लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 16 दिसंबर से 15 फरवरी तक, दो महीने के लिए विंटर शेड्यूल जारी कर दिया गया है। कोहरे और ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए इस दौरान उड़ानों का समय बदला गया है। नए शेड्यूल के तहत अब सुबह 7:35 बजे पहली उड़ान का आगमन होगा, जबकि रात्रि का अंतिम विमान रात 9:45 बजे तक संचालित होगा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार विंटर शेड्यूल में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को भुवनेश्वर से आने वाला एटीआर विमान सुबह 7:35 बजे वाराणसी पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 8:15 बजे रवाना होगा। इसके बाद दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई, जयपुर, पुणे, शारजाह और मस्कट सहित देश-विदेश के प्रमुख शहरों के लिए पूरे दिन उड़ानों का संचालन रहेगा।
नए शेड्यूल के अनुसार दिल्ली के लिए पहली उड़ान सुबह 9:00 बजे निर्धारित की गई है। बंगलूरू के लिए सुबह 10:00 बजे, 11:00 बजे से मुंबई, 11:15 बजे से हैदराबाद और 11:25 बजे से कोलकाता के लिए विमान संचालित होंगे।
ऐसे ही दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे के बीच दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू और हैदराबाद रूट पर लगातार उड़ानों की आवाजाही रहेगी। दोपहर बाद 2:15 बजे से लेकर 5:10 बजे तक दिल्ली, हैदराबाद, बंगलूरू, मुंबई और अहमदाबाद के लिए कई उड़ानें निर्धारित की गई हैं।
शाम 6:30 बजे से रात्रि 9:45 बजे तक इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर की उड़ानों के माध्यम से मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद और हैदराबाद के लिए आवागमन जारी रहेगा।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि कोहरे के कारण सुबह और देर रात के स्लॉट को सीमित रखा गया है। विंटर शेड्यूल लागू होने से यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने में सहूलियत मिलेगी।