लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन गंभीर रूप से प्रभावित रहा। दृश्यता बेहद कम होने के कारण शनिवार को भी कई उड़ानों पर असर पड़ा। सुरक्षा कारणों से एयरलाइंस कंपनियों को दो प्रमुख उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह 11 बजे तक एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 1223/1224 दिल्ली–वाराणसी–दिल्ली और एयर इंडिया की उड़ान AI 2495/2496 दिल्ली–वाराणसी–दिल्ली रद्द कर दी गईं। उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गईं और एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
यात्रियों का फूटा गुस्सा, एयरपोर्ट पर बढ़ा तनाव
लगातार फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। कई यात्रियों ने होटल, भोजन और ठहरने की व्यवस्था को लेकर एयरलाइंस स्टाफ से सवाल-जवाब किए, जिससे कुछ समय के लिए एयरपोर्ट परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वाराणसी एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल स्थित एयर इंडिया चेक-इन काउंटर का एक वीडियो भी वायरल हो गया। वीडियो में यात्रियों और एयरलाइंस कर्मचारियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। एक महिला यात्री यह कहती सुनाई दे रही है कि लगातार चार दिनों से उनकी उड़ानें रद्द हो रही हैं और उन्हें कोई ठोस समाधान नहीं मिल पा रहा है।
एयरलाइंस और प्रशासन की सफाई
एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि घने कोहरे और कम दृश्यता के चलते यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए उड़ानें निरस्त करनी पड़ रही हैं। यात्रियों को टिकट रिफंड अथवा अगली उपलब्ध उड़ान में समायोजन की सुविधा दी जा रही है। वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन ने दावा किया है कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि एयरलाइंस कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर यात्रियों की समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।