विनायक प्लाजा में जांच करती टीम और भारत खन्ना की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
पुलिस के अनुसार, भारत ने प्लाजा की छठी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कैंसर से पीड़ित था और दशाश्वमेध क्षेत्र के एक होटल में ठहरा हुआ था। पुलिस के मुताबिक भारत शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे विनायका प्लाजा पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज में वह काफी देर तक नीचे बैठा दिखाई दिया।
लगभग दो घंटे तक परिसर में रहने के बाद सुबह नौ बजे वह लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया। वहां करीब आधे घंटे तक रुकने के बाद वह आठवीं मंजिल पर पहुंचा और कुछ देर बाद फिर छठी मंजिल पर लौट आया। इसी दौरान उसने छलांग लगा दी। वह सीधे दूसरी मंजिल पर जा गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों के आधार पर परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने सुसाइड नोट और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि लंबे समय से कैंसर की बीमारी से परेशान रहने के कारण युवक मानसिक तनाव में था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की जेब में मिली डायरी में उसके साले, पत्नी समेत पांच-छह लोगों के मोबाइल नंबर मिले हैं। सभी को फोन कर घटना की जानकारी दे दी गई है। मृतक के परिजनों से बातचीत से पता चला कि भारत 27 अप्रैल को घर से ये कहकर निकला था कि वह वाराणसी जा रहा है।
शरीर पर चोट के कई निशान, गले पर गहरा कट: पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। उसके गले पर गहरा कट था, जबकि माथे के दाईं ओर भी चोट के निशान पाए गए। इसके अलावा बाएं पैर के निचले हिस्से में ब्लेड से कटने जैसे जख्म मिले हैं। युवक ने फुल लोअर के ऊपर एक ट्राउजर पहन रखा था।
पुलिस इन निशानों को आत्महत्या के प्रयास से जोड़कर देख रही है। वहीं हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। जांच में यह भी पता चला कि होटल से निकलते समय भी उसके शरीर पर ये निशान मौजूद थे। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि युवक होटल से करीब पांच किलोमीटर दूर विनायका प्लाजा क्यों पहुंचा, उसके साथ कोई और था या नहीं और इस दौरान वह किससे बात कर रहा था।
सात महीने पहले भी यहां हुई थी मौत
चार नवंबर की देर रात 1:04 बजे विनायका प्लाजा टावर की आठवीं मंजिल से गिरकर ट्रांसपोर्टर सूरज सिंह की मौत हो गई थी। सूरज बिहार के मधेपुरा का निवासी था और वाराणसी के पिशाचमोचन अंतर्गत रमाकांत नगर कॉलोनी में रहता था।
इस मामले में मृतक के भाई बादल सिंह ने आरोप लगाया था कि एक रेस्टोरेंट के मैनेजर ने बाउंसरों के साथ मिलकर सूरज की पीटकर हत्या की थी। पुलिस ने मामले में तीन बाउंसरों से पूछताछ की थी और डीवीआर कब्जे में लिया था। सूरज अपने दोस्त बबलू शाह के साथ विनायका प्लाजा स्थित एक रेस्टोरेंट में भोजन करने गया था।
युवक दक्षिण भारत का रहने वाला था। उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक वह कैसे पहुंचा इसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस कॉम्प्लेक्स में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक की गतिविधियों और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। - गौरव बंसवाल, डीसीपी काशी जोन