फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की खबरें: छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले की सुनवाई कल, बाइक सवार छात्र की मौत; होटल संचालक पर केस

Tue, 24 Nov 2026 01:24 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में अलग-अलग मामलों में पुलिस और न्यायालय की कार्रवाई जारी है। छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में अदालत में सुनवाई कल होगी। वहीं, सड़क हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। इसके अलावा होटल संचालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीएचयू आईआईटी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। फास्टट्रैक कोर्ट (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह ने अब 25 नवंबर की तिथि निर्धारित की है। कचहरी परिसर में 19 साल पहले हुए बम विस्फोट में दिवंगत अधिवक्ताओं की स्मृति में न्यायिक कार्य से विरत रहने के प्रस्ताव के कारण सुनवाई टली। 

विज्ञापन


मामले में आरोपी कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल की ओर से अधिवक्ता अपना पक्ष रख रहे हैं। दोनों की बहस अभी पूरी नहीं हुई है। अदालत ने इसे जारी रखते हुए अगली सुनवाई के लिए 25 नवंबर की तारीख तय की है। तीसरे आरोपी आनंद चौहान की ओर से अधिवक्ता पहले ही अपना पक्ष रख चुके हैं। पुलिस की विवेचना में कुणाल पांडेय, आनंद उर्फ अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल के नाम सामने आए थे। लंका पुलिस ने इसके बाद तीनों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल तीनों आरोपी जमानत पर बाहर हैं। यह मामला काफी चर्चित रहा है।

अभियोजन के अनुसार, सामूहिक दुष्कर्म की यह घटना दो नवंबर 2023 की रात हुई थी। यह वारदात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ हुई थी। पुलिस की विवेचना में कुणाल पांडेय, आनंद उर्फ अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल के नाम सामने आए। 

विज्ञापन
Trending Videos

21 लाख दीयों से दमकेंगे काशी के घाट
शाश्वत परंपराओं की पुण्यभूमि काशी देव दीपावली के अलौकिक महापर्व के लिए दुल्हन की तरह सज-संवर कर तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा की पावन बेला पर जब अर्धचंद्राकार घाटों की शृंखला पर 21 लाख दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे, तो ऐसा प्रतीत होगा मानो आकाश के समस्त तारे गंगा के आंचल में उतर आए हों। इस वर्ष प्रशासन द्वारा प्रज्ज्वलित किए जाने वाले 11 लाख दीपों के साथ-साथ काशीवासियों और विभिन्न समितियों के जनसहयोग से जलने वाले 10 लाख अतिरिक्त दीप मिलकर काशी को स्वर्णिम आभा से नहला देंगे।

पिछली देव दीपावली से 4 डिग्री ज्यादा रहा तापमान: काशी में सोमवार को कोहरे के चलते दृश्यता 100 मीटर पर आ गई। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मंगलवार को भी देव दीपावली पर घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 

दृश्यता 100 मीटर या इससे से भी नीचे आ सकती है। वहीं, काशी पिछली देव दीपावली से चार डिग्री ज्यादा ठंडी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पछुआ हवा नौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही। पिछले साल देव दीपावली के एक दिन पहले काशी का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक था। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर पश्चिम से आ रही ठंडी हवा के प्रभाव से तापमान में गिरावट आ सकती है। 

चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के कोरौती गांव के पास सोमवार सुबह चार पहिया वाहन की टक्कर से चंदन पटेल (23 वर्ष) की मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चंदन मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। 

खेवसीपुर गांव निवासी चंदन पटेल सुबह कोरौती गांव के सामने पहुंचा था। तभी पीछे से आए एक चार पहिया वाहन ने उसे धक्का मार दिया। इस हादसे में चंदन घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 

थानाध्यक्ष पीयूष कुमार ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिये टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर ली गई है और चालक को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि चंदन पटेल अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। पिता चंद्रशेखर पटेल और माता गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

कृतिका नक्षत्र और तीन योग में जलेंगे देवों की अगवानी के दीये
कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देवों के उत्सव देव दीपावली का आयोजन होगा। कृतिका नक्षत्र के अनुपम संयोग और सर्वार्थ सिद्धि, हंस महापुरुष व शिववास समेत तीन महायोग में श्रद्धालु गंगा स्नान-दान और दीपदान करेंगे। घाटों पर स्नान के लिए हुजूम उमड़ेगा। इस मास के प्रधान देवता भगवान विष्णु की आराधना होगी। 

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष व ज्योतिषविद् प्रो. नागेंद्र पांडेय ने बताया कि पूर्णिमा तिथि सोमवार की रात 10:58 बजे से अगले दिन 24 नवंबर की रात 9:07 बजे तक रहेगी। इस दिन चंद्रमा वृषभ राशि में होंगे, जबकि सूर्य वृश्चिक राशि में विराजमान रहेंगे। शास्त्रमतानुसार इस दिन स्नान-दान और व्रत रखने का विधान है। 

जाम की वजह से धरोहर होटल संचालक पर प्राथमिकी
वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाबतपुर में यातायात बाधित करने के आरोप में धरोहर होटल संचालक नितेश सिंह के खिलाफ रविवार की रात प्राथमिकी दर्ज की है। सिसवां बाबतपुर के पास धरोहर होटल में वैवाहिक कार्यक्रम के कारण 21 नवंबर की देर शाम करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बड़ागांव थानाध्यक्ष पंकज पांडेय ने बताया कि शाम सात बजे जाम की सूचना मिली थी।

चौकी इंचार्ज अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि होटल धरोहर में वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े थे। इससे भीषण जाम लग गया था। उप निरीक्षक ने होटल मालिक नितेश सिंह और उनके कर्मचारियों से वाहन हटाने को कहा। लेकिन उन्होंने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। 

रेस्टोरेंट में निवेश के नाम पर व्यापारी से हुई 14.47 लाख रुपये की ठगी
रेस्टोरेंट के कारोबार में मुनाफे का लालच देकर व्यापारी से करीब 14.47 लाख रुपये की ठगी की गई। पैसे मांगने पर व्यापारी को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने भेलूपुर थाने में अमन चंद और गगन खोसला के खिलाफ प्राथमिकी सोमवार को दर्ज कराई।

