चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में श्रद्धालु की मौत के मामले में पुलिस ने 19 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की है। आठ अक्टूबर की सुबह तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में टेंपो सवार देवरिया निवासी श्रद्धालु की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के डहरौली बुजुर्ग गांव निवासी विकास त्रिपाठी (39) अपनी पत्नी मैनावती देवी (36) के साथ आठ अक्टूबर को मारकंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए निकले थे। दंपती ट्रेन से औड़िहार पहुंचे। इसके बाद वहां से टेंपो में सवार होकर कैथी स्थित मंदिर के लिए रवाना हुए।