चालक को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला कर बदमाशों ने ट्रैक्टर और ट्राली लूट ली। एसएसपी के निर्देश पर बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच कर रही है।
दासेपुर निवासी सुधीर पटेल के अनुसार, बीती 19 जून को उसे फोन कर करखियांव स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री के पास से भाड़े पर बल्ला-पटरा लादने के लिए अगले दिन आने को कहा गया। 20 जून की सुबह उनका चालक बृजेश यादव जब बाबतपुर चौराहे पर पहुंचा तो उसे फोन कर रुकने को कहा गया। कुछ देर बाद दो लोग चालक के पास दो बोतल कोल्डड्रिंक के साथ आए। दोनों बातचीत के दौरान चालक को कोल्डड्रिंक पिलाने के बाद अपने साथ लेकर निकले। ड्राइवर ने बताया कि कोल्डड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गया और दोनों लोग उसे गाजीपुर के खानपुर के समीप स्थित एक इंटर कालेज के पास छोड़ कर भाग निकले। सुधीर ने घटना की शिकायत बड़ागांव थाने पर की लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो वह एसएसपी से मिला।