में कुछ देर के लिए कामकाज ठप हो गया। पीड़ित कर्मी ने बताया कि मोबाइल फोन को तीन साल पहले खरीदा था।