लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट वाराणसी से कोलकाता के दुर्गापुर के लिए विमान सेवा शुरू हो गई है। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन रहेगी। वाराणसी से दुर्गापुर के बीच इंडिगो का विमान उड़ान भरने लगा है। दूसरी तरफ, हैदराबाद के लिए स्पाइसजेट की सीजनल विमान सेवा 6 नवंबर से शुरू होगी। यह विमान रोजाना उड़ान भरेगा।
इंडिगो ने दुर्गापुर के लिए नई उड़ान सेवा शुरू की है। सेल्स मैनेजर अनुभव ने बताया कि मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को विमान उड़ान भरेगा। शनिवार की अच्छी बुकिंग मिली है। विमान दोपहर 1:45 बजे दुर्गापुर से वाराणसी के लिए उड़ान भरेगा जो 3 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेगा। यही विमान 3:30 बजे वाराणसी से उड़ान भरेगा और शाम 4:35 बजे दुर्गापुर पहुंच जाएगा।
वहीं, हैदराबाद के लिए भी विमान सेवा शुरू हो रही है। स्पाइस जेट के सेल्स मैनेजर आनंद ने बताया कि यह सीजनल विमान सेवा है जो 6 नवंबर से 29 मार्च 2026 तक चलेगी। वाराणसी एयरपोर्ट से विमान सुबह 11:45 बजे हैदराबाद के लिए उड़ान भरेगा। यह विमान दोपहर 1:40 बजे हैदराबाद पहुंच जाएगा। यह नॉन स्टॉप सेवा होगी। हाल ही में पुणे के लिए एक और विमान शुरू की गई है। इस क्रम में वाराणसी से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, पुणे और हैदराबाद के लिए सीजनल सेवा शुरू की है।