समाधान दिवस पर पहुंचे डीएम सुरेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बनारस में स्थानीय तहसील पर आयोजित समाधान दिवस पर पहुंचे डीएम सुरेंद्र सिंह ने मातहतों को मामलों के निस्तारण में तेजी लाने का निर्देश दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के पर गैंगस्टर लगाएं। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी भूमि व संपत्ति पर ग्राम प्रधान कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी प्रधानी को खत्म किया जाएगा।
डीएम ने पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों वह राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि भूमि विवाद को तुरंत मौके पर ही समाप्त कराया जाना चाहिए। डीएम ने जंसा सेवापुरी विकास खंड से आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित रूप से निस्तारित करने का आदेश दिया।
डीएम के सामने गंगापुर के बिहारी सेठ ने कई पात्र लाभार्थियों के साथ आवेदन पत्र दिया। बताया कि वहां पर अपात्रों को आवास दे दिए गए हैं जबकि पात्र अभी आवास से दूर है। डीएम ने मामले को संज्ञान में लेकर कहा कि मामला उनकी जानकारी में है और कार्रवाई चल रही है।
रूपापुर के प्रधान द्वारा बंजर भूमि पर धान रोपे जाने के मामले को संज्ञान में लेकर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश मिर्जामुराद के थानाध्यक्ष को दिया। शहावाबाद के प्रधान गोपाल यादव ने शिकायत की कि उनके गांव का नक्शा ही गायब हो गया है। लेखपाल से द्वारा बार-बार नक्शा मांगने पर भी न तो नक्शा मिलता है और न ही उसकी नकल मिलती है।
राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वजीत भारद्वाज ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ डीएम से मुलाकात कर तहसील परिसर में खराब पड़े शौचालय व पेयजल की व्यवस्था को लेकर ज्ञापन दिया। इस दौरान समस्त विभागों के अधिकारी, पुलिस के उच्च अधिकारी के साथ ही वन विभाग, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के लोग मौजूद थे।