Varanasi News Today: परिवहन विभाग में चतुर्थ श्रेणी पद पर नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों से ठगी हो रही है। ऐसा ही मामला मिर्जापुर परिवहन विभाग कार्यालय में पकड़ गया। वाराणसी के आरटीओ (प्रशासन) के फर्जी हस्ताक्षर युक्त नियुक्ति पत्र लेकर युवक मिर्जापुर कार्यलय में पहुंचा था। संदेह होने पर उसे पकड़ा गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
वाराणसी संभाग के आरटीओ (प्रशासन) शिखर ओझा ने बताया कि मिर्जापुर के परिवहन कार्यालय में एक युवक चतुर्थ श्रेणी पद पर फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचा था। नियुक्ति पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर था। युवक से पूछताछ में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उधर, आरटीओ प्रशासन ने पूर्वांचल समेत प्रदेश के सभी जनपदों में पत्र जारी करते इस बारे में आगाह किया है।
मारपीट कर वाहन क्षतिग्रस्त किया
हड़हा की रहने वाली सोनम कुमारी ने लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सोनम ने पुलिस को बताया कि वह पीडीआर मॉल के पास अपनी सहेली से मिलने गई थी। वहां रिषभ मोदनवाल और चिंटू लाल ने मारपीट कर उनके वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों के घर जाकर शिकायत करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार जांच की जा रही है।
जमीन के विवाद में मारपीट, 10 लोग घायल
पहड़ियां नरपतपुर गांव में मंगलवार जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें राजकुमार पाल, जगरानी पाल, सुशीला पाल सहित चार लोग वहीं दूसरे पक्ष के हीरालाल, सुनीता देवी, साधना घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
युवक के खाते से निकाल लिए 69 हजार रुपये
कपसेठी थाना क्षेत्र के शिवदासपुर (बनकट) गांव निवासी विकास सिंह के खाते से साइबर ठगों ने 69 हजार रुपये उड़ा दिए। भुक्तभोगी ने कपसेठी थाने में तहरीर दी है। विकास सिंह ने बताया कि मंगलवार की दोपहर फोन आया कि आपके खाते में एक स्कीम के तहत 8000 रुपये भेजे गए हैं।
कहा कि और अधिक पैसा आपको चाहिए तो भेजी गई धनराशि वापस कर दें। झांसे में आकर युवक ने 5000 रुपये जालसाजों के खाते में भेज दिए। विकास ने घटना की जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर पर देकर कपसेठी थाने की पुलिस को तहरीर दी।
ग्राम प्रधान पुत्र पर हमला, केस दर्ज
चिरईगांव के संदहां में रिंग रोड चौराहे पर पियरी गांव की प्रधान के पुत्र और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला किया। सचिन के पिता शत्रुघ्न सिंह ने उमरहां के किशन राय व रोहित राय के अलावा अशोक राय, शाका राय, माया राय, बृजेश राय और अन्य अज्ञात के खिलाफ चौबेपुर थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी चौबेपुर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एप डाउनलोड कराकर खाते से 49 हजार की ठगी
पैसे भेजने के बहाने एप डाउनलोड करा कर बुद्धा नगर कॉलोनी के गोपाल यादव के खाते से मंगलवार को 49200 रुपये की ठगी हो गई। गोपाल यादव ने इसकी सूचना साइबर सेल पुलिस को दी। पुलिस जांच कर रही है।
एक चोर पकड़ा गया, दो बॉक्स लेकर भागे
चौबेपुर के पंडापुर (उगापुर) गांव में मंगलवार की रात सुरेश यादव के घर में घुसकर चोरी करने घुसे तीन चोरों में से एक परिवार के लोगों की सक्रियता से पकड़ा गया। हालांकि दो चोर बॉक्स लेकर भागने में सफल रहे। बाक्स में कीमती कपड़े, सोने की दो नथिया, पायल और 12 हजार रुपये थे।
पकड़े गए चोर की पहचान डुबकियां निवासी युवक के रूप में हुई है। इस संबंध में चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि एक चोर को पकड़ा गया है। उसके घर वालों का कहना है कि वह दो दिन से लापता था। उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्ण व्यवसायी लापता, मुकदमा दर्ज
चौबेपुर कस्बा निवासी स्वर्ण व्यवसायी अनिल कुमार सेठ उर्फ सेचू (47) अपने घर से गत 20 अप्रैल को निकले तो वापस नहीं आए। परिजनों ने अनिल की काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। अनिल की मां सुखमानी देवी ने चौबेपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी समारोह में जमकर की मारपीट और तोड़फोड़
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज इलाके में आकाशवाणी के समीप स्थित एक लाॅन में सोमवार की रात वैवाहिक समारोह के दौरान अपने साथियों के साथ पहुंचे एक युवक ने जमकर उपद्रव किया। बताया गया कि उपद्रव करने वाला युवक दुल्हन का पूर्व परिचित था और उसकी शादी से नाराज था। घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। इस संबंध में भेलूपुर थाना प्रभारी ने बताया कि लड़की या लड़का पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।
आईफोन की ईएमआई देने के लिए चुराए थे गहने
आईफोन की ईएमआई का पैसा देने और 4700 रुपये का कर्ज चुकाने के लिए नानी के घर से गहने चुराने के आरोपी और उसके दोस्त को फूलपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भदोही के बिशापुर के हर्ष पटेल और जौनपुर के रसूलहा के सुलेमान के रूप में हुई है। दोनों के पास से सोने का एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया बरामद की गई है।
फूलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला ने घर से गहने चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में पता लगा कि महिला का नाती हर्ष पटेल किश्त पर आईफोन खरीदा था। ईएमआई का पैसा जमा करने के लिए वह गहने चुराया था।
मनबढ़ों ने दुकानदार को पीटा
बड़ी पियरी में मंगलवार की शाम घर लौट रहे दुकानदार सुनील कुमार की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। पीड़ित ने चौक थाने में केस दर्ज कराया। चौक इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाजपा पार्षद मदन मोहन ने फिर उठाया स्कूल का मुद्दा
नगर निगम सदन की बैठक में भाजपा पार्षद मदन मोहन दुबे ने एक बार फिर सनबीम स्कूल का मुद्दा उठाया। इस पर राजस्व विभाग के अधिकारी अनिल यादव ने जानकारी दी और कहा कि एक अधिकारी ने एनओसी दी है। इस पर मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि जिस भी अधिकारी ने एनओसी दी थी, उसके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाए।
बीते 18 मार्च को टाउनहाॅल में हुई सदन की बैठक में भाजपा पार्षद मदन मोहन दुबे ने सवाल उठाया था कि लहरतारा स्थित सनबीम स्कूल को सरकारी तालाब पाटकर बनाया गया है। तालाब नगर निगम की संपत्ति है। राजस्व टीम को भौतिक सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई थी।
अब राजस्व विभाग की टीम ने बताया कि रिकाॅर्ड खंगालने के बाद कार्रवाई के लिए वीडीए को पत्र भेजा गया है। स्कूल प्रबंधन की तरफ से उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की गई थी, जिस पर स्थगन आदेश है। अन्य स्कूलों की जांच कराई जा रही है। सारे दस्तावेज मिलने पर सदन को जानकारी दी जाएगी।
12 पार्षदों ने दिए प्रस्ताव
सदन में नगर निगम अधिनियम 91 दो के तहत 12 पार्षदों ने प्रस्ताव दिए। बबलू शाह ने गंगा नगर कालोनी में मिनी नलकूप रिबोर और बाबा ओंकालेश्वर मंदिर के पास बंद शौचालय को तोड़कर शादी घर बनाने का प्रस्ताव दिया। इसी प्रकार पुष्पा ने तालाबों के सुंदरीकरण व जीर्णोद्धार का प्रस्ताव दिया।
राजेश यादव ने चमरूबीर बाबा मंदिर से रामेष्ट नगर मोड़ तक नाला सफाई कराने, कुसुम सिंह पटेल ने भोजूबीर से नटिनिया दाई तक नालियों की सफाई पर नाराजगी जताते हुए नाली को मेन पाइप से जोड़ने का प्रस्ताव दिया। मोहम्मद तैय्यद ने जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के अभिलेख जोन पर भेजने, मदन मोहन दुबे ने नाले नाली से अवैध कब्जा हटवाने का प्रस्ताव दिया।
शबाना अंसारी ने जलालीपुरा में ट्यूबवेल और पुराने गोपालू ट्यूबवेल रिबोर करने, श्याम आसरे मौर्य ने सभी कुओं की सफाई और मरम्मत का प्रस्ताव दिया। नूरजहां परवीन ने तीन नलकूप लगाने, श्रवण कुमार गुप्ता ने शहर के पार्क में तैनात कर्मचारियों का मोबाइल नंबर अंकित करने और प्रमोद राय ने सभी वार्ड में सुपरवाइजर की तैनाती का प्रस्ताव दिया।
ट्रेन के सामने कूदकर जान दी
सारनाथ के हिरामनपुर बंद रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। बरौनी से आनंद विहार जाने वाली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार की सुबह 9:55 बजे सारनाथ स्टेशन पर रुकी। ट्रेन चली और जैसे ही हिरामनपुर बंद रेलवे क्राॅसिंग के पास पहुंची, तभी एक व्यक्ति उसके सामने कूद गया।
उसे दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वाराणसी सिटी के राजकीय रेलवे पुलिस प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पहचान नहीं हो सकी है। उधर, कैंट और काशी स्टेशन के बीच में मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से आजमगढ़ निवासी उदयभान (45) की मौत हो गई। अरपीएफ कैंट इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि आशंका है कि ट्रेन से गिरने से मौत हुई है।
ट्रेन की चपेट से नौ भैसों की मौत
मिर्जामुराद के बहेड़वा हाल्ट के समीप मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से नौ भैसों की कटकर मौत हो गई। बहेड़वा गांव निवासी पशुपालक बच्चा राम यादव अपनी भैसों को चरा रहे थे। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक से सटे एक गड्ढे में सभी भैंस पानी पीकर ट्रैक को पार करने लगी। तभी वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से नौ भैसों की मौत हो गई।
डुबकियां में शोपीस बनी पानी की टंकी, पेयजल की समस्या
जल जीवन मिशन के तहत डुबकियां ग्राम पंचायत में लाखों रुपए खर्च कर बनाई गई पानी की टंकी शो पीस बनकर रह गई है। इस टंकी से अब तक लोगों को एक बूंद भी पानी नहीं मिला है। इससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या हो रही है। गांव के सुरेन्द्र कुमार सिंह, रजनीश सिंह, बबलू सिंह, कमलेश सिंह, इम्तियाज, रहमतुल्लाह ने चेतावनी दी है कि जल्द पानी की समस्या दूर नहीं हुई वे धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
ग्राम प्रधान संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना का कार्य जल निगम ने सितंबर 2022 में शुरू कर जून 2024 में पूरा कर दिया था। इसके बाद भी अब तक यहां के 500 घरों में पानी का कनेक्शन तक नहीं हुआ। सौर ऊर्जा से चलने वाला संयंत्र भी खराब पड़ा है। परियोजना प्रबंधक सुजीत सिंह का कहना है कि सौर संयंत्र क्षतिग्रस्त हो चुका है और ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं हुई है। दो-तीन दिन में समस्या का समाधान करने को कहा है।
कौन रखा था हैंडग्रेनेड, नौ साल बाद भी पता नहीं
दीवानी कचहरी परिसर से 23 अप्रैल 2016 को हैंडग्रेनेड बरामद किया गया था। मामले को लेकर कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मगर, नौ साल बीतने के बाद भी यह पता नहीं लगा सका कि हैंडग्रेनेड कौन रखा था। इसे लेकर बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को सीजेएम की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर मामले की प्रगति रिपोर्ट तलब करने का अनुरोध किया। अदालत ने मामले में कैंट थाने की पुलिस से प्रगति रिपोर्ट तलब की है।
एडिशनल सीपी से अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मिला
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दूबे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता कृष्ण बहादुर दूबे के बड़े भाई व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य श्याम बहादुर दूबे के साथ ही कुछ पत्रकारों के विरुद्ध फर्जी तरीके से मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा खत्म करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता विनय कुमार त्रिपाठी, अखिलेश पांडे, सुनील कुमार सिंह, विवेक सिंह, अमित कुमार पांडे, बृजेश मिश्रा मौजूद रहे।
जमानत अर्जी खारिज
पुरानी रंजिश को लेकर लस्सी विक्रेता पर लाठी-डंडे और रॉड से हमलाकर गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपी चाय विक्रेता को कोर्ट से राहत नहीं मिली। जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने नीलकंठ, चौक निवासी आरोपी सूरज यादव उर्फ सोनू की जमानत अर्जी मामले की गंभीरता को देखते हुए खारिज कर दी।
भक्ति पाने के लिए गोपियों की तरह करें प्रेम
श्रीवल्लभाचार्य प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में शुद्धदैत्व जपयज्ञ समिति की ओर से चौखंभा स्थित बेटी जी मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में मंगलवार को भागवत भूषण पं. मनमोहन गौर प्रभु के महारास लीला प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने भीतर के रसानंद का दान करने के लिए महारास लीला की। सभी गोपिकाएं और श्रीकृष्ण एक रूप हो गए। कथा के बाद गोस्वामी कल्याण राय का आशीर्वचन हुआ।
पटेल हॉस्टल ने दिया सांस्कृतिक एकता का संदेश
बीएचयू का सरदार वल्लभ भाई पटेल हॉस्टल मंगलवार को पूर्वोत्तर लोक कला और देश की सांस्कृतिक एकता का साक्षी बना। यहां असम समेत पूर्वोत्तर के विद्यार्थियों और अध्यापकों ने नाहोर रोंगाली बिहू उत्सव मनाया। मणिपुरी, अरुणाचल प्रदेश के प्रमुख नृत्य ने लोगों को पहाड़ी कला से रूबरू कराया।
छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार नेमा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विवि में सांस्कृतिक एकता को एक सूत्र में पिरोया जा सकता है। पूर्वोत्तर के हराकांता पायेंग और धन्यवाद ज्ञापन छात्रावास के प्रशासनिक संरक्षक डॉ. धीरेंद्र राय और सम्मान संरक्षक डॉ. शैलेंद्र सिंह ने किया।
युवाओं को रोजगार से जोड़ेगा आईआईए
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर और युवाओं को रोजगार से जोड़ने को लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) वाराणसी चैप्टर ने पहल की है। साईं इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट के साथ समझौता (एमओयू) हुआ है। साईं इंस्टीट्यूट ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन की दिशा में ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास, उद्यमिता, प्रशिक्षण, ब्रांडिंग, विपणन आदि क्षेत्रों की जानकारी देगा। राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने बताया कि बुधवार को एमएसएमई कार्यालय चांदपुर में कार्यक्रम के तहत जानकारियां दी जाएंगी।
11 वेदियों का पूजन, देवी को लगा 56 भोग
श्रीरुद्रचंडी महायज्ञ और देवी भागवत कथा की पूर्णाहुति हवन पूजन के साथ हुई। देवी को 56 भोग लगा। नौ कन्याओं का पूजन और 21 ब्राह्मणों को भोज कराया गया। यज्ञशाला में वैदिक विधि से नौ दिनों में सवा लाख आहुतियां डाली गईं।
नौ दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम दिन सुबह से लेकर रात तक पूजन-अर्चन और भंडारा चला। सुबह आचार्य अनुपम शुक्ला मुन्ना गुरु के आचार्यत्व में सुबह 16 स्तंभ वाले मंडप और 11 वेदियों का पूजन हुआ। कथावाचक विद्याधर त्रिपाठी ने देवी के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया। आचार्य मुन्ना माैजूद रहे।
इंडोनेशिया से लौटे काशी के रोटेरियन
रोटरी मंडल का सात दिवसीय सम्मेलन इंडोनेशिया के बाली शहर में संपन्न हुआ। रोटरी मंडल 3120 के 80 क्लबों के 300 रोटेरियन गए थे। इसमें वाराणसी के 21 क्लबों के सौ रोटेरियन शामिल हुए। मुख्य अतिथि बाली रोटरी मंडल की अध्यक्ष सूजना चन्द्रा रहीं।
सूजन चंद्रा ने बाली रोटरी क्लब के बारे में बताया। मंडलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल, पूर्व मंडलाध्यक्ष उत्तम अग्रवाल, अजय आगा, सुरेश अग्रवाल, अजीत मेहरोत्रा, संजय अग्रवाल, सुनील बंसल, दिनेश गर्ग, देवाशीष, योगेश रूपानी आदि शामिल रहे।
पं. गिरीश को बांधी गई पगड़ी, बने प्रधान पुजारी
पं. गिरीश कुमार मिश्रा ने विधि विधान से पगड़ी की रस्म के साथ बनकटी हनुमान मंदिर के प्रधान पुजारी की गद्दी संभाल ली। वेद मंत्रोच्चार के बीच विविध अनुष्ठान हुए। दुर्गाकुंड स्थित प्राचीन सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर के प्रधान पुजारी पं. गया प्रसाद मिश्र का आठ अप्रैल को निधन हो गया था।
मंगलवार को गंगोत्री विहार कॉलोनी (नगवां) स्थित उनके आवास पर उनके पुत्र गिरीश कुमार मिश्रा को प्रधान पुजारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुरोहित पं. गोपाल तिवारी और गया प्रसाद की पत्नी फूल कुमारी देवी ने गिरीश को पगड़ी बांधी। इस मौके पर ज्योतिषाचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद पटेरिया, पं. फुल झा, पं. कृष्णानंद झा आदि रहे।
क्या हुआ काशी तेरा शौक लिखने पढ़ने का...
सुबह-ए-बनारस की ओर से अस्सी घाट पर काव्यार्चन में मंगलवार को कवियों ने काव्य पाठ किया। वरिष्ठ रचनाकार गौतम अरोड़ा सरस ने अध्यक्षता की। शुभारंभ रायबरेली के रचनाकार सीतेश कुमार शर्मा ने किया। विकास तिवारी ने सुनाया, क्या हुआ काशी तेरा शौक लिखने पढ़ने का, संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने का...।
बाराबंकी के कुमार आलोक, डॉ. अशोक राय अज्ञान, गौतम अरोड़ा सरस ने भी अपनी रचनाएं सुनाईं। संचालन नवल किशोर गुप्त, धन्यवाद ज्ञापन प्रियंका सिंह ने किया। गणेश प्रसाद, अखलाक खान, परमहंस तिवारी, गिरीश पांडेय, प्रेम नारायण आदि माैजूद रहे।
राजेश कुमार और सुरेंद्र नाथ पाल सम्मानित
वाराणसी पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) वाराणसी चैप्टर की ओर से सोमवार को सुंदरपुर स्थित पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस मनाया गया। इस दौरान बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक सुरेंद्रनाथ पाल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पीआरएसआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र मेहता ने एआई के उपयोग और नैतिक चुनौतियों पर विचार रखे। बीएचयू के जनसंपर्क विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अनिल दवे, सहायक जनसंपर्क अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर, संदीप मुखर्जी आदि ने भी विचार रखे। स्वागत सचिव प्रदीप कुमार उपाध्याय ने किया। समन्वयन डॉ. ममता पांडेय व हर्ष अग्रवाल ने किया। इस दौरान डॉ. बाला लखेंद्र, मनोहर लाल, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, डॉ. अंशुमान राणा आदि मौजूद रहे।
वरुथिनी एकादशी कल
वैशाख मास कृष्णपक्ष की वरुथिनी एकादशी 24 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस एकादशी की विशेष महिमा है। पौराणिक मान्यता है कि भक्त इस एकादशी का व्रत रखकर भगवान विष्णु के वामन अवतार की पूजा होती हैं। इससे नकारात्मकता और बुराइयों से सुरक्षा मिलती है।
ज्योतिषविद विमल जैन के अनुसार वैशाख कृष्णपक्ष की एकादशी तिथि बुधवार को शाम 4:44 बजे से 24 अप्रैल को 2:33 बजे तक रहेगी। जबकि शतभिषा नक्षत्र बुधवार को दिन में 12:08 बजे से 24 को सुबह 10:50 बजे तक रहेगी। भगवान कृष्ण भी कहते हैं कि भक्त अपने बुरे भाग्य को बदल सकते हैं।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का लिया संकल्प
आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल की पहल दूध-दही थाली में, कोका-कोला नाली में... अभियान को व्यापारियों का समर्थन मिल रहा है। महामंत्री सोमनाथ विश्वकर्मा के नेतृत्व में विभिन्न व्यापार मंडलों ने एकमत होकर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, विदेशी पेय पदार्थों का बहिष्कार करने का संकल्प लिया।
रवींद्रपुरी कल्याण समिति के अध्यक्ष अनुज डिडवानिया ने कहा कि हर व्यापारी एक होकर देश की उन्नति में अपना योगदान देगा। नदेसर धौसाबाद व्यापार समिति के अध्यक्ष सुजीत गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजू अग्रवाल ने अभियान में सहयोग का संकल्प लिया। सुंदरपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष गुड्डू गुप्ता, वाराणसी फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय साहू ने भी अपना समर्थन दिया। व्यापारियों का मानना है कि इस प्रकार की पहल से देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
लिफ्ट-एस्केलेटर पर चढ़ने की आदत डालें
हज कमेटी ऑफ इंडिया के पूर्व सदस्य डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने मंगलवार को रेवड़ी तालाब स्थित जामिया सल्फिया दारुल उलूम में हज ट्रेनिंग और टीकाकरण कैंप का उद्घाटन किया। कैंप में मास्टर हज ट्रेनर ने जायरीन को रोजाना पांच से छह किमी पैदल चलने की सलाह दी। साथ ही लिफ्ट और एस्केलेटर पर चढ़ने और उतरने की आदत डालने को कहा गया।
कैंप में 69 महिला और 81 पुरुषों को हज के अरकान बताए गए। सभी का टीकाकरण भी हुआ। उत्तर प्रदेश हज सेवा समिति के बैनर तले अब्दुल्ला सऊद की सदारत में कैंप शुरू हुआ। समिति के अध्यक्ष हाजी वसीम अहमद, हाजी अब्दुल रहमान ने घर से एयरपोर्ट तक क्या करना है और कौन सा सामान ले जाना है इसके बारे में बताया। हज ट्रेनर हाजी मोहम्मद अनीस अंसारी, हाजी डॉ. मुमताजुर्रहमान, सफीर अहमद, हाजी सेराज, हाजी रेयाज, हाजी जफीरुद्दीन, हाजी मोहम्मद खालिद आदि रहे।
पोप फ्रांसिस को प्रार्थना कर दी श्रद्धांजलि
कैथोलिक ईसाई समुदाय के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर मंगलवार को काशी धर्म प्रांत के स्कूल और कॉलेज बंद थे तो सामाजिक गतिविधियां भी ठप रहीं। चर्चों में विशेष प्रार्थना सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। छावनी स्थित महागिरजा में शाम को पोप फ्रांसिस को याद करते हुए विशेष प्रार्थना सभा हुई। पल्ली पुरोहित फादर अगस्टीन केजे ने उनकी आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना करवाई।
उन्होंने कहा कि वे विश्व में युद्ध नहीं शांति के चाहते थे और परमाणु बम बनाने को अनैतिक बताते थे। उन्होंने चर्चों के लिए भी कई सराहनीय कार्य किए। उन्होंने बताया कि पोप फ्रांसिस का पार्थिव शरीर अभी लोगों के दर्शन के लिए रखा गया है। शनिवार को दफन के बाद ही चर्चों में कोई और कार्य होंगे। प्रार्थना सभा में फादर थाॅमस, फादर मुथु, फादर जोसफ, फादर संजय, फादर विमलन आदि रहे।
जिसमें अंतर्विरोध नहीं, वह सिर्फ कथावाचक होता है
बीएचयू के महामना सभागार में बनारस और हिंदी नवजागरण थीम पर हुए दो दिवसीय सम्मेलन में कथक, कहानी पाठ के साथ लोकगीतों की प्रस्तुतियां हुईं। बीएचयू के प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि भक्ति काल हमारे बीच तनी हुई रीढ़ के साथ जीने की ललक पैदा करता है। प्रो. रामेश्वर राय ने कहा कि भक्ति काव्य के अंतर्विरोध को समझना होगा। तुलसीदास में अंतर्विरोध है, कबीर में भी है। जिस रचनाकार में अंतर्विरोध नहीं है, वह कथावाचक होता है।
प्रो. राजकुमार ने कहा कि कोई भी 19वीं सदी को अब नवजागरण काल नहीं मानता। बल्कि उसकी जगह लोग औपनिवेशिक आधुनिकता का इस्तेमाल करते हैं। मुझे भी यह सही लगता है कि पराधीनता के समय नवजागरण कैसे हो सकता है। प्रो. कृष्ण मोहन ने कहा कि हिंदी नवजागरण की जो पूरी परियोजना थी, वह औपनिवेशिक परियोजना थी। डॉ. प्रभात मिश्र ने कहा कि परतंत्रता में ही जागरण पनपता है।
भारतेंदु को नवजागरण का नायक और सितारे हिंद को खलनायक करार दिया जाता है। बनारस के योगदान को केवल इस संदर्भ में नहीं रूपायित किया जा सकता। जगन्नाथ दुबे ने कहा कि एक भाषा, एक लिपि, एक राष्ट्र की बात, मुझे हिंदी नवजागरण के बजाय हिंदू नवजागरण का ज्यादा लग रहा है। संचालन डॉ. सुशांत कुमार शर्मा और उद्घोषक डॉ. आर्यपुत्र दीपक ने किया। कथाकार अखिलेश, शिवमूर्ति, प्रो. प्रीति चौधरी, डॉ. दिव्यानंद, प्रो. प्रभाकर सिंह, प्रो. अनिल राय ने विचार रखे।
आज सात घंटे गुल रहेगी बिजली
पोल और तार की शिफ्टिंग की वजह से बुधवार को शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, अर्दली बाजार उपकेंद्र से जुड़े फीडर से सुबह 11 से 3 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। उधरए सिंधौरा उपकेंद्र से जुड़े गांवों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे यानी सात घंटे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। एसडीओ आयर श्रीपति तिवारी ने बताया कि सिंधोरा, जाठी, गड़खरा आदि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी।
पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई टली
अपर जिला जज चौदहवां की कोर्ट में मंगलवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अहमद अंसारी की पक्षकार बनाने की निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। इस मामले में सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी की कोर्ट से मूल पत्रावली न आने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई। अब इस मामले में अगली सुनवाई तीन मई को होगी। निगरानीकर्ता ज्योतिर्लिंग आदि विश्वेश्वर के मूलवाद में पक्षकार बनना चाहता है।
26 दिव्यांगों को दी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल
अपना दल एस के विधायक डॉ. सुनील पटेल ने अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशीय दिव्यांग विकास संस्थान और बचपन डे केयर सेंटर खुशीपुर में 26 दिव्यांगों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल का वितरण किया। उन्हें रेलवे पास भी दिया। विधायक ने कहा कि दिव्यांगजनों के हित में सरकार तमाम योजनाएं ला रही है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने बताया कि 80 फीसदी दिव्यांगता वाले दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और सुगम यात्रा के लिए रेलवे पास दिया। स्वागत रमेश सिंह ने किया। संचालन कमलेश कुमार और धन्यवाद ज्ञापन सौरभ सिंह ने किया। राजकुमार, श्यामबली पटेल, गोविंद मौजूद रहे।
महिलाओं को परिवार नियोजन की दी जानकारी
पीएचसी पर सोमवार को खुशहाल परिवार दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिवार कल्याण परामर्शदाता रुचि चौरसिया ने बताया कि कार्यक्रम में परामर्श के बाद लाभार्थियों की इच्छा के अनुसार तीन महिलाओं को अंतरा, दो महिलाओं को पीपीआईयूसीडी और दो लाभार्थियों को आईयूसीडी लगवाया गया। महिला लाभार्थियों का डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस मौके पर डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. अनुरागी मौर्या, अशोक कुमार, सरिता, कणिका सिंह मौजूद रहीं।
पेंशनर्स और शिक्षकों ने दिया धरना
सेवानिवृत्त कर्मचारियों और शिक्षकों ने मंगलवार को वरुणा नदी के शास्त्री घाट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान नई सेवा नियमावली को वापस लेने और पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग की। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर के प्रतिनिधियों को सौंपा।
पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रमोद मिश्रा ने सरकार को पेंशनरों के प्रति उदासीन बताया। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पेंशनरों में भेदभाव पैदा करने वाले किसी भी अधिनियम को तत्काल वापस लिया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला मंत्री अशोक सिंह, मदन मोहन श्रीवास्तव और विरेंद्र सिंह शामिल रहे।
निजीकरण के विरोध में भिखारीपुर में प्रदर्शन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर विरोध दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को राज्य विद्युत परिषद जेई संगठन के बैनर तले जूनियर इंजीनियरों ने भिखारीपुर एमडी ऑफिस गेट पर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने प्रबंध निदेशक के नेतृत्व में मुख्य अभियंता अनिल कुमार को ज्ञापन सौंपा। निजीकरण का फैसला वापस लेने की मांग की। संगठन के पूर्वांचल वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक मौर्या, अवधेश यादव शिवम चौधरी, सियाराम यादव, अमित सहगल, जय प्रकाश यादव, शशि कपूर मौजूद रहे।
परिषदीय विद्यालयों में मनाया गया प्रवेशोत्सव
काशी विद्यापीठ विकास खंड के भिटारी, मनोरथपुर, केराकतपुर, केसरीपुर समेत कई परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को प्रवेशोत्सव मनाया गया। बच्चों ने स्कूल चलो अभियान के तहत निकली रैली में बैनर और तख्तियां लेकर शिक्षकों के साथ घर-घर संपर्क कर नए नामांकन के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। इस दौरान अमिताभ मिश्र, रविंद्र सिंह, आराधना दुबे, राजेश त्रिपाठी शामिल रहे।
आज लगेगा भाजपा का प्रशिक्षण शिविर
काशी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को 23 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बाबतपुर रोड स्थित एक निजी होटल में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल इसे संबोधित करेंगे।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में सभी 16 जिलों के जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष से लेकर क्षेत्र संयोजक, सह संयोजक तक के पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रशिक्षण शिविर में वक्फ कानून के बारे में जानकारी दी जाएगी।
नगर आयुक्त ने किया आठ घाटों का निरीक्षण
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने मंगलवार को भैंसासुर राजघाट से लगे आठ घाटों का निरीक्षण किया। यहां हो रहे रीडेवलपमेंट के कार्य की गुणवत्ता और समय से काम पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार, महाप्रबंधक जलकल अनूप कुमार मौजूद रहे।
सैनिक बंधु की बैठक 25 को
जिला सैनिक बंधु की बैठक 25 अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में होगी। इसके लिए पूर्व सैनिक, उनके परिवार वाले अपनी समस्या का आवेदन बुधवार तक कार्यालय में जमा कर सकते हैं। जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय ने बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए हर महीने बैठक की जाती है। इसके लिए आवेदन पत्र बुधवार तक कार्यालय में जमा करना है। मंगलवार तक तीन आवेदन पत्र कार्यालय में आए हैं।
पहड़िया में निगम ने ध्वस्त कराई बाउंड्री
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा ने मंगलवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाए। पहड़िया बेनीपुर में नगर निगम की जमीन पर बनाई गई बाउंड्री ध्वस्त कराई गई। रामनगर, कटेसर गंगा नदी के किनारे नगर निगम की जमीन पर सीमेंट का पोल गाड़ा जा रहा था। आदमपुर जोन के भैंसा घाट, पंच अग्नि घाट, रानी घाट परठेला गाड़ी, दुकान गुमटी, नाव का मलबा, जनरेटर हटवाए गए।
पश्चिम बंगाल में लगे राष्ट्रपति शासन : गोपाल राय
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय का मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने बरेका कॉलोनी के पास स्थित संगठन के कार्यालय पर प्रेसवार्ता की। कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर अत्याचार किया जा रहा है। लोग पलायन के लिए मजबूर हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। कहा बांग्लादेश में भी हिंदुओं की स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने 4 मई को आयोजित अंतरराष्ट्रीय जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह के बारे में चर्चा की। उन्होंने बताया लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले कार्यक्रम में कई देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके बादराष्ट्रीय सचिव कृष्णा पांडेय की माता कि तेरहवीं कार्यक्रम में पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राकेश कुमार ,छोटू, अजय, अनिल कुमार रहे।
वीडीए के अपर सचिव ने 43 निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने कई जगहों का निरीक्षण किया। सारनाथ जोन में पांडेयपुर से आजमगढ़ रोड का निरीक्षण किया। यहां 43 स्थलों के निर्माणों को देखा। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार को 7 दिन में शमन मानचित्र जमा कराने के निर्देश दिए।
मेयर अशोक कुमार तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के तीसरे स्मार्ट वेस्ट मैनेजमेंट ट्रांसफर स्टेशन का हुआ शुभारंभ
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शंकुलधारा में पूर्वांचल का पहला और प्रदेश का तीसरा स्मार्ट वेस्ट मैनेजमेंट स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन काशी की जनता को समर्पित किया। शंकुलधारा कुंड के पास जलकल की बाउंड्री से लगे लगभग 15 हजार वर्गफीट की भूमि में इस स्मार्ट प्लांट का निर्माण किया गया है।
नगर निगम की ओर से एचडीएफसी बैंक के सहयोग से सीएसआर के तहत 5 करोड़ की लागत से 120 टन क्षमता वाले इस प्लांट का निर्माण कराया गया है। इस स्टेशन में दो स्टेटिक काॅम्पैक्टर, दो हुकलोडर और छह कैप्सूल उपकरण स्थापित किए गए हैं। इस तरह का स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन गाजियाबाद और गोरखपुर में है। वाराणसी अब तीसरा शहर है। बैंक के जोनल हेड मनीष टंडन ने हुकलोडर की चाबी मेयर को सौंपी।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, जोनल स्वच्छता अधिकारी रविचंद्र निरंजन मौजूद रहे। इस मौके पर मेयर ने परिसर में चंदन का पौधा भी लगाया। इस अवसर पर पार्षदों में सुरेश कुमार चौरसिया, रीता सेठ, श्याम भूषण शर्मा, श्याम आसरे मौर्य, हनुमान प्रसाद, सुरेश कुमार पटेल मौजूद रहे।
वहीं, शंकुलधारा में 30 अप्रैल को होने वाले अक्षय कन्यादान महोत्सव की तैयारियों को लेकर मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यहां द्वारकाधीश मंदिर परिसर और शंकुरधारा, खोजवा क्षेत्र के मुख्य मार्गों दुरुस्त करने के निर्देश दिए। आरएसएस पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र कार्यवाह वीरेंद्र जायसवाल ने भी क्षेत्र का भ्रमण किया।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में यात्रियों को मिल रही लिफ्ट, एफओबी की सुविधा
पूर्वोत्तर रेलवे में वित्त वर्ष 2024-25 में प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों के सुविधापूर्वक आवागमन के लिए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), लिफ्ट और उच्चतल के प्लेटफॉर्म के निर्माण और विस्तार का कार्य पूरा हो गया है। इसे जनता के लिए खोल भी दिया गया है। वाराणसी मंडल के 6 स्टेशनों पर 12 लिफ्ट लगाई गई हैं। 9 स्टेशनों पर एफओबी और 4 स्टेशनों पर 10 उच्च-तल के प्लेटफॉर्म का भी हो चुका है।
डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी मंड़ल के बनारस पर 3, वाराणसी सिटी पर 2, मैरवा पर 2, बलिया पर 2, सुरेमनपुर पर 02 और प्रयागराज रामबाग पर 1 लिफ्ट लगाई गई है। मंडल के बनारस, गाजीपुर सिटी, मऊ, छपरा, सीवान, बलिया, मैरवां, सुरेमनपुर, वाराणसी सिटी एवं प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर 23 लिफ्ट उपलब्ध हैं। साथ ही मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी 22 लिफ्ट लगाने का कार्य स्वीकृत है। बनारस समेत आठ स्टेशनों पर स्वचालित सीढियां लगाई गई हैं।
मणिकर्णिका घाट पर पहली बार बायोमास ब्रिकेट्स से जला शव
मणिकर्णिका घाट पर फसल अवशेषों से तैयार किए गए बायोमास ब्रिकेट्स की मदद से शव का अंतिम संस्कार करने की सुविधा शुरू हो गई है। इसके लिए एक लोहे का पिंजरा तैयार किया गया है। इसमें ही बायोमास ब्रिकेट्स से शवों को जलाया जा रहा है।
एक शव को जलाने में पांच से नौ मन (200 से 360 किलो) लकड़ी की जगह 180 से 200 किलो बायोमास ब्रिकेट्स में शव को जलाया जा सकेगा। इससे न सिर्फ तीन से पांच हजार रुपये की बचत होगी बल्कि पर्यावरण और किसानों को फायदा भी मिलेगा।
बायोमास ब्रिकेट्स को पंजाब की एक कंपनी ने धान, सरसों और अरहर जैसे फसल के अवशेषों से तैयार किया गया है। इसे सीएसआर के तहत मणिकर्णिका घाट पर प्रायोगिक तौर पर शुरू किया गया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) मोनीश आहूजा ने बताया कि बायोमास ब्रिकेट्स लकड़ी का एक अच्छा विकल्प है। ब्रिकेट्स के निर्माण में फसल अवशेषों का उपयोग होता है। इससे लकड़ी की खपत कम होगी।
विद्यापीठ में 28 को पंचम सेमेस्टर की प्रोजेक्ट परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अर्थशास्त्र विभाग में स्नातक पंचम सेमेस्टर (एनईपी) के विद्यार्थियों की प्रोजेक्ट (एप्लीकेशन इन इकोनॉमी) की परीक्षा 28 अप्रैल को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने बताया कि सुबह 9 बजे से परीक्षा में विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देना होगा। सभी विद्यार्थी प्रवेश पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के साथ निर्धारित तिथि, समय पर विभाग में उपस्थित होना अनिवार्य है। विभागाध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा दोबारा होगी।
डॉ. आनंद कुमार सिंह बने सहायक कुलसचिव
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार को डॉ. आनंद कुमार सिंह ने सहायक कुलसचिव का कार्यभार ग्रहण किया। कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार डॉ. आनंद को समिति अनुभाग और संबद्धता विभाग का कार्य आवंटित किया गया है।
26 को होगी स्किल डेवलपमेंट की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के बीए, बीकॉम, बीएससी (सभी सेमेस्टर) के छात्र-छात्राओं की स्किल डेवलपमेंट (मार्केटिंग एंड सेल्समैनशिप/ई-टैक्सेशन) परीक्षा 26 अप्रैल को होगी। वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने बताया कि यदि किसी विद्यार्थी की स्किल डेवलपमेंट की परीक्षा छूट गई हो तो उनकी भी परीक्षा इसी तिथि को कराई जाएगी।
दोपहर 12 बजे से वाणिज्य विभाग में होने वाली परीक्षा की विस्तृत समय सारिणी विवि की वेबसाइट पर अपलोड करवा दी गई है। प्रो. शुक्ल ने बताया कि स्किल डेवलपमेंट विषय (25 अंक) मार्केटिंग एंड सेल्समैनशिप/ई-टैक्सेशन का असाइनमेंट 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वाणिज्य विभाग में जमा होगा।
नए सत्र में नैतिक शिक्षा पर दिया जाएगा जोर
नए सत्र में माध्यमिक विद्यालयों में नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल की गई है। प्रार्थना सभा में शिक्षक और विद्यार्थी प्रतिदिन सुविचार प्रस्तुत करेंगे। नये सत्र में शिक्षा निदेशक ने माध्यमिक विद्यालयों में नैतिक शिक्षा पर जोर दिया है। नए सत्र का शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। शिक्षक बच्चों को नैतिक शिक्षा के उपदेश देंगे। साथ ही नैतिक शिक्षा के पाठ पढ़ाए जाएंगे। अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का नामांकन कराया जा रहा है। बीएसए अरविंद पाठक ने बताया कि शैक्षणिक सत्र के दौरान नैतिक शिक्षा का ज्ञान भी दिया जाएगा।