लहरतारा में मकान में धमाके में तीन लोगों की हुई थी मौत, छह हुए थे घायल
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के लहरतारा में मकान में धमाके के बाद लापता रिंकू भारती उर्फ कुणाल सिंह और उसके भाई टिंकू का तीसरे दिन भी पता नहीं लगा। इस बीच रिंकू की मां तारा देवी और पत्नी शालू शुक्रवार को घर पहुंची और पुलिस से ताला खुलवा कर कुछ सामान लेकर कहीं चली गईं। इस बीच दोनों से मोहल्ले के लोगों ने बातचीत करने की कोशिश की लेकिन वो चुप्पी साधे रहीं।
लहरतारा निवासी रिंकू के मकान में बुधवार को तेज धमाका हुआ था। धमाके में एक बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी और छह लोग घायल हुए थे। घायलों में बीएचयू अस्पताल में भर्ती आरिफ उर्फ अब्दुल्ला की स्थिति अभी भी नाजुक बताई गई है।
इस संबंध में सीओ भेलूपुर सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि दोनों भाइयों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है और उनके करीबियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों भाइयों की तलाश में पुलिस की तीन टीम गाजीपुर, मिर्जापुर और जौनपुर भी रवाना की गई है।