वाराणसी। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षाएं जुलाई में शुरू हो सकती हैं। वहीं बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा भी जुलाई में ही कराए जाने की उम्मीद है। शासन ने विश्वविद्यालयों को सुरक्षा मानकों के साथ प्रवेश परीक्षा कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। शासन की ओर से जारी पत्र में मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाएं 30 जून के बाद शुरू कराने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा को जुलाई माह में किसी भी रविवार को कराने का निर्देश जारी किया है।
काशी विद्यापीठ को बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए नोडल केंद्र बनाया गया है। शासन की ओर से जारी दिशा निर्देश में केंद्रों पर सैनिटाइजेशन, थर्मल स्क्रीनिंग और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। मास्क लगाकर आने वालों को ही प्रवेश देने की बात कही गई है। इसके साथ ही शासन ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए परीक्षा केंद्रों को बढ़ाने की बात कही है। जरूरत के अनुसार हर जिले में परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं।
काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने बताया कि कोविड-19 को देखते हुए शासन के निर्देशों का पालन किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज कराने के साथ ही प्रवेश द्वार पर हैंड सैनिटाइजेशन का भी इंतजाम रहेगा। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही केंद्रों का निर्धारण भी किया जाएगा। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजाराम शुक्ला का कहना है कि विश्वविद्यालय की तैयारियां पूरी हैं। हम लोगों ने परीक्षा कराने के इंतजाम कर लिए हैं। शासन का निर्देश मिलते ही तिथियां भी घोषित हो जाएंगी।