फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी: इतिहास, कला और विरासत के संग दिखेगी काशी के विकास की नई तस्वीर

Thu, 19 Nov 2026 04:25 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

काशी की ऐतिहासिक विरासत, कला, संगीत और शिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए 27 नवंबर से सीआईआई बनारस बिएनाले शुरू होगा। भारत कला भवन समेत कई स्थानों पर प्रदर्शनियां लगेंगी। आयोजन में देश के नामचीन कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। दिसंबर में कारीगरों की आजीविका और कौशल विकास से जुड़ी पहल भी सामने आएंगी।

विज्ञापन
बनारस बिएनाले, काशी की विरासत - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काशी की हजारों साल पुरानी विरासत, कला, संगीत, वस्त्र और शिल्प कौशल को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के लिए सीआईआई बनारस बिएनाले का आयोजन किया जाएगा। 27 नवंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन में पहली बार बीएचयू के भारत कला भवन में हजारों साल पुरानी पुरातात्विक वस्तुओं और दुर्लभ प्रतिमाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। पांच दिवसीय बिएनाले प्रीव्यू के बाद 2 से 31 दिसंबर तक प्रदर्शनियां आम लोगों के लिए खुली रहेंगी। आयोजकों का कहना है कि इस पहल से काशी की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार मिलेगा और स्थानीय कारीगरों के विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।

विज्ञापन


विरासत और आधुनिक कला का होगा संगम
बृहस्पतिवार को सिगरा स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजक उमंग शाह ने कहा कि विरासत का प्रदर्शन कर काशी के विकास का रास्ता तैयार किया जाएगा। अजय पेशवानी ने कहा कि इस आयोजन में बनारस के भविष्य और विकास की झलक भी दिखाई देगी। इसका उद्देश्य शहर को वैश्विक सांस्कृतिक मंच पर पहचान दिलाना है।

बनारस की पारंपरिक पहचान से आगे बढ़कर यहां की कलात्मक परंपराओं, वस्त्र विरासत, संगीत, शिल्प कौशल, ज्ञान प्रणालियों और समकालीन रचनात्मक अभिव्यक्तियों को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
विज्ञापन


काशी की रोशनी और संस्कृति होगी थीम
काशी सिटी एज सेंसेरियम' थीम पर आधारित बिएनाले में पूरे शहर को कला और संस्कृति के कैनवस के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें कला, वास्तुकला, संगीत, वस्त्र, स्मृतियों और रोजमर्रा की परंपराओं के जरिए काशी के सांस्कृतिक और बौद्धिक अनुभवों को सामने लाया जाएगा।

बिएनाले की क्यूरेटोरियल टीम में गायत्री सिन्हा (विजुअल आर्ट्स), प्रमोद कुमार केजी (टेक्सटाइल्स और क्राफ्ट) और अंजन चक्रवर्ती (ज्ञान प्रवाह) शामिल हैं। ये ऐतिहासिक संग्रहों और समकालीन कलात्मक अभिव्यक्तियों को एक मंच पर लाएंगे। गायत्री सिन्हा और प्रमोद कुमार केजी प्रेसवार्ता में वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

 

Trending Videos
विज्ञापन

देश के नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति
आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में भारत कला भवन और अन्य सांस्कृतिक संस्थानों में प्रदर्शनियां, फिल्म निर्माता गौतम घोष की ओर से तैयार बनारस फिल्म फेस्टिवल और प्रदर्शन कलाओं का कार्यक्रम शामिल है। इसमें पंडित राहुल शर्मा, पंडित राम कुमार मिश्र, रमा वैद्यनाथन, राजेंद्र गंगानी, बिक्रम घोष और देवव्रत मिश्र जैसे कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

कई ऐतिहासिक स्थलों पर होंगे आयोजन
बिएनाले के कार्यक्रम भारत कला भवन और बीएचयू के अन्य स्थानों के अलावा ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, नमो घाट और पेशवा हवेली में भी आयोजित होंगे।

कारीगरों की आजीविका मजबूत करने पर जोर
एक महीने तक चलने वाले सांस्कृतिक उत्सव के साथ ही आयोजकों ने काशी के कारीगर समुदायों के लिए दीर्घकालिक योजनाएं भी तैयार की हैं। 'सीआईआई हेल्दी वीवर्स इनिशिएटिव' और प्रस्तावित 'सीआईआई आर्टिसन डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर' के माध्यम से कारीगरों की आजीविका मजबूत करने और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए वाराणसी में स्वागत समिति बनाई गई है। यह शैक्षणिक संस्थानों, सांस्कृतिक संगठनों, कलाकारों, कारीगरों और आम नागरिकों को आयोजन से जोड़ने का काम कर रही है।

27 नवंबर से शुरू होगा बिएनाले प्रीव्यू
27 नवंबर से एक दिसंबर तक पांच दिवसीय बिएनाले प्रीव्यू आयोजित होगा। इसमें संगीत कार्यक्रम, बातचीत, सम्मेलन, फिल्मों की स्क्रीनिंग, शिल्प प्रदर्शन और विशेष सांस्कृतिक अनुभव शामिल होंगे। इसके बाद 2 से 31 दिसंबर तक प्रदर्शनियां दर्शकों के लिए खुली रहेंगी। इस दौरान चर्चाएं, मास्टरक्लास और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम भी होंगे।

प्रेसवार्ता में स्वागत समिति की ओर से अविनाव पेशवानी, चिराग माहेश्वरी, रोहन मथोक, हर्ष जैन, कौशिव अग्रवाल और राशिका डीडवानिया मौजूद रहे। सीआईआई वाराणसी जोन के चेयरमैन उमंग शाह भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें