Encounter in Varanasi: शिवपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में महिला से चेन स्नेचिंग करने वाला बदमाश भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया निवासी बादल साहनी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के 3,630 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड स्थित सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की अपाचे बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।