वाराणसी। पद्मश्री प्रो. जेएस राजपूत ने कहा कि देश के विकास में विशेष रूप से ग्रामीण प्राथमिक शिक्षा बेहद जरूरी है। सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में विशेष परिवर्तन की आवश्यकता है जिससे अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में भेज सकें। वह बृहस्पतिवार को कोविड 2019 के आलोक में नई शिक्षा नीति के लिए विचार विषयक वेबिनार को संबोधित कर रहे थे।
सत्र की अध्यक्षता करते हुए पूर्व कुलपति प्रो. कमलेश पी. जोशीपुरा ने कहा कि कि ऑनलाइन शिक्षण अच्छा है किन्तु कक्षा शिक्षण का विकल्प नहीं हो सकता है। पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि आज की विषम परिस्थिति में भी छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा के सफल संचालन के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। इस दौरान प्रो. सीबी शर्मा ने डिस्टेंस एजुकेशन कौंसिल की बहाली पर जोर दिया। यूजीसी के भूतपूर्व अध्यक्ष प्रो. वेद प्रकाश, प्रो. महेश जिवानी ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने किया। राष्टीय वेबिनार में सभी राज्यों से कुल 4200 से अधिक आचार्य, शोध छात्र, प्रशासक एवं विद्वत जन ने पंजीकरण कराया एवं गूगल मीट तथा फेसबुक के माध्यम से प्रतिभाग किया। वेबिनार के आयोजन सचिव डॉ. सोमू सिंह एवं डॉ. अजय कुमार सिंह रहे।