वाराणसी के एक छात्र को आज सुबह बिना हेलमेट लगाए और ईयरफोन लगाकर म्यूजिक सुनते हुए बुलेट चलाना महंगा पड़ गया। उस छात्र पर वाराणसी जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र की नजर पड़ गई। उन्होंने उस छात्र को पकड़ा और पुलिस वालों से उसका चालान करा दिया।
घटना सुबह पौने नौ बजा की है जब डीएम अपने आवास से कार्यालय ज रहे थे। तभीकचहरी स्थित जेपी मेहता इंटर कॉलेज के पास शिवपुर के कांशीराम आवास निवासी सलमान खुर्शीद बिना हेलमेट लगाए कान में इयरफोन लगाकर बाइक चलाते हुए जा रहा था।
जिलाधिकारी की उस पर नजर पड़ते ही उन्होंने अपनी गाड़ी से बाइक के पास जाकर रुकने का इशारा किया। डीएम ने सलमान खुर्शीद के कान के इयरफोन को निकाला और अपनी कान में लगा कर सुना, तो उसमें म्यूजिक चल रहा था।
जिलाधिकारी ने छात्र से पूछा कि बाइक चलाते वक्त हेलमेट क्यों नहीं पहने हो और ईयरफोन से गाना क्यों सुन रहे हो। इससे दुर्घटना हो सकती है और तुम्हारी गलती से दूसरे लोग भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
जिलाधिकारी ने तत्काल मौके पर कचहरी चौकी इंचार्ज को तलब किया और बिना हेलमेट लगाए और कान में ईयरफोन लगाकर वाहन चलाए जाने के आरोप में बाइक का चालान करा दिया।
बता दें कि पूरे प्रदेश में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभी अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसा निर्देश दिया है।