पं. दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में रविवार को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक संध्या में वाद्यवृंद एवं समूह कथक नृत्य की प्रस्तुति हुई। वाद्यवृंद का आरंभ आलाप से हुआ। इसके उपरांत राग कलावती में निबद्ध रचना ने श्रोताओं की वाहवाही बटोरी।
सवाल जवाब का अद्भुत संयोजन श्रोताओं को आनंद से भर गया। समापन राग हंसध्वनि पर आधारित बंदिश लागी लगन... की प्रस्तुति हुई। संतूर पर कुमार सारंग चौधरी, बांसुरी पर शानिष ज्ञावली, सितार पर आनंद कुमार और तबले पर ललित कुमार ने संगत की। इसके उपरांत सुनिधि पाठक एवं समूह ने कथक नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। नृत्य का आरंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके उपरांत पारंपरिक कथक तथा अंत में छाप तिलक सब छीनी... भावनृत्य से समापन किया गया। विकास आयुक्त वस्त्र मंत्रालय और सुबह ए बनारस के तत्वावधान में आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, पद्मश्री रजनीकांत, उमेश सिंह, गोपेश मौर्या, डॉ. रत्नेश वर्मा एवं अजय श्रीवास्तव ने दीप जलाकर किया।