बड़ागांव थाना क्षेत्र के पयागपुर निवासी पीड़ित राहुल पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह पतंजलि का मेगा स्टोर चलाते हैं। वर्ष 2025 में उनकी मुलाकात अमन चंद से हुई थी। अमन ने खुद को बड़ा व्यापारी बताया। उसने खड़ग सिंह दा ढाबा नाम के रेस्टोरेंट में पूंजी की कमी बताकर निवेश के बदले मुनाफे में हिस्सेदारी का प्रस्ताव दिया। 

अमन नोटरी कराने के बहाने मूल स्टाम्प पेपर ले गया और वापस नहीं किया। इसके बाद 25 जनवरी 2026 से 29 जून 2026 के बीच अपने बैंक खाते से कुल 14,47,500 रुपये ट्रांसफर किए। इसमें से 2,60,500 रुपये गगन खोसला के खाते में और 11,87,000 रुपये अमन चंद के बैंक खाते में भेजे गए। 

रकम मिलने के बाद अमन ने फोन उठाना बंद कर दिश। काफी प्रयासों के बाद 11 अक्तूबर को संपर्क होने पर उसने मुनाफा देने से साफ मना कर दिया। मूल रकम वापस मांगने पर आरोपी ने अभद्रता और गाली-गलौज की। उसने पैसे भूल जाने को कहा और जान से मारने की धमकी भी दी। भेलूपुर थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया की दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह को इस मामले की विवेचना सौंपी गई है।

दो गुमशुदा लोगों को खोज निकाला
राजातालाब पुलिस ने दो गुमशुदा पुरुष और महिला को खोजकर कर सोमवार को उनके परिजनों को सौंप दिया। रविवार की रात आशीष को रानीबाजार से बरामद किया गया। आशीष नरसड़ा का निवासी है। पूछताछ में आशीष ने बताया कि वह काम के सिलसिले में बिना बताए सूरत, गुजरात चला गया था। गुमशुदगी की जानकारी मिली तो वह घर लौट रहा था। पूर्व में गुमशुदा कुसुम देवी को उसके बच्चे सहित जंसा मोड़ के पास मिली। कुसुम भी नरसड़ा की निवासी है। राजातालाब थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। 

अस्पताल में मारपीट, दोनों पक्षों ने कराई प्राथमिकी
नरिया-सुंदरपुर मार्ग स्थित ट्राइडेंट हॉस्पिटल में रविवार की रात मारपीट और तोड़फोड़ की गई। इस मामले में दो पक्षों ने लंका थाने में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिनमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। 

पीड़ित विनोद कुमार मौर्य ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे के साथ इलाज के लिए अस्पताल गए थे। वहां कर्मचारी सूरज कुमार केशरी ने उनसे कमीशन और रुपये मांगे, मना करने पर वह नाराज हो गया। रात करीब 1 बजे सूरज और 5-6 अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान वह घायल हो गए और उनकी गले की चेन भी छीन ली गई। 

वहीं, अस्पताल में रात्रि ड्यूटी रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) सूरज केशरी ने पुलिस को बताया कि विनोद मौर्या नशे की हालत में अस्पताल परिसर में आए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनाती के दौरान गाली-गलौज और मारपीट की। महिला नर्सिंग स्टाफ से भी अभद्रता की और अस्पताल के दरवाजे में तोड़फोड़ की। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच उप निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। सीसी कैमरे भी खंगाले गए। 

शटडाउन लेकर फॉल्ट ठीक करने खंभे पर चढ़ा संविदाकर्मी झुलसा, गिरने से हाथ-पैर टूटा
कपसेठी थाना क्षेत्र के इसरवार गांव में सोमवार को एचपी गैस प्लांट का विद्युत फॉल्ट ठीक करने गए संविदा विद्युत कर्मी मनोज कुमार झुलस कर पोल से गिर गया। इस कारण उसका हाथ-पैर टूट गया। ग्रामीणों ने झुलसे विद्युत कर्मी को पहुंचाया अस्पताल स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर के लिए किया रेफर।

एसडीओ सेवापुरी सौरभ पटेरिया ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा विद्युत कर्मी मनोज कुमार निवासी रैसी रामपुर सोमवार को सुबह करीब 10:00 बजे इसरवार गांव में स्थित एचपी गैस प्लांट का विद्युत ठीक करने गया था। इस दौरान गैस प्लांट का शटडाउन लिया गया था। 

गलती से विद्युत कर्मी कृषि के पोल पर चढ़ गया जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रहा था, वह करंट की चपेट में आ गया। जिससे विद्युत कर्मी झुलस कर पोल से नीचे गिर गया और उसका हाथ और पैर टूट गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल एक निजी चिकित्सालय भर्ती कराया जहां स्थिति गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

राजातालाब बार एसोसिएशन चुनाव 5 दिसंबर को
राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव 5 दिसंबर को होगा। सोमवार को नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए दो और महामंत्री पद के लिए चार नामांकन पत्र बिके। कनिष्ठ उपाध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए दो-दो नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। कोषाध्यक्ष पद के लिए एक, संयुक्त सचिव प्रशासन के लिए तीन, पुस्तकालय मंत्री के लिए एक और संयुक्त सचिव प्रकाशन के लिए एक नामांकन पत्र खरीदा गया। कनिष्ठ प्रबंध समिति के लिए चार और वरिष्ठ प्रबंधन समिति के लिए एक नामांकन पत्र बिका। चुनाव संचालन समिति के सदस्य और बार के पूर्व अध्यक्ष छेदी यादव ने बताया कि नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन 27 नवंबर को होगा। इसके बाद 5 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। 

किसानों को दी उन्नत खेती की जानकारी
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से रविवार को पिंडरा ब्लॉक के कनकपुर और राजपुर गांव में जागरूकता कार्यक्रम शुरू हुआ। राष्ट्रव्यापी खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 250 से अधिक महिला और पुरुष किसानों ने भाग लिया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पोषण वाटिका, जैविक खेती और फसल विविधीकरण के बारे में बताया। डॉ. आशुतोष राय ने कहा कि पोषण वाटिका के माध्यम से लोगों को हानिकारक रसायनों से मुक्त पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

मैजिक में ले जाए जा रहे 13 पशु बरामद
आदमपुर पुलिस ने कज्जाकपुरा स्थित पंचायती कुआं चौराहे के पास से मैजिक में वध के लिए ठूंस कर ले जाए जा रहे 13 मवेशी बरामद कर चार पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद पशुओं को उतारकर देखभाल के लिए काजी हाउस नक्खी घाट भेज दिया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मैजिक वाहन में बड़ी संख्या में पशुओं को लादकर चंदौली की तरफ ले जाया जा रहा है। पुलिस ने पंचायती कुआं के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। 

पुलिस ने वाहन चालक हवरी कला चंदौली निवासी कैश मोहम्मद, मच्छोदरी निवासी शाहिद, बबुरी चंदौली निवासी सिराजुद्दीन और आदमपुर निवासी आफताब आलम को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि इस मामले में पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

पैसे के विवाद में दो पक्षों में मारपीट
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बड़ी खजूरी में रविवार की रात बकाया पैसे को लेकर दो दुकानदारों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान चले लाठी-डंडे में तीन युवक घायल हो गए। घायल एक युवक की हालत गंभीर होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। खजुरी गांव निवासी मोहित बिंद और पड़ोसी की अगल-बगल चाय-पान की दुकान है। एक ग्राहक पर मोहित का कुछ पैसा उधार था। 

रविवार रात ग्राहक पड़ोसी की दुकान पर बैठा था, मोहित ने वहां पहुंचकर पैसे मांगे तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते ही मारपीट हो गई। जिसमें विकास बिंद, ऋषभ राजभर और किशन कुमार घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने पर तहरीर दी है। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। 

महिला दुकानदार से मारपीट, दी धमकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के जानकी कटरा में महिला दुकानदार के साथ मारपीट की गई। हुकुलगंज निवासी नीलम देवी ने पड़ोस की दुकान के संचालक और उनके नौकर पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। नीलम देवी ने पुलिस को बताया कि पुलिस चौकी के सामने बैग रिपेयरिंग की दुकान है। बगल में भाग्यश्री कलेक्शन नाम से बैग की दुकान है। आरोप है कि पड़ोसी दुकानदार लक्की खेटपाल और ललित खेटपाल आए दिन गाली-गलौज करते थे। 19 नवंबर की रात करीब 8.30 बजे दोनों ने मारपीट की। उन्होंने अपने नौकर राजा को भी बुलाकर ईंट-पत्थर से हमला कराया। इससे नीलम देवी को काफी चोटें आएं। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

शिविर में मरीजों की हुई जांच, दवाइयां भी बांटीं
भारत विकास परिषद की महामना शाखा की ओर से मोहनसराय के टड़िया, करनाडांडी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगा। इसमें 154 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। शिविर में एनीमिया और शुगर की जांच के साथ मरीजों को दवाइयां भी दी गईं। शिविर में शाखाध्यक्ष और चिकित्सक डॉ. बीएन रॉकी और डॉ. सत्यप्रकाश प्रजापति ने मरीजों की जांच की। कुल 135 लोगों की एनीमिया और 73 लोगों की शुगर जांच हुई। 

एनीमिया से प्रभावित मरीजों को आयरन की दवाइयां और साथ ही उन्हें खानपान और पोषण संबंधी सलाह भी दी। इस दौरान प्रांतीय पर्यावरण सह-संयोजक रेनू सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के उपाय बताए और पौधरोपण कराया। मुख्य अतिथि भारतीय मानवाधिकार परिवार के जिलाध्यक्ष रतेंद्र कुमार सिंह रहे। शाखाध्यक्ष डॉ. बीएन रॉकी ने नियमित स्वास्थ्य जांच और नशामुक्त समाज के लिए लोगों से आगे आने की अपील की। संचालन रेनू सिंह ने किया। 

घाटों और संपर्क मार्गों से हटाया अतिक्रमण
देव दीपावली के मद्देनजर नगर निगम ने गंगा घाटों और आसपास के मार्गों पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया। अस्सी घाट पर दो अवैध काउंटर, प्रचार होर्डिंग और फूड कोर्ट की छत पर तिरपाल लगाकर बनाए गए अवैध निवास को हटाया गया। गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध घाट मार्ग पर पटरी से वेंडरों को हटवाकर व्यवस्थित किया गया। प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलों की सप्लाई कर रहे एक व्यक्ति को दो बोरियों और दोपहिया वाहन के साथ पकड़ा गया। सामनेघाट ट्रॉमा सेंटर मार्ग के आसपास की झोपड़ियों, पशुओं, सड़क-नालों पर लगी अवैध दुकानों को हटाया गया। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण हटवाने और रास्ता क्लीयर करने की जिम्मेदारी दी गई है। 

गुरु नानक जयंती के दिन साक्षात्कार, छात्र नाराज
गुरु नानक जयंती के अवकाश के दिन बीएचयू में अंग्रेजी विभाग के पीएचडी साक्षात्कार होने पर अभ्यर्थी नाराज हो गए। जुलाई सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए साक्षात्कार 24 से 26 नवंबर तक तिथि निर्धारित की गई। विभागाध्यक्ष की ओर से जारी नोटिस में साक्षात्कार की तारीख 24 नवंबर से शुरू हो रहा है जबकि बीएचयू के हॉलीडे कैलेंडर 2026 के अनुसार 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में राजपत्रित अवकाश है। छात्रों का कहना है कि अवकाश के दिन साक्षात्कार रखना नियमों के विपरीत है। छात्रों ने मांग की है कि 24 नवंबर के साक्षात्कार को अगले कार्य दिवस 25 या 26 नवंबर को स्थानांतरित किया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके। 

कचहरी बम ब्लास्ट की बरसी, सीबीआई जांच की मांग
कचहरी में 23 नवंबर 2007 में हुए सीरियल ब्लास्ट की 19वीं बरसी पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा हुई। इस दौरान दी सेंट्रल बार एसोसिएशन ने घटना की सीबीआई जांच की मांग की। शहीद अधिवक्ताओं के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग उठाई गई। एसोसिएशन के सभागार में अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम और महामंत्री आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बम ब्लास्ट स्थल पर दीपदान किया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। 

इस दौरान जिला जज संजीव पांडेय भी मौजूद रहे। दी बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने जांच में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 19 साल बाद भी घटना का खुलासा न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। सभा में कमलेश यादव (पूर्व महामंत्री), प्रभात चौहान, नृपेंद्र प्रताप सिंह, निशा उपाध्याय, जावेद अख्तर, अनिल पाठक आदि मौजूद रहे।

