पार्षद मदन मोहन दूबे ने ‘’डोर-टू-डोर’’ कूड़ा उठाने वाली कंपनी को कटौती कर भुगतान करने के प्रकरण उठाए। उन्होंने पूछा कि 28 करोड़ में से 21 करोड़ की कटौती के आदेश के बावजूद कितना भुगतान किया गया। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने सदन को बताया कि कटौती करके ही भुगतान करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में वार्ड 59 (रमरेपुर) में पोखरियों पर अवैध कब्जे हटाने और वार्ड 65 (रामनगर) में वाजिदपुर की जमीन पर पार्क बनाने के निर्देश दिए गए। पुराना रामनगर में हरिजन बस्ती में पार्क बनाया जाएगा।
पेयजल और स्वच्छता पर सख्ती
पार्षद श्याम आसरे मौर्य ने इंदौर की घटना का उदाहरण देते हुए पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर निगम का कर्तव्य है कि वह दूषित जल की आपूर्ति रोके। गर्मी से पहले कुओं की सफाई और हैंडपंपों के रिबोर का कार्य युद्धस्तर पर करने का आदेश दिया गया।