पुरानी रंजिश में पति-पत्नी पर लाठी और ईंट-पत्थर से हमला, चार पर प्राथमिकी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भोरकला मनकइया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर पति-पत्नी पर लाठी और ईंट-पत्थर से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता संगीता देवी ने अपने चचिया ससुर और देवर समेत चार लोगों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई। उनके निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
संगीता देवी के अनुसार, पांच नवंबर की सुबह करीब दस बजे आरोपी शराब के नशे में लाठी और ईंट-पत्थर लेकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर सभी ने उन पर और उनके पति राजेश पटेल पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने दोनों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी में मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। कई बार थाने का चक्कर लगाने और महिला हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त बड़ागांव से शिकायत की। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
जमीन ठगी में दंपती से 10.75 लाख हड़पे, 4 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
जमीन दिलाने के नाम पर दंपती से 10.75 लाख रुपये की ठगी गई। रुपये वापस मांगने पर महिला से अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। चौक पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महमूरगंज के बिरदोपुर ग्रीन निवासी अमनदीप कौर ने पुलिस को बताया कि उनके पति सतनाम सिंह उर्फ सोनू ने अगस्त 2026 में अपना पैतृक मकान बेचा था। नया मकान लेने के लिए उन्होंने अपने परिचित ऋषि और गौतम दादा बंगाली से बात की। इन दोनों ने उन्हें ठठेरी बाजार निवासी सुमित वर्मा, सन्नी वर्मा और मोनू वर्मा से मिलवाया। आरोपियों ने महमूरगंज में एक खाली जमीन दिखाने की बात कही थी। जमीन पसंद आने पर आरोपियों ने बयाने के तौर पर 12 लाख रुपये मांगे। अपने पति के साथ सुड़िया, ठठेरी बाजार पहुंची। उन्होंने सन्नी वर्मा, मोनू वर्मा और ऋषि को 10.75 लाख रुपये नकद दिए। लेन-देन के समय सुमित वर्मा भी वहां मौजूद था।
आरोप है कि रकम लेने के बाद 22 अक्तूबर को जमीन का बैनामा करने से आरोपी टाल-मटोल करने लगे। 26 अक्तूबर की शाम अपने पति के साथ आरोपियों की दुकान पर पहुंची, जहां उन्हें जमीन या पैसा देने से साफ इन्कार कर दिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और अभद्रता की। उन्होंने उनके कपड़े फाड़ने का भी प्रयास किया। पति ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना देकर अपनी जान और पत्नी की अस्मिता बचाई। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सुमित वर्मा, सन्नी वर्मा, मोनू वर्मा और ऋषि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है।
डोसा दुकान में तोड़फोड़, दो युवतियों पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मोहल्ले में शनिवार रात डोसा दुकान में दो युवतियों ने तोड़फोड़ की। आरोप है कि जान से मारने की धमकी तक दी। दुकान संचालक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवतियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दुकानदार बाल मुकुन्द पांडेय ने पुलिस को बताया कि रात करीब आठ बजे दो युवतियां काले रंग की एक्टिवा स्कूटी से दुकान पर पहुंचीं। आसपास की दुकानों का वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि वह अचानक दुकान में घुस गईं और डोसा बनाने का बैटर फेंक दिया। इसके बाद युवतियों ने दुकान में रखे सामान में तोड़फोड़ की और गाली-गलौज करने लगीं। विरोध करने पर उन्होंने सामान फेंककर मारा, जिससे एक कर्मचारी और एक ग्राहक बच्चे को चोटें आईं।
युवतियों ने गल्ले में हाथ डालने का भी प्रयास किया। आसपास के लोगों को वीडियो बनाते देख वह मौके से भाग गईं। जाते समय एक युवती ने खुद को लल्लापुरा निवासी मनोज चौरसिया व ओम प्रकाश चौरसिया की बेटी बताते हुए धमकी दी। यह पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे और स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन में कैद हुई है। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पुलिस वाहन नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय स्थित करनाडाड़ी में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मोहन धरकार की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक खरगापुर, ज्ञानपुर, भदोही का निवासी था। जानकारी के अनुसार, पांच नवंबर की शाम मोहन घर से बाइक से वाराणसी जा रहा था। इसी दौरान मोहनसराय करनाडाड़ी में सर्विस लेन पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे बजाज पल्सर सवार अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अनैतिक व्यापार के मामले में वांछित सैयद समीर गिरफ्तार, 6 प्राथमिकी हैं दर्ज
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित सैयद समीर (39) को कैंट पुलिस ने मकबूल आलम रोड स्थित आजाद नगर कॉलोनी में उसके घर के बाहर से रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लूट, धमकी, मारपीट और आईटी एक्ट समेत कुल छह मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कैंट थाने में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। इसके अलावा भेलूपुर, कैंट, कोतवाली और सिगरा थानों में लूट, धमकी, मारपीट और आईटी एक्ट से संबंधित पांच अन्य मामले दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 13 आपराधिक मामले हैं दर्ज