हरि-हरि शृंगार, शिव जी को तुलसीदल और विष्णु जी को चढ़ाए बेलपत्र
कार्तिक मास की बैकुंठ चतुर्दशी पर सोमवार को भगवान विष्णु का हरि-हरि शृंगार हुआ। भगवान विश्वनाथ सहित सभी शिवालयों में शिव जी को तुलसी अर्पित की गई, जबकि विष्णु मंदिरों में बेलपत्र चढ़ाए गए। बिंदु माधव का आधे शिव और आधे विष्णु स्वरूप में शृंगार हुआ। एक करोड़ तुलसीदल से पूजन किया गया।

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्रीहरि विष्णु के प्रमुख विग्रहों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती हुई। मुख्य मंदिर परिसर में गर्भगृह एवं दंडपाणि मंडप के मध्य स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का विशेष अनुष्ठान हुआ। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों ने तुलसीदल चढ़ाया। भगवान विष्णु एवं भगवान शिव का पूजन कर सुख, समृद्धि, मोक्ष एवं आध्यात्मिक कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर स्थित बैकुंठ जी का षोडशोपचार विधि से पूजन हुआ। वैकुंठेश्वर महादेव जी को तुलसी अर्पित की गई और श्रीविष्णु सहस्रनाम का पाठ हुआ। लड्डू सहित विभिन्न फल और नैवेद्य अर्पित किए गए।

पौराणिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु एवं शिव जी की संयुक्त रूप से पूजा का विधान है। भगवान विष्णु ने इसी दिन भगवान शिव को सहस्र कमल पुष्प और तुलसी अर्पित कर उनकी आराधना की थी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित मंदिर न्यास के अन्य अधिकारियों व कार्मिकों ने भी तुलसीदल अर्पित कर पूजन-अर्चन किया। उधर, कार्तिक मास भर पंचगंगा घाट स्थित बिंदु माधव मंदिर में चले विविध अनुष्ठानों के क्रम में बैकुंठ चतुर्दशी पर प्रभु का हरि-हर स्वरूप में शृंगार हुआ।

सीएम का कार्यक्रम टला, आज आएंगे पर्यटन मंत्री
काशी की देव दीपावली में इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल नहीं होंगे। मां सावित्री देवी के निधन के बाद मुख्यमंत्री का वाराणसी आने का प्रस्तावित कार्यक्रम अब नहीं होगा। देव दीपावली के मुख्य आयोजन में प्रदेश सरकार की ओर से पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शामिल होंगे। वह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दीपोत्सव और गंगा के घाटों पर होने वाले भव्य आयोजनों की तैयारियां भी की जा रही थीं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह आयोजन में शामिल होकर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। 

आज बंद रहेगी बीएचयू अस्पताल की ओपीडी
गुरुनानक जयंती पर मंगलवार को बीएचयू अस्पताल की ओपीडी बंद रहेगी। इमरजेंसी सेवा जारी रहेगी। उधर, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली और गुरुनानक जयंती के उपलक्ष्य में जिले की थोक दवा की सभी दुकानें भी बंद रहेगी। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि दुकानों के बंद रखने की जानकारी सभी सदस्यों को भी दी जा चुकी है। 

आज तुर्तीपार स्टेशन पर रुकेंगी कई ट्रेनें
कार्तिक पूर्णिमा पर आज विभिन्न ट्रेनों को तुर्तीपार स्टेशन पर ठहराव का निर्णय लिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि 15131 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस को तुर्तीपार स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस भी तुर्तीपार स्टेशन पर दो मिनट रुकेगी। गोरखपुर कैंट-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस को भी दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। 

बीएचयू स्वास्थ्य संकुल में होम्योपैथी सुविधा
बीएचयू के कर्मचारी स्वास्थ्य केंद्र में अब होम्योपैथ की भी दवाएं उपलब्ध होंगी। इस सुविधा की शुरुआत सोमवार को आईएमएस के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने की। इस नई व्यवस्था के तहत एक दिन के अंतराल पर तीन डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। इसमें मंगलवार को डॉ. पूनम मिश्रा, बृहस्पतिवार को डॉ. अवधेश सिंह और शनिवार को डॉ. कृष्णा कांत पाठक परामर्श के लिए उपलब्ध रहेंगे। 

ऑपरेशनल कारणों से 22 उड़ानें लेट रहीं, 4 निरस्त
मौसम और ऑपरेशनल कारणों से सोमवार को 22 उड़ानें लेट और 4 निरस्त रहीं। इसमें सबसे अधिक मुंबई की उड़ानें रहीं। उड़ानें न्यूनतम 15 मिनट से लेकर दो घंटे तक लेट से आईं गईं। वहीं, उड़ानें निरस्त होने के कारण यात्रियों को अधिक किराया चुका कर यात्रा करनी पड़ी। 

एयरपोर्ट पर लेट होने वाली उड़ानों में इंडिगो की सबसे अधिक 14 उड़ानें हैं। इनमें बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 1 घंटा 16 मिनट, दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 54 मिनट, कोलकाता-वाराणसी-कोलकाता 28 मिनट, पुणे-वाराणसी-पुणे 1.05 घंटे, मुंबई-वाराणसी-मुंबई 15 मिनट और भुवनेश्वर-वाराणसी-भुवनेश्वर 45 मिनट देरी से आई गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की 4 उड़ानें लेट रहीं। 

इनमें मुंबई-वाराणसी-मुंबई 27 मिनट और मुंबई-वाराणसी-मुंबई 55 मिनट देर से आई गईं। बुद्धा एयर की काठमांडो-वाराणसी-काठमांडो 27 मिनट और एयर इंडिया की खजुराहो-वाराणसी-खजुराहो की उड़ान 16 मिनट की देरी से पहुंची और प्रस्थान की। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि उड़ानों की देरी की सूचना यात्रियों को मेसेज के माध्यम से दी गई थी। 

