सिकरौरा कांड मामले में शुक्रवार को अपर जिला जज (तृतीय) राजीव कमल पांडेय की कोर्ट में आरोपी एमएलसी बृजेश सिंह पेश नहीं हुए। इसकी वजह उनका बीमार होना बताया गया। इस पर कोर्ट ने बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग के चिकित्सक डॉ. विजय नाथ मिश्र को निर्देशित किया कि आरोपी अगर चलने फिरने में असमर्थ है तो उसे अगली तिथि पर व्हीलचेयर पर लाया जाए और अदालत में पेश किया जाए।
वहीं इस मामले में वादिनी भी कोर्ट में उपस्थित नहीं हुई। चंदौली एसपी को आदेश दिया गया कि वह वादिनी को एक चिकित्सक के साथ पर्याप्त सुरक्षा में कोर्ट के समक्ष पेश करें। इस मामले की अगली सुनवाई के छह फरवरी नियत की गई है।
विज्ञापन
इसके पूर्व कोर्ट में वादिनी की तरफ से बीमार होने के कारण गवाही देने के लिए न आने के संबंध में चंदौली पुलिस के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया गया। वहीं सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक द्वारा बृजेश को बीमारी के कारण अदालत में उपस्थित न कराने के बाबत रिपोर्ट दी गई।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री संजय सिंह दाढ़ी की 15 दिन पहले अर्दली बाजार क्षेत्र से चोरी हुई कार बरामद न होने पर अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को कचहरी परिसर में जुलूस निकालकर नारेबाजी की।
सिविल कोर्ट और कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस की नाकामी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम पोर्टिको पहुंचे वकीलों ने वहां सभा की। सीओ कैंट प्रशांत वर्मा को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि पांच फरवरी तक गाड़ी बरामद नहीं हुई तब छह फरवरी को बनारस और सेंट्रल बार की संयुक्त बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।