वाराणसी मंडल के स्वास्थ्य अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा ने सोमवार को जौनपुर और वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं पल्स पोलियो अभियान की प्रगति की समीक्षा की। पिंडरा ब्लॉक के जामापुर और जौनपुर जनपद के जलालपुर ब्लॉक के माहिरपुर में पल्स पोलियो अभियान के तहत हाउस-टू-हाउस गतिविधियों का निरीक्षण हुआ। जौनपुर में पल्स पोलियो अभियान की स्थिति की समीक्षा के दौरान केवल 35 प्रतिशत उपलब्धि पाए जाने पर अपर निदेशक ने नाराजगी जताई।
जामापुर में दोपहर 12 बजे तक 126 लक्षित घरों में से 108 घरों में और माहिरपुर में दोपहर 1 बजे तक 135 लक्षित घरों में से 94 घरों में 5 साल तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई है। ड्रॉप की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। अपर निदेशक ने अधिकारियों को योजना बनाकर संस्थागत प्रसव बढ़ाने और शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। जौनपुर सीएमओ कार्यालय में समीक्षा बैठक में सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह, सभी एसीएमओ, डीपीएमयू, अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया। अपर निदेशक ने कहा पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। समीक्षा बैठक अपर निदेशक ने निर्देशित किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों का आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाया जाए।
बाहर की दवा लिखी तो खैर नहीं
अपर निदेशक ने जिला चिकित्सालय जौनपुर के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और बिना पर्याप्त कारण के उन्हें अन्यत्र रेफर न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सक स्वयं मरीजों को देखें। बाहर से दवा लिखे जाने पर संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान सीएमएस डॉ. केके राय मौजूद रहे।