नवाह्न पाठ में हुआ रावण वध का प्रसंग
71वें श्री रामचरितमानस नवाह्न पाठ समिति की ओर से आयोजित नौ दिवसीय रामायण पाठ के आठवें दिन सोमवार को राम-रावण युद्ध का प्रसंग सुनाया। इस दौरान कुंभकर्ण, मेघनाद और रावण वध के प्रसंग का वर्णन हुआ। 111 ब्राह्मणों ने रामचरितमानस का पाठ किया। प्रदीप तुलस्यान, गोपाल तुलस्यान, मोनिका मस्कारा और श्रवण शर्मा ने पूजा-अर्चना की। आठवें दिन शंकर तोदी ने शृंगार सेवा की। चंदन चटर्जी ने सुबह के प्रसाद, महिमा रचित कपूर ने संध्या प्रसाद, स्मृति शेष हंसराज कपूर ने दूध और रामकृष्ण गौड़ ने जलपान की सेवा की। इस मौके पर अध्यक्ष कौशलपति शर्मा, मंत्री अजय खेमका, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार काबरा, सुरेश तुलस्यान, संजय प्रह्लादका, विजय खेमका और प्रभात खेतान आदि मौजूद रहे। 

जेसीआई काशी शिवा की अध्यक्ष होंगी शालिनी 
जेसीआई काशी शिवा की वार्षिक आम सभा में वर्ष 2027 के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। इसमें जेसी शालिनी पांडेय को अध्यक्ष और एचजीएफ वरुण कपूर को सचिव चुना गया। वह संस्था की पहली महिला अध्यक्ष होंगी। बैठक में संस्था की सालभर की गतिविधियों और उपलब्धियों पर चर्चा हुई। 2026 के अध्यक्ष जेसी उत्कर्ष बरनवाल ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों और पूर्व अध्यक्षों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। इस दौरान जेसी दीप्ति मेहरोत्रा, जेसी शिशिर बरनवाल, जेसी दीप चंद वर्मा और जेसी दीपक ओबेरॉय समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। 

बीएचयू में आज रक्तदान, रविदास घाट पर दीपदान
देव दीपावली पर रक्तदान के प्रति जागरूकता को लेकर नई पहल की गई है। इसमें मंगलवार को बीएचयू अस्पताल के डॉक्टर्स लाउंज में दिन में रक्तदान होगा जबकि शाम को रविदास घाट पर 10 हजार दीप जलाकर रक्तदान महादान का संदेश दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य रक्त संचरण परिषद, जिला प्रशासन, सीएमओ कार्यालय और बीएचयू ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में देव दीपावली पर होने वाले आयोजन की थीम‘रक्त  ज्योति: दीप से जीवन तक - रक्तदान महादान रखा गया है। एसबीटीसीयूपी के निदेशक और विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन रविंद्र कुमार, उपनिदेशक डॉ. राकेश कुमार राय, स्वास्थ्य मंत्रालय से डॉ. मेघा खोब्रागड़े, सीएमओ डॉ.एनपी सिंह, बीएचयू ब्लड बैंक से प्रो. संदीप कुमार, डॉ. आशुतोष सिंह आदि मौजूद रहेंगे। 

बुनकर अदा करेंगे अगहनी जुमे की नमाज
अगहनी जुमे की नमाज चार दिसंबर को होगी। पुरानापुल स्थित पुलकोहना ईदगाह में इस जुमे की नमाज अदा करने के लिए काशी से बुनकर जुटेंगे। काजीसादुल्लापूरा स्थित गुलिस्ता स्कूल में बुनकर बिरादराना तंजीम बाईसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह तिथि तय की गई। इस दिन मुर्री बंद कर बुनकर इस नमाज में शामिल होंगे। अगहनी जुमे की नमाज का 462वां साल है। तंजीम बाईसी के सरदार हाफिज मोइनुद्दीन ने कहा कि बनारस के बुनकर समाज के लोग इस परंपरा को निभाते हुए अपने कारोबार मुर्री बंद कर नमाज में शामिल होंगे। इस नमाज में देश की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआ की जाएगी। लोगों के कारोबार में बरकत के लिए दुआ की जाएगी। 

भागवत सम्मेलन में रासलीला का हुआ वर्णन
भगवदीय मंडल की ओर से सोमवार को कृष्ण भवन में 49वें भागवत सम्मेलन हुआ। इसमें भागवत कथा के माध्यम से धार्मिक और आध्यात्मिक कर्मों का महत्व बताया गया। कथा के दौरान रासलीला का प्रसंग सुनाया गया। 16 ब्राह्मणों ने पारायण महायज्ञ कराया। वक्ताओं ने कहा कि श्रीमद्भागवत के श्रवण से मनुष्य को आध्यात्मिक लाभ मिलता है। मनुष्य को लौकिक कार्यों के साथ धार्मिक कार्यों में भी रुचि रखनी चाहिए। अलौकिक धार्मिक कर्म ही सर्वश्रेष्ठ हैं। संचालन मंडल के अध्यक्ष विश्वंभर पाठक ने किया। इस अवसर पर मधुसूदन दास, सोनू शर्मा, सुशील कुमार अग्रवाल, आनंद कृष्ण अग्रवाल, दीपेश चंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे। 

गंगा की लहरों में सजा फ्लोटिंग शादी मंडप
शादियों का सीजन शुरू होते ही गंगा पूजा के लिए घाटों पर भीड़ हो रही है। रोज करीब सौ नवविवाहित जोड़े घाटों पर गाजे-बाजे के साथ पहुंच रहे हैं। मां गंगा की विधिवत पूजन कर रहे हैं। सोमवार को भी काफी संख्या में नवविवाहित पहुंचे। उन्होंने पूजन कर नावों से घाटों की अलौकिक छटा निहारी। वहीं, गंगा की लहरों पर नाव पर सजी शाही विवाह की झांकी रविदास घाट से नमो घाट तक आकर्षण का केंद्र बनी रही। शाही फूलों से सजे फ्लोटिंग शादी मंडप में वैवाहिक रस्में भी निभाई गईं। आयोजक विकास मल्होत्रा ने बताया कि वाराणसी में देश के पहले रॉयल बनारसी हेरिटेज वेडिंग ऑन द घाट का आयोजन शुरू हुआ। देव दीपावली की पूर्व संध्या पर गंगा के घाटों पर हुआ। इसने लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित किया।

विज्ञान प्रदर्शनी में ई-कचरा मॉडल को प्रथम स्थान
बड़ागांव क्षेत्र के देवचंदपुर स्थित हरिहर महादेव इंटर कॉलेज में सोमवार को विज्ञान प्रदर्शनी लगी। प्रतियोगिता में कक्षा 11 के अमन विश्वकर्मा ने ई-कचरा विषय पर आधारित प्रोजेक्ट से प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12 की सृष्टि गुप्ता, सृष्टि दुबे, दीक्षा तिवारी एवं संजना ने चंद्रयान-3 का मॉडल प्रस्तुत कर द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मृत्युंजय श्रीवास्तव ने विजेताओं को सम्मानित किया। 

तृषा मौर्या ने विश्व धरोहर चित्रकला जीती
विश्व धरोहर सप्ताह के तहत सोमवार को पीएम श्रीराधा किशोरी बालिका इंटर कॉलेज में एक कार्यक्रम हुआ। इसमें चित्रकला प्रतियोगिता और व्याख्यान में 80 छात्राओं ने भाग लिया। इसका विषय भारत के विश्व धरोहर स्थल था। प्रतियोगिता का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री स्मृति भवन संग्रहालय ने किया। 

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजी पुस्तक
कांग्रेस ने सोमवार को देश के लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सत्यप्रेमी हरिश्चंद्र पुस्तक डाक से भेजी। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त को गीता प्रेस गोरखपुर से प्रकाशित पुस्तक नदेसर स्थित प्रधान डाकघर से कुरियर की। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि राजा हरिश्चंद्र का संपूर्ण जीवन सत्य के प्रति अटूट समर्पण और अपने सिद्धांतों के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है। मुख्य चुनाव आयुक्त को भी उनके जीवन से सीख लेकर अपने सांविधानिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। इस अवसर पर सतनाम सिंह, अनुराधा यादव, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, अब्दुल हमीद आदि मौजूद रहे। 

कालाजार उन्मूलन के लिए निगरानी बढ़ाना जरूरी
आईएमएस बीएचयू में सोमवार को हुई कार्यशाला में वक्ताओं ने कालाजार उन्मूलन के मुद्दे पर चर्चा की। बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र की संयुक्त निदेशक डॉ. छवि पंत जोशी ने कालाजार जैसी बीमारी के उन्मूलन की दिशा में तकनीकी क्षमता, निगरानी बढ़ाने को जरूरी बताया। केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित कार्यशाला में वर्चुअल संबोधन में डॉ. छवि पंत ने इस बीमारी के उन्मूलन को लेकर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की बात कही। आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने विचार रखे। कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. मंजीत चौधरी, जिला मलेरिया अधिकारी रहे।

किसान नेता दुर्गा प्रसाद मौर्य को दी श्रद्धांजलि
चिरईगांव क्षेत्र में सोमवार को किसान नेता और पंचक्रोशी स्थित सब्जी मंडी के पूर्व अध्यक्ष स्व. दुर्गा प्रसाद मौर्य की याद में श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें क्षेत्र के किसानों, फल और सब्जी कारोबारियों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य ने कहा कि दुर्गा प्रसाद मौर्य एक प्रगतिशील किसान थे।  सभा में जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन आरपी कुशवाहा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर कुमार सिंह पप्पू, प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष बालकिशुन पटेल और संतोष मौर्य मौजूद रहे। संचालन पहड़िया सब्जी मंडी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष धनंजय मौर्य ने किया। 

अस्थि अवशेषों के दर्शन के बाद निकलेगी भव्य पदयात्रा
सारनाथ में भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तीन दिनों तक सुबह छह से 11 बजे तक दर्शन का क्रम चला। मंगलवार को अंतिम दिन दर्शन के बाद अस्थि अवशेषों को रथ पर विराजमान कर भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें कई देशों के बौद्ध भिक्षु और अनुयायी शामिल होंगे। शाम को पांच हजार दीप जलाकर मंदिर परिसर को रोशन किया जाएगा।

मंगलवार सुबह छह बजे से 11 बजे तक श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन कराए जाएंगे। इसके साथ ही भव्य पदयात्रा शुरू होगी। इसमें थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, श्रीलंका, जापान, भूटान, तिब्बत, नेपाल और म्यांमार समेत कई देशों से आए बौद्ध भिक्षु और अनुयायी शामिल होंगे। देश के अलग-अलग हिस्सों से भी श्रद्धालु इस यात्रा में हिस्सा लेंगे। पदयात्रा मूलगंध कुटी बौद्ध विहार स्थित श्रीलंकन मंदिर से शुरू होगी। यहां से यात्रा सारनाथ मुख्य चौराहे पहुंचेगी।

इसके बाद रेडियो स्टेशन तिराहा होते हुए संग्रहालय और पुरातात्विक खंडहर परिसर पहुंचेगी। यहां भगवान बुद्ध से जुड़े ऐतिहासिक धमेक स्तूप की परिक्रमा कराई जाएगी। इसके बाद पदयात्रा वापस मूलगंध कुटी बौद्ध विहार पहुंचेगी। यहां विधि-विधान से अस्थि अवशेषों को फिर से स्थापित किया जाएगा। पदयात्रा के बाद शाम को मंदिर परिसर में विशेष आयोजन होगा। 

विद्यापीठ के 12 शिक्षक बने प्रोफेसर दो का एसोसिएट पद पर प्रमोशन 
काशी विद्यापीठ में 12 शिक्षकों को प्रोफेसर और दो असिस्टेंट प्रोफेसर को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर प्रमोशन दिया गया है। विवि में कार्यपरिषद की बैठक में शिक्षकों के प्रमोशन संबंधी चयन समिति की संस्तुति पर मुहर लगाई गई।

विवि के पंत प्रशासनिक भवन स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन समिति कक्ष में आयोजित कार्यपरिषद की बैठक में शैक्षणिक पदों पर कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत शिक्षकों के प्रमोशन के लिए साक्षात्कार पिछले दिनों किया गया था। बैठक में इसका फैसला हुआ।  

हिंदी पत्रकारिता संस्थान के डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, दर्शनशास्त्र विभाग के डॉ. अमरीष राय, मनोविज्ञान विभाग की डॉ. प्रतिभा सिंह, समाजशास्त्र विभाग की डॉ. सौम्य यादव, डॉ. राहुल गुप्ता व डॉ. जयप्रकाश यादव, अंग्रेजी विभाग के डॉ. नवरत्न सिंह, डॉ. कविता आर्या व डॉ. नीरज कुमार सोनकर, हिंदी विभाग के डॉ. अविनाश कुमार सिंह, इतिहास विभाग के डॉ. रविंद्र कुमार गौतम एवं संस्कृत विभाग के डॉ. दीपक कुमार की प्रोफेसर पद पर प्रोन्नति हुई। समाजकार्य विभाग की डॉ. भारती कुरील व इतिहास विभाग की डॉ. अंजना वर्मा एसोसिएट प्रोफेसर बनीं। बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, सहायक कुलसचिव डॉ. आनंद कुमार सिंह रहे। 

