वाराणसी/सारनाथ/बड़ागांव/चोलापुर। जिले में रोजाना चोरियों का सिलसिला जारी है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। चोर मंडुवाडीह, बड़ागांव और चोलापुर क्षेत्र के चार मकान और एक दुकान से नकदी, जेवर और कीमती सामान चुरा ले गए। सूचना पाकर पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत रुद्रनगर कॉलोनी, भुल्लनपुर में किराये के मकान में रहने वाले संजय कुमार पटेल पेशे से राजगीर मिस्त्री हैं। संजय ने बताया कि 10 फरवरी की दोपहर उनकी पत्नी सुनीता छत पर गेहूं सुखाने गई थी और छोटा बेटा आयुष घर का दरवाजा खुला छोड़ कर फुटबॉल खेलने चला गया। उसी बीच मौका पाकर घर में घुसे चोर दीवान खोल कर उनकी पत्नी का एक मंगलसूत्र, तीन चेन, दो जोड़ी झुमका, एक जोड़ी पायल और एक लाख 60 हजार रुपये नगद चुरा ले गए। पत्नी के कमरे में वापस आने पर चोरी की जानकारी हुई।
वहीं, सारनाथ थाना अंतर्गत पतेरवा गांव में बड़ा लालपुर के सूर्यभान सिंह की कपड़े की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात दुकान बंद कर वह घर गए। शुक्रवार की सुबह दुकान आए तो शटर का ताला खुला हुआ था। सूर्यभान के अनुसार चोर दुकान से 70 हजार रुपये मूल्य के कपड़े चुरा ले गए हैं।
उधर, बड़ागांव थाना के भटौली गांव में विष्णु दयाल के घर में घुसे चोर पांच हजार नगद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के जेवर चुरा ले गए। शुक्रवार की सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरा बाहर से बंद देखकर पड़ोसियों को बुलाया गया और चोरी की जानकारी हुई।
चोलापुर थाना अंतर्गत डिहवा गांव निवासी आत्माराम के घर में छत के रास्ते घुसे चोर छह हजार नगद और हजारों रुपये मूल्य के जेवर चुरा ले गए। इसी तरह से मुर्दहा गांव निवासी डॉ. आरके नीरज के निर्माणाधीन मकान से चोर निर्माण सामग्री, इनवर्टर, बैटरी, वेल्डिंग मशीन और गैस सिलिंडर सहित अन्य सामान चुरा ले गए। इसके साथ ही मकान में लगे सीसी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया।