काली पट्टी बांधकर कांग्रेस ने मनाया शर्म दिवस
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र और प्रदेश की सरकार महिला हितों और उनके सम्मान की रक्षा के प्रति कतई गंभीर नहीं है। इसलिए बच्चियां रेप और अत्याचार की शिकार हो रही हैं। बावजूद इसके सत्ता आरोपितों का बचाव कर रही है। जम्मू कश्मीर में आठ साल की बच्ची से सामूहिक बलात्कार के बाद निर्मम हत्या से पूरी कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में खड़ी हो गई है।
यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जल्द ही महिलाएं बेलन लेकर लखनऊ पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगी। गुरुवार को उन्नाव और जम्मू कश्मीर में हुए रेपकांड के विरोध में महिला कांग्रेस की ओर से काली पट्टी बांधकर शर्म दिवस मनाया गया।
वाराणसी के इंग्लिशिया लाइन स्थित कमलापति त्रिपाठी पार्क में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में गिरती हुई कानून व्यवस्था के विरोध में धरना दिया। पूर्व सांसद राजेश मिश्र व पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि प्रदेश सरकार के लोग ही बलात्कार कर रहे हैं तो फिर इनसे उन्नाव कांड में न्याय की उम्मीद बेमानी है।
जिला अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा और महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा तिवारी ने कहा कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनांदोलन करेगी।
कांग्रेस ने इस दौरान राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मामले की सीबीआई जांच हाइकोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की। पार्षद रमजान अली की 16 वर्षीय बेटी आसिफा ने भी जम्मू कश्मीर में आठ साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी पर जब अपने विचार व्यक्त किए तो सभी अवाक रहे गए।