समय से मानसून आने के साथ इस साल अब तक अच्छी बारिश देखने को मिली है। 20 जून को मानसून की दस्तक के बाद अब तक 45 दिन में 589 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसमें जुलाई में बारिश का जो अवसत मानक है, उससे 100 मिलीमीटर अधिक बारिश हुई है। रविवार को भोर में तेज हवा के साथ शुरू बारिश रुक-रुककर देर रात तक होती रही। एक दिन में 95 मिमी बारिश हुई। इस वजह से उमस गायब हो गई और मौसम खुशनुमा हो गया। तापमान में भी कमी आई है।
24 घंटे में अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस कम हो गया तो न्यूनतम तापमान भी 1.5 की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इस सप्ताह भी हल्की से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से जून से सितंबर तक का महीना मानसून सीजन का माना जाता है। इसमें चारों महीने को मिलाकर 901 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए। इसमें जून में 111 मिलीमीटर, जुलाई 294, अगस्त में 264 जबकि सितंबर में बारिश का औसत मानक 232 मिलीमीटर है।
इस बार जून महीने में मानसून समय से आ गया और 105 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जुलाई महीने में 294 मिलीमीटर के सापेक्ष 394 मिलीमीटर बारिश हुई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा जो कि रविवार को 28.8 रिकार्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान भी औसत से 2.0 डिग्री कम होकर 24.2 डिग्री रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अभी दो दिन तक मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है। इसके बाद बादलों की आवाजाही के साथ ही हल्की बारिश हो सकती है।