प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में झांसी ने चित्रकूट को 12-0 से हराया। वहीं महिला हॉकी में 17 लड़कियों ने बृहस्पतिवार को 33 गोल दागे। दो दिन में कुल 67 गोल दागे गए।
प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन छह मैचों में पांच टीमों ने विरोधियों को क्लीन स्वीप कर दिया। बड़ा लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में बृहस्पतिवार को खेले गए मैचों में सबसे बड़ी जीत झांसी को 12-0 से मिली। वहीं, वाराणसी मंडल की महिला हॉकी टीम ने आगरा मंडल को 10-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
विज्ञापन
टीम की ओर से शोभा ने सबसे ज्यादा 3 गोल, तनु यादव, खुशबू, प्रियांशी ने 2-2 और शालू ने एक गोल कर टीम को जीत दिलाई। बृहस्पतिवार को 17 लड़कियों ने 33 गोल दागे। टूर्नामेंट के दो दिनों में हुए 10 मैचों में महिला खिलाड़ियों ने कुल 67 गोल कर दिए।
चित्रकूट को 12-0 से हराया
बृहस्पतिवार को छह मैचों में सबसे बेहतर प्रदर्शन झांसी मंडल का रहा। टीम ने चित्रकूट मंडल को 12-0 से परास्त कर दिया। झांसी मंडल की अनुष्का ने सर्वाधिक तीन और रश्मि, कोमल और वैष्णवी ने 2-2 गोल किए। रिया, कंचन और श्रुति ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाई। दूसरे मैच में लखनऊ मंडल ने बस्ती मंडल को 2-0 से पराजित किया। विजेता टीम की तरफ से सुप्रिया और मधु ने एक-एक गोल किए।
विज्ञापन
कानपुर ने शूटआउट में मिर्जापुर को हराया
मेरठ मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 2-0 से हराया। विजेता टीम की तरफ से काजल और निशु ने एक-एक गोल किया। कानपुर मंडल ने शूट आउट में मिर्जापुर मंडल को 4-3 से परास्त किया। सहारनपुर मंडल ने बरेली मंडल को 5-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की नेहा ने तीन और वर्षा ने दो गोल किए।
प्रभु नारायण इंटर कॉलेज में 4.92 करोड़ रुपये से बनेगा इंडोर मिनी स्टेडियम
रामनगर स्थित पीएम श्री राजकीय प्रभु नारायण इंटर कॉलेज को जल्द ही इंडोर स्टेडियम की सौगात मिलेगी। इसके लिए शासन की ओर से 4.92 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। पहली किस्त 2.16 करोड़ रुपये की जारी कर दी गई है। यूपी सिडको इस स्टेडियम का निर्माण कराएगी। प्रदेश के 17 जिलों के राजकीय इंटर काॅलेजों में इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है।
इस क्रम में वाराणसी के रामनगर स्थित पीएम श्री राजकीय प्रभु नारायण इंटर कॉलेज में भी इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके तहत करीब 2500 वर्गमीटर से ज्यादा खाली जमीन पर स्टेडियम बनेगा। प्रधानाचार्य अवनीश मिश्रा ने बताया कि कॉलेज में बड़ा मैदान है।इसमें छात्र सभी आउटडोर खेल खेलते हैं। लंबे समय से मिनी इंडोर स्टेडियम की मांग थी। इसका लाभ यह होगा कि बारिश या गर्मी जैसे मौसम भी खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बाधा नहीं आएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह ने बताया कि इंडोर मिनी स्टेडियम वाराणसी के प्रभु नारायण इंटर कॉलेज में होना है। इसके लिए शासन से बजट आ गया है।
क्विज प्रतियोगिता के 6 विजेता पुरस्कृत
बीएचयू के पत्रकारिता और जन संप्रेषण विभाग में भारतीय संविधान संवाद कार्यक्रम के तहत हुई क्विज प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को 6 विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मोनिका गुप्ता और सूरज कुमार का पहला, कुमार उत्कर्ष और अमन शर्मा का दूसरा और आंचल गुप्ता और खुशी सिंह का तीसरा स्थान आया। इस दौरान डॉ. बाला लखेंद्र ने कहा कि भारतीय संविधान दिवस पर हुए क्विज के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा ने कहा न्याय, सत्य, अहिंसा और धर्मनिरपेक्षता जैसे आध्यात्मिक सिद्धांतों को सामाजिक जीवन उतारने का अवसर संविधान से मिला है। इस दौरान वंदे मातरम का गायन भी हुआ।
पिंडरा के नेशनल इंटर कॉलेज में विधायक खेल स्पर्धा के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भारोत्तोलन, फुटबॉल, बैडमिंटन, जूडो विधा (सब जूनियर वर्ग, जूनियर वर्ग और सीनियर वर्ग) (बालक/बालिका) की प्रतियोगिताएं हुईं। सब जूनियर बालक वर्ग में बैडमिंटन युगल मैच के विजेता नितिन कुमार पटेल और आदर्श कुमार पटेल हुए। वहीं, राज वर्मा ने आदर्श को परास्त कर बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता जीत ली। सब-जूनियर वर्ग (महिला) जूडो 23-28 किलोग्राम भार वर्ग में आयुषी यादव ने सिद्धि को हराया। जूनियर वर्ग (पुरुष) जूडो 55 किलो भार वर्ग में पवन यादव ने आशु सिंह को हराया। जूडो 55-60 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य ने आकाश को शिकस्त दी।