खोदाई की वजह से खराब हो रहीं सड़कें
पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि शहर की सड़कों को अनुमति के बाद ही खोदने का नियम है। काम कराने के बहाने मनमाने तरीके से सड़कों की खोदाई का सिलसिला जारी है। ऐसे में धूल और कीचड़ से सनी खस्ताहाल सड़कों पर फिर से मरम्मत का लेपन किया जा रहा है। कई एजेंसियों की ओर से मुख्य मार्गों, कॉलोनियों की सड़कों और गलियों तक को खोद कर छोड़ दिया गया था जिसकी पैचिंग देर से कराई गई।
पाइप लाइन बिछाने के लिए नदेसर, सिगरा, रथयात्रा, तेलियाबाग और फातमान रोड सहित कई इलाकों में काम कराया जा रहा है। भूमिगत बिजली की केबिल बिछाने के लिए कैंट से भेलूपुर, लहुराबीर से मैदागिन, नई सड़क, लक्सा, लंका, सुंदरपुर-डीरेका समेत कई प्रमुख मार्ग और गलियों को खोद दिया गया।
वहीं, पेजयल और सीवेज पाइप लाइन बिछाने के लिए जल निगम की ओर से पहड़िया-बेला मार्ग और चौकाघाट सहित कई इलाकों में काम कराया जा रहा है। अभी तक खोदे गए गड्ढों को पाटकर सड़क बनाने का काम नहीं शुरू किया गया है।
क्या बोले अधिकारी
नदेसर पर सड़क धंसी थी जो ठीक करा दी गई है। जहां-जहां सड़क अधूरी है उसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा। केके सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी