बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों को संवारने के लिए कायाकल्प योजना के तहत कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत रविवार को प्रदेश के सभी स्कूलों का मिड लाइन जीओ टैग सर्वे कराया गया था। इसमें अभी तक 1.11 लाख से अधिक स्कूलों का सर्वे पूर्ण किया जा चुका है। सर्वे में प्राप्त डाटा में वाराणसी ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों की जारी रेटिंग में विद्यालयों का 18 पैरामीटर पर सर्वे किया गया है। जिसमें कायाकल्प के सभी कार्यों को पूरा करने के लिए जिले को 75 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान दिया गया है। वहीं 72.72 प्रतिशत अंकों के साथ लखीमपुर खीरी द्वितीय व 72.22 प्रतिशत अंकों के साथ इटावा तीसरे स्थान पर है। वहीं 67 प्रतिशत अंकों के साथ आजमगढ़ 12वें व मिर्जापुर 13वें स्थान पर है। बीएसए राकेश सिंह ने बताया कि हर माह ब्लॉक व जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण किया जाता है। जिसमें टीम विद्यालय में हुए कार्यों का जीओ टैग सर्वे करती है। इस माह के सर्वे रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में हमारी रैकिंग प्रथम है।