देव दीपावली पर घाटों और वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की व्यवस्थाओं में लापरवाही अधिकारियों को भारी पड़ेगी। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने मंगलवार को समीक्षा बैठक में चेतावनी दी कि घाटों को आपस में जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन लीकेज और अतिक्रमण की समस्या नहीं होनी चाहिए। ऐसा हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जल निगम को रामकुंड की जर्जर दीवार की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल बैठकों और कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। जहां भी खामियां मिलें, उन्हें समय रहते दूर कराया जाए। बैठक में जल निगम के अधिकारियों को विशेष रूप से चेतावनी दी गई। नगर आयुक्त ने त्योहार के दौरान जलापूर्ति और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही रामकुंड की जर्जर दीवार की तत्काल मरम्मत कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि देव दीपावली पर काशी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें। बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, विनोद कुमार गुप्ता, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, उद्यान अधीक्षक डॉ. बीके सिंह, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी मनीष कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।