बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह ज्योति अपने कमरे से बाहर नहीं निकली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ससुर शशिकांत दूबे ने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर ज्योति साड़ी के फंदे के सहारे पंखे से लटकी मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मृतका का मायका चोलापुर थाना क्षेत्र के देईपुर गांव में है। उसके पिता का नाम उदित नाथ पांडेय बताया गया है। ज्योति का दो वर्ष का एक बेटा है। मां की मौत से परिवार में दुख का माहौल है।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पति के छत्तीसगढ़ में रहने के कारण ज्योति ससुराल में अकेली रहती थी और परेशान रहती थी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चोलापुर के प्रभारी निरीक्षक सधुबन राम गौतम ने बताया कि मामले में कोई लिखित शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।