वाराणसी। राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग में चार खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर काशी का मान बढ़ाया है। जबकि दो खिलाड़ी फरजान हुसैन और अथर्व ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
जिला स्केटिंग संघ के सचिव राजेंद्र कुमार वर्मा के मुताबिक नोएडा में आयोजित हुई प्रतियोगिता में जिले से कुल 18 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। सोमवार को फाइनल मुकाबले के बाद जारी परिणाम के मुताबिक फरजान हुसैन ने 3000 और 500 मीटर में दो स्वर्ण पदक जबकि 1000 रिंग रेस रजत पदक जीता। वृद्धि माहेश्वरी ने 1000 मीटर में स्वर्ण और 500 मीटर रिंग रेस में रजत पदक जीता। अथर्व महेश्वरी ने 500 और 1000 मीटर में दो स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं अनीशा सिंह को 500 और 1000 मीटर में कांस्य पदकों से संतोष करना पड़ा। दो-दो स्वर्ण पदक के साथ फरजान और अथर्व का 54वें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है जो एक से दस अप्रैल चंडीगढ़ में होगी।