तहरीर के मुताबिक, बैंक टीम के पहुंचते ही सच्चिदानंद मिश्रा और उनके पिता रमेश चंद्र मिश्रा ने बातचीत के बहाने अधिकारियों को दुकान के अंदर बुला लिया। आरोप है कि जैसे ही टीम अंदर गई, आरोपियों ने दुकान का शटर गिराकर बाहर से ताला लगा दिया और बैंक कर्मियों को अंदर ही बंद कर दिया। करीब 30 मिनट तक टीम को बंधक बनाए रखा गया।
इस दौरान आरोपियों द्वारा बैंक कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और कर्ज चुकाने से साफ इनकार कर दिया गया। विरोध करने पर टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। किसी तरह मामले की जानकारी बाहर पहुंचने पर स्थिति सामान्य हो सकी।
घटना के बाद बैंक प्रबंधक ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि प्रकरण गंभीर है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।