महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की वार्षिक परीक्षाएं अप्रैल के तीसरे सप्ताह से शुरू होंगी। सोमवार को विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा की समय सारिणी जारी की जाएगी। कोविड-19 को देखते हुए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है।
कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने बताया कि वर्तमान सत्र की परीक्षाएं अप्रैल के तीसरे सप्ताह से शुरू होंगी। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कोविड प्रोटोकाल के अनुसार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। सत्र को नियमित करने के लिए परीक्षा के बाद मूल्यांकन भी शुरू हो जाएगा। सोमवार तक टाइमटेबल जारी हो सकता है। परीक्षा में मुख्य परिसर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के 350 कालेजों के करीब ढाई लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय में इस समय तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं और 12 अप्रैल को समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद इन परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी है। वार्षिक परीक्षाओं में उन विषयों को पहले रखा जाएगा जिनमें छात्रों की कम संख्या है। धीरे धीरे परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। आमतौर पर विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 24-25 फरवरी से आरंभ हो जाती हैं। पिछले साल लॉकडाउन से पहले कई प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं समाप्त हो गईं थीं।