वाराणसी। टाटा कैंसर संस्थान की ओर से मुजफ्फरपुर में एक नया कैंसर अस्पताल खोला जा रहा है। साथ ही वाराणसी में भी कैंसर के इलाज से जुड़ी सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। उक्त जानकारी टाटा मेमोरियल संस्थान के निदेशक राजेंद्र बर्वे और होमी भाभा कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. सत्यजीत प्रधान ने कैंसर अस्पताल के दूसरे स्थापना दिवस पर प्रेस कांफ्रेंस में दी।
निदेशक डॉ. सत्यजीत ने बताया कि जल्द ही प्रदेश सरकार के साथ जुड़कर वाराणसी के सेवापुरी ब्लाक में कैंसर स्क्रीनिंग, नगर निगम में कैंसर स्क्रीनिंग के साथ ही पूरी क्षमता के साथ बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधाएं शुरू की जाएंगी। दूरदराज से आने वाले मरीजों के लिए धर्मशाला, न्यूक्लियर मेडिसिन के लिए महामना पंडित मदन मोहन मालवीय संस्थान में आइसोटोप उत्पादन की सुविधा शुरू की जाएगी।
कोरोना काल में देखे गए अधिक मरीज
निदेशक राजेंद्र बर्वे ने बताया कि 2019 की तुलना में 2020 में कोरोना संक्रमण के बाद भी अधिक मरीजों को देखा गया। 2019 जहां 12292 नए मरीज मिले थे वहीं 2020 में संख्या 14438 हो गई। 18 मई 2018 से लेकर 31 जनवरी 2021 तक दोनों अस्पतालों में 34248 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। जबकि 11706 सर्जरी की गई है। इसके अलावा 3944 मरीजों को रेडियोथेरेपी भी दी गई है।