वेदमूर्ति की याद में 12 विद्वान होंगे सम्मानित
बीएचयू में 25 से 27 नवंबर तक वेद विभाग में पूर्व वेदाचार्य महामना के अंतेवासी वेदमूर्ति आचार्य जगन्नाथ त्रिपाठी की याद में तीन दिनों की व्याख्यानमाला होगी। इस कार्यक्रम में 12 विद्वान अंतेवासियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रातिशाख्यों का भाषागत प्रभाव विषय पर मालवीय भवन सभागार में कार्यक्रम होगा। वैदिक वाङ्मय में प्रातिशाख्य ग्रंथों का विशिष्ट स्थान है। व्याख्यानमाला में प्रातिशाख्यों के देशज और वैदिक भाषाओं पर प्रभाव के साथ वैदिक व्याकरण और प्राकृत भाषा के साथ उनके अंतर्संबंधों पर विद्वानों की ओर से विचार-विमर्श किया जाएगा। 

राजनारायण आजीवन लड़ते रहे गरीबों, शोषितों के हितों की लड़ाई : दिलीप डे
लोकबंधु राजनारायण की जयंती सोमवार को मनाई गई। भेलूपुर स्थित सपा के महानगर कार्यालय में हुई गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि राजनारायण आजीवन गरीबों, मजदूरों, शोषितों, वंचितों के हितों की लड़ाई लड़ते रहे। जुल्म और अन्याय के खिलाफ लगातार संघर्ष करने के साथ ही साथ वे बेबाक टिप्पणी के लिए भी जाने जाते थे। डॉ. बहादुर सिंह यादव ने कहा कि राजनारायण समाजवाद के वे दस्तावेज हैं जिनको सदियों तक भुलाया नहीं जा सकता। 

राजातालाब तहसील  में जयंती पर 109 मोमबत्ती जलाकर लोकबंधु को याद किया गया। अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह ने कहा कि लोकबंधु राजनारायण एक कुशल राजनेता थे जो स्वतंत्रता के लिए लड़े और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद व्यवस्था के लिए लड़े। प्रदीप कुमार सिंह, बार के पूर्व अध्यक्ष सर्वजीत भारद्वाज, पूर्व महामंत्री धिरेन्द प्रताप सिंह पूर्व महामंत्री विजय भारती आदि ने विचार रखे। 

ड्यूटी में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही 
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने देव दीपावली को लेकर आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में कोताही पर जवाबदेही तय होगी। खराब स्ट्रीट लाइट और सिल्ट पर तुरंत कार्रवाई करें। सभी 88 घाटों पर निगम और जलकल विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। 

नगर आयुक्त की ओर से जारी आदेश में सभी राजस्व निरीक्षकों व कर निरीक्षकों को अपने-अपने आवंटित घाटों और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार और बुधवार शाम 5 से रात 12 बजे तक स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षकों को घाटों, सीढ़ियों, गलियों, संपर्क मार्गों और प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था और विशेष सफाई अभियान की भौतिक सत्यापन रिपोर्ट तैयार करनी होगी। नामित कर निरीक्षकों व राजस्व निरीक्षकों को अपनी निरीक्षण रिपोर्ट अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा के कार्यालय को देनी है। इसके अलावा अनुपालन आख्या नगर आयुक्त को देनी होगी। 

सफाई कर्मियों की टीमें अलर्ट 
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को नमो से अस्सी घाट तक का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी घाट, संपर्क मार्ग पर सीवर ओवरफ्लो, गंदगी की समस्या नहीं होनी चाहिए। 

काशी के कवि मनिंद को मिला मधुस्मृति गौरव सम्मान
काशी के शिक्षक और कवि मनिंद कुमार श्रीवास्तव को मधुस्मृति जनचेतना गौरव श्री सम्मान से सम्मानित किया गया है। विश्व जनचेतना ट्रस्ट भारत के आठवें वार्षिकोत्सव पर पीलीभीत में आयोजित समारोह में मनिंद कुमार श्रीवास्तव को अंगवस्त्रम, स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र और 5100 रुपये की सम्मान राशि दी गई। यह विशिष्ट सम्मान हर साल साहित्य और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन विभूतियों को प्रदान दिया जाता है। उत्तर प्रदेश से मनिंद कुमार श्रीवास्तव के साथ मध्य प्रदेश और उत्तराखंड की दो अन्य हस्तियों को भी सम्मान हुआ। उन्हें अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में काव्य सहभागिता के लिए साहित्य शिखर सम्मान भी मिला। 

गीता और मानस प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया हुनर, 6 विधाओं के विजेता घोषित
तुलसीपुर स्थित निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को श्री अनंत प्रसाद बर्मन स्मृति श्री गीता प्रतियोगिता और लाला जगन्नाथ विमलावती सेठ स्मृति श्री मानस प्रतियोगिता हुई। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को श्रीमद्भगवद्गीता और रामचरितमानस जैसे ग्रंथों के अनुशीलन से सही दिशा देना था। इसमें नगर के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया। श्री गीता प्रतियोगिता तीन वर्गों में हुई। इनमें शुद्ध स्वर पाठ, गीता पुरुषोत्तम योग और वर्तमान गीता की प्रासंगिकता जैसे विषय शामिल थे। इसी प्रकार, श्री मानस प्रतियोगिताईहुइ। काशी प्रांत विश्वमांगल्य सभा ने प्रतियोगिता का संयोजन किया। प्रो. जनार्दन रटाटे, प्रो. रमेश्वर शर्मा और डॉ. किरन बोरे ने गीता प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई। 

गंगा की निर्मलता भारतीय संस्कृति की आत्मा का संरक्षण
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र, गंगा सेवा समिति बलुआ की ओर से आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने गंगा के संरक्षण और विकास के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य अतिथि संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि गंगा की निर्मलता केवल नदी का संरक्षण नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा का संरक्षण है। बलुआ घाट पर गांव की गंगा : संरक्षण एवं विकास विषयक संगोष्ठी में कुलपति ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां गंगा की महिमा का तभी अनुभव कर सकेंगी, जब हम उसकी अविरलता एवं निर्मलता सुरक्षित रखेंगे। 

