सूचना मिलते ही मृतक की मां उर्मिला गुप्ता मौके पर पहुंचीं। बेटे का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वैभव के पिता भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। वैभव तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह 11वीं कक्षा का छात्र था। उसके बाद एक बहन और सबसे छोटा भाई विराट गुप्ता है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि स्नान के दौरान युवक का पैर फिसलने से वह गहरे गड्ढे में चला गया और डूब गया। एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले स्थानीय गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्कण्डेय महादेव घाट पर पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और प्रशिक्षित लाइफगार्ड की व्यवस्था नहीं है। लोगों ने प्रशासन से घाट पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।