पैगंबर हजरत मोहम्मद (स.) के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को वाराणसी में महिला कचहरी लगाई गई। मुस्लिम महिला फाउंडेशन एवं विशाल भारत संस्थान की ओर से वरुणानगरम् कॉलोनी में लगी इस महिला कचहरी में तीन तलाक के मुद्दे के साथ ही शराबबंदी का मुद्दा उठा।
नेशनल सदर नाजनीन अंसारी ने मांग की कि पूरे उत्तर प्रदेश में शराबबंदी होनी चाहिए। इस प्रस्ताव पर सभी मुस्लिम महिलाओं ने अपना समर्थन दिया।
महिला कचहरी में तीन तलाक के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
तय हुआ कि तीन तलाक का कानून बनाने के लिए मुस्लिम महिलाएं अपना मसौदा तैयार कर केंद्र सरकार को भेजेंगी। मसौदा तैयार करने के लिए सभी मुस्लिम महिलाओं और तलाक पीड़ितों से मशविरा किया जाएगा।
फाउंडेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नजमा परवीन ने बताया कि इसके लिए इस्लामिक स्कॉलर, मुफ्ती व वरिष्ठ अधिवक्ताओं की भी सलाह ली जा रही है। मसौदा तैयार करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता, हाईकोर्ट के अधिवक्ता आत्म प्रकाश सिंह, अजीत सिंह व अधिवक्ता पूर्णेंदु उपाध्याय समेत डॉ. इरफान अहमद शमसी व मुफ्ती शफीक अहमद को सलाहकार समिति में शामिल किया गया है। समिति दस दिनों के अंदर मसौदा तैयार कर केंद्र सरकार को भेजेगी।