बीएचयू में खुला पांडुलिपि संरक्षण केंद्र, 558 साल पहले घाट पर लिखी वाजसनेय संहिता भी यहां
बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में पांडुलिपि संरक्षण केंद्र स्थापित किया गया है। इस केंद्र में रखीं पांडुलिपियों में आज से लगभग 558 वर्ष पहले सन् 1468 में काशी के अग्नीश्वर घाट पर लिखी गई वाजसनेय संहिता को भी संरक्षित किया गया है।

बीएचयू के केंद्रीय पुस्तकालय और भारत कला भवन के बाद ये तीसरा स्थान है जहां पर पांडुलिपियों का संरक्षण किया जा रहा है। संस्कृत धर्म विज्ञान संकाय के ग्रंथागार में उच्च स्तर की करीब 243 पांडुलिपियां संरक्षित कर दी गईं हैं। 

कई पांडुलिपियां कागज और कुछ ताड़पत्र पर लिखी गईं हैं। शास्त्रों की कई पांडुलिपियां संग्रहीत हैं, जिनमें व्याकरण की 23, संस्कृत साहित्य की 13, ज्योतिष की चार, न्याय दर्शन की 72, धर्मशास्त्र की 28, वैदिक साहित्य की 28, कर्मकांड की 36, मीमांसा, वेदांत आदि दर्शनों की 14, पुराणेतिहास के चार, आयुर्वेद की दो, आगम शास्त्र की चार और शेष शास्त्रों की लगभग 10 पांडुलिपियां सुरक्षित हैं। संकाय प्रमुख प्रो. राजाराम शुक्ल ने बताया कि बीते दिनों संकाय की नीति निर्धारण समिति ने उपेक्षित पड़े इस ज्ञान भंडार को लोगों के बीच लाकर व्यवस्थित करने का निर्णय लिया। ब्यूरो

पुलिस ध्वज का सम्मान बनाए रखने का लिया संकल्प
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस लाइन में पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस ध्वज के ऐतिहासिक महत्व और गौरवशाली परंपराओं के बारे में जानकारी दी। 

पुलिसकर्मियों ने पुलिस ध्वज के सम्मान और गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया। पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। यह ध्वज 23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी को प्रदान किया गया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल बना। 

डीआईजी रेंज ने पढ़कर सुनाया डीजीपी का शुभकामना संदेश
डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण ने वाराणसी परिक्षेत्र कार्यालय में पुलिस ध्वज फहराया। डीजीपी राजीव कृष्ण का शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया। डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि पुलिस की प्राथमिक प्रतिबद्धता अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता और कानून-व्यवस्था मजबूत रखना है। इसमें आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना भी शामिल है। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता और जागरूकता दी जा रही है। साइबर अपराधों से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से नागरिकों को मदद मिलती है।

अब मजदूरों को इलाज के लिए नहीं लगानी पड़ेगी दौड़
शहरी मलिन बस्तियों और श्रमिक अड्डों पर रहने वाले लोगों को अब इलाज के लिए अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिये उनके घर और कार्यस्थल के नजदीक इलाज, जांच और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में पांच स्मार्ट मोबाइल मेडिकल यूनिट खरीद रहा है। मरीजों की सुविधा के लिए सोमवार को पीजीआई हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में चार मेडिकल कॉलेजों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। डॉ. राजेश हर्षवर्धन ने बताया कि बैठक में बीएचयू, कानपुर जीएसवीएम, प्रयागराज और गोरखपुर बीआरडी के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के प्रमुख शामिल हुए। 

विनय मिश्रा बने कांग्रेस विधि विभाग के उपाध्यक्ष
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से करखियाव निवासी विनय कुमार मिश्रा को विधि विभाग का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। विधि विभाग के जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार सिंह के निर्देश पर संगठन मंत्री आनंद कुमार सिंह ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष के साथ ही पिंडरा तहसील का प्रभारी भी नियुक्त किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं अधिवक्ताओं में हर्ष का माहौल है। 

प्रकाशोत्सव पर आज उमड़ेगा हुजूम
कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को सिख पंथ के आराध्य गुरुनानक देव का 557वां प्रकाशोत्सव मनाया जाएगा। गुरु के प्रकाशपर्व पर शहर के गुरुद्वारे सज गए। गुरुबाग स्थित गुरुद्वारे की आभा निखर गई है। सोमवार को 31 दिवसीय प्रभातफेरियों का समापन हुआ। गुरुद्वारे में रागी जत्था ने शबद कीर्तन से संगत को निहाल किया।

विभिन्न कॉलोनियों से निकल निकली नित्य प्रभातफेरियां सुबह गुरुबाग गुरद्वारे पहुंचीं, जहां पुष्पवर्षा कर स्वागत हुआ। संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब पर मत्था टेका। शाम को रागी जत्था नरिन्दर सिंह, रक्म सिंह, सुरिन्दर सिंह और भाई नछत्तर सिंह ने शबद कीर्तन से संगत को निहाल किया। प्रकाशोत्सव मंगलवार की भोर में 3:45 बजे शुरू हो जाएगा। नाम सिमरन, पाठ सुखमनी साहिब, कीर्तन होगा। सुबह से रात तक शबद कीर्तन और संगत के आने का सिलसिला चलेगा। 
विज्ञापन

ब्रह्म बाबा के शृंगार पर मंत्रियों ने किए दर्शन, 6 विभूतियों का सम्मान
मलदहिया स्थित श्रीराम मशीनरी मार्केट में सोमवार को ब्रह्म बाबा का शृंगार हुआ। विधिवत पूजन कर आरती हुई। राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, डाॅ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने भी दर्शन किया। सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने हाजिरी लगाई। इस दौरान छह विशिष्ट विभूतियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए काशी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। नारायण खेमका, डॉ. शिप्राधर, आभा सिंह, डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा, राजेश शुक्ला, व संजीव अग्रवाल का सम्मान हुआ। भंडारा में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजन में भारतभूषण महाराज, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, बिपिन अग्रवाल, दिलीप अग्रहरि, डॉ. राजेश बहादुर सिंह, मोतीलाल, पुलकित अग्रवाल आदि रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें