फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: जान से मारने की धमकी, 6 पर FIR, पुलिस पर हमले के आरोपी को जेल; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Sun, 20 Apr 2025 02:04 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के फरीदपुर निवासी युवक ने दो लोगों के खिलाफ जमीन कब्जा करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं, पुलिस पर हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ 24 मामले दर्ज हैं। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सहायक पुलिस आयुक्त के आदेश पर 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। फरीदपुर सारनाथ निवासी अमित पांडेय ने सहायक पुलिस आयुक्त को तहरीर में बताया था कि ऐढ़े निवासी शिवबली विश्वकर्मा और शंभू विश्वकर्मा ने जमीन पर कब्ज कर लिया है। जान से मारने की धमकी दे रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 

विज्ञापन


पुलिस पर हमले के आरोपी को जेल, दर्ज हैं 24 केस
कैंट जीआरपी ने सिपाहियों पर हमले के आरोपी को पीडीडीयू नगर के राम मंदिर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ 24 मुकदमे दर्ज हैं।

 कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि महिला का पर्स लूटने के आरोपी राम मंदिर क्षेत्र निवासी अजय कुमार को पकड़ने के लिए शुक्रवार को हेड कांस्टेबल सत्येंद्र बहादुर और अखिलेश यादव गए थे। आरोपी ने सत्येंद्र पर चाकू से हमला किया था और अखिलेश के पैर के अंगूठे में दांत से काट लिया था। इसके बाद भी सिपाहियों ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों में लूट को अंजाम देता था। 

विज्ञापन

दो आरोपियों के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा
लंका और भेलूपुर थाने में दर्ज दो अलग-अलग मुकदमों के आरोपियों के घर पर अदालत के आदेश से पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के अपराध के संबंध में डुगडुगी बजवा कर स्थानीय लोगों को जानकारी दी। 

लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि सीर करहिया निवासी राजेश उर्फ जुगनू चोरी से संबंधित अपराध में वांछित है। एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद भी वह अदालत में हाजिर नहीं हुआ। वहीं, चितईपुर थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि भेलूपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर के एक मुकदमे की विवेचना वह कर रही हैं। मुकदमे में मुगलसराय की सोनी  वांछित है। एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद भी वह हाजिर नहीं हुई। 

छेड़खानी का विरोध करने पर किया पथराव, 2 घायल
कपसेठी थाना क्षेत्र के नहवानीपुर गांव में शनिवार देर शाम शादी में डीह बाबा मंदिर पर लावा चढ़ाने गई महिलाओं और युवतियों के साथ कुछ मनबढ़ों ने छेड़खानी की। विरोध करने कर मनबढ़ युवकों ने पथराव कर दो युवकों को घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही एक व्यक्ति और छह अज्ञात के खिलाफ कपसेठी थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कपसेठी अरविंद सरोज ने कहा कि केस दर्ज कर जांच की जाएगी। 

शादी में जा रही महिला के बैग से गहने, नकदी गायब
बस से शादी में जा रही महिला के बैग से लाखों रुपए के गहने सहित 15 हजार नकदी गायब हो गई। महिला की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। जौनपुर के ग्राम सुरेरी थाना निवासी आशा सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल को भदोही में एक शादी में बस से जा रही थी। इंदिरा मिल पर बस से उतरकर बैग देखा तो 15 लाख के गहने नकदी गायब थी। कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

बेटे की हत्या की साजिश रचने का लगाया आरोप
पूरे गांव निवासी भाजपा नेता उमाशंकर पटेल ने पुत्र की हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए मिर्जामुराद थाने में चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है। भाजपा नेता ने शनिवार को बताया कि दो दिन पहले उनका दूसरे नंबर का पुत्र अश्वनी सिंह पटेल मिर्जामुराद में निजी स्कूल जा रहा था। उस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने बेटे की बाइक में टक्कर मार दी। इससे अश्वनी घायल हो गया।

कहा कि इससे पहले भी दो बार जमीन के विवाद को लेकर हमला किया जा चुका है। आरोप लगाया कि विपक्षी ने एक गुंडे को पुत्र की फोटो और बाइक का नंबर देकर उसकी हत्या की सुपारी दी है। घर के आसपास नकाबपोश बाइक सवार अक्सर चक्कर भी लगाते हैं। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने कहा कि तहरीर में लगाए गए आरोप की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

बैग में रद्दी थमाकर 30 हजार लेकर भागा
सिगरा थाने के पास शनिवार दोपहर बाइक सवार एक उचक्का पान दुकानदार के 30 हजार रुपये लेकर भाग गया। इससे पहले उचक्के ने पान दुकानदार को अपना बैग थमाते हुए कहा था कि उसमें 90 हजार रुपये हैं, मगर उससे रद्दी सामान निकला। 

पीड़ित की तहरीर पर सिगरा थाने की पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से बाइक सवार उचक्के को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। जंसा थाना क्षेत्र के परमंदापुर, सजोई निवासी रोहित चौरसिया की पान की दुकान है। रोहित ने पुलिस को बताया कि वह दुकान का सामान खरीदने बैग में 30 हजार रुपये लेकर पानदरीबा जा रहा था। पुलिस की टीम सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से जांच कर रही है। 

दिल्ली से कामकाज छोड़कर आया, बनारस में करने लगा छिनैती
दिल्ली से डेढ़ माह पहले कामकाज छोड़कर आया युवक शहर में किराये पर ऑटो चलाने के दौरान दो दोस्तों के साथ महिलाओं से चेन-मंगलसूत्र छीनने लगा। सिगरा थाने की पुलिस ने सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से ऑटो चालक, दो दोस्तों और छीने गहने खरीदने वाले आभूषण विक्रेता को गिरफ्तार किया है। 

आरोपियों की पहचान चोलापुर थाने के लखनपुर के अजय सिंह व धरसौना के अभिषेक उर्फ राहुल जायसवाल, बड़ागांव थाने के सिसवा के भरत लाल गोंड और जौनपुर के केराकत थाने के खुज्जी मोड़ के इरफान के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से आठ ग्राम सोने का टुकड़ा, 6400 रुपये, वारदात में प्रयुक्त ऑटो और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। 

एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि गया के कोरमथु निवासी राहुल कुमार ने सिगरा थाने में केस दर्ज कराया था। बताया कि सात अप्रैल की रात बहन रेणू कैंट स्टेशन के पास सड़क पार कर रही थी। उसी दौरान लाल रंग की शर्ट पहने एक बदमाश ने उनकी बहन के गले से मंगलसूत्र छीन लिया था। अजय के खिलाफ दो और भरत लाल के खिलाफ 10 आपराधिक मुकदमे कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। 

पुलिस-प्रशासन ने खंगाले होटल-बार
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और डीएम एस राजलिंगम की ओर से गठित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शनिवार को सिगरा और कैंट थाना क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट और बार का औचक निरीक्षण किया।

एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि सिगरा क्षेत्र के दो होटलों में आग से सुरक्षा के मुकम्मल उपाय नहीं मिले। होटल संचालक को आग से सुरक्षा के मानक पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा गया है। पुलिस के औचक निरीक्षण में किसी होटल, रेस्टोरेंट और बार में कोई गड़बड़ी नहीं मिली। 

सेवा, शिक्षा और नवाचार से दिलाएंगे नई पहचान
आईएमएस बीएचयू में शनिवार को बाल रोग विभाग के डायमंड जुबली समारोह में चिकित्सा, नवाचार की विकास यात्रा की झलक दिखाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से छात्र-छात्राओं ने समारोह को यादगार बना दिया। विभाग की ओर से बच्चों में होने वाली अलग-अलग बीमारियों के उपचार की रिपोर्ट दी गई।

आईएमएस की डीन प्रो. शंपा, डीन रिसर्च प्रो. गोपालनाथ के साथ ही अस्पताल के चिकित्साधीक्षक प्रो. कैलाश कुमार और विभागाध्यक्ष ने विभाग की स्थापना के डायमंड जुबली समारोह का शुभारंभ किया। अपनी सेवा देने वाले 40 पूर्व शिक्षकों और कर्मचारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रो. अशोक कुमार, प्रो. विनीता गुप्ता ने हेमेटोलाॅजी प्रो. अंकुर सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. प्रियंका अग्रवाल, डाॅ. अनिल, डाॅ. दिव्या रहीं। 

शिक्षा माफिया पर लगाम लगाने की मांग
महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने शनिवार को अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ संयुक्त शिक्षा निदेशक को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें शहर में सक्रिय शिक्षा माफिया और अवैध रूप से चल रहे प्राइवेट स्कूलों की ओर से की जा रही वसूली पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त शिक्षा निदेशक से कहा कि एक संगठित सिंडिकेट के रूप में शिक्षा माफियाओं ओर से की जा रही अवैध वसूली से मध्यम वर्ग के लोग अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने में असमर्थ हो रहे हैं।

उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से इन गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने के लिए कहा। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने महिला व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि निजी विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर राजू सोनी, ममता गुप्ता, उपेंद्र जायसवाल, रितेश, साकिब उपस्थित रहें। 

बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे 112 वाहन जब्त, डीलरों पर होगी कार्रवाई
परिवहन विभाग की ओर से 1 से 15 अप्रैल तक चलने वाले विशेष जांच अभियान में बिना रजिस्ट्रेशन के 112 वाहन जब्त किए गए। वहीं, 1402 वाहनों का चालान हुआ है और 332 वाहन को सीज किया गया। इनमें कुछ ऐसे वाहन भी मिले जिनका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं था।

परिवहन विभाग के अधिकारी ने बताया कि यह अभियान शहर में अवैध रूप से चल रहे ऑटो, ई-रिक्शा और वाहनों पर लगाम लगाने के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती 15 दिनों में ही कई वाहन जब्त किए गए हंै। विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने ऑटो और ई-रिक्शा का तुरंत रजिस्ट्रेशन करा लें। आरटीओ प्रवर्तन मनोज कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे वाहनों की पहचान की गई है। 

कार्बन क्रेडिट के लिए सर्वे शुरू
पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए सरकार छोटे किसानों को कार्बन क्रेडिट के रूप में वित्तीय मदद दे रही है। भारत सरकार ने 2070 तक देश को नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन में सक्षम बनाने की घोषणा की है। वन विभाग ने 18 अप्रैल तक 25 किसानों से उनके पौधों के नमूने लिए हैं। प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति ने बताया कि किसान अपनी निजी भूमि पर कृषि वानिकी के तहत बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर रहे हैं। 

भाजयुमो ने राहुल और सोनिया का पुतला फूंका
नेशनल हेराल्ड मामले में चितईपुर में शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला फूंका। इस मौके पर प्रदीप प्रजापति, वीरेंद्र सिंह, गौरव पटेल, सनी पटेल, विजय बिंद, संत लाल तिवारी, गोविंद दास गुप्ता, अनिल पांडे समेत अन्य मौजूद रहे। 

20 टन प्लास्टिक जब्त, सवा लाख रुपये जुर्माना वसूला
नगर निगम की टीम ने शनिवार को प्रवर्तन प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा के नेतृत्व में रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन में छापा मारा। यहां एक फैक्टरी के गोदाम में 20 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद हुई। इसके बाद फैक्टरी को सील कराया गया। वहीं एक लाख 35 हजार का जुर्माना लगाया। 

दो साल में एक हजार बेसहारों को पहुंचाया घर, वाराणसी का सम्मान
भिक्षुकों के पुनर्वास और बेसहारा लोगों को उनके परिवार से मिलाने के लिए वाराणसी को सम्मानित किया गया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के उपमहानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने सीडीओ हिमांशु नागपाल को पत्र जारी कर उनके प्रयासों की सराहना की। 

यूआईडीएआई ने मान्यता देकर वाराणसी को पुरस्कृत भी किया है। उपमहानिदेशक ने कहा कि आपकी टीम ने ऐसे व्यक्तियों को उनके परिवारों से मिलाया है। जिन्हें खुद के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अपना घर आश्रम को यूआईडीएआई के सीईओ ने मान्यता प्रमाण पत्र दिया। अपना घर ने पिछले दो सालों में एक हजार से अधिक बेसहारों को उनके परिवार से मिलाया गया। 

हाईटेंशन तार टूटने से भैंस की हुई मौत 
चिरईगांव के ब्लॉक के ग्राम पंचायत छाही के टडिया गांव निवासी अवधेश राजभर के दरवाजे पर खूंटे से बंधी भैंस के उपर हाईटेंशन का तार टूटकर गिर गया। इससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है। ग्राम प्रधान सर्वेश यादव ने घटना की जानकारी विद्युत उपकेंद्र पर देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। शनिवार सुबह चिरईगांव के पशु चिकित्सािधकारी डॉ. आरए चौधरी ने करंट लगने से भैंस के मरने की जानकारी दी।

50 फीसदी अनुदान पर मिलेंगे ढैचा के बीज
कृषि विभाग अगले महीने से किसानों को हरी खाद के रूप में प्रयोग होने वाले ढैंचा के बीज पर 50 प्रतिशत का अनुदान पर देगा। इसके प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता को बढ़ाया और रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम किया जा सकेगा। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि यह अनुदान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन  के तहत दिया जाएगा। 

बंगाल में तुरंत लगे राष्ट्रपति शासन : अर्जुन कुमार 
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर शनिवार सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रांत महामंत्री अर्जुन कुमार मौर्य ने कहा कि आज देश में हिंदू स्वयं को अत्यंत असुरक्षित महसूस कर रहा है। हम मांग करते हैं कि बंगाल में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। इस दौरान निशा सिंह, अशोक सिंह, विनोद यादव, श्रवण कुमार मौर्य  उपस्थित रहे। 

एंबुलेंस के ईएमटी की तत्परता से बची जान
रोहनिया के पंडितपुर में बाइक की टक्कर से घायल व्यक्ति की जान 108 एंबुलेंस के ईएमटी यानी ईमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन की तत्परता से बच गई। टक्कर की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंच गई। रोहनिया क्षेत्र में हुई इस घटना में मड़ाव निवासी जितेंद्र मौर्य (42) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर एंबुलेंस पायलट अवधेश और ईएमटी धीरज ने घायल को स्ट्रेचर की मदद से तुरंत एंबुलेंस में शिफ्ट किया। 

इंडियन बैंक प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन
बैंक कर्मचारियों की 54 सूत्रीय मांगों को लेकर इंडियन बैंक एम्प्लॉइज यूनियन (आईबीईयू) वाराणसी इकाई ने शनिवार को नदेसर स्थित इंडियन बैंक अंचल कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। दि फेडरेशन ऑफ इंडियन बैंक एम्प्लॉइज यूनियंस के सेक्रेटरी जनरल अरुणांचल के आह्वान पर आईबीईयू के अध्यक्ष आरबी चौबे के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। मांगों को अनसुना किया तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन में संजय शर्मा, अनंत मिश्र, प्रमोद द्विवेदी, शीतला दूबे, एसके सेठ रहे। 

क्रेडाई नेशनल टीम में पूर्वांचल के तीन सदस्य नामित
रियल एस्टेट संस्था क्रेडाई ने 2025-2027 के कार्यकाल के लिए पूर्वांचल से तीन पदाधिकारियों का चयन किया है। गुजरात के महात्मा मंदिर गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम में क्रेडाई पूर्वांचल के चेयरमैन आकाशदीप को क्रेडाई एक्सपेंशन एंड स्ट्रेंथेनिंग टीम में शामिल किया गया है। 

क्रेडाई पूर्वांचल के उपाध्यक्ष संतोष राणा को स्किलिंग कमेटी में और क्रेडाई यूथ विंग के नॉर्थ जोन के सेक्रेटरी के रूप में प्रशांत केजरीवाल को चुना गया। कार्यक्रम में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल रहे। चेयरमैन ने बताया कि क्रेडाई ने नेशनल स्किल एनएसडीसी और (क्यूसीआई) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान शेखर पटेल को क्रेडाई के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया। 

मेरिट से दाखिले पर छात्रनेताओं ने जताई आपत्ति
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में यूजी, पीजी में मेरिट के आधार पर दाखिले कराने के विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले पर छात्रनेताओं ने आपत्ति जताई है। कुलपति को ज्ञापन देकर छात्रनेताओं ने कहा कि इंटर परीक्षा परिणाम में सीबीएसई, यूपी बोर्ड, आईसीएसई के अंक में काफी असामनता होती है। माैके पर आशीष गोस्वामी, रविंद्र पटेल, गौरव पटेल, करन, जतिन मौजूद रहे। 

पूर्व प्रधान उमाशंकर को दी श्रद्धांजलि
गांव पनियरा के पूर्व प्रधान उमाशंकर सिंह उर्फ बाबा सिंह का निधन छह अप्रैल को हो गया था। ग्रामीणों ने संकट हरण हनुमान मंदिर पर मानस पाठ और कीर्तन करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसमें पूर्व ग्राम प्रधान उमाशंकर सिंह उर्फ बाबा सिंह रामायणी थे और भजन कीर्तन मंडली के माध्यम से गांव-गांव मानस के प्रचार प्रसार में लग रहे। इस मौके पर जितेंद्र द्विवेदी, राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुनील सिंह, कमलापति दुबे, रामचंद्र सिंह, कौशल पति दुबे, लल्लन दुबे, उमेश पाठक समेत अन्य मौजूद रहे। 

समस्याओं को लेकर धरना देगा प्राथमिक शिक्षा संघ
शिक्षक नेता सनत कुमार सिंह ने सरकार से प्राथमिक शिक्षा संघ के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग की है। संघ ने निर्णय लिया है कि एक मई को प्रदेश के सभी जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों पर धरना दिया जाएगा। जिलाधिकारी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। 

स्वामी नारायणानंद की जन्मस्थली के किए दर्शन
काशीधर्म पीठाधीश्वर (रामेश्वर मठ अस्सी) स्वामी जगद्गुरु शंकराचार्य नारायणानंद तीर्थ महाराज के उत्तराधिकारी शिष्य स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी शनिवार को अपने गुरु की जन्मस्थली का दर्शन करने हमीरपुर पहुंचें। वहां दर्शन कर स्वामी जी के परिकरों ने गुरु ग्राम में गुरुपूजन, शिवार्चना तथा विशिष्टजनों से मिले। इस मौके पर ब्रह्मचारी लखन स्वरूप, आनंद देव महाराज, डॉ. वरुणेश चंद दीक्षित, योगेश तिवारी, अवनीप द्विवेदी रहे। 

संवेदना से उपजे शब्द पुस्तक का लोकार्पण 
विश्व हिंदी शोध संवर्धन अकादमी और कवितंबरा कला केंद्र की ओर से लघुकथा, कहानी और कविता के संग्रह संवेदना से उपजे शब्द का लोकार्पण शनिवार को विद्या विहार कॉलोनी (मड़ौली) के कवितंबरा में हुआ।

मुख्य अतिथि राघवेंद्र नारायण सिंह ने लेखिका वरिष्ठ साहित्यकार जया टंडन के इस संग्रह की सराहना की। कहा कि जिस साहित्यकार में जितनी गहरी अनुभूति होती है, वह उतना ही गहन लेखन कर पाता है। धर्मेंद्र गुप्त शाही ने कहा कि कृति और परिवार में नवागंतुक का आना, दोनों समान रूप से आनंददायक होते हैं। साहित्यकार चंद्रकांता राय ने कहा कि संसार में कवि स्वयं ब्रह्मा बन जाता है। 

बच्चों को दें श्रीठाकुर जी की सेवा का संस्कार
श्री वल्लभाचार्य जयंती पर शुद्धदैत्व जपयज्ञ समिति की ओर से चौखंभा स्थित बेटी जी मंदिर में चल रही श्रीमदभागवत कथा में शनिवार को वृंदावन के भागवत भूषण पं. मनमोहन गौर ने सती, ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र एवं जड़ भरत चरित्र का वर्णन किया।

कहा कि जिस जीव को अपने जीवन में सुखी रहना है, वह अपने बच्चों को बाल्यकाल से श्रीठाकुर जी की सेवा के संस्कार दें। तभी वह बालक बड़ा होकर अपने माता-पिता की सेवा करेगा। भक्त प्रह्लाद ने नवधा भक्ति का उपदेश अपने पिता को दिया। भक्त की ईच्छा पर भगवान पत्थर से भी प्रकट हो जाते हैं। इसके बाद गोस्वामी कल्याणराय महाराज प्रवचन हुआ। 

संकटमोचन को भोग अर्पण कर बांटा प्रसाद
संकल्प संस्था के संकल्प अन्नक्षेत्र के तहत शनिवार को चौक स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में खिचड़ी का भोग लगा। इसके बाद प्रसाद श्रद्धालुओं और राहगीरों में बांटा गया। इस दौरान संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, प्रदीप अग्रवाल, रीता अग्रवाल, अनुपम श्रीवास्तव, मृदुला अग्रवाल, गिरधर दास अग्रवाल, शिवकुमार अग्रवाल, संतोष कुमार अग्रवाल मौजूद रहे। 

डगर बीच कैसे चलूं मग रोके कन्हैया...
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से वरुणा संध्या कार्यक्रम का साप्ताहिक आयोजन शनिवार को नेहरू पार्क में हुआ। बीएचयू के डॉ. सतीश कुमार ने बांसुरी वादन से मनमोहा। राग सरस्वती में तीनताल के बाद दादरा- डगर बीच कैसे चलूं मग रोके कन्हैया... एवं मिर्जापुरी कजरी- घेरी घेरी आई सावन की बदरिया... पेश किया।

अंत में प्रभु श्रीराम को समर्पित राम भजन- राम आएंगे आएंगे राम आएंगे...की धुन से माहौल को राममय कर दिया। संचालन तनुज कुमार वर्मा व धन्यवाद ज्ञापन सचिन कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर शहनाई वादक पं. दुर्गा प्रसन्ना,  काशीराम कुशवाहा आदि रहे। 

टैक्स बार एसोसिएशन चुनाव के नामांकन कल से 
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर 21 अप्रैल से नामांकन शुरू हो रहा है। वहीं, पूर्व में पारित बैठक के दौरान वरिष्ठ सदस्यों की समिति में बदलाव हुआ है। सेल्स टैक्स बार के अध्यक्ष प्रमोद कुमार राम त्रिपाठी ने बताया कि वरिष्ठ सदस्यों की समिति में अध्यक्ष निरंकार नाथ टंडन, सदस्य अशोक कुमार वर्मा, सत्यप्रकाश शुक्ला, मोतीलाल, शरद कुमार त्रिपाठी हैं। 

श्रीराम से युवा सीखें बड़ों का सम्मान 
कथाव्यास सतीश कुमार शर्मा ने पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श के चरित्र का मार्मिक वर्णन किया। कहा कि हमारे देश के युवाओं को भगवान श्रीराम के चरित्र से बड़ों का सम्मान व समाज के प्रति अपनी कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन की प्रेरणा लेनी चाहिए। चौखंभा के षष्ठपीठ गोपाल मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन शनिवार को उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का भी वर्णन किया तो कथास्थल नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के जयकारे से गूंज उठा। 

विश्वनाथ धाम में शिवमणि की ताल से मगन हुए बाबा
प्रसिद्ध तालवादक शिवमणि ने शुक्रवार को हनुमत प्रभु को ताल कचहरी से रिझाने के बाद शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में हाजिरी लगाई। उनकी तालों की जादुई स्वर धाम में गूंजा तो बाबा भी मगन हो गए। दर्शन करने आए भक्त भी शिवमणि की ताल पर झूमे। उन्होंने 1:45 घंटे तक शिव साधना की।

शिवमणि ने भगवान शिव को संगीतमय शृंगार किए। उन्होंने पहले बाबा का दर्शन पूजन किया। फिर धाम के सांस्कृतिक मंच पर घरेलू सामग्रियों कलछुल, थाल, कटोरी, घुंघरू और घंटा-घड़ियाल पर उनके दोनों हाथों की स्टिक फर्राटा फैन की तरह चली तो ऐसा धुन गूंजा की कतार में लगे भक्त भी झूम उठे। 

गंगा घाटों के घुमंतू दुकानदारों का होगा पुलिस वेरिफिकेशन
गंगा घाटों के घुमंतू दुकानदारों विशेष रूप से महिलाओं का वेरिफिकेशन पुलिस करे। सभी के नाम और पते की तस्दीक की जाए। यह निर्देश एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने शनिवार को गंगा घाटों पर गश्त के दौरान संबंधित थानाध्यक्षों को दिया।

दशाश्वमेध, चौक और कोतवाली थाना क्षेत्र में चेन, मोबाइल, पर्स छीनने या चुराने की घटनाओं में अकसर बाहरी महिलाओं की संलिप्तता सामने आती है। एडीसीपी काशी जोन ने दशाश्वमेध और शीतला घाट सहित अन्य गंगा घाटों पर पैदल गश्त के दौरान बाहर से आई कई महिलाओं को सामान बेचते हुए पाया। पूछताछ में कोई खुद को बिहार तो कोई दिल्ली या पश्चिम बंगाल की बता रही है। 

ऐसे में श्रद्धालुओं और सैलानियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एडीसीपी काशी जोन ने गंगा घाटों से संबंधित थानों के थानाध्यक्षों को कहा है कि घुमंतू दुकानदारों और विशेष रूप से महिलाओं का वेरिफिकेशन जरूर कराएं। 

6.15 करोड़ रुपये से बनेगा फुटबॉल स्टेडियम
जिले का पहला फुटबॉल स्टेडियम शिवपुर में बनेगा। इसका निर्माण कोलकाता के फुटबॉल स्टेडियम की तर्ज पर 6.15 करोड़ की लागत से वाराणसी विकास प्राधिकरण कराएगा। स्टेडियम में दर्शकों के बैठने के लिए स्टैंड, चेंजिंग रूम, शौचालय और जिम बनेगा। इसे फुटबॉल खिलाड़ियों खेल को बढ़ाने वाला कदम बताया है। पहले सिगरा स्टेडियम में फुटबॉल मैदान था, लेकिन अब वहां अभ्यास मैच ही कराए जा सकेंगे। 

बनारस को जल्द मिलेगा संगीत पाथवे
फुलवरिया तिराहा से सेंटर जेल की दीवार के बराबर में शिवपुर में लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबाई क्षेत्र में 15 फीट चौड़ी बन रहे संगीत पाथवे का लगभग 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण  के वीसी पुलकित गर्ग एवं कार्यदायी संस्था के अभियंताओं के साथ बन रहे इस संगीत पाथवे का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस संगीत पाथवे पर देश-विदेश में मशहूर बनारस घराने बड़े-बड़े संगीतज्ञों के चित्र बने हैं और उसे पर उनके जीवन चरित्र लिखे गए हैं। 

सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई टली
फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में शनिवार को आईआईटी-बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई टल गई। अभियोजन की ओर से एडीजीसी मनोज गुप्ता ने आवेदन दिया कि खेल के दौरान पीड़िता के पैर में चोट लगने के कारण वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हो पाई। अगली सुनवाई 12 मई को होगी। पीड़िता से दो आरोपियों के अधिवक्ताओं को जिरह करना है। पिछली तिथि पर आरोपी कुणाल की ओर से कार्रवाई स्थगित करने की गुहार लगाई गई थी। 

औसत से 1.7 डिग्री नीचे आया अधिकतम तापमान
तीन दिन से दिन में तीखी धूप और हवा न चलने की वजह से गर्मी से परेशान लोगों को शनिवार को थोड़ी राहत मिली। सुबह और शाम को हवा में नमी के साथ ही दिन में धुंध जैसा माहौल रहा। अधिकतम तापमान शनिवार 37.5 पर आ गया जो कि औसत से 1.7 डिग्री कम है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी 24.2 रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को मौसम के साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। 

एयरपोर्ट के पास एक घंटे गुल रहेगी बिजली
गजोखर स्थित 220 केवी उपकेंद्र पर 33 केवी मेन बस के अनुरक्षण कार्य की वजह से रविवार को बाबतपुर एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में 1 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम इंद्रभान सिंह ने बताया कि करखियाव, सिंधोरा, नेवादा, उत्तराफीड, बीडी वेंचर में सुबह 10 से 11 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। साथ ही बाबतपुर एयरपोर्ट, गजोखर, नियारडीह, पारले एग्रो व अनेई पोषण से जुड़े इलाकों में सुबह 11 से 12 बजे तक बिजली नहीं रहेगी।

जोन 3 ने जारी किए सबसे ज्यादा मानचित्र
वीडीए की जोन तीन टीम ने सबसे अधिक मानचित्र (18) जारी किए और जोन चार ने सबसे अधिक रुपये (1,60,74,189) जमा कराए। इस पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि जोन एक ने 9 मानचित्र स्वीकृत कराए और जोन दो ने 10 मानचित्र जारी किए। जोन चार ने 14 मानचित्र स्वीकृत किए गए। वहीं जोन पांच ने 12 मानचित्र स्वीकृत किए गए। 

आराजी लाइन में लगाए गए 3 नलकूप
आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सभा कनेरी, आदर्श ग्राम परमपुर और खेवसीपुर में शनिवार को मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने हर घर नल योजना के तहत नवनिर्मित नलकूपों का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे खेवसीपुर गांव के 2475, आदर्श ग्राम परमपुर के 3413 व कनेरी के 3819 लोग शुद्ध पेयजल से लाभान्वित होंगे। इस मौके पर राजकुमार वर्मा, मानस सिंह समेत अन्य मौजूद रहे। 

वाराणसी होकर गुजरेगी दरभंगा-दिल्ली स्पेशल
दिल्ली से दरभंगा के बीच स्पेशल ट्रेन चलेगी। ट्रेन संख्या 04012/04011 दिल्ली-दरभंगा का संचालन 22 अप्रैल से 11 जुलाई के बीच हर मंगलवार व शुक्रवार को किया जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, दरभंगा तक जाएगी। यही ट्रेन दरभंगा से 23 अप्रैल से 12 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को 24 फेरों के लिए चलाई जाएगी।  

04012 दिल्ली-दरभंगा आरक्षित स्पेशल दिल्ली से शाम 7.30 बजे छूटेगी। दूसरे दिन सुबह 9.40 बजे वाराणसी कैंट से होकर रात 8.30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 04302/04301 योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर-योग नगरी ऋषिकेश का संचालन वाराणसी, बलिया, छपरा आरक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। योग नगरी ऋषिकेश से 22 अप्रैल से 15 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को व मुजफ्फरपुर से 23 अप्रैल से 16 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को 13 फेरों में चलेगी। 

राज्य अभियंत्रण सेवा की प्रारंभिक परीक्षा आज
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से राज्य अभियंत्रण सेवा (एसइएस) की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को 25 परीक्षा केंद्रों हो रही है। परीक्षा के लिए 14,403 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिले में जेपी मेहता इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटरमीडिएट कॉलेज, कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज सहित 25 माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 

केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति की गई है।परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा हॉल में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है। 

सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी और संबंधित इंजीनियरिंग विषयों से संबंधित सवाल होंगे। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी और संबंधित इंजीनियरिंग विषयों से संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। 

24 को होगी शोध उपाधि समिति की बैठक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में शोध उपाधि समिति की बैठक 24 अप्रैल को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि बैठक सुबह 11 बजे से (ऑनलाइन व ऑफलाइन) विभाग में होगी। सभी की उपस्थिति जरूरी है। 

 22 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला 
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से 22 अप्रैल को सुबह 11.30 बजे से कार्यालय परिसर चौकाघाट में रोजगार मेला लगेगा। आठ निजी कंपनियां 200 युवाओं का चयन करेंगी। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। उनकी उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी कार्यालय में उपस्थित होकर पंजीकरण करा सकते हैं।

काशी विद्यापीठ में 22 से होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सांख्यिकी विभाग में बीए/बीएससी की प्रायोगिक परीक्षा 22 अप्रैल से होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि तृतीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 22 अप्रैल को 12.30 से 3.30 बजे तक होगी। बताया कि पंचम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे से होगी। ज्यादा जानकारी विभाग से ली जा सकती है। 

समागम में पुरा छात्राओं ने साझा की यादें
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में पुरा छात्रा संगठन की ओर से पुरा छात्रा समागम-2025 का आयोजन हुआ। इसमें पुरातन छात्राओं ने अपने काॅलेज के दिनों की यादों को साझा किया। साथ ही अपने क्लासरूम के साथ ही हॉस्टल भी देखा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी हुई। इस दौरान सेवानिवृत्त प्रो. स्वर वंदना, वनस्पति विभाग की प्रो. नंदिता घोष,  विधि संकाय की विभा त्रिपाठी, आईपीएस कृति त्रिपाठी, डॉ. रुक्मिणी जायसवाल माैजूद रहीं। स्वागत प्राचार्या प्रो. रीता सिंह ने किया।

स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश की चयन परीक्षा शुरू
गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज  और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा छह, सात और आठ में प्रवेश के लिए शनिवार को मंडलस्तरीय प्रारंभिक चयन शुरू हुआ। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि यूपी स्पोर्ट्स कॉलेज सोसाइटी की ओर से तीन प्रमुख स्पोर्ट्स कॉलेजों में के लिए 275 सीटें हैं। 

माध्यमिक विद्यालयों में बेटियां सीखेंगी जूडो
माध्यमिक विद्यालयों में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए मिशन शक्ति के तहत नए सत्र से जिले के 100 से अधिक विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास की भावना को जागृत करना है। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में है भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शनिवार को अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल ने विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। पत्नी के साथ सरस्वती भवन में रखी गई दुर्लभ पांडुलिपियों को भी देखा। कहा कि विश्वविद्यालय में भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। 

इसका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने परिसर में हो रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। दुर्लभ पांडुलिपियों में रास पंचाध्यायी, भागवतगीता एवं दुर्गा सप्तशती( विशेष कपड़े में लिखी गई) देखी। कहा कि पांडुलिपि के संरक्षण के कार्यों में प्रदेश सरकार के स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। 

परिसर में बनने वाले नवीन अतिथि गृह निर्माण, शताब्दी भवन अतिथि भवन जीर्णोद्धार, परिसर में बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण कार्यों के गति बढ़ाने को अधिकारियों से कहा। ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर प्रगति देखी।  प्रभारी कुलपति प्रो रामपूजन पांडेय ने अपर मुख्य सचिव का स्वागत किया। 
विज्ञापन

ओलंपियाड के विजेताओं को उपमुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अलग-अगल विषयों के ओलंपियाड के विजेताओं को सम्मानित किया। साइंस विषय में बरेली के कृशिव वर्मा, अंग्रेजी विषय में गुड़गांव निवासी अविका नारंग, बरेली निवासी कृष्णा खंडेलवाल, मथुरा निवासी विनीशा शर्मा, इलाहाबाद के अक्षत मिश्रा, मेरठ के अध्ययन धीमन, वाराणसी की राजश्री मिश्रा, फरीदाबाद की अनुशा भार्गव को सम्मानित किया गया।

वहीं, मैथमेटिक्स में उधम सिंह नगर से याक्षित ठुकराल, नैनीताल निवासी आराध्या, हल्द्वानी निवासी माही, बरेली निवासी साहिल अग्रवाल, वाराणसी के आकृष्ट सिंह, जेपी नगर निवासी वर्शल गुमान, देहरादून निवासी पीयूष नेगी, मेरठ निवासी तनिश वर्मा, झांसी के रूशंक अग्रवाल को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें