पिता ने लगाया हत्या का आरोप
अंकुर के पिता रामदयाल गिरी ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटे के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं और नाखून भी उखड़े हुए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एडीसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा दी थी
परिजनों ने बताया कि अंकुर स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। उसने हाल ही में रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा दी थी। परीक्षा में सफल होने के बाद 21 नवंबर को उसका मेडिकल होना था। नौकरी की उम्मीद लगाए परिवार को उसकी मौत से गहरा सदमा लगा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।