अब 50 साल वाले भी मरीज आ रहे
लकवा की स्थिति गंभीर होती जा रही है। जागरुकता की कमी से ही बीमारी बढ़ती जा रही है। बहुत से लोग लकवा होने के लक्षणों को पहचान नहीं पाते हैं। अगर यह होता भी है तो अस्पताल समय से नहीं पहुंच पाते हैं। जितनी जल्दी अस्पताल पहुंचेंगे उतनी ही जल्दी रिकवर होने की संभावना रहती है। पहले यह बीमारी 60 से ऊपर के आयु वालों को होती थी, लेकिन अब 50 साल वालों को भी हो रही है। मुख्य वजह ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, जीवनशैली में बदलाव है। - डॉ. रोहित भाटिया, एम्स नई दिल्ली
भागदौड़ के साथ सेहत पर ध्यान न देना भी वजह
जिस तरह से न्यूरोलॉजिकल बीमारियों का प्रभाव तेजी से बढ़ता जा रहा है, उसके पीछे जीवनशैली में बदलाव मुख्य वजह है। लोग अपने अपने कामों के लिए भागदौड़ तो कर रहे हैं, लेकिन सेहत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस तरह के आयोजनों से न केवल अलग-अलग न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के बारे में चर्चाएं होती हैं बल्कि इलाज की नई-नई तकनीक की जानकारी मिलती है। - डॉ. निर्मल सूर्या मुंबई, पूर्व अध्यक्ष, इंडियन एकेडमी आफ न्यूरोलॉजी
रोबोट ने मिलाया हाथ
न्यूरोलॉजी सम्मेलन में चिकित्सकीय उपकरणों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। स्टाॅल के पास रोबोट आकर्षण का केंद्र रहे। शनिवार को रोबोट ने डॉक्टरों से हाथ मिलाया। आयोजन समिति के सचिव प्रो. विजयनाथ मिश्र ने बताया कि आने वाले दिनों में सर्जरी में रोबोट का प्रयोग आसानी से किया जा सके। रोबोट तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है। भविष्य में यह अहम साबित होंगे।
दंडपाणि च भैरवम का लोकार्पण
न्यूरोलॉजी एसोसिएशन के वार्षिक सम्मेलन के चौथे दिन शाम को प्रो. विजयनाथ मिश्र और यतींद्र नाथ चतुर्वेदी द्वारा लिखी पुस्तक दंडपाणि च भैरवम का विमोचन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि बीएचयू हिंदी विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. श्री प्रकाश शुक्ल, काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्र, अध्यक्ष डॉ. संगीता ने विमोचन किया।