वाराणसी जिले में 35 हजार से अधिक उद्यमी एमएसएमई की योजनाओं के अंतर्गत बैंकाें से 588.31 करोड़ रुपये लोन लेकर भूल चुके हैं। बैंक की ओर से इन सभी को नोटिस भेजा जा रहा है। इन बकायेदारों में कपड़े से लेकर सीमेंट कारोबारी, सरिया, हार्डवेयर, बुनकर, खादी समेत कई सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग के व्यापारी हैं। इन सभी को विभाग और बैंक के समन्वय से उद्योग और रोजगार के लिए लोन दिया गया था। इसके बावजूद अधिकतर ने लोन लेने के बाद उसकी एक किश्त तक जमा नहीं की।
जिले में एमएसएमई की योजनाओं से 155106 लाेगों को 14355 करोड़ रुपये लोन दिए गए थे। इनमें से 35372 लोगों ने 588.31 करोड़ रुपये की किस्त नहीं जमा की। इनमें सबसे अधिक सूक्ष्म उद्योगों में खादी और ग्रामाद्योग से जुड़ी योजनाओं में 28 हजार लोगों का 439.88 करोड़ रुपये बकाया है। बैंक की ओर से इन खातों को एनपीए घोषित किया गया है। बैंक यदि इन रुपयों को रिकवर नहीं कर पाता है, तो यह राशि डूब जाएगी। इससे बैंक अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।