शिलान्यास पत्थर पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी, विधायक रवींद्र जायसवाल का भी है नाम
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के महावीर मंदिर चौराहे के समीप निर्माणाधीन कुंड पर मूर्ति लगाने के लिए लगाए गए शिलापट्ट को वीडीए ने बुधवार को उखाड़ दिया। वीडीए का कहना है कि बिना अनुमति महावीर मंदिर के पास कुंड के समीप शिलापट्ट का शिलान्यास कर दिया गया। पत्थर पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी और विधायक रवींद्र जायसवाल का नाम भी अंकित है।
वीडीए की इस कार्रवाई से वहां हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि वहां दो गुटों में आपसी विवाद है। एक गुट की ओर से सोमवार की रात वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन था इसी दौरान मनोज तिवारी से शिलापट्ट का उद्घाटन करा दिया गया।
दरअसल वीडीए अवस्थापना निधि से महावीर मंदिर के बगल में स्थित कुंड का मरम्मत एवं सुंदरीकरण करा रहा है। इस पर तकरीबन 30 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं।
सोमवार को शहर में किंग खान शाहरूख खान और अनुष्का शर्मा के साथ भोजपुरी स्टार और भाजपा सांसद मनोज तिवारी भी आए थे। उसी रात महावीर मंदिर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में मनोज तिवारी शामिल हुए थे।
इसी दौरान रात में कुंड के पास एक मूर्ति लगाने के लिए शिलान्यास का शिलापट्ट लगा दिया गया। इसकी शिकायत मंदिर के महंत ने वीडीए केवीसी पुलकित खरे से की थी। वीसी के निर्देश पर बुधवार को जोनल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता राजकुमार गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शिलापट्ट को उखाड़कर वहीं मंदिर परिसर में रखवा दिया।
जोनल अधिकारी का कहना है कि बिना अनुमति के प्रायोजित तरीके से शिलापट्ट लगा दिया गया था। जबकि वीडीए वहां खुद कुड का काम करा रहा है। काम पूरा होने के बाद उसे किसी संस्था या मंदिर प्रशासन को उसे सौंप दिया जाएगा।
इसके बाद वहां शिलापट्ट लगाएं या मूर्ति स्थापित करें। मामले में शहर उत्तरी विधायक रवींद्र जायसवाल ने कहा कि महाबीर मंदिर के पास 51 फुट हनुमान मंदिर के शिलापट्ट के बारे में जानकारी मिली।
वहां स्थानीय दो लोगों के बीच का मामला है। शिलापट्ट मैंने नहीं लगवाया है। मेरे नाम का गलत इस्तेमाल किया गया है। इस मामले में प्रशासन से शिकायत की है।