वाराणसी। लॉकडाउन में बाबा और भक्तों के बीच दूरी समाप्त करने के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर प्रबंधन ई-विश्वनाथ योजना शुरू करने जा रहा है। भक्त पूरी दुनिया में कहीं से भी वीडियोकॉल के जरिए सीधे बाबा दरबार में वर्चुअल अभिषेक, पूजन, महामृत्युंजय जाप और अर्चन करा सकेंगे। चार जून से भक्तों के लिए यह सुविधा शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियोकांफ्रेंसिंग के जरिए इसका उद्घाटन करेंगे।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि मार्च से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद है। भक्तों की सुविधा के लिए ई-विश्वनाथ योजना लांच की जा रही है। यह योजना खासकर एनआरआई श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर लागू की जा रही है। छह महीने के लिए इसे ट्रायल के तौर पर लागू किया जाएगा। इसके बाद सेवा को नियमित करने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुजारी श्रद्धालुओं को टैबलेट के जरिए जूम ऐप, व्हाट्सऐप वीडियोकॉल के माध्यम से संकल्प दिलाएंगे। इसके बाद रुद्राभिषेक, पूजन, महामृत्युंजय जाप और जलाभिषेक की प्रक्रिया पूरी होगी। श्रद्धालु पूजन के लिए आनलाइन भुगतान करेंगे। उद्घाटन के बाद भक्तों के लिए नई रेट लिस्ट जारी की जाएगी। वर्तमान में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की वेबसाइट से श्रद्धालु दर्शन, पूजन और आरती का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि चार जून को उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा गया है।