जवाहर नगर मार्केट से पर्स और नकदी चोरी करने के आरोपी राजेश गुप्ता को सिगरा पुलिस ने शनिवार की रात जवाहर नगर मार्केट से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी के 3810 रुपये बरामद किए गए। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंदौली मुगलसराय कोतवाली के पड़ाव रतनपुर निवासी राजेश गुप्ता है। आरोपी ने 20 अक्तूबर को एक घर से पैंट, पर्स, नकदी, आधार, पैन और डेबिट कार्ड चोरी किया था। राजेश गुप्ता का एक लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 13 मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस अधिनियम, चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ सिगरा, कैंट, चेतगंज, जैतपुरा और भेलूपुर थानों में मामले दर्ज हैं।
किशोरी मिली, आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी रितिक राजभर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार की रात सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से किशोरी को मुक्त कराया गया। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पुरानापुल, सारनाथ का निवासी है। शनिवार को पीड़िता की मां ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सड़क पर पशु बांधने पर लगेगा जुर्माना
नगर निगम शहर में सड़क पर पशु बांधने वालों के खिलाफ अभियान चलाएगा। पहली बार पकड़े जाने पर प्रति पशु जुर्माना लगेगा। दूसरी बार गलती करने पर पशुओं को जब्त कर लिया जाएगा। यह अभियान सड़क पर पशुओं से होने वाले हादसों को रोकने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विजय अमृत राज ने बताया कि सड़क पर पशु बांधने वालों के खिलाफ अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि पहले जुर्माना लगाया जाएगा और दूसरी बार पशुओं को जब्त किया जाएगा। जब्त किए गए मवेशियों को सुरक्षित गौशालाओं में भेजा जाएगा।
चोरी के ऑटो सहित तीन बाल अपचारी पकड़े
चोरी के ऑटो के साथ तीन बाल अपचारियों को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने शनिवार की रात ताड़ीखाना तिराहा के पास से हिरासत में लिया। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बाल अपचारियों के कब्जे से चोरी का ऑटो बरामद किया गया। यह ऑटो 4 नवंबर को चोरी हुआ था, जिसकी प्राथमिकी लालपुर पांडेयपुर थाने में दर्ज कराई गई थी।
घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और मारपीट, दो नामजद
शिवपुर थाना क्षेत्र में घर में अकेली युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अनिल कुमार उर्फ गोलू और बाबू लाल राजभर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे की है। वह कॉलेज से लौटने के बाद घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दोनों व्यक्ति जबरन घर में घुस आए और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन घसीटने लगे। आरोप है कि इस दौरान गला दबाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। युवती के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए महिला से मारपीट और छेड़खानी, प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र निवासी महिला ने विकास कुमार पांडेय पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने, मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि आरोपी कई महीनों से फोन कर उस पर छेड़खानी का मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। इन्कार करने पर तेजाब फेंकने, दुष्कर्म कराने और नौ वर्षीय बेटे को अगवा कर जान से मारने की धमकी देता था।
आरोप है कि 13 नवंबर को आरोपी एक लेखपाल के साथ उसके घर पहुंचा और जमीन की पैमाइश कराने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और मारपीट की। आरोप है कि उसने नाखून से महिला के सीने पर खरोंच मारी और साड़ी खींचकर छेड़खानी की। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के ससुर को भी पीट दिया। महिला ने घटना का वीडियो और फोन पर मिली धमकियों की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मनबढ़ों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष को पीटा, हत्या की धमकी
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के जंगमबाड़ी भाजपा बूथ अध्यक्ष अनुज शुक्ला की मनबढ़ों ने रंजिश में बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान मनबढ़ों ने हत्या करने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी सन्नी यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गणेश महाल निवासी अनुज शुक्ला जंगमबाड़ी के भाजपा बूथ अध्यक्ष हैं। पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर दोना-पत्तल की दुकान संचालित करते हैं।
शनिवार की रात करीब 11 बजे वह ई-रिक्शा से दुकान का माल उतरवाकर अंदर रख रहे थे। इसी दौरान सनी यादव ने अचानक वहां पहुंचकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सनी यादव ने उनके साथ मारपीट की। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में अनुज के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं हैं। दशाश्वमेध थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सनी यादव के खिलाफ मारपीट, आपराधिक धमकी समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।